Sunday, February 17, 2019


अनुदित कविताएँ

अनुवाद कंचन लता  जायसवाल 


कंचन लता जायसवाल 




हजारों सालों में...

हजारों सालों में कुछ भी शेष नहीं बचेगा
वह सब कुछ जो इस शताब्दी में लिखा जा चुका है।

वे ढीले वाक्यों,खो चुकी स्त्रियों के चिन्हों,
गतिहीन बच्चों के हिस्सों को पढेंगे।
बस तुम्हारी मंद हरी आंखें
मौजूद नहीं होंगी।
यह यूनानी पौराणिक  कथाओं की तरह होगा
लेकिन फिर भी बहुत अलग।
जैसे जाड़े में समन्दर के किनारे
किसी दूसरे आश्चर्य, किसी दूसरे उदासियों के लिए।


राबर्टो  बोलानो





अब तुम अकेले....

अब तुम बार्सिलोना के घाटों के साथ
अकेले टहलते हो।
तुम एक ब्लैक सिगरेट  पीते  हो और
एक क्षण के लिए सोचते  हो, अगर बारिश होती
तो कितना अच्छा  होता।
ईश्वर ने तुम्हें धन नहीं दिया है
लेकिन उन्होंने तुम्हें अनोखी  इच्छा  शक्ति दी है।
ऊपर देखो
बारिश हो रही है। 

राबर्टो  बोलानो






विधवाओं  के बारे मे...

विधवाओं, त्याग दिए गए लोगों, बुजुर्गों,
विकलांगों, विक्षिप्तों के बारे में लिखते हुए।
महान युद्धों और महान कारोबारों के पीछे
जिससे यह संसार चलता है- वहीं ये भी हैं।
रोजमर्रा के जीवन जीते हुए, कर्जे लेते हुए,
नन्हे लाल धब्बों को पढते हुए
हमारे शहरों के,
हमारे खेलों के,
हमारे गीतों के।


राबर्टो बोलान्यो







अकेलापन


क्या यह तुम्हे खुश करता है कि मैं प्रथम  पुरुष  मे लिखता हूँ।
क्या यह तुम्हें  खुश करता है कि  मैं कभी कभी कहता  हूँ
कि अगले  सौ सालों  में हम बिल्कुल  अकेले होंगे।
मैं  तुम्हारे बारे में
कुछ  नहीं  जानता  हूँ  सिवाय  इसके  कि
तुम  मेरी  बहन हो।
बारियोगाटिको* के ठंडे घरों में
कभी  कभी बारिश  की  आवाज  सुनते हुए
या चूमते हुए
या  दर्पण के सामने  चेहरे  बनाते  हुए।


राबर्टो बोलान्यो






दुःस्वप्न    की शुरुआत वहाँ से होती है.....

दुःस्वप्न की शुरुआत  वहीं से होती  है, ठीक वहीं से।
आगे की, ऊपर नीचे,  सब  कुछ दुःस्वप्न  के  हिस्से  हैं।
उस  अस्थि  कलश से  अपने  हाथ  मत  सटाओ।
उस  नरकीय गुलदस्ते  से  अपने  हाथ  मत  सटाओ।
उस  जगह  जहाँ  दुःस्वप्न  की  शुरुआत  होती  है  और वहां
तुम  कुछ  भी  करते  हो  वह तुम्हारी  पीठ  पर  कूबड़  की  तरह उगेगा।
दूर रहो, उस गोल  घेरे  के चारों  तरफ  लटके  मत  रहो।
यदि  तुम्हें  अपने  प्रेमी  के  पंखुड़ियों  जैसे  होंठ  दिखाई  दे,
यदि  तुम्हें  फूलों  जैसी  पलकें दिखाई  दे,
तुम  भूल जाना  चाहते  हो  या  वापिस  जाना  चाहते  हो।
दूररहो।
इन्हीं  गलतियों  के चारों  तरफ  दौडो़  मत।
एक  ऊंगली  भी  मत  उठाओ।
मेरा  भरोसा  करो,
उस जगह  जो  केवल  एक  चीज  उगती  है
वह दुःस्वप्न  है।


राबर्टो बोलान्यो



परिचय 
कंचन लता जायसवाल

प्रधानाध्यापक प्राइमरी शिक्षा मे.

विभिन्न पत्रिकाओं में कविता एंव कहानियां प्रकाशित. यथा,- कथाक्रम, रेवान्त,स्वतंत्रता पत्रिका  ।
राजनीति शास्त्र में ph.d.
भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका विषय पर.



Wednesday, January 2, 2019

पितृसत्ता के बरक्स महिला उपन्यासकार
डॉ. संजीव कुमार जैन


डॉ संजीव जैन 


हिन्दी साहित्य में महिलाओं ने आजादी के बाद से उपन्यास लेखन के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करने में सफलता प्राप्त की। यद्यपि ऐसा नहीं है कि आजादी के पहले उपन्यास लेखन के क्षेत्र में उनका कोई योगदान ही नहीं था, तथापि एक व्यापक पहचान के रूप में 1960 के बाद ही महिलाओं ने उपन्यास लेखन में कदम रखा।
इस दौर की महिला उपन्यासकारों में प्रमुख हस्ताक्षर के रूप में हम उषा प्रियंवदा, मन्नूभंडारी, चन्द्रकिरण सौनेरेक्सा, कृष्णा सोबती, मृदुला गर्ग, ममता कालिया, अलका सरावगी, चित्रा मुद्गल, नासिरा शर्मा, प्रभा खेतान, मैत्रेयी पुष्पा, नमिता सिंह, क्षमा शर्मा, मधुकांकरिया, गीतांजलि श्री, जया मित्रा, कृष्णा अग्निहोत्री, राजी सेठ, अनामिका, लता शर्मा, सारा राय, सुधा अरोड़ा, शरद सिंह, मनीषा कुलश्रेष्ठ के साथ एक लंबी परंपरा है जो स्त्री की आवाज को, उसके होने को, उसके स्वत्व को, उसके वजूद को, अस्मिता को, उसकी नई भूमिकाओं को, नई चुनौतियों को, नए विचारों और पितृसत्ता के खिलाफ नई कार्यवाहियों और गतिविधियों को रेखांकित कर रही हैं।

स्वतंत्रता के बाद हिन्दी साहित्य में यदि कोई सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन दिखाई देता है, तो वह है लेखन के क्षेत्र में महिलाओं के हस्तक्षेप की वृद्धि। आधुनिक गद्य के इतिहास में उपन्यास सबसे महत्वपूर्ण और सशक्त विधा है। हिन्दी उपन्यास के स्वातंत्र्योत्तर विकास में महिलाओं द्वारा लिखे गए उपन्यास आंदोलित करते हैं। इस अवधि में प्रभूत संख्या में महिला उपन्यासकार सामने आते हैं।

 ये उपन्यासकार कथ्य और संवेदना, भाषा और शिल्प, अनुभूति और अभिव्यक्ति, परिवेश और प्रमाणिकता इत्यादि सभी आधारों पर सार्थक बहस खड़ी करतीं हैं। साहित्य और उपन्यास में अभी तक पुरुषों के नजर और नजरिये से स्त्री आती थी और अपनी परंपरागत भूमिका का निर्वाह करती रही। कुछ उपन्यासकारों ने उसकी परंपरागत छवि को तोड़ने का प्रयास भी किया, परन्तु उसकी चेतना और संवेदना, अनुभूति और अभिव्यक्ति को उसके नुक्ते नजर से देखने और अभिव्यक्त करने के बारे में सोचना भी संभव नहीं हुआ। यह संभव हुआ तब जब कि महिलाओं ने अपनी चेतना से भोगे और जाने हुए सच को अपने ही शब्दों और प्रतीकों से अभिव्यक्त करना प्रारंभ किया। यह एक क्रांतिकारी परिवर्तन था, जिसने साहित्य के एक दम अनछुए आयामों को दुनिया के सामने रखा। मानवीय चेतना और संसार जो अब तक पुरुष के नुक्ते नजर से देखी और अभिव्यक्त की जा रही थी, वह स्त्री की नजर से जब अभिव्यक्त हुई तो पितृसत्ता भौंचक देखती रह गई और उसे अपना एकाधिकार समाप्त होता दिखाई देने लगा।

वर्चस्वशाली सिंहासन जो हजारों वर्षाें से अपना आतंक बनाए हुए था उसकी चूलें हिलने लगीं। साहित्य का नया संसार ही रचा जाने लगा जिससे दुनिया अब तक अन्जान थी।

पितृसत्ता ने स्त्री की आवाज, उसके सुख-दुख, आनंद-पीड़ा, इच्छा-अनिच्छा, हंसी-क्रोध, सभी को सामाजिक परिदृश्य से गायब कर दिया। उसके रोने की आवाज भी घूंघट के नीचे से ही आती रही। हंसने का तो उसे अधिकार ही नहीं था। हंसी की आवाज तो उसके लिए अभिशाप बन जाती है। उसके विचारों और भावनाओं को भी पूरे परिदृश्य में कभी नहीं आने दिया जाता। यह स्त्री के ‘न होने’ का सबूत है। यह स्त्री को अदृश्य करने का षड्यंत्र पितृसत्तात्मक व्यवस्था ने बहुत ही सोची समझी नीति के तहत अंजाम दिया। सदियों से तमाम रीति रिवाज, परंपराओं ने, धार्मिक सिद्धांत और शास्त्रों ने एक ही काम किया है, वह यह कि स्त्री को सामाजिक परिदृश्य में न आने दिया जाये। उसे घर तक ही नहीं घर के भी उन अंधेरे कमरों तक सीमित रखा गया जहाँ देश और समाज की कोई हलचल न पहुँच सके और उसकी आवाज घर का दूसरा सदस्य भी न सुन सके।





पितृसत्तात्मकता एक विचारधारा है, एक राजनीति है, एक अवधारणा है और इन सबके साथ एक व्यवस्था है जो समाज में पुरुषों द्वारा स्त्री और बच्चों पर आधिपत्य जमाने और उनकी ‘चेतना’ और ‘देह’ दोनों पर नियंत्रण करने का कार्य करती है।

‘‘स्त्री को जो कहा जाए, उसका पालन करे, अनुकरण करें। यही पितृसत्तात्मक लिंग अवधारणा का मूलमंत्र है। पितृसत्तात्मक विचारधारा के ‘स्वभाविकीकरण’ के कारण स्त्री का आख्यान, उसका कहा हुआ, उसकी व्याख्या और दृष्टिकोण कभी स्वाभाविक लग ही नहीं सकते। वे हमेशा ही असंबद्ध, बिखरे-बिखरे से और अपने प्रभाव में निरर्थक लगते हैं।’’1

 पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ महिला उपन्यासकारों का अध्ययन क्यों आवश्यक है? इस प्रश्न का उत्तर हमें ‘स्त्री’ के उस इतिहास में मिलेगा जो कभी लिखा नहीं गया। पितृसत्ता का वर्चस्व सिर्फ स्त्रियों की ‘चुप्पी’ पर निर्भर करता रहा है। स्त्रियों ने सार्वजनिक रूप से अपने न बोलने की भूमिका को चुनौती देने के लिए उपन्यास और कहानी लिखना प्रारंभ किया। ‘स्त्री’ भी बोलना जानती है - मतलब अपने अस्तित्व और पहचान के प्रति सोच-विचार करने लगी है और अपने अस्तित्व और पहचान को सार्वजनिक रूप से प्रतिष्ठित करना भी चाहती है। इस बात का मूल्यांकन उपन्यासों के स्त्री चरित्रों के अध्ययन ही संभव है।

‘‘स्त्री की चुप्पी का उसकी पहचान की जंग के साथ गहरा संबंध है। सवाल यह है कि स्त्री अर्थ अथवा अस्मिता कैसे निर्मित होगी? स्त्री अस्मिता के निर्माण के लिए जरूरी है कि स्त्री को पुरुष संदर्भ से अलग करके देखा जाए, स्त्री की चुप्पी को तोड़ा जाए, उसे बोलने का मौका दिया जाए।’’2

हिन्दी महिला उपन्यासकारों ने स्त्री को पुरुष संदर्भ और उसके द्वारा दी गई व्यवस्था से अलग करके देखने और प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। अब स्त्री ने बोलना प्रारंभ किया है तो उन्होंने अपना संसार भी नए सिरे से सृजित करने भी प्रारंभ किया है।
‘‘स्त्री जब बोलती है तो अपने भावों को ही अभिव्यक्त नहीं करती बल्कि अपना संसार नए सिरे से बनाती है। अमूमन औरतें सार्वजनिक बहसों में मूकदर्शक बनी रहती हैं, अस्मिता की स्थापना के लिए यह स्थिति बदलनी चाहिए। स्त्री जब बोले तो चुप्पी टूटती है और स्त्री अर्थ के निर्माण की प्रक्रिया पुष्ट होती है, भाषा अपर्याप्तता विकल्प ढूँढने पर बाध्य करती है। संसार का वर्गीकरण स्त्री नजरिए से होता है। इस प्रक्रिया से ही स्त्री भाषा का विकास संभव है।’’3 

महिला उपन्यासकारों ने पितृवर्चस्व को सार्थक रूप से चुनौती देने का काम किया है, अपने स्त्री चरित्रों के माध्यम से। कठगुलाब की स्मिता और असीमा जब बोलती हैं तो पितृसत्ता के पास कोई रास्ता नहीं होता अपने बचाव का। ठीकरे की मंगनी की महरूख जब रफत भाई से विवाह करने से इंकार करती है और गांव में जाकर सेवा करने का संकल्प करती है तो रफत भाई जैसे मर्दों को - जो अपने लिए सब जायज मानते हैं और स्त्री को सिर्फ समर्पण करने, इंतजार करने और व्यवस्था के साथ समझौता करने की सलाह देते हैं - सांप सूंघने लगता है। छिन्नमस्ता की प्रिया का सुन्दर सजी-धजी बीबी बनकर नरेन्द्र की पार्टियों में जाने से इंकार और अपना स्वयं का व्यापार खड़ा करने की चुनौती नरेन्द्र के अहं को चकनाचूर कर देती है। शाल्मली अपने पैरों पर खड़े होकर पति के वर्चस्व को समाप्त कर देती है। मंदा और सारंग सम्पूर्ण सामंतीय मर्दवादी समाज की जड़ों को उखाड़ने का कार्य करती है। एक जमीन अपनी की अंकिता बाजारवाद और पितृसत्ता दोनों को उनके बीच रहकर ही चुनौती देती है और अपनी इयत्ता और अस्मिता को बिना पुरुष के संदर्भ और सहारे के बनाए रखती है।

महिला उपन्यासकारों ने पुरुष वर्चस्व और ईश्वर के आतंक दोनों को सार्थक ढंग से चुनौती दी है। सदियों से स्त्री के जीवन का पूरा ‘समय’ और ‘स्पेस’ पुरुष और ईश्वर ने घेर रखा था। महिला उपन्यासकारों ने अपने स्त्री चरित्रों के माध्यम से अपने समय और स्पेस की मांग की और अवसर आने पर उसे छीनने के लिए संघर्ष भी किया। स्त्री का अपने जीवन पर उसका अधिकार है, उसका समय उसका अपना है, जिसे वह अपने तरीके से जी सकती है।

राजीसेठ ने ’तत्सम’ में लिखा ‘‘सार्थकता और पुरुष दोनों एक ही चीज के नाम क्यों हैं? स्त्री के जीवन में इतनी बड़ी जगह क्यों घेर ली है इस संबंध ने कि हर चीज की व्याख्या इस बिन्दु से ही होने लगे।’’







यह स्त्री का अपने समय और स्पेस की मांग ही है, जो सार्थक ढंग से प्रत्येक महिला उपन्यासकार उठा रहीं हैं। नासिरा जी ने महरूख और शाल्मली के माध्यम से स्त्री और पुरुष के संबंध को स्त्री के संदर्भ से व्याख्यायित करने का प्रयास ही किया है जिसमें दोनों ही पुरुष के द्वारा घेर ली गई जगह को रिक्त करती हैं और अपने लिए स्वयं जमीन तलाशती हैं और अपना स्वयं का समय भी जिसमें किसी भी रूप में पुरुष और ईश्वर नहीं होते।

 ‘‘रफत भाई के व्यक्तित्व का फानूस टूटना था सो टूट गया। उससे फूटती फैलती रोशनी के दायरे से वह हमेशा के लिए आजाद हो गई थी, मगर जिस अंधेरे से वह जा लगी थी, उसने जिंदगी का मकसद ही खत्म कर दिया था।’’4 यह महरूख (स्त्री ) का रफत (मर्द) की रोशनी के दायरे से आजाद करने की चेतना ही स्त्री का वास्तविक संघर्ष है। स्त्री किसी भी रूप में पुरुष पर निर्भर नहीं रहना चाहती। न प्यार के लिए न दया के लिए। सदियों से पुरुष ही स्त्री को रचने और गढ़ने का दायित्व लिए हुए हैं। इसे ही सिमोन ने कहा था कि औरत पैदा नहीं होती बनाई जाती है।
महरूख मर्द के द्वारा स्वयं को निर्मित किए जाने का विरोध करती है ‘‘ रहम खाइये, रफत भाई, मुझ पर रहम खाइए। मुझे फिर तराशने और चमकाने की जिम्मेदारी मत लीजिए। मुझे फिर एक खूबसूरत जिंदगी का भुलावा मत दीजिए। मेरा सुकुन मत छीनिये। मैंने बड़ी मुश्किलों से दोबारा इसे पाया है।’’5 

पुरुष हमेशा ही औरत के समय, स्पेस (चेतना) और देह पर अपना हक जमाता रहा और धीरे-धीरे स्त्री का उसकी चेतना और देह पर से अधिकार समाप्त होता गया और वह स्वयं को पूर्णतः पुरुष के संदर्भ में परिभाषित करती रही। पर अब महरूख जैसी स्त्रियाँ इस छलावे को समझने लगीं हैं
‘‘अब मेरे पास समझ है। मैं अपना बुरा-भला खुद समझ सकती हूँ। ठोस जमीन पर ठोस जिन्दगी चाहती हूँ। मेरी जिन्दगी पर सिर्फ मेरा हक है।’’6 

स्त्री को यदि मुक्त होना है, थोपी गई भूमिकाओं से तो उसे स्वयं फैसले लेने होंगे और साहस के साथ चुनौतियों और कठिनाइयों का सामना करना होगा। प्रिया, महरूख, नमिता, स्मिता, असीमा, दर्जिन बीबी आदि स्त्रियाँ स्वयं को देह मानने और उस पर पुरुष के अधिकार के होने से इंकार करने लगीं हैं। वे अपने जीवन के संबंध में स्वयं निर्णय लेने लगीं हैं और उस पर चलने का साहस भी दिखाने लगीं हैं - दर्जिन बीबी कहती है ‘‘मुझे मात्र शरीर बनकर जीना पसंद नहीं था और मैं दया की पात्र भी नहीं बनना चाहती थी।’’7

तो महरूख कहती है ‘‘तो मैंने भी अपने पसन्द की जिन्दगी जीने की कीमत अदा की है, मैं अपनी जिन्दगी से मुतमईन हूँ। मैंने कुछ खोकर पाया है अम्मी! आप इसे न जान सकें तो वह अलग बात है, मगर मैंने सचमुच हादसों से घिर कर तजुर्बों की सुरंगों से निकल कुछ पाया है जो बहुत कीमती, बहुत पुरमयानी है जो आप नहीं मगर आने वाली नस्लों की औरतें समझेंगी कि उसका सफ़र कब से शुरू हुआ था - और वह औरत भावनात्मक धरातल पर हमसे ज्यादा मजबूत होगी, हर चोट को हर चिटकन को गहराई से समझ कर उसे रचनात्मक मोड़ देना इमसे कहीं ज्यादा जरूरी समझेगी।’’8 

महरूख के इस निर्णय से भविष्य की औरत आजाद होगी, स्वतंत्र व्यक्तित्व की धनी होगी और अपने फैसले स्वयं करेगी।
मर्द से अलग अपना भी औरत का घर हो सकता है, उसकी दुनिया हो सकती है, उसका अपना परिवेश और समूह हो सकता है। जिसमें मर्दों का बहिष्कार नहीं साथ भी हो सकता है और उनका वर्चस्वी रूप भी नहीं होगा।

‘‘एक घर औरत का अपना भी तो हो सकता है, जो उसके बाप और शौहर के घर से अलग, उसकी मेहनत और पहचान का हो।....मेरा अपना घर वही पुराना है, जहाँ मैं पिछले तीस साल रही हूँ। तुम लोग अपने-अपने घर रहे हो, मैं अपने घर लौट रही हूँ। इसमें इतना पेरशान होने की क्या बात है? महरूख ने बड़े इत्मीनान से कहा।’’9

जब पति पत्नी के संबंधों मंे पत्नी स्वयं को एक लिबास महसूस करने लगे, एक भोग का उपकरण महसूस करने लगे तो उस संबंध को तो बिखरना ही है। शाल्मली और नरेश के संबंधों में यही घटित होता है, बारंबार। ‘‘उसे लगता है, जैसे वह एक बेजान लिबास है, जिसे जरूरत पड़ने पर पहना जाता है और जरूरत खत्म होते ही उतारकर रख दिया जाता है। रोज रोज की इस लिबासपोशी से वह थकने लगी है। प्यास बुझने की जगह भड़कती है। देह से हटकर भी तो आवश्यकता होती है मनुष्य की वरना कान, आँख, जबान और दिल मनुष्यों को क्यों मिले हैं? अच्छा सुनने, और बोलने-समझने और महसूस करने को, अपनी इस शक्ति को किस पत्थर के नीचे दबा दे, जो अपना सिर उठा न सके?’’10

शाल्मली का यह महसूस करना स्वयं को मात्र जिस्म मानने से और भोग की वस्तु में तब्दील होने से इंकार करने की दिशा में अपनी चेतना की पहचान स्थापित करने के लिए किया गया चिन्तन है। शाल्मली के नरेश और छिन्नमस्ता के नरेन्द्र में औरत के जिस्म को लेकर एकसा बहशीपन है। यह पितृसत्ता द्वारा स्त्री को भोग की वस्तु मानने और देह तक रिड्यूस करने का प्रतीक है। उधर प्रिया और शाल्मली भी एक सी प्रतिक्रिया दिखाती हैं - ‘‘मैं एक पल नहीं जी सकती! इतना वहशीपन, इतना दुर्व्यवहार आखिर किस लिए! गुस्से से पागल सी हो गई शाल्मली। आंखें निकाल कर जैसे उसे अंधे कुएं में किसी ने फेंक दिया हो। वह एक अजीब पीड़ा से छटपटा उठी थी। इस हद तक संबंधों और भावनाओं को कोई अपमानित कर सकता है! इस सीमा तक कोई निर्दय हो सकता है! कहाँ आकर फंस गई है वह...! यही मेरा भाग्य है! हाँ, माँ यही कहती हैं कि यही तेरा भाग्य है।’’11

छिन्नमस्ता की ‘प्रिया’, एक जमीन अपनी की ‘अंकिता’, कठगुलाब की असीमा और दर्जिन बीबी, स्मिता, नीरजा, उसके हिस्से की धूप की ‘मनीषा’, चित्तकोबरा की ‘मनु’, अनित्य की संगीता और काजल, पीली आंधी की ‘सोमा’, इदन्नमम् की ‘मंदा’, चाक की ‘सारंग’, ठीकरे की मंगनी की ‘महरूख’ और शाल्मली की ‘शाल्मली’ इत्यादि स्त्री चरित्र पितृसत्ता की वर्चस्वी विचारधारा और प्रवृत्तियों के खिलाफ एक सशक्त विरोध दर्ज कराती हैं। उनमें कोरी भावुकता या नारेवाजी नहीं है। उनके पास जीवन भर अपने निर्णय को जीने का साहस और हिम्मत है। खतरों को झेलने का माद्दा है। सुरक्षा छिन जाने का डर नहीं है। नई परिस्थितियों में अपने को बनाए रखने का निरंतर का संघर्ष है और पराजित न होने का संकल्प है।






पितृसत्ता के वर्चस्व के जितने रूप हैं, उनमें विवाह-पत्नीत्व,, मातृत्व, घर और परिवार। महिला उपन्यासकारों ने इन सबको प्रश्नांकित किया है। कठगुलाब में नीरजा और असीमा ने विवाह और पत्नीत्व को सिरे से नकार दिया और नीरजा ने मातृत्व को नए सिरे से परिभाषित करने का रास्ता प्रस्तुत किया। एक जमीन अपनी की नीता पत्नीत्व को दासी का रूप मानती है और विवाह संस्था उसके लिए जेल की सजा है। यद्यपि यह सच है, परन्तु समाज व्यवस्था का आधार जब तक नहीं बदलेगा इस व्यवस्था के बाहर जीना स्त्री के लिए दुष्कर ही रहेगा। नीता कहती है - ‘‘पत्नी...या मात्र एक व्यवस्था? माता-पिता द्वारा सौंपी गई व्यवस्था! ने उन्हें सास-सुसर बनने के संतोष से ही नहीं पूरती तथाकथित कौटुंबिक और उसके सामाजिक दायित्व से भी उऋण करती है। जितनी खोखली रीति-नीति उतनी ही आडंबर पुती उसकी महत्ता! ऊपर से पुष्ट, भीतर से पोली। सात फेरों के स्वांग में रची-बसी।’’12 

अंकिता उन स्त्रियों का प्रतिनिधित्व करती है जो घर को अन्तिम हद तक सम्हाल के रखना चाहती है, पर जब जीना ही दूभर हो जाये तो छोड़ना ही श्रेयस्कर है ‘‘मेरे लिए घर की व्यवस्था का अर्थ है...अब भी है..... विश्वास करो, अपनी सामर्थ्य और सहिष्णुता की अंतिम सीमा तक मैं घर बचाने के लिए हाथ-पाँव मारती रही...सहन नहीं हुआ तो अलग हो जाना ही जी पाने का एकमेव विकल्प लगा....कारण न दूसरी औरत थी, न आर्थिक तंगी, न संदेह, न ईर्ष्या-द्वेष...जीने नहीं दे रही थी तो सुधांशु की निरंकुश प्रवृत्ति।....उसने सदैव अपने को थोपने की कोशिश की...उसकी निरंकुशताएँ घर के अर्थ को भ्रष्ट करने लगी थीं....’’13

इस तरह महिला उपन्यासकारों ने पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ एक सशक्त प्रतिरोध का स्वर मुखर किया है। इस प्रतिरोध में व्यवस्था को बदलने का स्वर भी सुना जा सकता है। यद्यपि यह सच है कि व्यवस्था को बदले बिना स्त्री मुक्ति का सपना कभी पूरा नहीं होगा। इसीलिए सवाल वर्तमान व्यवस्था में थोड़ी अनुकूल जगह बनाने का, या कुछ अधिकार पाने का, या कुछ सुविधायें पाने का नहीं होना चाहिए। सवाल यह होना चाहिए कि यदि स्त्री मुक्ति की जो अवधारणा विकसित हो रही है, या जो विमर्श स्त्री मुक्ति के लिए रचा जा रहा है, वह मुक्त स्त्री इस सड़ी गली व्यवस्था में रह सकेगी, क्या यह गलीच व्यवस्था उस मुक्त स्त्री की आजादी को झेल सकेगी? क्या वह उसे पुनः उसी पिंजरे वाली मुनिया में बदलने के लिए नए षड्यंत्र नहीं रचेगी? तो क्यों न स्त्री मुक्ति के सवाल को व्यवस्था को तोड़कर नई व्यवस्था बनाने के सवाल से जोड़ दिया जाये। हाँ इसमें सावधानी यही रखनी होगी कि यह नई व्यवस्था स्त्रियों के द्वारा ही सृजित हो, उसमें पितृसत्ता की जरा सी भी सड़ांध घुसपैठ न कर सके। अन्यथा यह प्रयास पुनः विफलता के गर्त में जा गिरेगा, क्योंकि पितृसत्ता बहुत नफीस तरीके से हर आने वाली व्यवस्था से अपनी सांठ-गांठ बिठा लेती है और स्त्रियों को उसकी हवा भी नहीं लग पाती, जैसे कि उसने आधुनिकता और उत्तरआधुनिकता से अपना तालमेल बिठा लिया और समाजवाद में भी अपने पैर पसार लिए थे। इसलिए सावधानी और सतर्कता पूर्वक पूर्ण विवेक और तर्क से नई व्यवस्था को रचने का प्रयास करना होगा।

    संपर्क
    डॉ. संजीव कुमार जैन
    522-आधारशिला, ईस्ट ब्लॉक एक्सटेंशन
    बरखेड़ा, भोपाल म.प्र. 462021
    मो. 09826458553

संदर्भ
1. ज्ञान का स्त्रीवादी पाठ, पृ. 67
2. ज्ञान का स्त्रीवादी पाठ, पृ. 110
3. ज्ञान का स्त्रीवादी पाठ, पृ. 110
4. ठीकरे की मंगनी, पृ. 61
5. ठीकरे की मंगनी, पृ. 116
6. ठीकरे की मंगनी, पृ. 117-118
7. कठगुलाब, पृ. 160
8. ठीकरे की मंगनी, पृ. 194
9. ठीकरे की मंगनी, पृ. 197
10. शाल्मली, पृ.26
11 शाल्मली, पृ. 40
12. एक जमीन अपनी, पृष्ठ क्र. 160
13. एक जमीन अपनी, पृष्ठ क्र. 163

Friday, November 16, 2018

पड़ताल 

"तुम्हारे जाने के बाद " कविता संग्रह ,लेखक मधु सक्सेना 




अनुभूतियों का संयोजन


मधु सक्सेना जी का काव्य-संग्रह "तुम्हारे जाने के बाद" बोधि प्रकाशन से जनवरी 2018 में आया है। एक ही भाव भूमि पर रचित 47 कविताएँ मानों माला के मनके हों।
संग्रह के शुरुआत में अहमद फ़राज़ साहब का एक शेर है पोस्टर में

"याद आया था बिछड़ना तेरा
फिर नहीं याद कि क्या याद आया"

यादें ही हैं जो इंसान को कभी तन्हा नहीं छोड़ती। यादों के भिन्न-भिन्न मरहलों से गुज़रती मधु जी की कविता जीवन से जुड़ी है। जीवन के कई रंग हैं जिनमें कुछ चटक तो कुछ धूसर भी हैं। इन्हीं धूसर रंगों के दिनों में चटक रंगों के दिनों की स्मृतियाँ एक नदी की भाँती बहती रहती हैं। यादों के पंछी कभी भी कहीं भी पर फड़फड़ा जाते हैं। प्रिय का अचानक बिछड़ना जीवन की गति रोक जाता है। अचानक हुए वज्रपात से सहज जीवन कहीं खो जाता है। मन यह मानने को तैयार नहीं कि प्रिय अब इस दुनिया में नहीं है

"दुविधा में हूँ
तुम हो या नहीं...?
सब एक बात नहीं कहते
बदलते रहते अपनी बात
सच बताओ...
तुम हो या नहीं?"

इन कविताओं में हृदय से उठी हुई टीस है। हार्दिक अनुभूतियों की मार्मिक व्यंजना है। अचानक आये परिवर्तन को जज़्ब कर पाना कई बार आसान नहीं होता। किसी एक के मिलने से जीवन में आया उत्साह दुनिया में जीवन जहाँ आसान बना देता है वहीं किसी एक का बिछड़ना कितना अकेला कर जाता है कि सब कुछ वीरान हो जाता है। एक-एक साँस स्मृतियाँ ओढ़े भारी हुई जाती है। वही यादें जो जीने का सहारा भी हैं, वही बार -बार आँखों से नमक बन बहती हैं। स्त्री जब किसी से प्रेम करती है तो वह अपने जीवन में अपने लिए कुछ बचाकर नहीं रखती, सब कुछ प्रिय को समर्पित कर देती है। वही ब्याहता स्त्री जब वैधव्य से गुज़रती है तो सामाजिक रस्मों-रिवाजों का पालन करते हुए कितना टूटती है, सब कुछ सहती है, उसकी पीड़ा का अंदाज़ा लगाना भी मुश्किल है। इस बिछोह में सध-जात प्रेम नहीं बल्कि एक उम्र साथ जीया हुआ प्रेम है। जीवन के उतार-चढ़ाव, हँसी-खुशी के साथ जीये हुए पल हैं। वही अब जीने का संबल हैं। यहाँ जज़्बातों का भँवर है जिससे गुज़रना मन को  गीला करना है। कविताएँ बार - बार भीगोती हैं, रुलाई कई बार गले तक आ रुँध जाती है। एक बगुला मन के मरुथल में उठता है और सब कुछ साथ लिए उड़ने लगता है। अनन्त बिछोह के बाद भी धैर्य की छड़ी थाम आगे बढ़ते रहना ही एकमात्र रास्ता है। इसी धैर्य का कभी -कभी चुक जाना प्रिय को उपालम्भ देता है।

"जब चले ही गए थे
तो चले ही जाना था ना
क्यों रह गए...
घर के कोने कोने में
पलंग पर, तकिए पर
किताबों में, कपड़ों में
और अपने रेकैट में
शॉट लगाते हुए..
क्यों रह गए...
कॉलर पलटी शर्ट में
चश्में के फ़्रेम में
धूसर जूतों में
और अंगूठे से फटे जुराबों में."

किसी के घर से जाने के बाद उससे जुड़ी तमाम चीज़ें उसका होना याद दिलाती हैं या शायद उसका न होना याद दिलाती हैं। जाने वाले की उपस्थिति अनवरत बनी रहती है, वह दृश्य न होकर अदृश्य रहती है, केवल महसूस की जा सकती है। मधु जी की हर कविता में वह उपस्थिति दर्ज है।

"वो रुमाल आज भी गीले क्यों हैं?
बहुत धूप दिखाई
पर सूखे ही नहीं आज तक
तुम्हारे जाने के बाद..."

खालीपन से उपजा दर्द जब शब्द बन बहता है कुछ यूँ होती है कविता

"ओह, कहाँ से आया
ये राख का अंधड़
सब कुछ राख राख
पर, तुम्हारी राख को तो
मैंने छुआ भी नहीं
मुझे दिखाया भी नहीं..."

जीवन और मृत्यु का दर्शन यहाँ महज़ दर्शन के रूप में नहीं आया। इसमें जीवन की अनुभूति भी है।

"ज़िंदगी भी ऐसी ही है
रिश्ते, प्रेम, स्नेह और परवाह
की सींकों से जुड़ी...

और मृत्यु...?
एक एक सिंक निकली
और सब अलग...
पर क्या अलग हो पाए?"

मृत्यु के बाद हो रहे आडम्बरों पर प्रश्नाकुल मन की व्यग्रता कितनी सही है
"जब ये संस्कार, रीति रिवाज़
और कर्म काण्ड दोहराये जा सकते हैं...
तो, जीवन क्यों नहीं?
एक बार जाने के बाद इंसान
दोबारा क्यों नहीं आता...
वहाँ दोहराव क्यों नहीं?"

जब मन ही कुछ मानने में अक्षम हो तब प्रवचन उपदेश सब निरर्थक हैं।
"कितने प्रश्न उग आते हैं मन में
क्या ये गीता धो पौंछ कर
मिटा सकेगी उन शब्दों को
जो चिपके पड़े हैं
मेरे तन, मन और आत्मा से..."

मधु जी की कविता समाज से सार्थक सवाल करती है। अपनी बिखरी शक्ति को बटोर फिर से जीवन की रवानी में शामिल होने की कोशिश व ख़ुद को हौसला देना इन कविताओं का सकारात्मक पक्ष है।

"यह सुनती हूँ बार-बार कि
अब इस उम्र में क्या करोगी?
समझ नहीं आता
साठ के बाद क्या करने को कुछ नहीं होता?"

शुरू से अंत तक यादों के बियाबान से गुज़रती बहती कविताएँ निःसन्देह हाथ पकड़ अपने साथ बहा ले जाती हैं। इनकी संवेदना देर तक अपने डुबोये रखती है। सहज सरल भाषा व अनावश्यक बिम्बों की उलझाहट से दूर कविताओं के लिए कवयित्री को सार्थक लेखन की बधाई।

-अनिता मंडा
🔴
अनीता  मंडा




कविता का नीड़: तुम्हारे जाने के बाद
----------------------------------------
रचना समय के  कविता विशेषांक में मदन कश्यप और मैनेजर पांडेय की बात चीत में बहुत अच्छी बात सामने आती है ।जब मैनेजर पांडेय कहते हैं कविता की संगीतात्मकता तीन स्तरों पर होती है भाषा, विचार और रचाव ,इसके बगैर कविता संभव नहीं

दरअसल जो कवि एक ही तरह के काव्य घटाटोप में रमे हुए हैं उन्हें पाठकों की मनोदशा और आवश्यकता का ख्याल तो रहता ही नहीं, साथ में उन्हें इस बात का भी बोध नहीं रहता कि उनके भीतर कौन सी कविता निरंतर अपने विचार और और रचाव के साथ बन रही है। ऐसा कुछ रचने के बजाय वे एक दबाव में ऐसी कविताएं लिखते रहते हैं जैसी   स्पर्धा में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से ज़रूरी सी लगती है।  हमारे हिंदी के संसार में ऐसे भी कवि हैं जो अपने अंदर चल रहे विचारों को कविता की शक्ल देने में कोई परहेज़ नहीं करते, उनके नाम भी  बहुतेरे लोग लेना पसंद नहीं करते, लेकिन उनके  पाठक कविता को पढ़कर द्रवित होते हैं। यही उनकी कामना भी होती है। यही उनके इनाम -इकराम होते हैं।

इनमें से एक कवियत्री हैं श्रीमती मधु सक्सेना। उनकी कविताओं में मुझे पर्याप्त मार्मिकता ,भावुकता विचार ,संगीतात्मकता और लयात्मकता और आत्म स्थिति दिखाई देती है।

मुस्कुराहटों के खाली डिब्बों में भरकर रख ली हैं स्मृतियां
ठूंस ठूंस कर भरने पर भी बिखरती रहीं स्मृतियां
और बिखराती रहे मुझे

तुम्हारे जाने के बाद

ऐसी ही कविताओं से भरा हुआ उनका एक संग्रह आया है जिसका नाम है तुम्हारे जाने के बाद। चर्चित प्रकाशक बोधि प्रकाशन ने इसे पेपर बैक में छापा है और आकर्षक कवर के साथ यह बहुत सुंदर लग रहा है। उपहार जैसी यह किताब एक ही बिछड़े शख्स की यादों का गुलदान है।
वैसे भी कविता का संचारी भाव वियोग होता है और उसे समान अनुभव कराने में कर्त्तव्य पालन सा सुख मिलता है। मधु सक्सेना के ये एकालाप ऐसे ही हैं।
ख़ास बात यह है कि इनमें नयापन भी है। भूमिका भी दिग्गज लेखकों
की नहीं है।उन सखियों की (प्रवेश सोनी और वर्षा रावल)हैं ,जिन्होंने कविता की दुनिया में लगातार अपने हिस्से का विनम्र योगदान दिया है।
किसी कवि का कविता संग्रह आ जाना , पक्षी का नीड़ बन जाने की तरह होता है। जिसमें कवि के विचार रैन बसेरा भी करते हैं और बाहर उड़ते भी हैं। आशा है कि यह संग्रह मन -मन को सहलाने के लिए क‌ई घरों तक पहुंचेगा।

ब्रज श्रीवास्तव
ब्रज श्रीवास्तव 




'तुम्हारे जाने के बाद' 
द्वारा   --    मधु सक्सेना

 मधु सक्सेना जी का काव्यसंग्रह 'तुम्हारे जाने के बाद'  पढ़ा जिसमे  शीर्षक को सार्थक करती रचनाएं  किसी सम्मान , पहचान की महात्वाकांक्षा के वगैर केवल अभिव्यक्त होना चाहती है | ये संग्रह अनूठी यादों का सफर है जिसमे भीगे मन से जीवन साथी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके ह्रदय की पीड़ा ने इस काव्य संग्रह को जन्म दिया जहां कोई  चमत्कारिक काव्य शिल्प , कल्पना की ऊंची उड़ाने व जटिल शब्दावली ना हो कर सहज , प्रवाहमयी और संवेदनाओं को गहराई तक स्पर्श करने की क्षमता  रखने वाली कवितायें है
सीने  के दर्द के बाद दूर होती जिंदगी से पढ़ते हुए अंतिम पृष्ठ  समय के बदलाव तक पहुँचते पहुँचते कितनी ही बार अक्षर  धुंधले से  हुए, फिर एक गिलास पानी पीकर हर पंक्ति में रचे इस दर्द को बर्दाश्त करने की कोशिश के साथ ही पुस्तक पूरी पढ़ सकी |

छोटे छोटे शब्दों के प्रयोग करके इतनी व्यावहारिकता  से वो अपना अहसास बयान कर गई की हतप्रभ हूँ
'वसीयतनामा, शपथ पत्र ,सब हैं ना ?
कैसे हुई मृत्यु ?
सवाल मुझसे किया गया 
जी...जी ..वो ..
आँख के साथ जुबान ने भी काम करना बंद  कर दिया था 
'हार्ट अटेक 'पीछे से आवाज आई 
और मैं उबर गई '
कितनी पीड़ा देता है दोबारा होंठों से  निका लना और तब 'उबर गई 'का इस्तेमाल उफ़ !

रूढ़िवादी रस्मो रिवाज के प्रति आक्रोश उनके कृतित्व के साथ व्यक्तित्व में भी मैंने हमेशा देखा है वे लिखतीं हैं
रोली ,अक्षत ,काले तिल कपडे बिस्तर छाता , चप्पल और जाने क्या क्या
 'मुझे भी करना है '
नहीं सब पुत्र करेंगे 
'नहीं यह तुम्हारा अधिकार नहीं '
'जिंदगी में तुम्हारा अधिकार था मौत पर नहीं '
ये सब कहा था मुझसे रस्मों ने ,समाज ने ' |

 वर्ष बीतने के बाद फिर एक प्रश्न -जब ये संस्कार ,कर्म काण्ड दोहराये जा सकते है तो जीवन क्यों नहीं ?
गंभीर घटना क्रम लिखते हुए अचानक अंत में  अचंभित हो  जाता है पाठक जैसे
'मैंने फूलों को आँखों से लगाया और उछाल दिए तस्वीर  पर ' 
'
ये क्या मेरे सूखे फूल'
 'तब याद आया सारी नमी तो आँखों ने ले ली '

गज़ब की गहनता वाह |
इसी तरह एक सींक में बंधे पत्तल दोना से जिंदगी को देखने का नज़रिया हतप्रभ करता है
मधु जी को बहुत करीब से देखा  और जाना है उस हिसाब से वे बेहद स्पष्टवादी और बिना लागलपेट के बेहिचक बल्कि मज़ाकिया अंदाज़ में अपनी बात कहने की आदी हैं और उनका यही स्वभाव उनकी रचनाओं में भी इतने दर्द के बावजूद यत्र तत्र दिख जाता है जैसे

 'बालों में चाँद और चांदनी दोनों शबाब पर है ऑपरेशन के बाद भी घुटनो के नखरे कम नहीं हुए' | 

अक्सर ऐसा ही माना गया की यादें ही जीने का आधार होती हैं मगर इस संग्रह के  हर शब्द , हर  पंक्ति में बस  यही लगा कि वे यादों से उबरना चाहती हैं

'ले ले कोई इन यादों का दान ,बिखरी तो पडी हैं '
और एक जगह लिखती हैं 
'चले ही गए तो चले जाना था
 'हाथ की लकीरों से , 
मेरी सोच से ,स्मृतियों से, मेरे दायरे से '

शायद  यादें अधिक पीड़ादायक हो गई और अब बर्दाश्त नहीं होतीं ,और सहसा कह उठती हैं
'कोई ऐसा तीर्थ हो जहां अर्पण कर दूँ यादें' यहां उनकी छटपटाहट साफ़ नज़र आती है |
 काव्यसंग्रह की समीक्षा के काबिल नहीं हूँ मैं ,बस  कवितायें पढ़ कर  अपनी प्रतिक्रिया सौंप रहीं हूँ | अपनी और से  चार पंक्तियाँ देना चाहूँगी

        'टीस वेदना पीड़ाएँ सब
         दिल में छुपी घटाएं बनकर  
         नयनों की राह मिली ना तो 
         बरसी वे कवितायें बनकर '

अंत में बस इतना ही कहूंगी कि अब आगे  जीवन के ढेरों कटु अनुभवों का अस्तित्व समेटे हुए, जटिल जीवन पहेली सुलझाती हुई,निष्कपट भाव से , नए  स्वाद और अंदाज़ लिए हुए, सतत चलती रहे मधुजी की  कलम |
 और हमारी दोस्ती उन्हें जीने का सम्बल देने का प्रयास करती रहेगी | ढेर सारी शुभकामनाएं सखी |


 नीता श्रीवास्तव , रायपुर

नीता श्रीवास्तव 


समीक्षा - निरुपमा शर्मा 

मधु जी हिंदी की जानी मानी कवयित्री हैं ।उनका दूसरा काव्य संग्रह 'तुम्हारे जाने के बाद' पिय से बिछुड़ने की पीड़ा और उनके साथ बिताए क्षणों का शिलालेख है ,उनके न रहने के बाद का इतिहास है जो अमिट है । इन कविताओं में प्रतीक और बिम्बों का समावेश सायास नही अनायास ही हुआ है जो भावावेश की अनुगामिनी है ।

प्रेम, बिछोह ,अंतर्द्वंद ,करुणा ,व्याकुलता जैसे भावों की भाषा अनुगामिनी होकर उनकी कविताओं में प्रयुक्त हुई हैं ।
कवितायें अतुकांत है ,मुक्तक भावों से ओतप्रोत है पर आश्चर्य है कि एक पदबन्ध से जुड़ी है --'तुम्हारे जाने के बाद ।

यह हर किसी के वश की बात नही है ।भावों का ऐसा विस्तारित वर्णन अंत मे कुछ शब्दों में सिमट कर कविता के कथ्य को पूर्ण करती है ----'तुम्हारे जाने के बाद' ।

संग्रह में 47 कवितायें है ।हर कविता प्रेम के प्रसंग ,पति के साथ बिताए क्षणों और तमाम सूक्ष्म स्थूल भावों को इन शब्दों के साथ जोड़ती है --- 'तुम्हारे जाने के बाद '।

संसार में ईश्वर ने स्त्री पुरुष को एक दूसरे का पूरक बनाया है ।जीवन के तमाम उत्तर- चढ़ाव , पारिवारिक ,सामाजिक दायित्वों का बोझ ,उहापोहजनक परिस्थितियां दौनो मिलकर झेलते है ,समाधान करते है .....पर नियति को कौन जीत सकता है ?विडंबना है विधि के विधान का, कि सबका साथ ,सबको सब समय बराबर नही मिलता। इसका भागी संसार मे कोई भी स्त्री या पुरुष हो सकता है ।मधु जी के साथ भी यही हुआ ।

'तुम्हारे जाने के बाद ' संग्रह में मधु जी ने पति के हार्ट अटैक के समय से उस प्रसंग के कशमकश से लेकर उनके उपचार ,स्वर्गारोहण ,मृत्योपरांत औपचारिकताएं ,समाज परिवार की मान्यताएं ,बड़ों के दिशानिर्देश ,धर्मानुगमन की शिक्षा,,उनकी प्रत्येक सूक्ष्म- स्थूल वस्तुओं के जुड़ी स्मृतियां ,अपने को सम्हालने का भगीरथ प्रयास ,हृदय की पीड़ा,आर्तनाद और आज तक एक- एक पल को नही भूल पाने की व्यथा कथा को अपने शब्दों में बांधकर कविताओं में उंडेल दिया है ।अद्भुत है कल्पनाशीलता ।

क्रोंच वध ने जिस तरह बाल्मीकि को रामायण लिखने की प्रेरणा दी उसी तरह मधु जी के प्रिय वियोग ने लिखने की प्रेरणा दी--- 'तुम्हारे जाने के बाद '। ये इतिहास कौन लिख पाता है भला ....।

मधु जी की यह कृति काव्य साहित्य में अनूठा प्रयोग है जो प्रेम के संयोग- वियोग के प्रसंग यज्ञ की पूर्णाहुति हुई है ----' तुम्हारे जाने के बाद '।


-- श्रीमती निरुपमा शर्मा 

रायपुर ( छत्तीसगढ़ )


मधु सक्सेना 



परिचय 
------
श्रीमती मधु सक्सेना 
जन्म- खांचरोद जिला उज्जैन (म.प्र.)
कला , विधि और पत्रकारिता में स्नातक ।
हिंदी साहित्य में विशारद ।

प्रकाशन (1) मन माटी के अंकुर (2) तुम्हारे जाने के बाद - काव्य सन्ग्रह प्रकाशित 
आकाशवाणी से रचनाओं का प्रसारण 
मंचो पर काव्य पाठ ,कई साझा सग्रह में कविताएँ ।विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशन ।सरगुजा और बस्तर में साहित्य समितियों की स्थापना । हिंदी कार्यक्रमों में कई देशों की यात्रायें ।
सम्मान..(1).नव लेखन ..(2)..शब्द माधुरी (3).रंजन कलश शिव सम्मान (4) सुभद्रा कुमारी चौहान सम्मान ।
पता .. सचिन सक्सेना 
H -3 ,व्ही आई पी सिटी 
उरकुरा रोड ,सड्डू 
रायपुर (छत्तीसगढ़ )
पिन -492-007 
मेल - saxenamadhu24@gmail. Com

फोन .9516089571

Thursday, November 15, 2018

उपन्यासनामा: भाग नौ 

चित्तकोबरा
एक अनोखी प्रेम कथा



मृदुला गर्ग 



“प्रेम को परिभाषित करना असंभव है और प्रेम का उम्र से कोई संबंध नहीं है।”

यह एक लगभग सटीक व्याख्या हो सकती है चित्तकोबरा उपन्यास की। यही वह उपन्यास है जिसके कारण मृदुला जी को कोर्ट में भी खड़ा होना पड़ा था। नैतिकता के पंडितों ने इसे विवादित बना दिया। खैर इस विवाद से आज कोई लेना देना नहीं है, क्योंकि नैतिकता की सीमाएं इस उपन्यास के विवादित बिंदुओं से मीलों आगे आ चुकी है।

 कोई भी उपन्यास नैतिकता और अनैतिकता के सवाल से नहीं समझा जा सकता है। मृदुला जी की मानवीय संवेदना के उस आयाम तक पहुंचना जहां खड़े होकर वे मानवीय संबंधों को महसूस कर रहीं थीं, एक विशिष्ट दृष्टि के लिए ही संभव है। समाज का जो मानसिक अनुकूलन नैतिकता और अनैतिकता की सीमाओं में किया गया है उसे तोड़े बिना चित्तकोबरा को समझना असंभव है।

 स्त्री पुरुष का संबंध तमाम तरह की सामाजिक और परिवेशगत लक्ष्मण रेखाओं से परे होता है परंतु सामान्यतया वह इस रेखा के दरम्यान ही अभिव्यक्ति पाता है। यह जो विसंगति है यह प्रेम की वस्तुगत संवेदना को भौंथरा करती है, कुछ लोग हैं जो अपनी अनुभूति को भौंथरा बनने देने से इंकार कर देते हैं, मनु जो इस उपन्यास की नायिका है, वह इसी तरह की स्त्री है और तमाम सीमाओं के बीच अपने वास्तविक
प्रेम को जीने का स्पेस वह निकाल लेती है और इस स्पेस को उम्र के उस पड़ाव तक ले जाना चाहती है जब देह को प्रेम के परे मान लिया जाता है।




 मृदुला गर्ग का मानना है कि ‘‘जीवन को उसके समग्र और उदात्त रूप में जानने-पहचानने के लिए प्रेम से अधिक उपयुक्त माध्यम नहीं मिल सकता। जो लोग प्रेम के कथ्य को मात्र स्त्री पुरुष संबंध तक सीमित कर लेते हैं, वे साहित्य के प्रति और जीवन के प्रति भी अन्याय करते हैं या शायद अन्याय वे सिर्फ अपने प्रति करते हैं, जीवन की उस उदात्त धारा से अपने को काट जो लेते हैं, जो मनुष्य को उसके आदर्श रूप में उद्घाटित कर सकती है। प्रेम स्त्री पुरुष के बीच ही होता है पर मात्र उनके आपसी संबंधों की खोज प्रेम का कथ्य नहीं है। कम से कम मेरे लिए नहीं है; इस उपन्यास - चित्तकोबरा - में तो बिल्कुल नहीं। प्रेम के चैतन्य मनः समागम के अनुभव से गुजरते हुए दोनों पात्रों का जो आत्मोत्सर्ग होता है, उनके भाव-बोध में जो सूक्ष्मता, व्यापकता और गहनता आती है, उनकी संवेदनशक्ति जिस प्रकार प्रगाढ़ होती है, अपने चारों तरफ के घटित से जिस प्रकार वे एक दूसरे के माध्यम से पहले से अधिक घनिष्ठ तारतम्य स्थापित करता है, वही प्रेम का कथ्य है।’’1

चित्तकोबरा की मूल कथा एकदम अमूर्त है। इसके कथ्य को हमें संकेतों, और संवादों से ही समझना होता है। इसकी कथा में कुल जमा तीन पात्र हैं - मनु, रिचर्ड और महेश। इसके अतिरिक्त जैनी रिचर्ड की पत्नी, उसके तीन बच्चे, मनु और महेश के दो बच्चे, नाटक मंडली के कुछ सदस्यों का संकेत, मनु के परिवार के कुछ सदस्यों का खाने पर आने का संकेत और इसी तरह के कुछ अन्य इंसानों के होने का संकेत मिलता है।
इसमें मदर टेरेसा हैं, गाँधी हैं, मार्क्स हैं, जीसस हैं। ये सब हैं, परन्तु इनका होना सिर्फ मनु और रिचर्ड के होने से ही है। भौतिक रूप से जीवन्त पात्र इन दो के अलावा सिर्फ महेश है। इस उपन्यास में मनु का नाम लगभग 28 पेज पढ़ने के बाद आता है और रिचर्ड का नाम 74 पेज पढ़ने पर। जबकि ये सारे पेज सिर्फ दोनों के बीच घटित संवाद और घटनाओं से ही रंगे हैं। यह बात इसलिए महत्वपूर्ण है कि रिचर्ड और मनु के बीच का संबंध ‘स्त्री’  ‘पुरुष’ के बीच का संबंध है जिसमें दोनों की सत्तायें एक दूसरे से इतनी अभिन्न हैं कि उन्हें ‘नाम’ की आवश्यकता नहीं है।

मनु की पहचान ‘मनु’ के ‘होने से’ है, मनु नाम से नहीं, उसके लिए रिचर्ड का ‘होना’ उसके होने को महसूसना जितना मायने रखता है उतना उसका नाम नहीं। नाम की सार्थकता तब महसूस होती है जब वे एक दूसरे के करीब नहीं होते, तो नाम से ही एक दूसरे के होने को महसूस करते हैं।

चित्तकोबरा एक अनूठी और बेमिसाल प्रेम कहानी है। शायद हिन्दी साहित्य में तो दूसरी न लिखी गई और न आगे संभव दिखाई देती है। प्रेम दो प्राणियों के बीच ही होता है और वे प्राणी दैहिक भी होते हैं। देह के बिना चेतना का विकास संभव नहीं। प्रेम एक सशरीरी चैतन्य प्राणी का चेतना युक्त दैहिक अनुभव है।

लेकिन यहाँ मानसिक अनुभव और संवेदनाजन्य अनुभव अधिक महत्वपूर्ण है, शरीर के संबंध उतने महत्वपूर्ण नहीं है। मनु का रिचर्ड के साथ ‘रहना’ बिना सामाजिक कुंठाओं के, बिना सामाजिक लांछनों के ज्यादा महत्वपूर्ण हैं न कि उसके साथ संभोग जन्य क्षण बिताना। वह बार-बार यह कहती है कि हम तीस वर्ष बाद मिलेंगे। साठ वर्ष की उम्र में ताकि कोई शंका न करे। हम निर्द्वन्द्व भाव से जैस चाहें वैसे रह सकें। यह समयातीत, शरीरातीत प्रेम की अनुभूति इस उपन्यास का कथ्य है।

‘मनु’ इस उपन्यास की नायिका है, मनु ही कथा वाचिका है। मनु के अनुभव और रिचर्ड के प्रति उसका अशरीर, अकुंठ प्रेम ही इस कथा को एक उच्चकोटी की प्रेम कथा बनाता है। प्रेम कैसे एक स्त्री को मुक्त करता है, उसे कैसे शरीर से ऊपर उठाता है, कैसे एक समयातीत अनुभव मे जीवन के सूत्रों का पकड़ने देता है। मनु के अन्दर कोई कुंठा, अवसाद, अपराधबोध, अनैतिकता का अनुभव नहीं है। वह रिचर्ड के प्रति अपने व्यक्तित्व को, चेतना को पूर्णतः समर्पित करती है उसके शरीर से आकर्षित होकर नहीं, उसके विश्वव्यापी मानवता को समर्पित व्यक्तित्व से आकर्षित होकर करती है। रिचर्ड का पूरा जीवन विश्व मानवता को समर्पित है। वह निहायत ही संवेदनशील व्यक्ति है, अपने संबंधों के प्रति ईमानदार।





मनु महेश के साथ सिर्फ शरीर बन जाती है, महेश के साथ सोने में, पार्टी में जाने में, खुद को सजाने में सिर्फ शरीर बन जाती है। विवाह एक शारीरिक कांटेक्ट है, प्रेम मानसिक, स्वयं के द्वारा निर्णीत, चुना गया चैतन्य विकल्प है। थोपा गया संबंध नहीं, कोई बाध्यता नहीं, कोई व्यवस्था नहीं, कोई नियम नहीं, स्वयं द्वारा अनुशासित, आत्मोत्सर्ग और सौन्दर्य के नए प्रतिमान रचता विकल्प है। उम्र, स्थान, शरीर और समय से परे का संबंध है मनु और रिचर्ड का प्रेम। मनु को इंतजार है उसके होने का, अस्तित्व का, मिलने का, समाचार का। इस पूरी प्रक्रिया में उसे रिचर्ड के साथ बिताए शारीरिक संभोग के क्षणों का इंतजार नहीं रहता।

मृत्यबोध, समय का बीतना, वर्षों का क्षणों में समाप्त होने की विकलता, साठ वर्ष का होकर एक साथ रहने की विकलता उसे तीस वर्ष कुछ पल की तरह महसूस कराते हैं।

‘‘बस तीस साल और फिर मैं तुम्हारे पास आ जाऊँगी।’’
‘‘बस तीस साल?’’
‘‘बस।’’
तीस साल का क्या है। कुछ महीने ही तो होंगे।’’
‘‘हां। या कुछ हफ्ते।’’
‘‘हफ्तों में कुछ दिन।’’
‘‘या घंटे।’’
‘‘घंटों के मिनट।’’
‘‘या सैकिंड।’’
‘‘देखते -देखते कट जायेंगे।’’
‘‘हां, हर पल में कहूँगी.....रिचर्ड-रिचर्ड-रिचर्ड....एक पल में तीन बार और पल बीत जायेगा।’’ 2

यह संवाद प्रेम को सिर्फ संभोग तो बिल्कुल नहीं रहने देता। यद्यपि यह सच है कि बिना शरीर के प्रेम नहीं होता। प्रेम हवा में नहीं पनपता। उसका आश्रय और मूर्त रूप शारीरिक संबंध ही है। लेकिन महेश के साथ बिताए गए संभोग क्षण और रिचर्ड के साथ बिताये क्षणों के बीच जो मनु की अनुभूति है वह प्रेम और विवाह को बिल्कुल अलग-अलग कर देती है, यद्यपि दोनों में शारीरिक संबंध है। रिचर्ड का मनु के स्तनों को स्पर्श करना और महेश का उसके स्तनों के साथ खेलने के बीच मनु क्या सोचती है? कैसे स्वयं को अनुभव करती है? कैसे अपनी पहचान और व्यक्तित्व को पेश करती है? यह बहुत महत्वपूर्ण है। वह रिचर्ड के साथ अपने होने को महसूस करती है और महेश के साथ सिर्फ शरीर का होना। यह जो अनुभूति है यही इस उपन्यास का कथ्य है। प्रेम इंसान के साथ उसकी इंसानियत के कारण होना चाहिए न कि उसके फिगर के साथ।

‘‘और लोगों का ख्याल है कि साठ-पैंसठ साल की उम्र में इंसान इंसान नहीं रहता।’’
‘‘वे कुछ नहीं जानते। कुछ भी नहीं।’’
‘‘बूढा  सिर्फ शरीर होता है, मन नहीं।’’
‘‘और उसे पाने के लिए तीस साल का इंतजार कुछ भी नहीं है।’’
‘‘बस चंद महीने।’’
...............................
तीस साल तक हम नहीं मिले तो वे निरापद हो जायेंगे। सोचेंगे अब डर नहीं रहा।’’3

 ठीक यही अनुभूति स्थान की दूरी के संबंध में है -
‘‘कम-अज-कम दस हजार मील दूर।’’
‘‘सिर्फ दस हजार मील। क्या है....बस कुछ मीलों का जोड़।’’
‘‘हां बस...कुछ मील....’’
‘‘या फलांग.....’’
’’बस चंद कदम।’’






यह स्थान और समय की दूरी को महसूस न करने की चेतना प्रेम को बिल्कुल नया आयाम दे देती है। अभी तक हम पढ़ते आ रहे थे ‘‘हार पहार से लागत हैं’’ या एक क्षण की दूरी जन्मों की दूरी लगती थी प्रेमियों के लिए। वृन्दावन से मथुरा की दूरी भी नहीं पाटी जाती थी। प्रेम अपने सम्पूर्ण मानवीय संदर्भों में यहाँ विद्यमान है। काल और स्थान, समय और स्पेस के बीच की यह आवाजाही चित्तकोबरा को बिल्कुल अलग आयाम प्रदान करती है।

चित्तकोबरा अपने लक्ष्य में एकदम स्पष्ट है पति-पत्नी का संबंध सिर्फ दैहिक संबंध है पर वह जायज इसलिए है कि उसे सामाजिक स्वीकृति प्राप्त है…..पर उस देह के साथ जो चेतना है उसका क्या? उसे क्या चाहिए? इस प्रश्न का कोई जबाव इन परंपरागत संबंधों के पास नहीं है। चित्तकोबरा इस प्रश्न का समाधान है। जीवन जीने का एक अलग दृष्टिकोण है। जीवन की दैहिक और चेतनागत के बीच की खाई को पाटने का एक रास्ता है।
मनु और रिचर्ड के बीच मानवीय संवेदनाओं की वास्तविक समझ के कारण चेतनागत संबंध बनता है। चूंकि चेतना कोई वायवीय चीज नहीं है वह एक ठोस भौतिक यथार्थ है इसलिए दैहिक नजदीकी पाने की ललक और साथ बिताए गये क्षणों में सेक्स का होना न होना कोई मायने नहीं रखता। देह के संवेदनशील स्थलों के स्पर्श के साथ जो अनुभूति गत अंतर महेश और रिचर्ड के बीच मनु अनुभव करती है उसके फर्क को नैतिकता की परिभाषाओं से नहीं समझा जा सकता। इस फर्क को न समझने के कारण है उपन्यास पर अनैतिकता के आरोप लगाये गये थे।
  मनु रिचर्ड के बीच जो रिलेशन है वह सामाजिक-पारिवारिक परिभाषाओं और सीमाओं से परे है। दरअसल यह उपन्यास जीवन और स्त्री-पुरुष के बने हुए सांचों को तहस-नहस करता है और संबंधों की अनपरखी संभावनाओं को प्रकट करता है। हमारी सोच की सीमाएं जो सामाजिक नैतिकता से बंध गई है और थोड़ी बहुत छूट के साथ उस डोर से बंधे रहने में ही सार्थकता पाती है, उससे बहुत आगे की और गुणात्मक रूप से भिन्न संबंधों को रेखांकित किया गया है।

मनु का जो एटीट्यूड है वह स्वच्छंदतावादी या अनैतिकता को मूल्य की तरह जीने का नहीं है। सच्चाई यह है कि उसकी अनुभूति और प्रेम को जीने की उत्कट भावोच्छलता में नैतिकता अनैतिकता की परिभाषा का कोई भी तत्त्व नहीं है। वह इन से परे है। उसमें विद्रोह नहीं है। न वह पारिवारिक नैतिकता को छिन्न-भिन्न करने के लिए झंडा लेकर नारे लगाती है। वह महेश के साथ एक पत्नी की तरह रहती है चूंकि महेश एक पुरुष देह बनकर उसके पास आता है तो वह भी स्त्री देह मात्र बनकर उसे मिलती है। इसमें महेश को विलेन नहीं बनाया है। बस देह को स्पर्श करने के पीछे की फीलिंग को अलग दिखाया है यह फीलिंग जिसमें रिचर्ड की मानवतावादी जीवन दृष्टि की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मनु के जीवन में महेश और रिचर्ड एक दूसरे के विरोधी नहीं हैं वह दोनों को अलग तरह से जीती है। महेश अपनी परंपरागत पति की भूमिका में हैं उसके लिए मनु एक पत्नी है उसकी दैहिक और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने का औजार। एक व्यक्ति इस खांचे से बाहर भी जीने की ख्वाहिश रखती सकता है, उस ख्वाहिश को मनु का जीवन अभिव्यक्ति देता है।
     चित्तकोबरा एक अलग स्पेस मुहैया कराता है जीने का। खांचाबद्ध जीवन से परे एक अद्भुत बेमिसाल जीवन। इसे इसी तरह जीने के लिए एक स्वतंत्र सोच और साथी की जरूरत होती है ।



डॉ संजीव जैन 


 संदर्भ
1. चित्तकोबरा मृदुला गर्ग की भूमिका से उद्धरित
2. वही पृष्ठ 93
3. वही पृ. 97
                             

डॉ. संजीव कुमार जैन
सहायक प्राध्यापक हिन्दी
शासकीय संजय गाँधी स्मृति स्नात्कोत्तर महाविद्यालय,
गुलाबगंज 
522 आधारशिला, बरखेड़ा
भोपाल, म.प्र.
मो. 09826458553

 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने