Wednesday, September 7, 2016

🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾🅾
सच भी कितने  कड़वे होते है जिन्हें जान कर मन कसैला हो जाता है कुच सच तो नंगे होते है जिनको जान कर लज्जा ही नही घृणा से मन भर जाता है ...आखिर क्यों होता है ऐसा ।
सईद अय्यूब जी की कहानी "पुरे पुरे आधे अधूरे" एक ऐसे ही सच को बयाँ करती है ।
साहित्य की बात समूह में ,जिसके एडमिन श्री ब्रज श्रीवास्तव है  ,पर प्रस्तुत की गई ।वहाँ सदस्यों ने इस पर निष्पक्ष भाव से चर्चा की ....कुछ सवाल भी उठे जिनका निराकरण कथाकार ने किया ।सईद अय्यूब जी एक प्रतिभाशाली कवि और कथाकार है ।इनके कथ्य और लेखन के विषय अलग हटकर होते है ,शिल्प कसावट पाठक को आकर्षित करती है ।एक बार पढ़ना शुरू करते है तो पाठक  इनके लेखन के साथ ही विचरण करने लग जाता है ...अंत होने पर अपने को आश्चर्य से भरा पाता है। ऐसे   लेखक कम होते है जो सधे हुयें शिल्प से सरल भाषा में पाठकों तक अपनी बात पहुँचाने की क्षमता रखते है ,सईद अय्यूब उनमे से एक है ।

रचना प्रवेश में प्रस्तुत है  उपयुक्त कहानी साथ में पाठको की त्वरित प्रतिक्रियाएँ 



✳कहानी

पूरे-पूरे आधे अधूरे 

मैं उनकी हरकतें देखकर दरवाजे पर ही ठिठक कर रुक गया था. कमरे में कोई कश्मीरी लोक गीत गूँज रहा था जिसके बोल समझना मेरे लिए मुश्किल था पर गायिका शमीमा आज़ाद की आवाज़ मैं पहचान सकता था जो इतनी मधुर थी कि किसी कबाड़ से खरीद कर और मरम्मत करवा कर इस्तेमाल किये जा रहे टेपरिकार्डर की खर-खर के बावजूद अपने में डुबो रही थी. सामने की दीवार पर एक पेंटिंग टंगी हुई थी जिसमें सर-शब्ज पहाड़ियों में चरती हुई भेड़ों के झुण्ड, गड़रिये को पानी पिलाती हुई एक महिला और एक शिशु को अपने वक्ष से दूध पिलाती एक दूसरी महिला दिखाई दे रही थीं. फर्श पर एक पुराना, सस्ता कश्मीरी कालीन, किनारे पर करीने से समेट कर रखे गए चाय के कुछ बर्तन और उनके पीछे कुछ छोटे-मोटे गट्ठर. “उनमें ज़रूर कबाड़ भरा होगा”- मैंने सोचा और अपने में मस्त दोनों भाइयों की ओर देखने लगा. दोनों एक-दूसरे से इस तरह चिपके हुए थे कि अगर कोई अनजाना व्यक्ति देखता तो यही समझता कि एक जिस्म है, जिसके दो सर हो गए हैं. दोनों सरों के नीचे एक-एक चेहरा, कुल जमा चार जोड़ी आँखें, दो नाक, दो मुँह, दोनों ही चेहरों पर हलकी दाढ़ी, बस फ़र्क इतना कि एक दाढ़ी मेंहदी में रँगी हुई और एक काली. दोनों एक-दूसरे से लिपटे हुए, गाने की धुन पर नाचने के प्रयास में मगन थे. दोनों की बैसाखियाँ उनके दाएँ और बाएँ झूल रही थीं. परवेज़ रसूल को तो बैसाखियों की मश्क थी पर ग़ुलाम रसूल को अभी आदत नहीं पड़ी थी. वह बीच-बीच में लड़खड़ा जा रहा था. मैंने अपना कैमरा हाथ में ले लिया और अगली बार ग़ुलाम जैसे ही लड़खड़ाया कि ‘क्लिक’....
कैमरे की क्लिक और फ्लैश ने उन्हें वापस इस दुनिया में पहुँचा दिया. मुझे कैमरे से लैस देख वे इस कदर बदहवास हुए कि दोनों की बैसाखियाँ उनके कंधों से अलग हो गयीं और दोनों एक साथ धड़ाम से ज़मीन पर आ रहे. शुक्र था, कालीन कुछ मोटा था और शायद उन्हें ऐसे गिरने की आदत थी, कोई अप्रिय दृश्य पैदा नहीं हुआ. मैं हँसते हुए कमरे में दाखिल हुआ और सामने पड़ी तीन टांग की एक पुरानी कुर्सी पर बैठ गया. मैंने उन्हें उठाने की कोई कोशिश नहीं की क्योंकि गिरने के बाद दोनों हँसी से लोट-पोट हो रहे थे. उनके इस मज़ाकिया स्वभाव से मैं परिचित था. वे ऐसे ही थे, एकदम मस्त. हँसी खत्म कर वे एक-दूसरे का सहारा लेकर उठे. परवेज़ कमरे के एक किनारे स्थित छोटे से किचन की ओर बढ़ गया. मैं उसका इरादा समझ चुका था. वह मेरे लिए नून चाय बनाने जा रहा था. ग़ुलाम, कालीन के कोनों को, जो उनके नाचने की वजह से थोड़े थोड़े मुड़ गए थे, ठीक करने लगा. मैं उन दोनों को मना नहीं कर सकता था क्योंकि दोनों को ही मेरी इस तरह की कोई दखलंदाज़ी पसंद नहीं थी और वे इसे अपनी मेहमाननवाज़ी के खिलाफ़ भी मानते थे.
अजीब मज़ाक हुआ था उनके साथ. एक का कमर के नीचे का पूरा दायाँ हिस्सा बेकार था तो दूसरे का पूरा बायाँ. जबसे मैं उनसे मिला था उनकी कहानी जानने की हज़ार कोशिश कर चुका था. वे बहुत खुश अस्लूबी से पेश आते. बढ़िया नून चाय पिलाते, कभी-कभी खुद की बनाई हुई कश्मीरी गोश्त खिलाते पर जैसे ही मैं उनकी ज़िंदगी के बारे में कोई सवाल करता, वे मुझे ऐसी डरी और निश्छल निगाह से देखते कि उसके आगे के सारे प्रश्न मेरे दिमाग में ही कहीं उलझ कर रह जाते. पिछले लगभग दो सालों की अपनी मुलाक़ात में मैंने उनके दिलों में कुछ जगह बना ली थी और इसलिए आज फ़ैसला करके आया था कि बिना उनकी ज़िंदगी के बारे में जाने मैं यहाँ से नहीं जाऊँगा.
“परवेज़...” मैंने नून चाय की तैयारी कर रहे परवेज़ को बहुत आहिस्ते से आवाज़ दी.
“जी भाईजान” पता नहीं दोनों भाई मुझे भाईजान क्यों कहते थे जबकि मैं उनसे उम्र में छोटा था.
“आज मैं तुम्हारी बनाई हुई चाय नहीं पियूँगा.”
“क्यों? बंदे से क्या गुस्ताखी हो गयी? मैंने अपना यह हाथ ठीक से धो लिया है.” उसने मुस्कराते हुए अपना दायाँ हाथ दिखाया.
“मुझे इससे कोई मतलब नहीं कि तुमने हाथ धोया है या नहीं?”
“फिर?”
“बस कह दिया ना कि नहीं पीनी.” मैंने अपनी योजना पर अमल करते हुए कुछ गुस्से से कहा.
“चलो कोई बात नहीं.” उसने ग़ुलाम को आवाज़ देते हुए कहा- “ओए गुलामे, तू बना दे. मेरे हाथ की चाय न पीने की कसम खा रखी है भाईजान ने.”
उसके लहजे में इतना भोलापन और नाटकीयता थी कि मैं और ग़ुलाम हँसे बिना न रह सके.
“देखो, चाय चाहे तुम बनाओ या ग़ुलाम , मैंने फ़ैसला किया है कि मैं अब तुम दोनों के यहाँ कुछ भी नहीं खाऊं-पियूँगा क्योंकि...” मैंने जानबूझकर अपनी बात अधूरी छोड़ दी.
“क्यों?” दोनों भाइयों ने बेक वक़्त सवाल किया था.
“क्योंकि तुम दोनों मुझे अपना तो मानते नहीं हो?” मैंने पासा फेंका यद्यपि मैं डर भी रहा था कि शायद वे मेरे पासे में न आएँ. कश्मीरियों के बारे में आम राय तो यही है कि वे जितने भोले दिखते हैं उतने होते नहीं.
“ऐसा आपको क्यों लगता है भाईजान?” ग़ुलाम ने पूछा.
“क्योंकि मैं जब भी तुमसे कोई सवाल पूछता हूँ तुम दोनों चुप हो जाते हो?”
“आप यही जानना चाहते हो न कि हम दोनों की यह हालत कैसे हुई?”
“यही नहीं बल्कि तुम्हारी पूरी ज़िंदगी की दास्तान सुनना चाहता हूँ.”
“ज़िंदगी की दास्तान तो बहुत छोटी सी है भाईजान पर यह जो हमारी हालत हुई है, इसकी दास्तान बहुत बड़ी है. इतनी बड़ी और इतनी दर्दनाक कि कई ज़िंदगियाँ खतम हो जाएँगी पर न यह दास्तान मुकम्मल होगी, न वह दर्द खत्म होगा.”
परवेज़ की आवाज़ कहीं बहुत दूर से आती लग रही थी.
“आपको लगता होगा कि हम अपनी कहानी आपको नहीं बताना चाहते पर असल में हम उस दर्द से फिर से गुज़रना नहीं चाहते. हम दोनों ने फ़ैसला किया है कि हम अपनी बाक़ी ज़िंदगी हँसते-गाते ही बिताएँगे. माज़ी का कोई मातम नहीं, किसी दर्द को फिर से दुहराना नहीं, सिर्फ़ मुस्तक़बिल को किसी तरह से काट देना है.”
“परवेज़, दर्द को बाँटना और दर्द को याद करना दो अलग-अलग चीज़ें होती हैं. मैं तुम लोगों से दर्द बाँटने के लिए कह रहा हूँ, दर्द को याद करने के लिए नहीं.”
“आप नहीं भी कहते तो भी हम महसूस कर रहे हैं कि किसी न किसी दिन यह दर्द आपसे बाँटना ही पड़ेगा. तो आज ही सही. पर पहले आपको हमारी चाय पीनी पड़ेगी.” पता नहीं परवेज़ की मुस्कुराहट में क्या था? मैं अंदर तक लरज गया.


कश्मीर की खूबसूरत वादियों में बारामूला के नज़दीक एक छोटा सा, खूबसूरत सा गाँव. साधारण से लोग. अपने में मस्त. दुनिया से कटे हुए पर दीन से नहीं. अपनी खेतों और बगीचों में काम करते हैं, जंगल से लकड़ियाँ लाते हैं, छोटी सी, बे-छत की मस्जिद में नमाज़ पढ़ते हैं और जब दुआ के लिए हाथ उठाते हैं तो सीधे अल्लाह मियाँ से जुड़ जाते हैं क्योंकि मस्जिद की छत तो है नहीं.  ज़मीन से आसमान तक कोई रोक-टोक नहीं. औरतें और लड़कियाँ अपने-अपने घरों और घर के मर्दों का ख्याल रखती हैं, खेतों और बगीचों में उन्हें खाना पहुँचाती हैं, गाँव की तलहटी में जाकर वहाँ बहने वाले ताज़े पानी के नाले से पानी भर कर लाती हैं, मवेशियों को दाना-पानी देती हैं और जब ज़्यादा खुश होती हैं तो आपस में मिलकर नाचती-गाती हैं. कुल मिलाकर एक खुशहाल ज़िंदगी है पर इंसानों की खुशहाली उसके खुदा को कब मंज़ूर होने लगी? और जब खुदा को मंज़ूर नहीं तो ज़मीनों पर उसकी नुमाइंदगी कर रही सरकारों और दूसरे लोगों को कैसे मंज़ूर होगी? खुदा तो कहता है कि मैं तुम्हें मुसीबतों में इसलिए डालता हूँ कि तुम्हारा इम्तेहान ले सकूँ. और ये तो खुदा के नुमाइंदे हैं. इम्तेहान लेने का तो उनको हक़ है ही.
तो कई बातों की एक बात यह है कि इस खुशहाल गाँव में एक खुशहाल परिवार रहता था. पेशे से किसान और पैसे से गरीब इस परिवार को जी तोड़ मेहनत के बाद जो भी मिलता उसे अल्लाह का शुक्र अदा कर खाते, पहनते और खा-पहन कर मर्द बिना छत वाली मस्जिद में नमाज़ अदा करता, औरत घर के अंदर मुसल्ला बिछा कर अपने रब का शुक्र अदा करती और बच्चे घर से मस्जिद तक अपने खेल में मस्त रहते. मर्द का नाम था मुश्ताक़ मुहम्मद, औरत थी इसरा और तीनों बच्चे, सबसे बड़ी रुकैय्या, फिर जुड़वाँ ग़ुलाम रसूल और परवेज़ रसूल. जुड़वा होने के बावजूद ग़ुलाम परवेज़ से पंद्रह मिनट बड़ा था. तो बात तबकी है जबकि रुकैय्या आठ साल की थी और ग़ुलाम और परवेज़ पाँच-पाँच साल के.
सर्दियों के बाद का मौसम-ए-बहार था. बादाम के पेड़ जामुनी और किरमिजी रंग के फूलों से लद चुके थे और चारों ओर जन्नत का नज़ारा पेश कर रहे थे. घाटियों को रंग-बिरंगे फूलों ने अपने रंगों से ढक लिया था. पूरे कश्मीर में सैलानी इस तरह से फैले हुए थे जैसे वही यहाँ के मूल निवासी हों. ऐसे में एक दिन का सूरज न सिर्फ़ इस परिवार के लिए, बल्कि पूरे गाँव के लिए आफ़त की तरह नमूदार हुआ.  
जब बूटों की आवाज़ घाटी से ऊपर आकर गाँव के चारों ओर फैलने लगी, उस वक्त दूसरे गाँव वालों की तरह मुश्ताक़ अपने बगीचे में जाने की तैय्यारी कर रहा था. इसरा घर के अंदर, दो दिन बाद आने वाले अपने भाई और भाभी से मिलने की खुशी में कोई गीत गा रही थी और घर की साफ़-सफ़ाई में जुटी हुई थी. स्कूल बंद था सो तीनों बच्चे अपने-अपने खेलों में मस्त थे. बूटों से उठने वाली आवाज़ ने अचानक ही पूरे गाँव को चारों तरफ़ से घेर लिया. गाँव वालों के लिए यह कोई अप्रत्याशित घटना नहीं थी. वे इसके आदी थे. ये बूट  दुश्मनों की टोह लेने के बहाने गाहे-बगाहे गाँव में घुस ही आते थे और जब दुश्मन के नाम पर कुछ नहीं मिलता था तो गाँव के कुछ लोगों के यहाँ दावत-वावत करके चले जाते थे. कभी-कभी किसी को पकड़ कर भी ले जाते और अक्सर तो वे दो-चार दिन में लौट ही आते थे पर एक-दो बार ऐसा भी हुआ कि गया हुआ व्यक्ति कभी वापस नहीं आया. ये बूट जब भी गाँव में आते गाँव वालों की साँसे अधर में टंग जाती कि न जाने कब किसकी शामत आ जाए. पर इस बार के बूटों को देखकर गाँव वाले सिहर उठे थे. उनकी थप-थप बता रही थी कि आज कुछ अनहोनी होगी. ये बूट इस से पहले इतनी संख्या में कभी नहीं आए थे. बूटों की कारवाई शुरू हुई. एक-एक को घर से बाहर निकाल कर एक गोल घेरे में संगीनों के साए में इकठ्ठा कर दिया गया. संगीने तनी हुई थीं, लोग सिकुड़े हुए थे. एक-एक घर की पूरी तसल्ली से तलाशी ली गयी और फिर मर्दों और छोटे बच्चों को घेरे से निकाल कुछ बूटों के साथ नीचे सड़क पर और फिर वहाँ से एक ट्रक में भरकर छावनी के अंदर पहुँचा दिया गया. मर्द चिल्लाते रहे, बच्चे बिलकते रहे, औरतें दुहाई देती रहीं पर सब बे-असर. ले जाते वक्त रुकैया किसी तरह से एक बूट के हाथों से छूट कर इसरा से लिपट गयी थी. वह बूट उसको पकड़ने के लिए जब दुबारा उसकी ओर लपका तो एक ऑफिसर से लगने वाले बूट ने उसे मना कर दिया. उस ऑफिसरनुमा बूट की आँखों में रुकैय्या को देखकर कुछ अजीब सा उभर आया था और फिर...
...और फिर तीन दिन बाद जब मर्द और बच्चे भूखे-प्यासे अपने-अपने घरों को लौटे तो सब कुछ लुट चका था. घरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था. औरतें जहाँ-तहाँ निढ़ाल पड़ी हुई थीं, चुप...बिल्कुल चुप.
 ग़ुलाम और परवेज़ ने जब मुश्ताक़ के साथ घर में प्रवेश किया तो दौड़ कर अपनी माँ से लिपट नहीं सके. वे अपनी बहन रुकैया को भी आवाज़ नहीं दे सके. वे बस चुप-चाप अपनी माँ को देखे जा रहे थे. मुश्ताक़ भी चुपचाप बस अपने घर की दीवारों को घूर रहा था. इसरा लगभग अधनंगी हालत में, एक टूटी हुई चारपाई पर लेटी हुई थी और चुपचाप खला में घूरे जा रही थी. उसके कपड़े जगह-जगह से फटे हुए थे. हाथ और पैरों पर खरोंच के निशान साफ़ दिखाई पड़ रहे थे जिनसे खून बह-बह कर काले निशान के रूप में जमा हो गया था. अचानक वह उठी और ग़ुलाम और परवेज़ को लगभग भींचते हुए ज़ोर-ज़ोर से रोने लगी. और ठीक उसी वक़्त, सारे गावँ की औरतों ने, जैसे वे इसरा के रोने का इंतेज़ार कर रही हों, एक साथ अपने-अपने बच्चों, पतियों और घर के दूसरे मर्दों से लिपट कर रोना शुरू कर दिया. उनके रोने की आवाज़ ने पूरे गाँव को शोक की एक चादर से ढक दिया. बादाम के पेड़ों से सारे जामुनी और किरमजी रंगों के फूल झर गए और उदासी रंग के फूलों ने उनकी जगह ले ली. गिलहरियाँ जो पेड़ों पर बादाम की फ़सलों का इंतेज़ार करते हुए खुशी से नाच रही थीं, न जाने कहाँ छुप गयीं.
कुछ देर बाद इसरा का रोना जब सुबकियों में बदल गया तो मुश्ताक़ को रुकैया का ख्याल आया. वह पिछले तीन दिनों से सबसे ज़्यादा रुकैया के बारे में सोच रहा था. घाटियों में उगने वाले फूलों से भी कोमल, अपनी बेटी रुकैया के बारे में. गाँव के और मर्दों के साथ उसको भी अंदाज़ा हो चुका था कि ये बूट अब क्या करने वाले हैं. पर वह मजबूर था. वह मर का भी अपने गाँव नहीं पहुँच सकता था. चाहकर भी रुकैया और इसरा को उन ज़ालिमों के चंगुल से नहीं बचा सकता था. वह खुद उन ज़ालिम बूटों के सख्त पहरे में था. उसने अपने बे-छत वाले अल्लाह को याद किया और मन ही मन मन्नत भी माँगी कि उसके रुकैया और इसरा को कुछ न हो. वह वापस जाकर चाहे जैसे भी हो, मस्जिद की छत तैयार कराएगा. पर न जाने क्यों, उसको अपनी ही मन्नत पर यक़ीन नहीं हो रहा था. उसे न जाने क्यों ऐसा लगने लगा था कि उसने अल्लाह को उन बूटों के साथ ही देखा था और जब वह ऑफिसरनुमा बूट उसकी बेटी को घूर रहा था तो अल्लाह कहीं आस-पास ही मुस्कुरा रहा था.
और तीन दिनों के बाद जब बूटों ने उनको घर जाने की आज़ादी दी थी, गाँव के सब मर्दों के साथ-साथ मुश्ताक़ भी तीर की तरह अपने गाँव की ओर भागा, गरचे ग़ुलाम और परवेज़ की उँगलियाँ पकड़े होने और तीन दिन से लगभग कुछ न खा पाने की वजह से वह दौड़ नहीं सकता था. और वही क्या, सारे गाँव वालों की हालत ऐसी ही थी. फिर भी जितनी तेज़ी से हो सका, वे पहाड़ों पर चढ़े, तंग घाटियों में उतरे, पत्थरों से टकराये, झाड़ियों में उलझे और अपने गाँव की सीमा पर आकर चुप-चाप खड़े हो गए. सामने गाँव की एक दूसरे से दूर खड़े हुए मकान दिखायी दे रहे थे. बादाम के पेड़ भी दिख रहे थे. घरों के सामने फूलों की क्यारियाँ भी दिख रही थीं. मकानों से लगी हुई वे सीढियाँ भी दिख रही थीं जिनपर जब वे अपने खेतों और बगीचों से लौटते थे तो उनकी औरतें उनका इंतेज़ार करते हुए खड़ी रहती थीं. पर अब सब के सब उसी गाँव की सीमा पर खड़े थे...चुपचाप. गाँव का उजाड़पन और ख़ामोशी उन्हें डरा रही थी. वे गाँव में जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे. ऐसे में मुश्ताक़ को बे-छत वाली मस्जिद की सफ़ेद दीवार दिखाई दी और साथ ही अल्लाह का मुस्कुराता हुआ चेहरा भी याद आया. उसने तेज़ आवाज़ में न जाने किसे एक गंदी गाली दी और ग़ुलाम और परवेज़ का हाथ पकड़े तेज़ी से अपने घर की ओर दौड़ पड़ा.    
घर और इसरा की हालत और फिर इसरा के रोने ने उसे और बदहवास कर दिया था पर जब इसरा की हिचकियाँ सुबकियों में बदल गयीं तो उसे रुकैया का ख्याल फिर से आया.
“रुकैया...?” वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था.
इसरा अब भी अपने दोनों बच्चों को अपने से चिमटाये हुए रोये जा रही थी. उसने बहुत मुश्किल से सामने वाले कमरे की तरफ़ इशारा किया. मुश्ताक़ तड़प कर सामने वाले कमरे की ओर बढ़ा. रुकैया ज़मीन पर पड़ी हुई थी. जिस्म पर कपड़े का एक छोटा सा टुकड़ा भी नहीं था. पूरे जिस्म पर जगह-जगह लगी हुई मिट्टी पर खून बह-बह कर जम गया था. आँखे दर्द और खौफ़ से बाहर की तरफ़ फटी पड़ी थीं. ज़मीन की पोली मिटटी कई जगह से उखड़ गयी थी. कई सालों बाद, एक दिन रोते हुए इसरा ने बताया था कि वह मरने से पहले बहुत तड़पी थी. इसरा ने जब उसको गोद में उठाने की कोशिश की थी तो वह तड़प कर गोद से बाहर चली गयी थी. उसके तड़पने से ही ज़मीन की मिट्टी अपनी जगह से उखड़-उखड़ गयी थी.
मुश्ताक़ ने कुछ नहीं किया. न रोया, न चिल्लाया. उसने एक नज़र रुकैया के बेजान जिस्म पर डाली, घर के कोने में रखा अपना बेलचा और कुदाल उठाया और बे-छत वाली मस्जिद के आँगन में पहुँच उसे खोदने लगा. गाँव के कुछ लोगों ने उसे ऐसा करते हुए देखा पर किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की. गाँव के पाँच घरों में मौत हुई थी. उसमें आठ साल की रुकैया से लेकर साठ साल की आमिना बी तक थीं और पाँचों को गाँव वालों ने उस बे-छत की मस्जिद में दफ़न कर दिया. न कोई नमाज़-ए-जनाज़ा पढ़ी गयी, न कोई फातेहा. मुश्ताक़ को लगा था कि उसने रुकैया को नहीं बल्कि मुस्कुराते हुए अल्लाह को उस बे-छत वाली मस्जिद में हमेशा-हमेशा के लिए दफ़न कर दिया है.


“अब भी रुक्का याद आती है कभी-कभी. हम दोनों को गोद में बैठा कहानियाँ सुनाती हुई पर अब उसका चेहरा याद नहीं आता.” परवेज़ की आँखों के आँसू ने पूरे कमरे को नम कर दिया था. उसने जल्दी से अपनी आँखें दूसरी तरफ़ कर ली थी और हम सबके कपों में चाय डालने लगा था.
“वह ज़रूर माँ की तरह रही होगी.” ग़ुलाम की आवाज़ किसी दूसरी दुनिया से आती लग रही थी.
मैंने अपना एक हाथ ग़ुलाम के कंधे पर रख दिया. एक शर्मिदंगी से भरा हाथ. यह कहानी सुनने के बाद भी ज़िंदा रह जाने की शर्मिंदगी से भरा हाथ. मुझमें आगे सुनने की हिम्मत नहीं थी पर यह डर भी था कि अगर आज नहीं सुन सका तो शायद फिर कभी नहीं सुन पाऊँगा. दोंनो भाइयों को यादों की इस भयानक कोठरी में धकेलने के लिए बार-बार हिम्मत भी नहीं कर सकता. पर अब बात को आगे बढ़ाने के लिए कहने की हिम्मत भी नहीं हो रही थी. लगा, ग़ुलाम ने मेरे मन की बात पढ़ ली थी. वह बोला,
“भाईजान, चाय खतम कीजिए तो हम आगे बढ़ें. अब बात निकल आयी है तो आप सुन ही लीजिए. यूँ आधा दर्द बाँट कर क्या होगा?.”
और हम कपों में बची हुई आधी चाय खतम करने लगे.


उस भयानक घटना की लोकल राजनीति में क्या प्रतिक्रिया हुई, यह दोनों भाइयों को नहीं मालूम. पाँच साल की मासूम उम्र. वे तो ठीक से समझ भी नहीं पाए थे कि आखिर हुआ क्या था? रुकैया को दफ़ना कर जब मुश्ताक़ वापस आया तो दोनों ने बेक वक़्त पूछा था,
“रुक्का कहाँ है अब्बा?”
और तब पहली बार मुश्ताक़ रोया था. दोनों को अपने अगल-बगल में समेट कर और इसरा के कंधे पर अपना सर रख कर मुश्ताक़ ‘रुक्का, मेरी रुक्का’ कहकर और फूट-फूट कर रोता रहा. यहाँ तक कि उसके रोने की ताब न लाकर सूरज ढल गया और आसमान पर सितारे उग-उग कर उसके शोक में शामिल होने लगे. पर उसको दिलासा देने वाला भी कौन था? जो थे, उन सबके लिए उस रात आसमान में बहुत तारे उगे.
और ठीक तीसरे दिन, कुछ सामानों की पोटली बना मुश्ताक़, इसरा और दोनों बच्चे उस गाँव से निकल आए थे. कई दिनों के सफ़र के बाद वे श्रीनगर पहुँचे थे. इसरा के कुछ रिश्तेदार वहाँ थे. उनकी मदद से मुश्ताक़ को एक जगह खलासी की नौकरी मिल गयी. मुश्ताक़ और इसरा जब तक जीते रहे, अपनी फूल सी नाज़ुक रुक्का को याद कर रोते रहे और दोनों बच्चों के बेहतर मुस्तक़बिल के सपने देखते रहे. पर मुश्ताक़ उसके बाद किसी मस्जिद में नहीं गया. यहाँ तक कि ईद-बकरीद के दिन भी नहीं.
दोनों बच्चे होनहार थे. बड़ा ग़ुलाम दस साल का होते न होते कालीन बनाने की कारीगरी में माहिर होने लगा था और उसकी महारत को देखकर कालीनों के एक ताजिर ने उसे अपनी फैक्ट्री में जगह दे दी थी जहाँ वह नए-नए डिजाइन बनाना सीखता भी था और खुद नए-नए डिजाईन बनाता भी था. पंद्रह का होते न होते वह इस काम में अच्छा-खासा मशहूर हो गया था और हालत यह हो गई कि बाहर से उसके काम की डिमांड होने लगी. ग़ुलाम सिर्फ़ अपने काम में ही माहिर नहीं था, बिजनेस में भी होशियार था और उसकी इसी होशियारी और कारीगरी को देखकर और इस डर से कि ग़ुलाम कहीं और न चला जाए, फैक्ट्री मालिक ने उसे अपना पार्टनर भी बना लिया था. दिन बीतते रहे, ग़ुलाम मेहनत से अपना काम करता रहा, फैक्ट्री दिन ब दिन तरक्की करती रही और मुश्ताक़ और इसरा अपने ग़म भूल कर उसकी शादी के मंसूबे बनाने लगे. दोनों को रुकैया अब बेहद याद आने लगी थी और दोनों को लगता था कि शायद बहू की शक्ल में उन्हें रुकैया वापस मिल जाए.
छोटे परवेज़ को महीन कामों से कोई दिलचस्पी नहीं थी. उसको पढ़ने का शौक़ था और एक प्रोफ़ेसर के बेटे से उसकी दोस्ती हो गई थी, जिसके ज़रिये वह अपने शौक़ को परवान चढ़ा रहा था. उसको अपने दोस्त से तालीम हासिल करने के नए-नए ज़रिये पता चल रहे थे और एक सबसे खूबसूरत ज़रिये का नाम था दिल्ली. वह दिल्ली आकर खूब पढ़ना चाहता था और पढ़-लिख कर अपने दोस्त के अब्बू की तरह एक बड़ा प्रोफ़ेसर बनना चाहता था. वह अपनी क्लास में हमेशा अव्वल आता था और उसकी कामयाबी को देखकर मुश्ताक़, इसरा और ग़ुलाम फूले नहीं समाते थे. और परवेज़ भी ग़ुलाम की कामयाबी को देखकर खुश होता रहता और मन ही मन दुआ करता कि गुलामे को खूब अच्छी दुलहन मिले जो उसे प्यार से खूब सारा खाना खिलाये. बेचारा, दिन भर खटता रहता है और सूखकर काँटा हुआ जा रहा है. ज़िंदगी ठीक-ठाक गुजरने लगी थी, दुःख कुछ कम होने लगे थे. मुश्ताक़ और इसरा अपने पुराने ग़म भूल फिर से खुश होने लगे थे और बहुत दिनों के बाद मुश्ताक़ फिर से ठहाके लगा कर हँसने लगा था.
फिर वही मौसम-ए-बहार के दिन थे. घाटियाँ फूलों से गुलरंग हो चुकी थी. बादाम के पेड़ों पर जामुनी और किरमजी रंग के फूल निकल आए थे, गिलहरियाँ बादाम की नई फ़सल का इंतेज़ार करते हुए खुशी से फुदक रही थीं कि अचानक बूटों की आवाज़ ने फिर से उनके घर को घेर लिया. पर इस बार के बूटों के रंग और आवाज़ में फ़र्क था. मुश्ताक़ अपनी नौकरी पर, ग़ुलाम अपनी फैक्ट्री और परवेज़ अपने दोस्त के प्रोफ़ेसर बाप से मिलने जाने की तैयारी में थे. इसरा दो दिन बाद अपने घर आने वाले एक मेहमान जिनकी बेटी के बारे में उसे पता चला था कि वह बला की खूबसूरत है और शादी की उम्र की है, की खुशी में घर की साफ़-सफ़ाई कर रही थी और साथ ही बहुत दिनों के बाद एक गीत गुनगुना रही थी. बूटों की आवाज़ से चारों सिहर उठे. इससे पहले कि मुश्ताक़ उन बूटों से कुछ कह पाता, इससे पहले कि ग़ुलाम बेहोश होकर गिरती हुई इसरा को संभाल पाता, इससे पहले कि परवेज़ कुछ समझ पाता, बूटों ने परवेज़ को पकड़ा और बाहर खड़ी जीप में डाल कर वहाँ से किसी जिन्न की तरह गायब हो गए.
ग़ुलाम को समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करे. अपनी बेहोश होकर गिरती हुई माँ को संभाले, जीप के पीछे बदहवाश होकर भागते अपने बाप को पुकारे, परवेज़ को कौन लोग कहाँ ले गए, यह पता करे या और क्या करे? थोड़ी देर में उसे होश आया. उसने अपनी माँ को नीचे लिटाया. बाहर भीड़ इकट्ठी हो चुकी थी और उसमें से कुछ औरतें निकल कर इसरा के पास आ चुकी थीं. ग़ुलाम ने इसरा को उनके हवाले किया और बाप के पीछे तेज़ी से भागा.
इसरा तो उसी दिन दिल के दौरे में खतम हो गई. मुश्ताक़ को जैसे लकवा मार गया था. पर गुलाम ने किसी तरह से अपनी हिम्मत बचाए रखी और आखिर एक महीने की दौड़-धूप के बाद उसे पता चला कि परवेज़ पुलिस की क़ैद में है. परवेज़ के दोस्त के प्रोफ़ेसर बाप को भी पुलिस उठा ले गयी थी. उसके घर से कुछ संदिग्ध लिटरेचर मिला था और पुलिस को यक़ीन था कि उस प्रोफ़ेसर के घर से मुल्क के खिलाफ़ एक बड़ी साजिश रची जा रही थी जिसमें उस प्रोफ़ेसर के कुछ छात्र भी शामिल थे.
गुलाम अपनी सारी हिम्मत यकजा करके परवेज़ को पुलिस की गिरफ़्त से बाहर निकालने के जुगत में लगा हुआ था पर लगभग तीन महीनों तक जब वह परवेज़ से मिल भी नहीं सका तो उसकी हिम्मत टूटने लगी. वह कभी अपने गुमसुम बाप को देखता और  कभी चूड़ियों के उन टुकड़ों को जो हार्ट अटैक से गिरते वक़्त इसरा के हाथों से टूट कर बिखर गए थे और जिन्हें गुलाम ने फेंकने के बजाए, सामने एक तिपाई पर रख छोड़ा था. उन टुकड़ों को देखते-देखते उसे रुक्का की याद आने लगती और कुछ देर बाद माँ और रुक्का के चेहरे आपस में गडमड्ड होने लगते और थोड़ी देर बाद वे लंबे-लंबे बूटों में बदल जाते और तब वह बेहद डर जाता और ‘परवेज़-परवेज़’ चिल्ला कर रोने लगता और तब उसका गुमसुम बाप एक नज़र उठा कर उसकी ओर देखता और फिर आसमान की ओर मुँह उठाकर गाली जैसा कुछ बुदबुदाने लगता.
लेकिन परवेज़ को पुलिस से छुड़ाने के लिए गुलाम को ज़्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. एक सुबह, जब उसने अपने फैक्ट्री मालिक से इस सिलसिले में बात करने जाने के लिए दरवाज़ा खोला तो एक गठरी जैसी चीज़ को अपने घर के सामने पाकर वह सन्न रह गया. शहर में होने वाली इस तरह की तमाम घटनाओं ने उसे बता दिया था कि वह गठरी नुमा चीज़ क्या हो सकती है पर फिर भी, वह मन ही मन यह बुदबुदाते हुए उस गठरी तक पहुँचा कि ‘वह न हो...वह न हो’... पर वही था. परवेज़ एक ज़िंदा लाश की तरह सामने पड़ा हुआ था. वह बेहोश था. इस क़दर बेहोश कि दर्द से कराह भी नहीं सकता था. गुलाम ने बेहोश पड़े हुए परवेज़ को अपने दामन में धीरे से उठाया जैसे वह उसकी माँ हो और परवेज़ कोई नवजात बच्चा और फिर वह जितनी तेज़ी से हो सकता था, लोकल अस्पताल की ओर दौड़ पड़ा.


“मैं कुछ और चाय बनाता हूँ.” गुलाम बहुत मुश्किल से बोला. गीली हो चुकी उसकी आँखों में कोई चीज़ तैर रही थी-बेबसी, गुस्सा या कोई और चीज़, अंदाज़ा लगाना मुश्किल  था. शायद वह आगे की उस दास्तान को दुहराना नहीं चाहता था कि कैसे उसने परवेज़ की ज़िंदगी बचायी और इसके लिए उसे क्या-क्या सहन करना पड़ा.
कमरे में एक नमी सी फ़ैल गयी थी. कोई बोलना नहीं चाहता था. मैंने सर की जुंबिश से चाय के लिए हामी भर दी.
गुलाम चाय बनाने लगा. परवेज़ इस बीच चुपचाप बैठा, खला में घूरता रहा जैसे अपनी माँ और रुक्का को वहाँ देख रहा हो. इस बीच में मुझे मुश्ताक़ की याद आयी.
‘और तुम्हारे अब्बू परवेज़...?” मैंने बहुत धीरे से पूछा.
“अब्बू...वे अब वहाँ हैं.” परवेज़ ने खला में घूरते हुए ही ऊपर की तरफ़ इशारा किया.
“ओह...”
“मुझे तो पता भी नहीं चला. नमाज़-ए-जनाजा भी मुझे नसीब नहीं हुई. मैं तो तब अस्पताल में बेहोश पड़ा था. सब कुछ गुलामे को ही झेलना पड़ा था.” उसकी आवाज़ उसी खला से आती लग रही थी.
“उनके साथ कुछ हुआ था क्या?”
“क्यों, अब तक जो हुआ था वह कम था क्या भाईजान?” यह चाय बनाते हुए गुलाम की आवाज़ थी.
मैं शर्म से कट सा गया.
“रुक्का की मौत ने ही उन्हें मार दिया था पर मेरे और परवेज़ की वजह से वे ज़िंदा बने हुए थे. जब ज़िंदगी ढंग की होने लगी थी, उनके अंदर फिर से जीने की ख्वाहिश भी जागने लगी थी. पर परवेज़ की गिरफ़्तारी और फिर अम्मी की मौत ने उन्हें बदहवास कर दिया. फिर भी किसी तरह वे ज़िंदा रहे लेकिन परवेज़ की हालत ने उन्हें एकदम से खत्म कर दिया.” वह साँस लेने के लिए रुका.
“मैं परवेज़ को लेकर सीधे अस्पताल भागा था. उन्हें खबर नहीं दी थी. होश भी कहाँ था. न जाने उन्हें कैसे खबर हुई? न जाने वे कैसे अस्पताल पहुँचे? बस मैंने उन्हें वहाँ देखा. उन्होंने एक नज़र मेरी ओर देखा और उनकी दूसरी नज़र परवेज़ पर पड़ी और वही उनकी आखिरी नज़र थी.”
मेरी नज़रें गुलाम के हाथों में थमे हुए कप पर जम सी गयी थीं. मैं कोशिश करके भी उसकी तरफ़ नहीं देख सका. हम तीनों धीरे-धीरे नून-चाय सुड़कने लगे. मैंने परवेज़ की आँखों से कुछ बहकर उसके कप में मिलते हुए देखा. मैंने मन ही मन न जाने किसको एक गाली दी. एक भयंकर गाली.


परवेज़ को ठीक होने में सात महीने लग गए. पूछताछ के दौरान उसके जिस्म पर जिस तरह से जुल्म हुए थे उसके बदले में कमर के नीचे का उसका पूरा बायाँ हिस्सा बेकार हो गया था. डाक्टरों का कहना था कि वह बच गया है यही बहुत बड़ा करिश्मा है. इस बीच, हालाँकि डाक्टर्स और गुलाम ने बहुत छुपाने की कोशिश की थी, फिर भी न जाने कैसे उसे अपनी माँ और बाप के मौत की खबर मिल चुकी थी. पर उसने देखा कि गुलामे किस तरह, सिर्फ़ उसे सदमा न पहुँचे इस बात को ध्यान में रख कर, माँ-बाप के मौत की खबर उससे छुपाने की कोशिश कर रहा था. उसने अपने आंसुओं को अंदर ही अंदर रोक लिया और गुलाम को यह एहसास नहीं होने दिया कि उसे माँ-बाप की मौत की मनहूस खबर मिल चुकी है. उसे जल्द ही यह भी पता चल गया कि उसके कमर के नीचे का पूरा बाँया हिस्सा अब काम नहीं करेगा. उसने तब भी अपने आँसुओं को बहुत ज़ब्त करके रोक लिया था पर ठीक सात महीने तीन दिन बाद, जब उसको पहली बार बेड से नीचे उतारा गया और डॉक्टर और नर्सों ने उसे बैसाखी के सहारे चलाने की कोशिश की तो वह गुलाम के कंधे पर सर रख कर  फूट-फूट कर रो पड़ा और तब गुलाम भी अपने आँसुओं पर लगाम नहीं सका. दोनों भाई एक-दूसरे से बहुत देर तक लिपटे रहे और ग़मों का एक सैलाब उनकी आँखों से निकल-निकल वहाँ मौजूद सभी गैर-मुर्दा और मुर्दा चीज़ों को अपनी आगोश में लेता रहा.  
अब गुलाम का मन कारीगरी और व्यापार में नहीं लग रहा था. उसे हर पल परवेज़ की फ़िक्र खाए जा रही थी. परवेज़ को हर वक़्त उसकी ज़रूरत थी. घर में कोई और था नहीं. बिजनेस से कमाया हुआ जो कुछ भी गुलाम के पास बचा था, उससे कहीं ज़्यादा परवेज़ के इलाज पर खर्च हो चुका था और गुलाम को परवेज़ की पढ़ाई की भी फ़िक्र थी. उसे पता था कि परवेज़ दिल्ली जाकर खूब ऊँची पढ़ाई करना चाहता था इलसिए एक दिन गुलाम ने चुप-चाप एक फ़ैसला कर लिया. परवेज़ को जब बैसाखियों की कुछ मश्क हो गयी और वह कुछ और ठीक हो गया, उसने उसे अपने फ़ैसले के बारे में बताया और बिना उसके जवाब का इंतेज़ार किए, अपना घर जिसे इसरा ने बहुत मेहनत से सजाया-संवारा था, अपने फैक्ट्री मालिक को सौंप, कुछ ज़रुरी सामान और परवेज़ को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया.

 
अस्पताल में दाखिल होते ही मैंने एक स्ट्रेचर देखा जिस पर एक दुबला-पतला नौजवान पड़ा हुआ था. खून से लथपथ, लगभग अचेत. कपड़ों के चिथड़े उड़े हुए, लंबे-लंबे बिखरे हुए बाल. पर सबसे पहले जिस चीज़ ने मेरा ध्यान खींचा, वह थी उसकी खून से सनी दाढ़ी.
“...दाढ़ी???” मैं धीरे से बुदबुदाया था.
“तो क्या मुसलमान भी...? पर मुसलमान कैसे घायल...?”
“देखने में तो कश्मीरी लगता है. कहीं यह बम तो नहीं फिट कर रहा था?” एक ख़ास तरह से ट्रेंड मेरे दिमाग ने काम करना शुरू कर दिया था.
मैंने कैमरा टीम को इशारा किया और स्ट्रेचर की ओर दौड़ पड़ा. बाईट शुरू हो चुकी थी. मेरे दिमाग में और चैनलों से आगे रहने की एक पूरी कहानी आकार ले चुकी थी और थोड़ी ही देर में पूरा देश सुन और देख रहा था कि राजधानी में हुए बम ब्लास्ट में एक कश्मीरी युवक घायल हुआ है और पुलिस उसे संदिग्ध आतंकवादी मान कर अपनी जाँच आगे बढ़ा रही है.
पर कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो गया कि वह युवक आतंकवादी नहीं था. पुलिस से पता चला कि उसका नाम गुलाम रसूल है और वह दिल्ली में अपने भाई के साथ रहकर कबाड़ी का काम करता है और बम-विस्फोट वाली जगह पर वह किसी से कबाड़ के बारे में कुछ बात करने के लिए आया था.
मैंने कई बार झूठ को सच और सच को झूठ बना कर दिखाया था और कभी पछतावा नहीं हुआ था पर पहली बार न जाने क्यों, अपनी गलत रिपोर्टिंग पर पछतावा हो रहा था. मैं कई बार अस्पताल गया पर हर बार उस नौजवान के मासूम चेहरे पर नज़र पड़ते ही, एक अजीब से एहसास और डर से भर कर मैं वापस आ जाता. एक हफ़्ते हो चुके थे. वह अब ठीक होने लगा था और उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था. जनरल वार्ड में शिफ्ट होने के बाद मैंने एक लड़के को देखा जो बैसाखियों के सहारे चल रहा था और उस घायल लड़के की तीमारदारी में लगा हुआ था. पता चला कि उसका नाम परवेज़ रसूल है और वह उसका छोटा भाई है. मैं एक अजीब सी आत्म-ग्लानि से भरा हुआ था जिसे परवेज़ की बैसाखियाँ और गुलाम के मासूम चेहरे और मेंहदी रंग की दाढ़ी और घनीभूत कर रही थीं. मैंने कोशिश की पर अपने चैनल पर यह खबर चलवा पाने में असमर्थ रहा कि जिस कश्मीरी युवक के बारे में खबर चलाई गयी थी कि वह संदिग्ध आतंकवादी है, वास्तव में वह आतंकवादी नहीं बल्कि एक भोला-भाला कश्मीरी युवक है जिसकी दाढ़ी मेंहदी से रँगी हुई है और जिसका एक भाई है जिसके कमर के नीचे का पूरा बायाँ हिस्सा बेकार है और जो बैसाखियों के सहारे चल कर बम-ब्लास्ट में घायल अपने बड़े भाई की हिम्मत बढ़ाता रहता है और अकेले में न जाने किसे एक भयानक गाली देता रहता है और जिसकी बैसाखियाँ बम ब्लास्ट की शिकार एक ईमारत की खिड़कियों के बिखरे हुए शीशों की शक्ल अख्तियार कर लगातार मेरी आँखों में चुभती रहती हैं.
और तब मैंने परवेज़ से दोस्ती करने का और दोनों भाइयों के बारे में ठीक से जानने का फ़ैसला किया. परवेज़ की तरफ़ बढ़ाया गया दोस्ती का हाथ तो आसानी से थाम लिया गया पर उनकी कहानी जानने के लिए मुझे महीनों इंतेज़ार करना पड़ा.
परवेज़ को अपने पैरों पर खड़ा होने में सात महीने तीन दिन लगे थे, गुलामे ने एक महीने कम वक़्त लिया. इस दौरान वह लगातार अपने बिस्तर पर मौजूद, अपने छोटे भाई को बैसाखियों के सहारे दौड़-भाग कर अपनी खिदमत करते हुए देखता रहा. बार-बार उसकी आँखों में आँसू आते, पर वह उन्हें बहुत मुश्किल से ज़ब्त कर लेता. इस बीच उसे और परवेज़ को पता चल गया था कि उसके कमर के नीचे का पूरा दायाँ हिस्सा अब बेकार हो चुका है और परवेज़ की ही तरह उसे भी अपनी बाक़ी ज़िंदगी बैसाखियों के सहारे गुज़ारनी होगी. परवेज़ यह खबर सुनकर शून्य सा हो गया था पर गुलाम ने यह खबर बड़ी हिम्मत के साथ सुनी और खबर सुनाने वाले डॉक्टर की तरफ़ देखकर हौले से मुस्कुरा दिया पर ठीक छः महीने तीन दिन बाद जब डॉक्टर और नर्सों ने उसे बैसाखी के सहारे चलाने की कोशिश की तो वह परवेज़ के कंधे पर सर रख कर फूट-फूट कर रो पड़ा और तब परवेज़ भी अपने आँसुओं पर लगाम नहीं सका. दोनों भाई एक-दूसरे से बहुत देर तक लिपटे रहे और ग़मों का एक सैलाब उनकी आँखों से निकल-निकल वहाँ मौजूद सभी गैर-मुर्दा और मुर्दा चीज़ों को अपनी आगोश में लेता रहा.
मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मेरा पूरा वजूद ही नकारा हो गया हो. मैं बस चुपचाप उन्हें रोते हुए देखता रहा. मेरे अंदर इतनी हिम्मत भी नहीं बची थी कि उनमें से किसी एक के भी कंधे पर हाथ रखकर थोड़ी सी दिलासा दे दूँ.

गुलाम ने जब टेपरिकार्डर की आवाज़ बहुत तेज़ कर दी और शमीमा आज़ाद की आवाज़ घर्र-घर्र करते हुए अचानक ही बहुत तेज़ हो गयी तो मैंने चौंक कर देखा. परवेज़ मेरी तरफ़ देखकर मुस्कुरा रहा था. एक भीगी हुई मुस्कुराहट.
“लगता है आप कहीं दूर जाकर खो गए थे.” उसकी आवाज़ अब भी नम थी.
मैंने उसे बताना चाहा कि मैं कहाँ खो गया था पर कुछ कह नहीं पाया. मैं देख रहा था कि मेरे चैनल ने मुझे राजधानी में होने वाले गणतंत्र दिवस परेड के कवरेज की ज़िम्मेदारी सौंपी है. मैं अपनी कमेंट्री तिरंगे को कैमरे में फोकस करवाते हुए शुरू करता हूँ. लहराता हुआ तिरंगा कभी पूरी तरह कैमरे की गिरफ़्त में आ जाता है और कभी आधा-अधूरा ही. फिर कैमरा भारत के मानचित्र को दिखाता है. पर अजीब बात है. मानचित्र भी कभी पूरी तरह कैमरे के फोकस में होता है और कभी आधा-अधूरा ही. अब कैमरा भारत के अलग-अलग राज्यों से होता हुआ कश्मीर तक पहुँच चुका है. पर कश्मीर भी कभी पूरा दिखता है और कभी आधा-अधूरा. उस कभी-कभी पूरा और कभी-कभी आधे-अधूरे दिखते कश्मीर के पीछे सेना और पुलिस के जवान अपने-अपने करतब दिखाते चले जा रहे हैं...एक बच्ची कश्मीर के मानचित्र से बाहर निकल आयी है...उसके हाथों में कई तरह के साज़ हैं जिन्हें वह बहुत ही जोश व खरोश के साथ बजा रही है और उसके होंठों से एक सुरीला नगमा फूटकर फज़ा में मुन्तसर हो रहा है...रुकैय्या...नहीं...हाँ...शायद...उसके पीछे-पीछे कुछ अजीब से लोग हैं...उनके हाथों में एक फ़तवा है...साज़ हराम हैं, मौसिक़ी हराम है, रक्श हराम है... टेपरिकार्डर से निकलने वाली मौसिक़ी तेज़ हो गयी है....गुलाम और परवेज़ उठकर नाचने लगे हैं...नाचते-नाचते वे एक दूसरे से लिपट जाते हैं...मैं उनकी ओर देखता हूँ...वे कभी पूरे-पूरे दिखाई देते हैं, कभी आधे-अधूरे.

🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴

प्रतिक्रियाएँ

[07/09 08:10] Sandhya: कहानी पढ़ कर तुरंत प्रतिक्रिया देने की स्तिथि में नहीं रही ।एक हँसता खेलता परिवार किस तरह बर्बाद हो जाता है इसका दर्दनाक चित्रण किया है अयूब जी ने ,बहुत अच्छी कहानी ।कश्मीर की खूबसूरत वादियां और वहां के खूबसूरत लोग उनका समृद्ध कल्चर सभी कुछ साथ साथ बयां किया है अयूब जी ने ख़ूबसूरती के साथ साथ वहां के हौलनाक मंज़र भी दिखाने में सफल रहे हैं अयूब जी ।
मुझे मनीष कुलश्रेष्ठ की 'शिगाफ'याद आई उसका फलक बड़ा है, उपन्यास है ।अयूब जी गागर में सागर भरने में सफल रहे ।बहुत अच्छे से वहां की स्तिथि के बारे में भी बताया ।
अच्छी कहानी की बधाई 💐
शुक्रिया प्रवेश 💥
[07/09 10:08] Chandrashekhar Ji: अयूब जी की कहानी सत्यकथा सी लगी,जैसे की देखा हुआ लिखा हो.... कश्मीर के सुन्दर चित्रण के साथ वहां के दर्दनाक हालात का प्रभावी चित्रण...!
बधाई।
[07/09 10:12] अपर्णा: सईद भाई की ये कहानी मेरी पढ़ी  उनकी पहली कहानी है। इसे शेयर भी किया था।
ये कहानी इतने कड़वे सच की बात करने में पूरी तरह सफल है जिसे राजनीति, धर्म, सत्ता और इन सब में लिप्त अनगिनत स्टेकहोल्डर्स के चालों के नीचे दबी मरणासन्न है बस प्राण नहीं निकले हैं उसके।
विषय को बेहद संवेदनशील तरीके से बरता गया है। झकझोर देती है ये कथा। हम से आम पाठकों को ये सोचने पर मजबूर करती है कि हमारा सेलेक्टिव साइलेंस और स्टैंड हमारे ख़ुद के बारे में क्या कहता है। क्या हम स्वंय से आँख मिला सकते हैं?
तथाकथित सभ्य समाज के मुँह पर एक तमाचा है ये कहानी क्योंकि दुर्भाग्य से ये सिर्फ़ एक कहानी नहीं है।
सा की बा और प्रवेश जी को आभार।
सईद भाई, हैट्स ऑफ़!
[07/09 10:36] ‪+91 94243 08505‬: अय्यूब जी की कहानी दो बार पढा शुरूवात ही बहुत रोचक लगी कहानी पूरी पढने की इच्छा  बलवती होती है और कहानी का अंत जानने की जिज्ञासा बढती ही जा रही है ऐसा लगा कि काश्मीर घूमने निकल गये बहरहाल कहानी आकर्षक और पठनीय है  । साकीबा सुप्रभातम्🌅
[07/09 12:04] Ajay Shreevstav: अयूब जी

आपकी कहानी में प्रवाह है , जो पाठक को भी कहानी के साथ साथ लेते चलता है ....
कुछ जगह ,फ़्लैश बेक में थोडा व्यवधान सा लगता है , कनेक्ट होने में ....

कुल मिलाकर कहानी बहुत सधी हुई है और पुनः सोचने पर बाध्य करती है कि निरीह लोगों के साथ अन्याय क्यों होता है , करता कोई और है, भुगतता कोई और है...

जब भी ऐसा होता है , तब मानव जीवन के अस्तित्व व् इंसानों के द्वारा बनाये गए नियमों के बीच तुलना करने को मन करने लगता है ....


बधाई व् शुभकामना

✍अजय


[07/09 13:08] Rajendr Shivastav Ji: आज की कहानी ने मन गीला कर दिया ।विचलित कर दिया
ईश्वर करे यह मात्र कहानी ही हो,सच न हो।
पर कहानी भी  तो सच का साथ लेकर चलती है।आज के दौर व कश्मीर के हालात में यह सब भी मुमकिन है।
कहानी अपनी बुनावट व कहन के दम पर पाठक की संवेदनाओं  को झकझोरती हुई
गहन पीढ़ा की अनुभूति कराती हुई दोनो भाईयों के बीच किंकर्तव्यविमूढ़ छोड़ जाती है।
शीर्षक सार्थक है।पात्रों व घटनओं का प्रभावी चित्रण पाठक के मनोमष्तिस्क पर स्थाई प्रभाव छोङता  है
सईद अयूब जी इस पाठक की ओर से बहुत बधाई स्वीकार करें।
प्रवेश जी बहुत धन्यवाद ।
[07/09 13:35] Ghanshym Das Ji Sakiba: आनंदकृष्ण जी को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनायें । मित्रों एक सामान्य नागरिक / पाठक होने के नाते मेरा मानस  अपनी फ़ौज/ पुलिस का इतना क्रूर चेहरा मानने को तैयार नहीं होता । एक सामान्य नागरिक की तरह हो सकता है मैं मीडिया/ शासन के प्रचारतंत्र से प्रभावित हूँ लेकिन मेरी सोच हमेशा यही रहेगी कि इस प्रकार की कवितायेँ/ कहानियां उग्रवादियों / दुश्मनों को देश की फ़ौज/ पुलिस को बदनाम करने के हथियार बनते है , कुछ दोष हर संस्था में होते हैं और वे फ़ौज/ पुलिस में भी होंगे लेकिन वो किसी के लिये भी देश के रक्षा करने अपनी जान देने वाले सारे जवानों को दुनियां में एक बर्बर /घिनौना चेहरा दिखाने का आधार नहीं हो सकते । आज भी जबकि वहाँ के बच्चे , महिलाये आगे बढ़ कर फ़ौज/ पुलिस पर हमला करते हैं घायल होने/मारे जाने पर उनकी झूठी सच्ची कहानी बनाई जाती है । अब कहानी के विषय के समर्थक मुझे चाहे झूठे राष्ट्रवाद/पार्टी विशेष /धर्म विशेष से प्रभावित माने , लेकिन एक सामान्य पाठक/ नागरिक के नाते मेरे यही विचार हैं । मित्रो यदि बुरा लगे तो मैं क्षमा माँगता हूँ , लेकिन इस तरह के कुप्रचार का कभी समर्थन नहीं कर सकता 🙏🙏🙏
[07/09 13:47] Pravesh soni: कहानी निश्चित ही मनमे हाहाकार  करती है ।काश यह कहानी ही हो ......कहाँ होती है ऐसी कहानियां यह तो सच के गर्भ से जन्म लेती हुई कड़वी सच्चाइयाँ है जिन्हें हम पढ़ कर भूलने में कभी सफल नही होते ।बार बार हमारे जहन में उगाती है सवाल की क्यों होता है ऐसा
।इस कड़वे सच को किसी धर्म विशेष  के विजय रथ के तले न कुचल कर मानवता की मौत का कुछ पल के लिए शोक अवश्य करना चाहिए ।

कहानी पर  समीक्षा का   इन्तजार   है ।  सभी पक्ष पर निरपेक्ष बात हो तो अच्छा लगे ।
[07/09 13:59] Raja Awasthi: सच! कहानी पढ़ कर मन सन्न होकर रह गया । कहानी में जिस सचाई को उकेरा गया है, वह पता नहीं कितनी कितनी बार और कितनों कितनों के साथ दोहराया गया होगा । जिस तरह पत्रकार एक भ्रम का शिकार होता है और गुलाम को ही आतंकवादी समझ लेता है, किन्तु सच जान लेने के बाद भी उसका खुलासा नहीं करता, क्या पुलिस भी यही करती है!! मुझे लगता है बात इससे भी दूर तक जाती है । यह तो एक हृदय विदारक घटना का किस्सा है किन्तु इन घटनाओं के पीछे केवल और केवल ताकतवर बने रहने की चाहत रखने वाले तो अब भी पूरी तरह बेनकाब नहीं हुए । जनता तो गुलाम और परवेज ही. है । समझती भी है, पर अंत में उन्हें ही ताकत सौंप देती है । यही हो रहा है सब जगह ।
कहानी इतनी मार्मिक है कि गला भर आता है, किन्तु कहानी में ऐसा लगता है बहुत कुछ छूट गया है । वह क्या है यह तो कहानीकार ही सोचे । पीड़ा का एक घना और बरसता हुआ बादल रचती है कहानी, लेकिन इसे और भी कई प्रश्नों की रोशनी में आए जवाबों पर बात करनी थी ।
सारी बातों के बाद भी सईद अयूब जी को बहुत बधाई । बहुत प्रभावित करती है यह कहानी । हाँ कहानी का उत्तरार्ध उतना प्रभावी नहीं बन पाया, शायद उत्तरार्ध खो और विस्तार की जरूरत है ।
पुन: बधाई ।
राजा अवस्थी, कटनी
[07/09 14:15] ‪+91 94243 08505‬: प्रवेश जी ने ये कहानी पटल पर रखकर सभी को एक खुली चर्चा का मौका दिया है आज की चर्चा में शुक्रिया की हकदार प्रवेश जी भी है अब दूसरी किश्त का इंतजार मन में उत्सुकता कुछ ज्यादा ही संचारित कर रहा है प्रवेश जी धन्यवाद ।
[07/09 15:40] Saksena Madhu: पुलिस और फ़ौज की अपनी मजबूरिया भी होती है ।शक हरेक पर करना होता है ।सच जानने का कोई बेरोमीटर नहीं होता ।प्रोफेसर के साथ उस पर शक करना गलत नहीं ।हम उनकी जगह होते तो शायद यही करते । अपराध, ऊपरी दबाव और खीज अन्याय करवा देती है ।
[07/09 15:47] Meena Sharma Sakiba: पुलिस , फौज, प्रशासन ये नाम जेहन में हमेशा क्रुरता का चित्र
बनायें, ये आवश्यक नहीं है !
कहानी को अगर सिर्फ कहानी की तरह पढ़ें तो आतंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं,किरदार हैं जो लेखक की कलम के साथ अपना
रोल प्ले कर रहे हैं, कहानी निस्संदेह
घटनाओं के कारण,भय का वातावरण निर्मित करती है. घटनाओं का वर्णन जिस विस्तार से किया गया है
वह दिमॉग में सारे चित्र किसी फिल्म की तरह खींचने में कामयाब है.
कहानी के माध्यम से कहानीकार
हृदय विदारक घट ाओं को कहने मे सफल है !  इस दौर में जहाँ हिंसा का बोलबा ा है,यह कहानी सच के बेहद करीब जान पड़ती है !गहन पीड़ा के स्वर मुखर हैं.!
सईद जी ,संवदनशील हृदय को झकझोरने में आपकी कहानी कामयाब रही है.! कहानी के आस-पास के माहौल एवं घट ाओं का विस्तृत विवरण, कहानी को अधिक विस्त्र के साथ पाठक को प्रेषित करने में कामयाब रहे हें !उस माहौल की नमी पाठक क् मन पर भी असर करती है !
बधाई सईद अयूब जी ,कामयाबी आपके साथ सदैव रहे,शुभकामनाएँ !
प्रवेश जी इस प्रसतुति के लियेआभार !
[07/09 16:11] Avinash Tivari Sir: आधे अधूरे कहानी के लिहाज से अच्छी कहानी है किन्तु मेरी नजर मे यह नकारात्मक संदेश देती है आम भारतीय और सैनिकों का गलत चित्र पेश करती है इतने जल्लाद भी नहीं होते है भारतीय । आतंक वादियों के जुल्म तो सारा विश्व झेल रहा है । कहानी अच्छी बनक की होने के बावजूद मिथ्या आरोप की पीड़ा देती है।इस देश का नागरिक होने के नाते कमसेकम.मै तो दुखी हूँ।
[07/09 16:31] Vinita Vajpai Sakiba: उफ़ , कहानी पढ़कर स्तब्ध हूँ, अक्सर समाचार पत्रों और अन्य सूचना माध्यमों से काश्मीर के हालात पढ़ती हूँ , विभाजन के वक्त भी कुछ ऐसे ही हालात रहे , आम आदमी कैसे शिकार होता है और किन शर्तों पर बड़ी बातें की जाती हैं
लेखक अपने भाव और शिल्प में पूरी तरह सफल है
अंतिम दृश्य और तो बेहद मार्मिक है
[07/09 16:33] Saksena Madhu: सियासत की चालों  से जनता  बर्बाद होती है ....ये तो एक कहानी है हमारे सामने जाने कितनी कहानियाँ तो  अन कही और अनसुनी रह गई हैं ।दिल को दहला देने वाली पर हौसले का दन ना छोड़ने वाले पात्र कहानी को ऊंचाइयों पर ले जाते हैं ।कहानी मे उत्सुकता बनी रहती है और पूरी पढ़ने पर मज़बूर करती है ।भाषा ,भाव, शिल्प सब यथास्थान और यथोचित मात्रा में है जो कहानी को दृढ़ता प्रदान करते हैं ।बधाई अयूब जी ।ये कहानी सदा याद रहेगी ।
आभार प्रवेश बढ़िया चयन के लिए ।
[07/09 18:07] Aalknanda Sane: कहानी मार्मिक है और पुलिस तथा सेना द्वारा ऐसा व्यवहार भी आम है. कहानी कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं छोड़ती, बल्कि असलियत उजागर करती है. जो एक पत्रकार, जो कहानी का सूत्रधार है, की जिम्मेदारी है. मुझे इस कहानी में एक बात और सकारात्मक दिखाई दी कि इन सारे हालातों में भी दोनों भाई पूरी जिजीविषा से जी रहे हैं और कश्मीर की यही सच्चाई है.  कश्मीर के हालात तो बहुत ज्यादा ख़राब है, लेकिन मैं इस सन्दर्भ में एक उल्लेख करना चाहूंगी कि मालेगांव बम ब्लास्ट के आरोपी के रूप में साध्वी प्रज्ञा, कर्नल पुरोहित के साथ ही ए टी एस   इंदौर से दिलीप पाटीदार को उठा ले गई थी, जिसका आज तक कोई पता नहीं चल पाया है.
[07/09 18:22] HarGovind Maithil Ji Sakiba: वाकई कहानी बहुत ही मार्मिक और हृदय विदारक है ।पाठक को अंत तक बाँध कर रखती है ।सूत्रधार की ही तरह पाठक के मन में भी गुलाम और परवेज की निजी जिंदगी में झाँकने की जिज्ञासा पैदा करती है । सेना का इतना बर्बर व्यवहार वह भी एक साथ पूरे गाँव के साथ अकल्पनीय है ।काश ये महज कहानी की बात हो ।
बधाई सईद अयूब जी ।
आभार प्रवेश जी ।
[07/09 19:31] Braj Ji: कहानी का कथ्य नया है. कश्मीर की स्थिति को इसी तरह से बयान करना मुश्किल काम रहा होगा. मुझे तो आपकी भाषा और बुनावट बहुत पसंद आई.
[07/09 20:07] ‪+91 74703 34648‬: Vishaya achha hai par kahani ka yathartha kafi ekhara.intellectual duniya me bhi kashmeer ko lekar ya fauj ko lekar itna ekhara narrative ni hai.afspa baad me laga.kashmeer me hinsa aatankvaad pandito ka palayan  algaavvaad aur fauj ki jyaadti in sbka bahut complex narrative banta hai.nation state ka critic hota ya afspa ka to jyada behtar banti ya us maansikta ka Jo jameen ke ek chote se tukde ke liye na Jane kitna khoon bahane  pr amaada hai.mukhya paatro ki peeda tab jyada vishwasniye banti jab yah aata ki aatankvaad se aam aadmi ka koi Lena dena ni.khaskr kashmeeri algaavvad ke sandarbh me.BT ye poora narrative goal hai kahani me.
[07/09 20:12] ‪+91 74703 34648‬: Doosra aurton pr hinsa sirf fauz  hi nahi krti aatankvadi  bhi krte.yah ek maansikta hai Jo militarisation of women body krti.yani stree ki deh ko raundkr vijay ko poorn mahsoos krti.sandarbh alag hote  pr maansikta wahi hoti.fauz  ho aatankvadi  ho ya koi aur.ekhara narration aur reality kahani ko kamjor karti.isiliye sanrachna bhi kahani ki kafi saral wa ekraikhik hai.yadi yathartha ko poori jatilta me liya jata  to sanrachna bhi alag hoti.baharhaal lekhak ki pahli kahani hai so WO badhai ke paatra hain ki sensitive issue pr likha.aage aur behtar likhenge aisi kaamna  hai
[07/09 20:21] Suren: सईद भाई की कथा पढ़ी । कथा पढ़कर बहुत सारी बाते जो कश्मीर से जुडी हुई है वो सब आपस में गडमड होने लगी ।


सबसे पहली बात ये कि लेखक के कथा नैरेट करने की सलाहियत का पाठक मुरीद हुए बिना नही रह सकता । जब प्राथमिक रूप से  कथा  अपने साथ पाठक को बहाने का जज़्बा  रखती है उसी के बाद पाठक कथा के अन्य पहलुओं पर विचार करता है ।


इस कहानी की पृष्ठभूमि में कश्मीर के हालात है और उन हालातो के कई पहलू  है  । कश्मीर से युवाओं के लापता होने के आंकड़े , 1989  से अब तक................  सरकार , विदेशीतत्व ,  घुसपैठिये , बाहरी और अंदरुनी आतंकवादी ,हिन्दू पलायन ,लोकल पॉलिटिक्स , ऐतिहासिक सन्दर्भ और सेना  जो मिलाजुला कोलाज बनाते है उस परिदृश्य में इन लापता लोगो  का पुनः पता मिलना और ऐसा मिलना की आदमी टूट जाये उस पते को देखकर ....


इस एक पहलू  को लेखक ने अपनी कथा के माध्यम से बखूबी उभारा है । ये कहना की उस विशेष पहलू को ही लेखक क्यों उभार रहा है तो ये थोड़ी ज्यादती लगती है, लेखक के प्रति । गुलज़ार साहब माचिस फिल्म बनाते है और  तत्कालीन पंजाब के एक पहलु को बेहतरीन तरह से दृश्य माध्यम में प्रस्तुत करते है  .... तो  यह एक  मीडियम  का  और  एक  दृश्य/घटना को एक जगह खड़े होकर अंकित करने का और उसमें देखे/भोगे  हुए सच को लेखकीय अभीष्ट के साथ प्रस्तुत करने का कलावादी प्रयत्न है । पूरे कोलाज़ को लेकर तो इतिहासवृत्त ही लिखा जा सकता है ,कथा नही ।


ये कथाये या इस तरह के अन्य वृतांत चाहे वे किसी भी माध्यम से आये ,यह विचार प्रक्षेपित करने में सफल रहेंगे कि नीति निर्धारकों  का , जनमानस की चेतना और उसके विमर्श को उपेक्षित कर कुछ भी भावनात्मक रौ में चीज़ों को लाकर,  लादना  उतना आसान नही होगा ।


लेखक की कथा पर पकड़ उसकी भाषा बनाती है जोकि यहाँ बहुत ही तरल है । लेखक पात्रों के साथ एक सम्यक दूरी को निभाता है, जिससे कथा के  मोटिव को भी पोषित होने का अवसर मिलता है और कथा के पात्रों से पत्रकारिता वाली तटस्थता भी नही आने पाती ।।

सईद भाई को एक बेहतरीन कथा के लिए शुभकामनाएं और प्रवेश जी को उसे हमे सुलभ कराने के लिए शुक्रिया 💐💐
[07/09 20:49] अपर्णा: बढ़िया टिप्पणी!
इस बिंदु पर भी सहमत हूँ कि ये अपने आप में एक संपूर्ण कथा है जहाँ कथाकार ये निर्धारित करने को पूर्णतः स्वतंत्र है कि उसके चरित्र कौन और कैसे होंगे?
किसी भी दूसरे बिंदु को दिखाना यदि कथा के प्रवाह में बाधक है तो उसके जोड़ना जबर्दस्ती ही होगा जो कृत्रिम लगेगा।
उस बिंदु से लिखी गई कोई भी कथा नितांत अलग और दूसरी कथा होगी। अपने स्वतंत्र और पृथक चरित्रों और कथाक्रम के साथ।
[07/09 21:51] Saiyad Ayyub Delhi: अजय जी, बेहद शुक्रिया आपके तारीफ़ी शब्दों के लिये। 🙏🙏🏻🙏🙏🏻 आप जिस व्यवधान की बात कर रहे हैं वे मुझे मालूम हैं। एक लेखक के तौर पर मैं उनसे जूझ रहा हूँ। पर मुझे लगता है कि जब मैं कहानी लिख रहा होता हूँ तो असल में मैं मन ही मन पाठकों को कहानी सुना रहा होता हूँ। तो सुनाने की प्रक्रिया जब लेखन में आ जाती है तो कहीं-कहीं कुछ अटकता  सा लगता है। इसी कहानी का अगर मैं पाठ करूँ तो शायद यह व्यवधान न महसूस हो। फिर भी, इस समस्या पर मुझे काम करना है।
[07/09 22:07] Naresh Agrawal Sakiba: मैं  अय्यूब  जी के लिए इतना ही कह सकता हूं कि वे एक बेहद प्रतिभाशाली साहित्यकार  हैं और आने वाले दिनों में लोग  महसूस करेंगे कि वे अगेय जी  का ही कोई आधुनिक अवतार हैं।

 उनकी साहित्य के प्रति जिज्ञासा बेहद सराहनीय है तथा किसी भी साहित्यक कार्यक्रम में वे बढ़ - चढ़ कर हिस्सा लेते हैं । उनकी रचनाधर्मिता बिल्कुल आधुनिक है साथ ही समकालीन भी।

 ऐसे अच्छे इंसान के सहारे ही साहित्य अधिक गतिशील हो सकता है। उनके बहुत अच्छे साहित्यिक  भविष्य के लिए मैं अग्रिम बधाई देता हूं।
[07/09 22:32] Mukta Shreewastav: कश्मीर की समस्या को इगिंत करती हुईं बेहतरीन कहानी।मासूम बच्चों पर अत्याचार करने की वास्तविकता भी कहानी में बताई गई है.अय्यूब जी इतनी अच्छी कहानी पढ़वाने के लिए धन्यवाद।
[07/09 23:12] Lakshmikant Kaluskar Ji: सईद अय्यूब जी कहानी के माध्यम से आपने कश्मीरी लोगों की समस्याओं का जो चित्रण किया है वह जितना भयावह है हकीकत कहीं उससे बढ़कर ही होगी.पिछले अनेक वर्षों से सुरक्षा बलों द्वारा वहां की आम जनता के साथ जो सलूक किया जाता रहा है वह किसी से छुपा नहीं है.तथाकथित राष्ट्रवाद के खिलाफ़ न जाए यह सोच कर सभी दल सुरक्षा बलों की इन अवैध और आपत्तिजनक कार्यवाहियों का विरोध भी नहीं कर पाते.बहरहाल कहानी का शिल्प और भाषा बाहुत ही सधी हुई और प्रवाहमयी है.
सरकार भले ही बदलती रहे,सुरक्षा बल तो वही है जिनके बूट तले कश्मीर घाटी कराहती र
[07/09 23:55] Saiyad Ayyub Delhi: घनश्याम जी, पहली बात, किसी को भी अपनी बात रखने के लिये क्षमा माँगने की आवश्यकता नहीं है। यह एक खुला मंच है और सार्थक बहस के लिये एक उपयुक्त स्थल। जहाँ तक फौज और पुलिस का सवाल है, पूरी फौज या समूची पुलिस बर्बर और अत्याचारी है, यह मैं नहीं मानता लेकिन फौज या पुलिस में सबकुछ 'महान' ही है यह भी मैं नहीं मानता और इस न मानने के पीछे फौज व पुलिस के वे तमाम अत्याचार हैं जो समय-समय पर हमारे सामने आते रहते हैं। उनके प्रति आँखें मूँद कर नहीं रहा जा सकता। एक लेखक का कर्तव्य है कि वह उन नंगी सच्चाइयों को लोगों के सामने रखे जो बहुत सारी धारणाओं के बीच कहीं छिप जाती हैं या छिपा दी जाती हैं। दूसरी बात, जो ऊपर सुरेन भाई ने अपनी टिप्पणी में बहुत स्पष्ट तरीके से कह दी है कि बहुत सारी चीज़ों पर एक साथ कहानी नहीं लिखी जा सकती। इस कहानी में दो भाई दो अलग-अलग घटनाओं में अपंग होते हैं। एक पुलिस के अत्याचार से और दूसरा आतंकवादियों द्वारा बम ब्लास्ट में। उनकी बहन और माँ फौज के अत्याचार का शिकार होती हैं। यह एक ऐसे देश में होता है जिसे दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है। यह कैसा लोकतंत्र है? कश्मीर हमारा है के नारों के बीच, कश्मीरियों पर (चाहे वे कश्मीरी पंडित हों या मुसलमान) जो जुल्म हुये हैं, उन्हें विकास से कोसो दूर, अधिकांश समय पूरी दुनिया से काट कर, कभी घोषित कभी अघोषित कर्फ्यू में जिस तरह रखा गया है, वह सब दिल दहलाने वाला है। यह अभी की कश्मीर के हालात की बात नहीं कर रहा हूँ। दशकों से उनके साथ जो सुलूक हुआ है, उसकी बात कर रहा हूँ। और रही सेना की बात, सिर्फ कश्मीर नहीं, छत्तीस गढ़, झारखण्ड, पूर्वोत्तर के राज्यों में सेना ने सामूहिक रूप से जो कुकृत्य किये हैं, उसकी फेहरिस्त बहुत लंबी है। यह सिर्फ भारतीय सेना की बात है। दुनिया भर में सेनाओं ने जिस तरह के कुकृत्यों को अंजाम दिया है वह इंसानियत के मुँह पर कालिख पोतने से भी बड़ा है। सेना हमारी सीमाओं पर लड़ती है, अपनी जान गँवा कर हमारे सैनिक हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं, इन तर्कों से सेना जो कुकृत्य करती है उसे झुठलाया नहीं जा सकता। कहानी को लेकर, मेरी ओर से सुरेन भाई और अपर्णा दी ने अपनी बातें रख दी हैं। वे भी पढ़ लें प्लीज।
[08/09 00:06] Saiyad Ayyub Delhi: राजा अवस्थी सर, आपकी टिप्पणी मेरे लिये बहुत मायने रखती है। शुक्रिया! कहानी में कुछ छूटा हो, ऐसा तो मुझे नहीं लगता पर हाँ, कहानी के पाठ में कहीं-कहीं व्यवधान आता है या महसूस होता है। उसका कारण शायद यह है कि जब मैं कहानियाँ लिखता हूँ तो मन ही मन लोगों को कहानी सुनाता चलता हूँ। यानी किस्सागोई की तरह। वह जब लिखित में आता है तो कहीं-कहीं प्रवाह बाधित सा लगता है।
[08/09 00:18] Saiyad Ayyub Delhi: आपने कहानी पढ़ी यह मेरे लिये बड़ी बात है। मैं या शायद कोई भी लेखक, पाठक को लक्ष्य कर के नहीं लिखता। वह लिखता है और उसे पाठकों के सामने रख देता है। फिर पाठक के विवेक और मनोदशा पर उस रचना का मूल्याँकन होता है। मैं अपनी तुलना इन विभूतियों से नहीं कर रहा पर मुझे बहुत से लोग ऐसे मिले हैं जिन्हें प्रेमचंद का गोदान, श्रीलाल शुक्ल का रागदरबारी और विजयदान देथा की कहानियाँ उबाऊ, बोझिल और बकवास लगी हैं।

मैं प्रवेश जी से आग्रह करूँगा कि वे आपको इस पटल पर रखी जा चुकी मेरी दो अन्य कहानियाँ 'जिन्नात' और 'शबेबारात का हलवा' भेज दें और साथ ही मेरी एक और कहानी 'सिरफ़िरे ख़्याल' भी। उम्मीद है वे कहानियाँ आपको रोचक लगेंगी ख़ास तौर से 'सिरफ़िरे ख्याल'। 😊
[08/09 00:24] Saiyad Ayyub Delhi: इस कहानी में भारतीयों को जल्लाद कहाँ कहा गया है। बल्कि यह कहानी भारत के ही एक नागरिक द्वारा भारत के दो नागरिकों के जीवन को सामने लाती है। क्या आप कश्मीरियों को भारत का नागरिक नहीं मानते। रही बात सेना की तो उसके बारे में ऊपर मेरी टिप्पणियाँ देख सकते हैं और यह लिंक भी देख सकते हैं-
https://en.m.wikipedia.org/wiki/Kunan_Poshpora_incident
[08/09 00:27] Avinash Tivari Sir: वे परिस्थितियां कौन पैदा करता है जिसके कारण पुलिस मिलेट्री तैनात करना पड़ती है।उपद्रवी लोग कहाँ शरण लेते हैं।उनकी जानकारियां क्यों छुपाई जातीं है? ये प्रश्न भी जबाब चाहते हैं ।अलगावाद आतंकवाद और फौजी कार्यवाही को एक चश्मे से देखना न्यायोचित नहीं होगा। दोनों में से किसी एक को चुनना होगा।
[08/09 00:31] Saiyad Ayyub Delhi: ताई, कहानी के मर्म तक पहुँचने के लिये आपके प्रति आभार किन शब्दों में व्यक्त करूँ, यह समझ में नहीं आ रहा। 🙏🙏🏻🙏🙏🏻 चाहे वह पाटीदार हों या कोई और, पुलिस की कारवाई ऐसी ही होती है। इस कहानी में तो पुलिस परवेज को अधमरा करके फेंक गयी पर बहुत से लोगों के घर वाले आज भी अपनों का इंतज़ार कर रहे हैं जिन्हें पुलिस कभी ले गयी थी। 😞😥
[08/09 00:33] Saiyad Ayyub Delhi: हरगोविंद जी, बहुत-बहुत शुक्रिया आपके बेशकीमती लफ्जों के लिये। एक लिंक दे रहा हूँ। उसके बाद सेना द्वारा एक ही गाँव पर किया गया यह अत्याचार अकल्पनीय नहीं लगेगा।

https://en.m.wikipedia.org/wiki/Kunan_Poshpora_incident
[08/09 01:58] Saiyad Ayyub Delhi: अरूणेश जी, शुक्रिया की आपने कहानी पढ़ी और टिप्पणी दी। आपकी बहुत सारी आपत्तियों का जवाब सुरेन भाई की टिप्पणी में निहित है और कुछ ऊपर जो मैंने टिप्पणियाँ की हैं उनमें मिल जायेंगी। बाक़ी एक वाक्य में कहूँ तो आपकी आपत्तियों के निराकरण के लिये मुझे एक उपन्यास लिखना पड़ेगा। दस-बारह पेज की एक कहानी में इतने सारे कोलाॅज नहीं बनाये जा सकते। कहानियाँ जीवन-जगत के किसी एक छोटे हिस्से का बयान होती हैं। बड़ी से बड़ी कहानियाँ भी कई घटनाओं, जीवन स्थितियों का कोलाॅज बनाने में बिखर जाती हैं।

दूसरी बात, जैसा प्रवेश जी स्पष्ट कर चुकी हैं, यह मेरी पहली कहानी नहीं है। मेरी कई कहानियाँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। इस पटल पर भी इससे पहले 'जिन्नात' और 'शबेबारात का हलवा' शीर्षक दो कहानियाँ मौजूद हैं। मैं प्रवेश जी से आग्रह करूँगा कि वे दोनों कहानियाँ आपको भेज दें।
[08/09 02:00] Saiyad Ayyub Delhi: नरेश जी, आपके इन हौसला देने वाले तारीफ़ी शब्दों के लिये आपका बेहद-बेहद शुक्रिया! बस एक निवेदन है। अज्ञेय जैसे साहित्यकार से किसी भी प्रकार की तुलना लायक़ नहीं हूँ। अज्ञेय ने जितना लिखा है और जिस उच्च कोटि का लेखन किया है, मैं उसका एक अंश भी लिख सका तो अपने को सौभाग्यशाली समझूँगा।

🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴🔴

Thursday, September 1, 2016

रचना प्रवेश पर प्रस्तुत है साहित्य की बात समूह से अलकनंदा साने की कविताये |आज की कविताओं के प्रस्तोता है समूह के सह एडमिन श्री शरद कोकास |मुख्य एडमिन श्री ब्रज श्रीवास्तव |कविताओं पर समूह में  पाठको की त्वरित प्रतिक्रियाए भी यहाँ  सलग्न है |


 🔴🔴🔴परिचय 

🔷साकीबा के मित्रों के लिए आज प्रस्तुत कर रहे हैं सुप्रसिद्ध कवयित्री अलकनंदा साने  की कविताएँ 
🔷अलकनंदा जी दो विषयों में स्नातकोत्तर हैं सम्प्रति भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत हैं तथा इंदौर में निवास करती हैं . वे हिंदी - मराठी में समान रूप से लेखन एवं इस क्षेत्र में लगभग ४५ वर्षों से सक्रीय हैं 
🔷हिंदी मराठी की अनेक पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ ,रिपोतार्ज,आलेख, महत्वपूर्ण व्यक्तियों से लिए साक्षात्कार प्रकाशित हैं 
तथा भारतीय स्टेट बैंक, इंदौर  के मुखपत्र ''आकलन'' का सम्पादन उन्होंने किया है .
🔷प्रसिद्द सामाजिक संस्था ''एकलव्य''की भोपाल से प्रकाशित बालपत्रिका ''चकमक'' के लिए,एक लम्बे समय तक  नियमित मराठी से हिंदी अनुवाद कार्य भी किया है साथ ही पुणे के समकालीन प्रकाशन के लिए , एक निश्चित अवधि हेतु सम्पादन का कार्य किया है 
🔷 वे एक अच्छी अनुवादक भी हैं तथा उन्होंने मराठी के नामचीन कवियों की कविताओं का हिंदी अनुवाद किया है जो  गगनांचल,साक्षात्कार , अक्षर शिल्पी जैसी पत्रिकाओं में प्रकाशित हुआ है 
🔷 उनके स्वयं के दो मराठी एवं एक हिंदी काव्य संकलन प्रकाशित हैं 
🔷अ.भा.मराठी साहित्य सम्मलेन सहित मराठी के अनेक महत्वपूर्ण मंचों से उन्होंने कविता पाठ भी किया है . 
🔷उन्हें विकलांग सेवा हेतु राज्य स्तरीय सम्मान भी प्राप्त  हुआ है तथा मध्यप्रदेश की पहली मैदानी महिला पत्रकार होने का गौरव उन्हें प्राप्त है ।.                      
: 🔵🔵🔵

अलकनंदा साने की चार कविताएँ


1⃣

यूँ तो अपराधी कई थे,
पर हमेशा और बड़ी तादाद में 
चींटियाँ ही मारी गईं

वे रात के अँधेरे में चुपचाप 
करते थे हमला 
चींटियाँ घूमती थी 
दिन के उजाले में 
झुण्ड की झुण्ड बेख़ौफ़

अपराध करते हुए देखी गईं चींटियाँ
और सजा उन्हें ही मिली 
बाकी निर्दोष छूट गए 
संदेह का लाभ लेकर....!!!

🔹🔹🔹🔹

2⃣

भले चूल्हे की तेज आंच पर
मैं उबलती रहूँ दाल की तरह
या बिलकुल मद्धिम आंच पर
बार-बार हिलाई जाती रहूँ
कुरकुरे करेले या भिन्डी की तरह 
मुझे मंजूर है !!!

पर मुझे माइक्रोवेव में पकते पकवान - सा मत समझो
कि सेट कर दिया टायमर 
और देखते रहे 
मेरा पकना
निर्लिप्त भाव-से
दूर खड़े होकर
किसी पंचतारांकित होटल के शेफ की तरह !!!

🔹🔹🔹🔹🔹

3⃣

धीरे-धीरे मैं उम्र-दराज हो गई
कांच की चूड़ियों के टुकड़े,इमली के बीज
उठकर दौड़ पड़ने का माद्दा
बेवजह खिलखिलाना,रूठना और मनवाना
कितनी सारी थी पूँजी चुक गई

कीमती जेवर-कपड़ों से भरी अलमारियां,
सेफ की चाबियाँ और जमीनों के पंजीयन ने 
बदल दिए आल्हाद के आयाम

हँसी, अब आने के पहले वजह पूछती है
टप-टप बहने को आतुर आंसू,
सूख जाते हैं अन्दर ही अन्दर

मैं कहीं खो गई,सिर्फ छाया रह गई
धीरे-धीरे मैं उम्र-दराज हो गई

🔹🔹🔹🔹🔹

4⃣

हाथों में मुंह छिपाकर 
खिल-खिलाकर हँसनेवाली लड़कियां कहाँ गईं  ?

अब लड़कियां खूब जोर से हँसती है 
गर्दन ऊँची कर, एक दूसरे के हाथ पर 
ताली मारकर हँसती हैं 
जो बाहर नहीं आ पाई 
वो थीं क्या खिल-खिलाकर हँसनेवाली लड़कियां ?
या उनकी हँसी  को दबा दिया गया , बहुत दिनों तक 
इसलिए अब उत्सव  मनाती-सी हँसती हैं लड़कियां ?

अब लड़कियां रम जाती हैं कहीं भी
सहज दिखाई देती हैं वे कहीं भी 
किसी की ओर देखकर लजानेवाली लड़कियां कहाँ गईं  ?
यूँ ही अपने आँचल को सम्हालनेवाली लड़कियां कहाँ गईं  ?
पैरों से जमीन को कुरेदनेवाली लड़कियां कहाँ गईं  ?

या उनको जोर देकर  बताया गया 
कि मौसम चाहे कैसा भी हो 
पल्लू लिपटा होना चाहिए पूरी देह पर 
और सिर भी रखना है ढांपकर 
इसलिए उन्होंने छोड़ दिया 
बात-बेबात लजाना ,
आँचल को उंगली पर लपेटना और 
बार-बार संभालना  ?

शाम को मां के साथ रसोई में 
इधर का बर्तन उधर करती 
लड़कियां गईं कहाँ ?
मां से लड़ियाती, 
मां की साड़ी पहनकर पूरे घर में इतराती 
लड़कियां गईं कहाँ ?

चौराहे पर मोमबत्ती जलाती लडकी का चेहरा 
तुलसी चौरे पर दीपक रखती लडकी-सा मासूम नहीं दिखता 
भोली लडकी जैसी मासूम दिखनेवाली लड़कियां गईं कहाँ ?

▪कविता: अलकनंदा साने ▪

🔸 प्रस्तुति: शरद कोकास  🔸                      

============================================================                    
प्रतिक्रियायें                                                                          

 Padma Ji: ताई की कवितायेँ कविता नही नश्तर की तरह मन में चुभती हुई उतरती चली जाती हैं। नारी के मनोभावों का प्रतीक और बिम्बात्मक वर्णन बहुत प्रभावी है।

चीटियाँ घूमती थीं
 दिन के उजाले में
झुण्ड की झुण्ड बेख़ौफ़


इन पंक्तियों के माध्यम ई समाज के बदलाव को इंगित करती हैं तो नारी सशक्तिकरण को अभिव्यक्त करती उनकी पंक्तियाँ मन में उबाल ले आती हैं


मुझे माइक्रोवेव में पकते
पकवान सा मत समझो

कहकर नारी का शोषण करने वालों को सावधान भी कर देती हैं


समाज में हुए परिवर्तन के साथ लड़कियों में भी आये स्वाभाविक परिवर्तन को भी बताया है।


अर्थवत्ता और गुणवत्ता से भरपूर अच्छी कविताओं के लिए ताई को बधाइयाँ
💐

शरद जी को धन्यवाद                      
Braj Ji: कब से मन रहा ताई की कविताएँ पढ़ने का. सीखा बहुत कुछ आज. ये कविताएँ भेदक हैं और अनोखे शिल्प में ढली.                      
अपर्णा: परिपक्व गंभीर कविताएँ अलकनंदा मैम की। एक ठहराव और गहराई से रचे जीवन दर्शन की कविताएँ  हैं ये।
शुक्रिया शरद जी 🙏🏽      

 Chandrashekhar Ji: अलकनंदा जी की कवितायेँ....
"ना कहीं से कम,ना कहीं से ज्यादा... लबालब हैं अपने में"
उन्हें प्रणाम और बधाई।                      
           

Anita Karnetkar: भोली लड़की  जैसी मासूम दिखने वाली लडकियां गई  कहाॅ?  बेहद सामयिक और विचारणीय प्रश्न, जो पिछले दो दशकों  से संपूर्ण समाज की चिंता का विषय बना हुआ है ।पैर से जमीन कुदेरना,यूँ हीअपने ऑंचलको सम्हालना,माँ की साड़ी पहनकर पूरे घर में घूमने जैसी कियाओं को रचनाकार ने बड़ी सूक्ष्मता से पकडा है।  सच तो यह है कि  हमारे संस्कार पोषक  पारिवारिक वातावरण में किशोरी से युवती बनती लड़की के बहुत ही  स                      
 Anita Karnetkar: सुंदर भाव पूरी कविता को अद्भुत  सौंदर्य प्रदान करते है। बदलाव एवं समय की मांग के नाम पर आज की युवतियों  का पहनावे मे परिवर्तन   जायज मान भी  लिया जाएपर विद्रोह के नाम पर स्त्री सुलभ लज्जा का त्याग एक अपूरणीय सामाजिक क्षति है ।                      
अपर्णा: वो स्वभाविक ही नहीं मेरी समझ से। आप उन्हें जूडो सिखाओ और उम्मीद करो कि उनकी बॉडी लैंग्वेज नहीं बदलेगी.. असंभव है। भारत और ऐसे ही अन्य पारंपरिक सोच वाले देशों में तो फिर भी लड़कियाँ एक संतुलन साध लेती हैं।                      


 Rajendr Shivastav Ji: अलकनंदा जी की कविताएँ उनके स्वभाव अनुरूप सहज व  मुखर लगती हैं ।कहीं कोई दुराव-भटकाव नहीं।शब्द जाल से मुक्त,सीधे हृदयंगम होती है।
मन की बात करती कविताओं को हम तक पहुँचाने के लिये शरद जी धन्यवाद ।
ताई ,बहुत बहुत बधाई व धन्यवाद ।                      
प्रवेश सोनी :धन्यवाद शरद जी
आज ताई की कविताओं से  साकीबा  गुलजार है ।
मुझे ताई की कविताओं  का इन्तजार रहता है । इनके प्रतिक ,बिम्ब सरल होते हुए भी भाषाई शिल्प के साथ विशेष बन जाते है ।मारी जाती है चींटिया ...जो दिन में निकलती है ।अपने कर्म से प्रतिबद्ध चींटिया दिन में निकलती है बेख़ौफ़ और मारी जाती है ।अपराधी अँधेरे के संदेह के लाभ में आज़ाद है हमेशा ।अँधेरे और उजाले का प्रतिक गढ़ कर बड़ी सुंदर सी कविता ,जिसमें कोई विस्तृत वर्णन नही फिर भी गहन विस्तार समेटे हुए है ।यही तो कमाल है ताई की कलम का ।
पंचतारांकित होटल ...ताई शब्दों का उपयोग आपकी पारखी नज़र से कई बार गुजरता होगा ,तभी आप ऐसे शब्द उपयोग करती है ।साधारण कवि तो सीधे से  इंग्लिश हिंदी खिचड़ी बना कर फाइव स्टार होटल लिख देता ।सलाम
उम्र दराज होना ,जिम्मेदारियो को वहां करना ।काँच कीचुड़ियों के टुकड़े इमली के बीज कब उम्र का दामन छोड़ कर पकड़  लेते है जेवर, कपड़ो की अलमारियों की चाबियाँ ।
क्या इनमे ख़ुशी नही होती ,होती है पर  बदली बदली ।
हंसी बेवजह नही आती क्योंकि उम्रदराज़ हो जाती है वो भी ।
लड़कियों के जीवन का बदलाव बहुत सुहाया हालाँकि कविता बार बार उस लड़की को तलाश रही है जो दबी दबी हंसी से शर्म का आँचल ओढ़े अकेली अपने सपनो से बतियाती रहती थी ।वो लड़की अब अंतरिक्ष में उड़ रही है अपने सपनों के साथ ।

 शुभकामनाएं ताई
🙏💐💐💐💐                      
                   
Meena Sharma Sakiba: अलकनन्दा साने ,यानि कि ताई की कविताएँ कविताओं के गढ़ में किसी खूबसूरत इमारत की तरह ..गम्भीर किन्तु सरल भाषा के साथ कविता का हाथ कलम के साथ लिये  बढ़ती चींटियों को डर नहीं कि वे निर्दोष हैं ,किन्यु छल प्रपंच भरी दुनियाँ में मक्कारी की जीत और बेकसूर का सजा पाना आज के समय का बेबाक चित्र !
छोटी -छोटी कविताएँ और बड़े साल कि,मुझे माइक्रोवेव में पकते पकवान सा मत समझो/कि देखते रहे मेरा पकना,निर्लिप्त भाव से.......
( बिना दो-दो हाथ किये परास्त नहीं कर सकते )
बढ़ती उम्र की सीमाओं के घेरेकैसा बदलाव ले आते हैं,
,,मैं कहीं खो गई,सिर्फ छाया रह गई
धीरे-धीरे मैं उम्र दराज हो गई.
पीड़ा के स्वर मुखर हैं !
आधुनिकता के साथ आये बदलाव को इंगित करती कविता सहज ही आकर्षित करती उन लड़कियों को याद करती हैं और उस स्वप्न की तरह वर्णन ...उन लड़कियों के रूप-रंग आचरण का.जो मोहित करता है आज भी कवियत्री का मन.....उनकी सुधियों के झरोखे मन मोहते हैं !
सरल ,सुन्दर कथ्य के साथ कसा हुआ शिल्प प्रतीकों के माध्यम से खूब निखरा है...बधाई ताई एक सुन्दर वातावरण जेहन में उतारने के लिये. उत्तम प्रस्तुति हेतु शरद जी का आभार 🙏

 Sanjiv. sahity Ki Baat: ताई जी कविताएं अपनी बनक में बहुत खूबसूरत हैं । सधी हुई भाषा, मंजा हुआ शिल्प, गढी गई कविता परन्तु कुछ है जो न होने का अहसास करा रहा है।                      
                   
Manjusha Man: बहुत बहुत सुन्दर कविताएं हैं अलकनन्दा ताई की। सीधे मन को छूती हुई कविताओं को पढ़कर बहुत अच्छा लगा।                      
Aanand Krishn Ji: आप पूरा नाम आचार्य दिनेश नंदन तिवारी लिखते हैं न ? ऐसा याद आता है कि आपसे मिला हूँ ।                      
 Bhavna Sinha Sakiba: ताई को जन्म दिन  की  ढेरों बधाईयां/ शुभकामनाएँ।     🎂 🎈 आपकी सभी कविताएँ अद्भुत ,अनुपम है
और बेहद मुखर भी।
कहां गई  हाथों में  मुंह छिपा कर हंसने वाली लड़कियाँ  तो  बेमिसाल है।  सभी कविताएँ सामयिक और विचारणीय ।                      
 Saksena Madhu: ताई को जन्मदिन की पुनः बधाई
ताई मेरी प्रिय कवयित्री हैं ।उन्ही कीकई कविताएँ हूबहू याद नहीं पर भाव बहुत सारे याद हैं ।
उनकी कविताएँ घर से निकल कर समाज देश और दुनिया से जुड़ जाती है ।चींटी से बात शुरू करके एक बड़े वर्ग का प्रतिनिधित्व करती ये कविता सूक्ष्म से विराट की और ले जाती हैं ।कटाक्ष करती ये कविता सोच की दिशा को मोड़ देती है।
 ।दूसरी कविता ..... संघर्ष की बात करती है पर कठपुतली बन कर नहीं ।अपने अस्तित्व को बनाये रखकर जीवन के हर संघर्ष में साथ की बात करती है ।
तीसरी कविता .".मैं कही खो गई सिर्फ छाया रह गई " कह कर पूरे जीवन की पीड़ा ,संधर्ष ,सोच और समझ रख दी हो मानो ....जीवन के परिवर्तन को जीवन्त कर दिया ..
भोली जैसी मासूम लडकिया इसलिए नहीं की उनके भोलेपन ने ही छला है ।अपने भोलेपन का चोला उतार कर फेंकने का वक़्त आ गया ...अब वो भी जियेगीं बिंदास ...और मैं इसके  समर्थ में हूँ ।

ताई की कविताएँ सरल बातो से गूढ़ बात तक पहुंच कर चमत्कार करती है ।
उनकी दो कविताये " ठीक हूँ मैं "
और "बेटा धीरे " मेरी प्रिय कविताएँ है ।
बधाई और शुभकामनाएं ।
आभार शरद जी ।                      
   
             
 Mani Mohan Ji: ताई की कविताई पर क्या लिखुँ ..पहले भी पढ़ा है उन्हें , हर बार उनकी कविता चौंकाती है - अपने कथ्य , नए नए प्रतीक और भाषिक ताजगी से ...पुनः बधाई ।                      

💐                      
 Dinesh Mishra Ji: आदरणीय ताई
जन्मदिन की एक बार और मुबारकबाद, आप जैसी पारंपरिक और विदुषी महिला को जितनी बार मुबारकबाद दी जाए कम है।
आपकी कवितायें तीनों अच्छी लगीं, पहली कविता हमे जैसे हाथ पकड़कर सोच की नई दिशा की और ले जाने का अहसास कराती है, दूसरी कविता यक़ीनन अनूठी है, जिसमे स्त्री अपने प्रति होने वाले चतुराई से भरे शोषण और दुर्व्यवहार करने वाले और इसके मज़े लेने वालों लोगों के ख़िलाफ़ एक परचम है, एक प्रतिशोध है जो आवश्यक है।
तीसरी कविता एक पारंपरिक महिला के आज के प्रदर्शन और दिखावे का पर्दाफ़ाश करती हुई कवितायें हैं, जो अपने उस गुज़रे कल को याद करती हैं, जो निश्छल और निष्पाप थे।
कुल मिलाकर अच्छी सोच से भरपूर कविताएं आज पढ़ने मिली।                      
                 
 Ravindra Swapnil: साने में आपकी कवियन अच्छी लगीं। बेहद मार्मिक। अपने आसपास को ईमानदारी से लिखा। लेकिन पंचतरंकित होटल थोड़ा भरी है।                      
 HarGovind Maithil Ji Sakiba: ताई की कविताओं पर टिप्पणी करना मेरे लिए सूरज को दिया दिखाने के समान है ।यह तो ताई के शिल्प कौशल का कमाल है कि जो उनकी कविताओं के अर्थ, भाव और संवेदना को सघन, संप्रेषणीय और प्रभावी बनाता है ।
आ. ताई और शरद जी का आभार ।

डॉ दिनेश जी  ताई को जन्म दिन  की  बहुत बहुत शुभकामनाएं और  बधाईयांएँ   💐🎂 🎈 आपकी सभी कविताएँ सामयिक और विचरणीय हैं । कोई भी कह सकता है ये शिल्पगत  अद्भुत ,अनुपम
और कथ्यगत बेहद मुखर कविताएँ हैं ।
कहां गई  हाथों में  मुंह छिपा कर हंसने वाली लड़कियाँ  और  धीरे धीरे मैं उम्रदराज हो गई  बेमिसाल है।  वैसे सभी कविताएँ अच्छी लगीं । ताई का अनुभव उनके लेखन में साफ झलकता है ।                      
                       
Komal Somrwaal: ताई की कवितायें अद्भुत.. ऐसा लगा मानो समकालीन श्रेष्ठ्म कवियों में से एक की रचनाएँ पढ़ रही हूँ। शब्द सीमित है मेरे शब्दकोश में प्रशंसा के किन्तु पाठक के ह्रदय से सीधा संवाद करती कवितायें👌🏻👌🏻👌🏻                      
 Suren: अंतिम कविता (चौथी)अलकनंदा जी की पर एक पाठकीय प्रतिक्रिया दर्ज करना  चाहूंगा कि इस कविता का मोटिव पाठक के समक्ष किस भांति उतरेगा ..


*  क्या वह (मोटिव) उस लड़की की स्मृति का नोस्टाल्जिया होगा  जो तुलसी चौरा पर दीपक  रखती हुई मासूम दिखती है । ऐसी  ही लड़की संभवतः  सती माता के चौरे पर भी अर्चना करती हुई मासूमियत प्रक्षेपित  करेगी ।


*   इस नोस्टाल्जिया की वर्थ क्या होनी चाहिए या क्या है ...इसका परिशीलन आवश्यक प्रतीत होता  है क्योंकि कविता के अंत तक आते आते कवि उस मासूमियत पर फ़िदा प्रतीत होता है


*  अगर ये मासूमियत के प्रति ये आग्रह  पित्रसत्तात्मक नही है तो कविता के पुनर्पाठ में क्यों उभर रहा है ।


*  कवि अपने मोटिव में हो सकता है स्पष्ट हो पर पाठक तक न पहुँच पा रहा हो ,क्या ये मसला सिर्फ संप्रेषणीयता का ही है या कवि की विचारधारा का या कुछ और ?



अलकनंदा जी के उत्तर की प्रतीक्षा रहेगी । 💐💐                      
 Aalknanda Sane Tai: धन्यवाद संजीव जी, वह "कुछ" पाठक को ढूंढना है ।

धन्यवाद मंजूषा ,भावना, मधु जी

धन्यवाद मणि जी, इन दिनों आप दुर्लभ हो गए हैं ।

दिनेश जी आपने बहुत विस्तार से लिखा, अच्छा लगा, लेकिन आज मेरी 4 कविताएं हैं ।

धन्यवाद, रविन्द्र जी ! हिंदी के शब्द अक्सर हम कठिन या भारी कहकर प्रयोग में नहीं लाते और इसी वजह से वे प्रचलित नहीं हो पाते ।

हरगोंविद जी, धन्यवाद । मैं आप सभी की तरह हूं, आप ही के बीच की हूं । सूरज तो बहुत दूर होता है ।

धन्यवाद ,आभा जी ! कम शब्दों में आपने बहुत कुछ कह दिया है ।

सभी का एक बार फिर धन्यवाद, आभार । 🙏
अपर्णा, सुरेन जी, मोहन जी, पीयूष से निष्पक्ष प्रतिक्रिया की उम्मीद थी ।

आजकल डॉक्टर को कुछ कहती हूं तो वह हर बार एक ही बात कहते हैं -- अब उम्र के हिसाब से यह तो होगा । सबके द्वारा सिर्फ तारीफ की वजह भी मैं यही मानती हूं वर्ना कुछ कमी तो निकलती ।                      


Anita manda :ताई की सभी कविताएँ बेहद अच्छी लगी, पर उम्रदराज वाली बेहद बेहद अच्छी लगी

                       
अपर्णा: पहली नज़र में चारों कविताओं के बारे में एक कॉमन बात जो उभरती है वह है इनका हाशिए के स्वर की कविता होना। चाहे चींटी के प्रतीक में आम इन्सान हो, आम घरेलु महिला हो, उम्रदराज़ होने की अनुभूति हो या स्मृति की यवनिका से झांकती लजालू मासूम कन्या हो।
इन सभी कविताओं का स्वर कवि की सिग्नेचर शैली में ही है। निःसंकोच और स्पष्ट रूप से अपनी बात कहती हुई।

पहली कविता एक तंज़ मिश्रित व्यथा पर ख़त्म होती है जब शक्ति रसूख के बल पर बड़े अपराधी बच निकलते हैं और एक आम इंसान के लिए वही कानून बेड़ियाँ ले आती है। संदेह का लाभ उठाकर... बहुत सही चोट है लचर व्यवस्था पर।

दूसरी कविता के तेवर बहुत अलग से हैं। यहाँ दोहरा विमर्श है। इसकी स्त्री साफ जानती है कि वो मैनिप्यूलेट हो रही है। ये awareness भी पहली सीढ़ी बन सकती है उसके evolution में। पर यहाँ भी वह चाह रही है संलग्नता, जुड़ाव। ये बहुत रोचक चरित्र या दशा है। यहाँ तनिक सा स्टॉकहोम सिंड्रोम तनिक सा क्रोध तनिक सी खीज भी है जो इसे एक वास्तविक चरित्र बना रही। ये अक्सर कथा में होता है। कविता अधिकतर एक आदर्श स्थिती के आस-पास रहना चाहती है। this woman is clearly a work in progress..

तीसरी कविता विशिष्ट है अपने विषय के लिए। इस थमते, रुकते, चुप पड़ते स्वर को कविताओं का विषय बनते कम देखा है। बहुत ग्रेसफुली इसे निभाया है आपने। बस एक पाठक का आग्रह समझें कि अंतिम पंक्तियों की निराशा तोड़ एक ओजस्वी स्वर उभरे। जहाँ जीवन उम्र की सीमाओं को नई परिभाषा दे।

चौथी कविता नॉस्टैलजिया का उत्सव मना रही। अब न वो लड़कियाँ रहीं न वैसी लाज से दोहरी पड़ती दुल्हनें। वो सौंदर्य अनूठा था। पर उस में उनकी जीवन भर का marginalisation छुपा था। कविता निश्पक्छता से ये संतुलन बनाए चलती है जो एकदम से अंतिम पंक्तियों में बिखर सा जाता है। यहाँ नॉस्टैलजिया भारी पड़ती सी दिखती है।

आपकी साफ़गोई को सलाम मैम। रचनाकर्म के लिए मेरी शुभकामनाएँ। प्रणाम। 🙏🏽                      
 Dr Dipti Johri Sakiba: अलकनंदा जी की अच्छी कवितायेँ  जैसा की ब्रज जी ने कहा कि कवितायेँ भेदक है और अनोखे शिल्प में ढली हैं एक ऐसा शिल्प जो पाठकीयता का मित्र है ।

चौथी कविता ....कहाँ गयी वो लड़कियां!

ये प्रश्न है या एक उच्छ्वास ....इसी में समस्त स्त्री अस्मिता के संघर्ष गुंथे हुए है । इस छुई मुई सी लड़की का स्वप्न बनाये रखने बल्कि उसको एक सामाजिक आदर्श का व्यामोह बनाये रखने  में समस्त पितृसत्तात्मकता प्रारम्भ से जुटी है।

यदि ये नास्टेल्जिया भी हो तो ये आग्रह स्त्री छवि के  अधीनता के मानकीकरण की दिशा में है .....इस कविता में उस नास्टेल्जिया के प्रति झुकाव तो स्पष्ट दृष्टिगोचर  हो ही रहा है। ये मुझे एक पाठक के तौर पर अपने पाठ में प्रतीत हुआ ।

अलकनंदा जी को शुभकानाएं 🙏🏼                      
 Aalknanda Sane Tai: सुरेन जी आपकी पाठकीय उत्सुकता का क्रमवार परिशीलन ---

१.  क्या वह (मोटिव) उस लड़की की स्मृति का नोस्टाल्जिया होगा  जो तुलसी चौरा पर दीपक  रखती हुई मासूम दिखती है । ऐसी  ही लड़की संभवतः  सती माता के चौरे पर भी अर्चना करती हुई मासूमियत प्रक्षेपित  करेगी ।

मैं किसी परम्परा या रूढ़ी का समर्थन नहीं कर रही हूँ.इसे नोस्ल्टेजिया कहा जा सकता है, लेकिन कुल कविता में मैं यह कहना चाहती हूँ कि लड़कियां आगे बढ़ रही हैं, बढ़ गईं हैं. अच्छा ही लगता है,लेकिन उनकी मासूमियत कहीं खो गईं है.एक रूक्षता, कठोरता उनके चेहरे पर दिखाई देती है.जो  उनको आधुनिक समाज की देन है.

२.इस नोस्टाल्जिया की वर्थ क्या होनी चाहिए या क्या है ...इसका परिशीलन आवश्यक प्रतीत होता  है क्योंकि कविता के अंत तक आते आते कवि उस मासूमियत पर फ़िदा प्रतीत होता है

बिलकुल होना चाहिए. इस कविता के परे न सिर्फ लड़कियों में बल्कि हरेक में मासूमियत होना चाहिए.उसीसे व्यक्तित्व में सरलता, निच्छलता आती है.ऐसा मेरा दॄढ विश्वास है.

३ अगर ये मासूमियत के प्रति ये आग्रह  पित्रसत्तात्मक नही है तो कविता के पुनर्पाठ में क्यों उभर रहा है ।

ये पितृसत्ता के विरोध में ही है.पुरूष सत्ता और पुरूष तथा पुरूष के समर्थन की मानसिकता ने उनकी मासूमियत छीन ली है.

४.कवि अपने मोटिव में हो सकता है स्पष्ट हो पर पाठक तक न पहुँच पा रहा हो ,क्या ये मसला सिर्फ संप्रेषणीयता का ही है या कवि की विचारधारा का या कुछ और ?

विचारधारा तो मेरी जो है , सो है.कोई उससे सहमत हो सकता है अन्य कोई नहीं भी हो सकता.पाठक तक न पहुँच पाने के कई कारण हो सकते हैं, उनमें से एक स्वयं उसकी समझ भी हो सकती है.                      
Suren: अच्छी टीप ..   मार्जिनेलाईजेशन का और स्टॉकहोम सिंड्रोम को युक्तियुक्त तरह से  उपयोग किया ,..

 Suren: जी अलकनंदा जी , सतीमाता के चौरे पर भी वही मासूमियत प्रक्षेपित  होती हो जैसा की तुलसी चौरे वाली मासूमियत से अपेक्षित है तो वह भी उसी नॉस्टेलजिया के तहत संरक्षित किये जाने योग्य पाएंगे क्या हम


मासूमियत होनी चाहिए या बची रहनी चाहिए ,ये अच्छी बात है पर किस कीमत पर ? या यूँ कह किे उन्ही प्रतीकों से जो अपनी संरचना में पितृसत्ता वादी है ?

पित्रसत्ता के विरोध में है या हो सकती है  ..ये प्रकट भी या परिलक्षित भी होना चाहिए और संप्रेषित भी .... यहाँ नही हो रहा क्योंकि जो प्रतीक कविता में लिए गए वे अपनी संरचना या क्रोड में पित्रसत्ता वादि है ।                      
Aalknanda Sane Tai: अपर्णा, चौथी कविता के बारे में तो मैंने  सुरेन जी के लिए जो लिखा है, वही जवाब है. तीसरी कविता की थोड़ी पृष्ठभूमि बताती हूँ. हँसी तो मुझे अब भी बहुत आती है,पर पहले मेरा  गुस्सा भी तेज था.वह अब कम हो गया है.इस पर एक बार परिवार में बात चली. क्योंकि उम्र के लिहाज से हँसी तो कई बार दबाना ही पड़ती है,पर गुस्सा भी कम हुआ तो सब कहने लगे --तू बहुत बदल गई.कुनबे की बहुओं को तो विश्वास ही नहीं होता कि मेरा गुस्सा कभी तेज हुआ करता था. अत: अंतिम पंक्ति उसीका प्रतिबिम्ब है.बदलने की कोशिश करुँगी. विस्तृत टिप्पणी के लिए धन्यवाद.                      
                       
Aalknanda Sane Tai: मैं सामान्यतया मराठी कविताएं अलग और हिंदी अलग लिखती हूँ.क्योंकि दोनों भाषाओँ में विचार आते हैं.लेकिन ये कविता मेरी मूल मराठी कविता का अनुवाद है.मराठी कविता न केवल बेहद पसंद की जाती है, बल्कि इसी वर्ष पुणे में हुए अ. भा. मराठी साहित्य सम्मेलन में करीब ५० हजार लोगों ने खड़े होकर इस कविता को सलामी दी और लगभग हर कवि सम्मेलन में इसकी फरमाइश होती है.यह सब जाननेवाले एक कवि मित्र ने हिंदी अनुवाद की सलाह दी . हो सकता है अनुवाद की वजह से कुछ गड़बड़ी हो और हिंदी पाठक तक वह सम्प्रेषित नहीं हो पा रही हो.                      
                 
 Ajay Shreevstav Ji Sakiba: अलकनंदा जी
आप की उम्दा कविताओं के लिए हार्दिक बधाई ..



एक गीत है योगेश का ...

रजनीगंधा फूल तुम्हारे ...

इस गीत में एक लाइन है

कितना सुख है बंधन में ...

ये है सिंड्रोम

अर्थात जब शोषित , शोषक से अपना सम्बन्धीकरण कर ले या कहे वो उस शोषण को भी   एन्जॉय करने लगे या कहे उस शोषण से स्वयं का तदात्मिकरन कर ले  या उस में ही अपना हेडोनिजम  ढूंढ ले या अपने मूल्यों को उसी दिशा में प्रतिस्थापित कर दे                      
                   
 अपर्णा: Stockholm syndrome एक घटना की वजह से गढ़ी गई जब एक लड़की को अपने ही अपहरणकर्ता से सम्मोहन के हद तक प्रेम हो गया था और वो  अपने परिजनों के विरुद्ध उसका साथ दे रही थी। उसकी उस मानसिकता को ये नाम दिया गया।                      


Friday, August 26, 2016

प्रकृति की संरचना के समय न जाने क्या और कैसे एक चूक हुई कि मनुष्य के ही हमशक्ल को मनुष्य से इतर और हेय जीवन मिला, जिन्हें किन्नर, हीजड़ा, और न जाने क्या क्या कहा जाता है, जो अभिशप्त जीवन जीने को विवश हैं. जो ताली बजा बजा कर लोगों की खुशियों में शामिल होते हैं, और खाते कमाते हैं, पर हर पल जीते जीते मरते हैं, क्योंकि वहां जिल्लत से ज्यादा कुछ नहीं.इस थर्ड जेंडर के बारे में हम तब ज्यादा सोचने को मजबूर होते हैं जब पढ़ते हैं, दीप्ति कुशवाह की कविता...निर्वीर्य दुनिया के बाशिंदे. यह कविता पहल  १०३ अंक में प्रकाशित हो चुकी  है | 
इस कविता को वाट्सअप के साहित्यिक समूह "साहित्य की बात "पर लगाया गया , जिसके एडमिन ब्रज श्रीवास्तव जी  है |कविता पर सभी पाठको ने विस्तृत  चर्चा करते हुए अपने अपने तथ्य गत विचार रखे 
रचना प्रवेश पर प्रस्तुत है कविता और उस पर पाठकों की त्वरित प्रतिक्रियाये .....|
परिचय :----
दीप्ति कुशवाह

ए- 204, पंचायतन 
आर. पी. टी. एस. मार्ग 
लक्ष्मीनगर 
नागपुर (प.)
440-022 
लोककला में प्रचुर लेखन                         
एक काव्य संग्रह - आशाएँ हैं आयुध                         
एक कला पुस्तक- मोतियन चौक पुराओ
09922822699
=============================================================
 आज हम कुछ विशेष पेश कर रहे हैं, हमारे समूह की प्रतिभासंपन्न कवि, कलाकार, दीप्ति कुशवाह की अभिव्यंजना के आयाम सदैव मेरा ध्यान खींचते हैं, उनके पास संवेदित भाषा है जो
कविता में बैठकर तो और जादू करती है और हम चकित होते रहते हैं. 

आप सभी ज़रूर चकित होंगे आज भी जब पढ़ेंगे, उनकी लंबी कविता "निर्वीर्य दुनिया के बाशिंदे." जी हाँ इस कविता ने जहाँ उन बाशिंदों के लिए अपने जज़्बात दिये हैं, वहीं स्वयं दीप्ति भी पहल जैसी पत्रिका में इस कविता को प्रकाशित पाकर, और दीप्त हुई हैं. 

तो प्रस्तुत है आज यही कविता. 
इसे पढ़िये जरूर, अपने लिए, 
और कुछ कहिये जरूर औरों के लिए, दीप्ति कुशवाह के लिए. 
*ब्रज श्रीवास्तव. 


 🍿🍿                      
 || निर्वीर्य दुनिया के बाशिंदे ||


अपनी ही देह कारा है इनके लिए 
चिपका है माथे पर
प्रकृति की अक्षम्य भूल का कलंक
कोई दोष नहीं जिसमें इनका

कुल-परम्परा के
यशोगान से भरे धर्मग्रंथों में
इनकी कोई पहचान नहीं
बस नाम में एक झूठी गरिमा
किसी धनुर्धारी या सुदर्शनचक्रधारी के नाम से 
जुड़ने के बाद
जो दिखाती है
किसी दैवीय परम्परा से सम्बन्ध

कलियुग में राज करने का वरदान भी
लिखा हुआ है
वहीं कहीं पीले पन्नों पर
और भोग रहे हैं
वर्तमान का शाप ये बेखबर  

सुदूर अतीत की पीठ तक मिलते हैं
बूची ज़िन्दगियों के प्रमाण
मिस्त्र, बेबीलोन, मोहनजोदड़ो....
अपने इतिहास में 
दबाए हुए हैं तह-दर-तह
नपुंसक आहों के निशान 

'नपुंसक' शब्द एक गाली की तरह उभरता है
जिसमे छवि कौंधती है हरम की
जहाँ वे राजाओं के लिए
रनिवासों की रखवाली में
आश्वस्ति का प्रमाणपत्र थे
इनका उभयलिंगी व्यक्तित्व
मुफीद था गुप्तचरी के लिए
ख़त्म हुए राजा, ख़त्म हुए हरम
ये बचे रहे
वस्तु बन गए शरम की

जन्म लेते ही
परिवार के लिए बन जाते हैं अबूझ प्रश्नचिन्ह
जगहँसाई का सबब
बलैयाँ नहीं ली जातीं
इन किलकारियों की  
जो माँ के आँचल में उदासीनता
पिता के हृदय में कटुता घोलती हैं
गुलाबी या आसमानी कोई रंग नहीं  होता
नाथ वाले इन अनाथों के लिए
बचपन में मिला नाम भी
साथ नहीं निभाता दूर तक  
दुबारा नामकरण के साथ
हिस्सा बन जाते हैं
द्वंद्व से भरे विरूप संसार का
नकली उरोजों और स्त्रैण पोशाकों के साथ 
फूहड़ कोशिशें करते हैं
सम्पूर्ण स्त्री दिखने की 

पुंसत्व का त्याग एक बड़ा सवाल है

प्रकृति सौंपती है इन्हें
जीवन के सफ़र के लिए
धूप, हवा, पानी और अनाज की वही रसद
जो हम सबके हिस्से में है
संवेदनाओं में बख्शती है
एक सी तासीर
नर-मादा की किमया में डूबे हम
रहते ग़ाफिल
कि हमारी फ़िक्र का एक टुकड़ा
कम कर सकता है 
कापुरुषों के जीवनयापन की यंत्रणाएँ
बढ़ा सकता है 
विरोधाभासों के विरोध की हिम्मत   


यहाँ घोषणापत्रों में लुभावने वादे हैं
विकास की परिभाषाओं में
प्रदान की जा रही सुविधाएँ और आरक्षण
किसी भी शारीरिक कमी से पीड़ित लोगों को
वहीं इस अवयव विशेष के अविकास के लिए
सहानुभूति भी नहीं है किसी के पास
कोई दंड तय नहीं
उनके लिए जो दुत्कारते हैं इन्हें
बरसाते हैं बहिष्कार के चाबुक  
कोई दरवाजा नहीं खुलता इन पर
न मानव का, न मानवाधिकार का
यौनिक पहचान की बंद भूलभुलैया में
स्वाहा हो जाने के लिए शापित है
इनका प्रच्छन्न सामाजिक जीवन

कटु और मधुर स्मृतियों के
धागों को तोड़ कर
इन्हें निकल जाना होता है
अंतहीन रास्ते पर
जहाँ नहीं होते माँ-पिता की ममता के पेड़
भाई-बहन के नेह की लताएँ नहीं होतीं
उस दुनिया में
आगे बढ़ते इन क़दमों की किस्मत में
नहीं लिखी होती कभी घरवापसी

ये बंजर मरुभूमि हैं
कोई बीज नहीं डाला जाता आजीवन जिस पर
आर्द्रता भी नसीब नहीं होती प्रेम की
उपेक्षा के थपेड़े झेलते हुए
बस मेड़ पर ठहर जाता जीवन

“हर पुरुष में होती है एक स्त्री
हर स्त्री में होता है एक पुरुष”
यह कहने वाले ज्ञानी भी नहीं बता पाते
दर्शन की किस दहलीज पर
होगी सुनवाई 
मनु के इन वंशजों की

स्त्री की देह में पुरुष का मस्तिष्क
या पुरुष की देह में स्त्री का !
डोलते पेंडुलम सा मन लिये
वे आपकी ख़ुशियों में
अपनी खुशियाँ तलाशते हैं
शफ़ा उड़ेलते हैं अपनी दुआओं की
ताकि आपका सुख दो का पहाड़ा पढ़ सके   
बदले में दुराग्रह का प्रसाद ले कर
लौट जाते हैं अपनी निर्वीर्य दुनिया में
किसी नये संग्राम के स्याह दस्तावेज पर
करने के लिए हस्ताक्षर
इनके आकाश की सीमा बस इनकी आँखों तक
किसी रहस्यमय संसार के बाशिंदों जैसे  
अपने वंश की अंतिम इकाई
ये अर्धनारीश्वर

थकी उत्पीड़ित नींद के दौरान  
भूले-भटके आने वाले सपनों में शायद
आता होगा कोई राजकुमार
सफेद घोड़े पर हो कर सवार
या कोई परी करती होगी इंतज़ार
हथेली पर भौंह का बाल रख
क्या माँगते होंगे वे !
या उड़ा दिया करते होंगे उसे
बिना कुछ माँगे
उस कृपण-कठोर दाता को
दुविधा से उबारने के लिए


अपनी सुप्त यौन इच्छाओं में
पहुँचना चाहते होंगे वे भी
पर्वत के शिखर तक
उतरना घाटी की गहराइयों में
किसी हरहराती नदी में
दूर तक बह जाने का आनंद
उनके मन को  भी सहलाता होगा
उनका हित दाखिल नहीं होता
किसी की परवाह में  
बलात्  सुख नोंचने वाले हैं बहुतेरे
पत्र निकाल कर फेंक दिए जाने वाले
लिफाफों सी है नियति इनकी

भले आक्रान्ता नज़र आते हों
ये अपने व्यवहार में
छुपाए होते हैं अपने अन्दर
अपने वंश को अपने साथ
ख़त्म होते देखने का डर
ठीक ठीक तर्ज़ुमा कर पाना कठिन है
इनके बेसुरेपन का  
ये भोगी हुई तल्खियाँ हैं उनकी
जिन्होंने अंतस की मिठास हर ली है
तालियों की कर्कश गूँज में छुपी हुई हैं  
एकान्त की शोकान्तिकाएँ
निर्लज्जपन दिखाकर ढांक लेते हैं  
अपूर्ण इच्छाओं का सामूहिक रुदन

हारमोनों की
जटिल-कुटिल दगाबाज़ी में फँसे तृतीयलिंगी
सही पदार्थ नहीं हैं
नोबेल के लिए
चिकित्सीय हलकों में किसी सुगबुगाहट का
बायस ये नहीं
साहित्यिक विमर्श की कोई धारा भी
छूते हुए नहीं निकलती इनको
बाज़ार में चलने वाले सिक्के भी ये नहीं

शस्त्र और शास्त्रों में उलझे लोग
जो हर मनुष्य को उपयोग की वस्तु समझते हैं
इन्हें उपकरण में नहीं बदल पाए हैं अभी
इसलिए इनकी मौत की खबर
अखबार के किसी कोने में नहीं छप रही
नहीं छप रहा
कि कुछ लाशें ज़मींदोज़ की जा रही हैं
गड्ढों में सीधी खड़ी करके
थूकी जा रही है जिन पर जुगुप्सा  
अपनी ही बिरादरी द्वारा
चप्पलों से पीटी जा रही हैं
इस आस में
कि फिर कभी इस योनि में न लौटें

समय के समन्दर में
झंझावातों के बीच
बिना नाविक, बिना पतवार
भटकती हैं जो नौकाएँ
डगमगाती और झकोले खाती
अंततः कहाँ जाती हैं
कौन जानता है

------------------------------------------------------------------------------------------------------------------




*प्रतिक्रियाएं *                                              
प्रवेश सोनी :--- दीप्ती बधाई ,कल इस विषय पर पदमा की कहानी पढ़ी आज कविता ।
 एक एक शब्द इनके जीवन के पट खोल रहे है । जितने विस्तार से तुमने इस कविता  में इनके जीवन को रचा है ,कोशिश करती हूँ वैसे ही विस्तार से लिखने की ।
शुभकामनाएं
💐💐💐💐💐💐💐💐                      
                     
   
 Saksena Madhu: उफ्फ्फ ..दीप्ती
कल पद्मा की कहानी पढ़ी उससे उबरी नहीं और आज फिर •• जीवन खींच दिया आपने ।ये विशेष वर्ग की गाथा .. उस कष्ट की में भागीदारी निभाते है जिसके लिए इनका कोई दोष नहीं ।दोष तो परिवार  समाज और सरकार का है ।इनको हमारी तरह हर अधिकार मिलना ही चाहिए । बहुत खूब लिखा ।
आभार ब्रज जी ।                      
ब्रजेश कानूनगो : दीप्ति को बहुत बधाई।ऐसी कविताओं के लिए बहुत धैर्य की आवश्यकता होती है।दीप्ति ने यह दिखाया और कविता को मुकम्मल किया।बहुत बधाई।                      
 Mukesh Nema Ji: दीप्ति की मार्मिक ! विचारणीय कविता ! इन उपेक्षित रहस्यमयी जीवों के लिये बहुत कम कहा सुना गया है ! दीप्ति की यह कविता एक अच्छा प्रयास है ! बेहतरीन !                      
ब्रज श्रीवास्तव : धन्यवाद, आप लोग कविता और उसकी रचना प्रक्रिया पर चर्चा कर रहे हैं.                      
 Suren: महत्वपूर्ण कविता दीप्ति कुशवाह जी की । इस विषय को लेकर लिखना ,कविता ... वाकई दुरूह रहा होगा कवि के लिए भी ।
प्रायः अभिधा में कही गयी इस कविता का मोड साहनुभूति के एंगिल  से न होकर उभय लिंगी की अवस्तिथि  को पाठक के समक्ष पेश इस भांति करना है कि पाठक अचकचा जाये .... ये बात इस कविता को विशिष्टता भी देती है और कई  पुनर्पाठ में  कई आयाम भी खोलने को उत्सुक दिखती है ।

एक बात...  जो पॉइंट आउट करना संभवतः दुरुस्त हो कि  उभयलिंगी या ट्रांस जेंडर टर्म जब हम उपयोग करते है तो प्रचलित जेंडर स्त्री और पुरुष से परे के जेंडर को मार्क करते है परंतु इस कविता में कवि पितृसत्ता के व्यमोह से नही निकल पा रहा और वह निर्वीर्य जैसे शब्द या इसी को प्रोपेगेट करती अन्य काव्य पंक्तियां रचता है ...जो कविता की वैचारिकी को थोड़ा क्षीण करता प्रतीत होता है ।  ऐसा न भी हो ...इसलिए संभवतः शब्द का उपयोग किया ।  अभिधा में जब काव्य उतरे तो उसका विचार ताकत के साथ प्रवर्तनीय भी हो  तो पाठक के  मन पर भी इम्पैक्ट गहराता है ।

शेष टिपण्णी की कोशिश शाम तक करता हूँ , दो तीन पाठ और करके कि  शायद कविता और  खुले

अंततः कवि को बहुत शुभ कामनाएं महत्वपूर्ण कविता हमारे समक्ष लाने के लिए ।  💐💐💐💐                      

अरुणेश शुक्ल : Deepti ji ki achhi kavita.third sex par in dino samaaj aur sahitya dono me bahas shuru hui hai.Pradeep saurabh ka upnyas teesri taali bhi bahut maarmik hai.is visay par                      
[03:54, 8/25/2016] +91 74703 34648: Lambi kavita hone ke baavjood yah kavita aur intencity wa vistaar ki maang krti.khaskr economic n political angel ke sath Jo inke samoohon ko apradhi me tabdeel kar dekhta.
                    
 Sharad Kokas Ji: दीप्ति कुशवाह की यह कविता निर्वीर्य दुनिया के बाशिंदे पहल 103 में प्रकाशित हुई है । यह कविता किन्नरों की दुनिया के एक अप्रकाशित  पक्ष को प्रस्तुत करती है जिस पर सामान्यतः आम लोगों का ध्यान नहीं जाता ।
 कविता की शुरुआत करते हुए कवि ने ऐतिहासिक और पौराणिक संदर्भों के साथ देश काल में उनकी स्थिति के ब्यौरे  प्रस्तुत किए हैं ।
अतीत से लेकर वर्तमान तक शासक और आम जनता के बीच स्थापित उनकी छवि को विभिन्न-विभिन्न और प्रतीकों और बिम्बो के माध्यम से उतारा है इस उपेक्षित समाज के रीति रिवाजों के उल्लेख के साथ  साथ वे सामाजिक संदर्भ में स्थितियों का विश्लेषण भी करती हैं जुगुप्सा अथवा सहानभूति के भाव से परे स्थितप्रज्ञ होकर वह उनकी दुनिया के कुछ ऐसे चित्र भी प्रस्तुत करती हैं जो सार्वजनिक नहीं होते हुए भी अब तक व्याख्या से परे माने गए ।

यह एक गंभीर कविता है जो किन्नरों के प्रति  व्यवहार के विषय में पारम्परिक तरीकों से अलहदा सोचने को बाध्य करती है ।                      
 Ghanshym Das Ji Sakiba: "निर्वीर्य दुनिया के बाशिंदे" दीप्ति कुशवाह जी की इस रचना को पहले शब्द जो मुहँ से निकले लाजवाब । उस वर्ग के लिये इतनी शानदार रचना , जो सदैव से सामाजिक , शासकीय तथा व्यक्तिगत हर स्तर पर उपेक्षित रहा है । इस रचना के माध्यम से कवि ने उनकी दुश्वारियों के साथ साथ मौत के बाद दुबारा इस योनि में जन्म न ले इस कारण उनके साथ किये जाने वाले व्यवहार ने उस वर्ग की अपने जीवन के प्रति तथा उन लोगों के प्रति सदियों से किये जा रहे व्यवहार की दुर्व्यवहार की  अमिट छाप को स्पष्ट देखा जा सकता है । पाठकीय दृष्टिकोण से अविस्मरणीय रचना । दीप्ति कुशवाह जी को बहुत बहुत बधाई व ब्रज जी को इतनी शानदार रचना पोस्ट करने के लिये बहुत बहुत आभार 💐💐🙏🙏                      
                   
                     
 Aanand Krishn Ji: फ्रेंच भाषा के व्याकरण में इस थर्ड जेंडर का अस्तित्व नहीं है । कुछ और भाषाओं में भी हो ।                      
 अपर्णा: और कुछ पुरातन नेटिव अमेरिकन कबीले पाँच जेंडर मानते थे!!!                      
Suren: भैया आनंद जी ,गायब हो जाना हर भाषा में है ,इसका ये मतलब नही की आप इतने लंबे वक्त के लिए गायब हो जाये । 😊😊💐                      
 Meena Sharma Sakiba: बचपन से अब तक नाचते . अपने लिये एक दूसरी दुनियाँ बसाने
की कोशिश करते वे ..अपने हक के लिए लड़ते..जीतते, शबनम मौसी की तरह और झपट्टा मारते
अपने हक के लिये चील की तरह
ये इसी समाज के कायदे कानून ने सिखाया है...आज दीप्ति जी की कविता की खुलती गिरहों ने बयाँ किया.
जाना कि ये तल्खियाँ कहाँ से उतरीं ज़ुबान और व्यवहार में भी...
*बिना नाविक बिना पतवार की जगह
बिना नाविक,बेपतवार भी ठीक लगता.
 *वस्तु बन गये शर्म की/ वस्तु बन गये लज्जा की...मुझे ज्यादा बेहतर
लगा,क्योंकि रूप रंग जब नारी का
तब लज्जा ज्यादा सटीक,मेरी समझ से.
शाब्दिक अर्थ ही प्रतिध्वनित होते
हैं, समय के समन्दर में.
दर्शन की किस दहलीज पर
होगी सुनवाई
मनु के इन वंशजों की..
 र्म पर आघात करती पंक्तियाँ.
एक लम्बी व सामाजिक सरोकारों से युक्त कविता के लिए बधाई दीप्ति जी !
प्रस्तुति के लिए ब्रज जी का
 आभार !                      
       
 Aanand Krishn Ji: अपर्णा जी, ये रोचक बात बताई आपने                      
अपर्णा: जी। लिंक ढूंढ रही हूँ। उस समाज की सोच का विस्तार और सहजता दोंनो विस्मित करता है।                      
                                       
 Mukesh Kumar Sinha: कविता पढ़ते हुए बहुत कुछ जान गया किन्नरो के लिए
गहन आलेख समेटे हुए  
                  
Jeevan S Rajak Ji Sakiba: Deepti ji ki bahut hi achhi Kavita
Vastvikta ka khubsurat aur marmik chitran
Bahut badhai Deepti ji  
                  
 Aanand Krishn Ji: दीप्ति दीदी की कविता पढ़ कर बस यही सोच रहा हूँ की दुनिया कितनी स्वार्थी और निर्मम है । केवल बहुसंख्य he और she के बारे में मानवीय संवेदनाएं हैं । थर्ड जेंडर यदि है भी तो उसे it कह कर पशुओं और निर्जीव चीज़ों के लिए निर्धारित करके संवेदना से परे कर दिया । ये भाषाओं की बहुत बड़ी असफलता है जहाँ किन्नरों  के लिए कोई सर्वनाम, कोई संबोधन, कोई क्रियारूप और कोई संवेदनशील अभिव्यक्ति नहीं है ।                    
अनीता कार्नेटकर: दीप्ती जी की बेहद संवेदनशील रचना,  आदि काल से  समाज  के इस  वर्ग  की पीड़ा  चिन्ही ही नही  गई ।इनके जीवन के मूलभूत प्रश्नों पर आज भी एक उदासीनता और चुप्पी  का माहौल है, अपनो की उपेक्षा  एवं समाज के तिरस्कार को  अपनी  नियति मान कर जीवन काटते इस वर्ग के एक  एक मनोभाव और विडम्बना ओं पर दीप्ति  जी  की नज़र गई है, ऐसी वैचारिक कविता के लिए रचनाकार एवं साकीबा का धन्यवाद                      
Aanand Krishn Ji: अपर्णा जी ने पुराने अमेरिकन नेटिव कबीलों की भाषा में 5 जेंडर होने की बात बता कर भाषाओं की असमर्थता की पीड़ा को कुछ कम किया है । यदि उन भाषाओं में ये जेंडर होगा तो निश्चित ही उनके प्रति सम्मानजनक व संवेदनशील अभिव्यक्तियाँ भी होंगी ।                      
                     
ब्रज श्रीवास्तव : धन्यवाद सोनी जी, जीवन जी, मीना जी, मुकेश नेमा जी, सुरेन, आनंद, प्रवेश, मधु, अनिता, विनीता, अपर्णा, और अरूणेश कि विचार व्यक्त किए आप सबने.                      
डॉ दिनेश  जी : आदरेय मंच प्रणाम इतनी अच्छी और सार्थक चर्चा होती है कि क्या बोलें ये याद ही नहीं आता पर आदरेय भाई अविनाश तिवारी जी की बात से मै सहमत हूं "बिना नाम की टीप"वाली से ।आप सबकी सूचना के लिये बता दूं कि दिल्ली से "मंजिल ग्रुप साहित्यिक मंच.संचालित होता है उसका एक ही नियम अनूठा है कि रचनाकार न अपनी रचना पढेगा ना सुनेगा,इसका मै भी सदस्य/संयोजक जबलपुर हूं और श्री तिवारी सर भ़ी इसमें पारदर्शिता और गोपनीयता भी बरती जाती है ✍🏻🍁।

सूरज प्रकाश  सर : आमतौर पर किसी भी whatsapp ग्रुप में जाकर बेशक रचनाएं पढ़ता हूं लेकिन टिप्पणी नहीं कर पाता। आज दीप्ति कुशवाह की कविता पढ़कर रहा नहीं जा रहा है। बेशक इस विषय पर उपन्यास बहुत पढे हैं लेकिन लंबी कविता आज पूरी मार्मिकता और ईमानदारी के साथ  लिखी गई है। मन में कई बातों  है अब होने लगा है सच हम ईश्वर के बारे में ईश्वर के बारे में कितना कम जानते हैं और कितना कम बात करना चाहते हैं दीप्ति को बधाई कविता के जरिए उठाया और बहस का मुद्दा बनाया

Dipti Kushwaha: गुणीजनों के बीच है कविता, यह बात ख़ुशी देती है, तसल्ली भी ।
आपकी टिप्पणियों से हौसला मिलेगा और बेहतर करने का सबक भी।
मैं आभारी हूँ, पूरे मन से ।                        
स्मिता तिवारी : Holi.Diwali.savan.shadi.bachche ke janam hone par.train  main kinnaron dwara bakhsheesh mangi jane par.......lagta hai .In becharon ka bhi haq hai....astitva  hai...lekin Susri Deeptiji ki rachana ne hila diya- bahut khoob Deepti ji👌🏻👏🏽  
                   
 Chandrashekhar Ji: दीप्ति जी की कविता पढ़ते हुए लंबी लगी ही नहीं,ऐसा लगा की जल्दी क्यों ख़त्म कर दी,और लिखती जातीं....
जिन पर शायद ही कभी कविता लिखी गयी हो उन मनुष्यों पर इतनी प्रभावशाली कविता के लिए बहुत बधाई।
मतदाता सूची में पुरुष/महिला/अन्य के रूप में मतदाताओं का विवरण किन्नरों के हित मे उम्मीद जगाता है.. विगत वर्षों में कुछ चुनाव भी जीते हैं इन्होंने। इस विषय को भी कविता में शामिल किया सकता है.. लंबी कविता में शायद परिवर्धन की गुंजाईश होती है...
पुनः बधाई दीप्ति जी।                      
Rajendr Shivastav Ji: ऐसा नहीं कि इस विषय पर लिखा न गया हो।कविता -कहानी रूपक आदि बहुत  पढ़ने को मिला,किन्तु दीप्ति जी ने अलग दृष्टिकोण से अपनी  बात कही है ।
कहन भी बहुत प्रभावी।
"........एकांत की शोकांतिकाएँ" ।
"......लिफाफों सी है इनकी नियति" ।
आह कहें या वाह ,पाठक क्या कहे?
यह तय है पाठक बङी देर और दूर तक इस कविता को ले कर
चलेगा ।कभी  सोचेगा इन पतवार विहीन भटकती नौकाओं के बिषय में तो कभी  बह जायेगा कविता के कहन में।
दीप्ति जी बहुत धन्यवाद ।                      
Saksena Madhu: हमारे यहां महाभारत काल में किन्नरों को उल्लेखित किया है ।वृहनला और शिखण्डी के रूप में ... ।त्रेता वे सतयुग में ई का उल्लेख नही                      
 Ravindra Swapnil: दीप्ती जी की कविता को लेकर में कुछ देर पहले तक आलोचकीय हमला करने की एक झोल वाली जगह तलाश रहा था।
इस चक्कर में कविता को दो बार पढ़ ने की म्हणत करना पढ़ी । ऐसी कोई जगह नहीं मिली । एक सुगठित कविता को अनावश्यक छेड़ा भी नहीं किया जा सकता।

कविता बहुत ही गठित है। एक नया विषय है। जीवन के एक पक्ष पर पूरी विविधता से विस्तार से पकड़ती है साधती है।

कविता में कही अनावश्यक शब्दों का इतेमाल नहीं किया है। मुझे लगता है दीप्ती जी ने म्हणत की है, पहले खुद पढ़ी फिर पाठकों को सौंपी है।

बधाई देने से पहले अंत की शिकायत की जा सकती है। वे अंत को और अधिक संगत बना सकती है। अभी उसे कविता की उसी त्वरा के साथ कर सकती हैं।                      


 Avinash Tivari Sir: दीप्ति कुशवाहा जी की कविता निर्वीय दुनिया के बाशिंदे उभयलिंगियों को चित्रित करती एक सारगर्भित रचना है।प्रकृति की अक्षम्य भूल का कलंक भोगती शापित पीढी अपने जीवन भर उपहास और उपेक्षा का दंश झेले हिजड़े किन्नर छक्के जैसे नामों से पुकारी जातिे हैं ।समाज में सम्मान से जीने लायक सब कुछ होता है इनके पास हाथ पैर बल बुध्दि विवेक फिर भी समाज की उपेक्षा के शिकार का पुरुष ,बृहन्नला बन कर यंत्रणा भोगने को विवश ।विकलांगों दिव्यांगों के लिये तो समाज कितना सोचता है क्योंकि परिवार समाज में रहते हैं और इनहें जन्मते ही दूध की मक्खी की तरह घर से बाहर फैंक दिया जाता है और उसके साथ ही फिंक जाती हैं संवेदनाऐ उत्तरदायित्व और अपनेपन का बोध ।यह सही कहा है कि हर पुरुष में एक स्त्री होती है और हर स्त्री मे एक पुरुष तभी तो हम ईश्वर के अर्धनारीश्वर स्वरूप को पूजते हैं ।दीप्ति जी ने इस अनसुलझे उपेक्षित विषय को उठाकर अच्छा प्रयास किया  है वक्त आ गया है यह एक ज्वलंत मुद्दा बने विकलांगों की तरह इन्हे समाज परिवार मे अन्य सदस्यों की तरह घर परिवार संस्था मे स्वीकार करे।तभी इनको शिक्षा व्यवसाय सम्पत्ति का अधिकार समाज मे बराबरी की हिस्सेदारी मिलेगी।क्योंकि समाज ओर परिवार के सहारे के बिना कुछ भी संभव नहीं है।देश विदेश मे ऐसे कई उदाहरण है जहाँ ये लीक से हट कर काम करने मे सफल हुए हैं एक दो तो विधायक मेयर तक बने हैं।यह कविता सशक्त आवाज बने ऐसी उम्मीद रखते हैं।कविता अच्छी सुगठित उद्देश्यपूर्ण है।इस विषय पर लगातार सकारात्मक लेखन आवश्यक है और उससे भी ज्यादा आवश्यक है हमारी आपकी और समाज की स्वीकारोक्ति सकारात्मक पहल ।पुनः बहुत बहुत बधाई दीप्तिजी ब्रज जी।।                      
 Dipti Kushwaha: यह अपनत्व कीमती है... बेशकीमती !
🙏🙏                      
                     
Manjusha Man: दीप्ति जी की कविता बहुत ही मार्मिक है। हृदय को छू गयी। लम्बी कविता एक पल के लिए भी लम्बी नहीं लगी। एक एक पंक्ति महत्वपूर्ण है, एक शब्द भी बे-मतलब नहीं। बधाई दीप्ति जी
सन 2001-2002 में केयर-इंडिया नामक अंतर्राष्ट्रीय संस्था में काम करते हुए जबलपुर की कंजर बस्ती नामक क्षेत्र में इनके साथ स्वास्थ्य सुधार पर काम करते हुए उभ्यलिंगियों के साथ गहरे जुड़ने पर जो पाया दीप्ति जी की कविता में वही सब मिला। गहरा अवसाद, निराशा, अलगाव जो इन्हें देखकर कभी नज़र नहीं आता। वे अनुभव ताजा हो आये।    
                   
 Arti Tivari: दीप्ती की ये कविता,.जब पहली बार पढ़ी तो,मुग्ध हुई थी,.दूसरे पाठ में चमत्कृत,और आज फिर से एक बार और पढ़कर एक तृप्ति सी हुई,..ऐसे विषय पर लिखना एक पीड़ा से एक ऐसी पीड़ा से गुज़रना है,.जिसे व्यक्त करना बहुत मुश्किल है।
ऐतिहासिक और पौराणिक सन्दर्भों में इस कविता के तार बहुत बारीक़ बुनावट में गूंथकर दीप्ती ने इनके अनकहे पहलू बहुत मार्मिकता से बयान किये हैं।
कलयुग में राज करने का वरदान एकदम सटीक है इस पैरा में
पुंसत्व का त्याग एक बड़ा सवाल है "बहुत अच्छी पंक्ति है
और व्यंजना में न होते हुए भी"शब्दों के ध्वन्यात्मक तथा आंतरिक अर्थों का बहुत सुंदर समन्वय इस कविता में देखने को मिलता है।
इस कविता में दीप्ती ने जन्म से मृत्यु तक के सभी आयामों को,हर पड़ाव को समेटा है,.और इसे पूरी गरिमा दी है,.इस कविता का धरातल बौद्धिक होते हुए भी मानवीय संवेदनाओं से लबरेज़ है,और यही इसकी विशेषता भी है। हम ऐसा सोचते हैं तो क्यों?और हमें क्या सोचना चाहिए थर्ड जेंडर के लिए,..कितने स्वार्थी हैं हम ,.हमे हमारी हर ख़ुशी में,इनकी उपस्थिति चाहिए,.इनकी दुआयें चाहिए,,इनके पैर और इनकी ढोलक की थाप हमारे आँगन में गूंजनी चाहिए,.बहुत शुभ होती है ऐसे मांगलिक अवसरों पर इनकी उपस्तिथि,..किन्तु हमारे जीवन में नही,माता पिता भाई बहन भी इनसे दूर रहना चाहते हैं,.इनकी छाया भी नही पड़ने देना चाहते,अपने घर की दहलीज़ पे उफ्फ ..
और इनकी मिट्टी तो मिट्टी में मिलकर भी सिर्फ घृणा ही पाती है,.प्रकृति की कितनी निष्ठुर सजा है ये,पूरा जीवन कितनी आकाँक्षाओं को बोते होंगे ये अपनी आँखों की नम ज़मीन पर,.और कभी भी अंकुर न फूटते देख कितने निराश भी,..क्या यही नियति है? इस सभ्य समाज में एक निर्दोष (थर्डजेंडर)  की,..भला इनका क्या कसूर होता है इस विकृति के साथ जन्मने में किन्तु,.गृहत्याग ही इनका हासिल है,.उपेक्षा ही इनकी कमाई है,और घृणित समझे जाना ही इनका जीवन😭😭
इस पर गंभीरता से सबको सोचना चाहिए।
दीप्ती को बधाई इस अच्छी और विचारणीय कविता के लिए🍀🌸
ब्रज जी का आभार🙏

आभा दुबे : पहल 103 में निवीर्य कविता पढ़ने के बाद दीप्ती जी की इस कविता को कई बार पढ़ चुकी हूँ । जब भी पढ़ती हूँ एक बार मन में ये बात जरूर आती है कि ये कविता दीप्ती जी की सिग्नेचर कविता है और ये मैंने उनसे कहा भी है । तब तक तो  जरूर है जब तक कोई और मील का पत्थर रचना  दीप्ती जी नहीं लातीं । इस  विषय पर लिखनेवाले  सचमुच बिरले ही कवि या लेखक हैं या होंगे जिन्होंने 'थर्ड जेंडर' कहे जाने वाले इन लाेगाें की विडम्बना पर इतनी गहरी संवेदनशीलता एवं गम्भीरता से लिखा हाे ।जिन लोगों को देखकर आम और बुद्धिजीवी माने जाने वाले लोग भी अधिकांशतः   रेल के डिब्बे में  देखकर ,सीट पर बैठे अखबार के पीछे अपना मुँह छिपा लेने में ही भलाई समझते हैं ऐसे लोगों पर  ऐतिहासिक उद्धरणाें एवं मिथकाें की सटीक उपस्थिति से दीप्ती जी ने कविता को और भी खास बना दिया है.. दीप्ति जी काे हार्दिक बधाई.. यूँ ही लिखती रहें ।                        
ब्रज श्रीवास्तव : .
मैंने लिखा था न कि दीप्ति कुशवाह की अभिव्यंजना अलहदा है, कथ्य भी वह नये ही लेकर आतीं हैं, तो  अब तो वैसा देखा आप सब ने,,,,, मेरी एक कविता है किन्नर पर केंद्रित, उसमें मैं एक घटना की वजह से कुछ कह सका था. पर यहाँ तो तवील ब्यौरा है जिसमें भाषिक बर्ताव और सहअनूभूत ख़यालात  मौजूद हैं,

लंबी कविता का निर्वहन तब मुश्किल होता है जब उसमें कोई घटना न हो, घटना को लेकर लिखना अपेक्षाकृत आसान काम है, लेकिन यहां कहानी नुमा कविता नहीँ लिखी जा रही है इसलिये यह वाकई दुष्कर रहा कि किन्नर जीवन पर एक लंबी नज़्म लिखी जाती, दीप्ति यह कर सकीं हैं,| मैं सोच रहा हूँ कि कुछ मिले, जिसे मैं कमी कहूँ ;पर नही मिल रहा, इसलिये यह और अच्छी कविता है, दीप्ति कुशवाह पर कभी यह आरोप ज़रूर लगेगा कि वह ललित भाषा का इस्तेमाल करती हैं, पर उनको इसी भाषा की वजह से अलग पहचान भी मिलेगी क्योंकि यह छायावादी नकल नहीं, एक अर्जित की गई भाषा है,. |आलोचकीय विवेक वैसे भी हम में नहीं, पर सुरेन और अरुणेश में हैं, देखिए न उन्होंने कैसे 'निर्वीर्य' शब्द के चयन पर अंगुली रखी. कुल मिलाकर साकीबा के लिए एक अच्छी प्रस्तुति.
🍿🍿

'                        
 Padma Ji: दीप्ति कुशवाह जी की अच्छी कविता। अब जब कविता अच्छी है तो डुबकियाँ लगा लगाकर उसमे से गलतियाँ निकालने की कोशिश क्यों की जाए।

कर भी लें तो सीप और माणिक्य मोती के आलावा कुछ न मिलेगा। 😀

दीप्ति जी को बधाई
ब्रज जी को धन्यवाद।

Dr Mohan Nagar Sakiba: लंबी कविताओं में श्री विष्णु खरे जी की कविताएँ प्रवाह के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ मानता हूँ मैं जो कब खत्म होती है पता ही नहीं चलता  ! कविताई के सौंदर्यशास्त्र में मुझे विजेन्द्र जी बेहतरीन लगते हैं और कथ्य के लिहाज से बहुत सी कविताओं में देवताले जी .. इस कविता में तीनों लेखकों की कविताओं वाली सफल खूबी के अलावा एक चौथी महत्वपूर्ण बात है इसकी मौलिकता  .. इस विषय पर इतनी महत्वपूर्ण और इतनी मुकम्मल कविता पहली बार पढ़ी मैंने  । पिछले साल " मोछु नटवा "पढ़ी थी और इस साल दीप्ति जी की ये अद्भुत रचना।

एक बहस अक्सर होती रहती है कुछ वरिष्ठ जनों से कि  - अब मौलिक नहीं लिखा जा रहा .. ये कविता अब रिफरेंस के लिए संरक्षित करता हूँ कि मौलिक लिखा रहा है .. लिखा जाता है अब भी  ।

Its an achievement to read such kind of poetry.. Awesome 👏                      
                     
Dr Mohan Nagar Sakiba: और भी बहुत कुछ पर फिलहाल तो पुर्नपाठ पुर्नपाठ .. इसे याद रह जाने तक पढ़ना है .. ऐसी कविताओं पर कोई प्रतिक्रिया भी बहुत छोटी लगती है .. एक आलेख तक  👏                      
                     
 Aalknanda Sane Tai: सुबह लिखने से चूक जाने पर शाम को ये संकट सामने आ जाता है कि अब क्या लिखें  और आज तो इस अद्भुत कविता पर ढेर सारा अद्भुत लिखा जा चुका है । यह कविता पहली बार पढी तब जैसी सिहरन हुई थी, वैसी ही हर बार होती है । रत्ती भर भी कम नहीं । दीप्ती की संवेदनशीलता को सलाम ।                      
                     
Sudhir Deshpande Ji: दीप्ति जी की कविता एक ऐसी दुनिया के पहलुओं को खोलती है, जिनके बारे में करूणा नही बल्कि अज्ञानतापरक दुर्भावनाएं भी समाज में प्रचलित है। सर्वथा उपेक्षित इस समुदाय में शिक्षा का भी प्रचार प्रसार नही है, केवल सामाजिक उदासीनता के कारण। इस पीडा के साथ सहानुभूत होना उस जीवन के साथ दीप्ति कुशवाह ने अपनी लम्बी कविता के साथ जोडा है।                      
                   
 Ravindra Swapnil: कविता मार्मिक नहीं के सब्जेक्ट मार्मिक है।                      
Sudhir Deshpande Ji: अविनाशजी और आरती जी ने निर्वीय दुनिया के वाशिंदे कविता के हर पहलु की अच्छी पडताल की है। दीप्तिजी ने भी कविता में इस समुदाय के प्रति सम्पूर्ण मानवीय दृष्टिकोण. रखते हुए दुनिया के उनके प्रति दुर्व्यवहार और असंवेदनशीलता को रेखांकित किया है। दिन भर मित्रों ने काफी विस्तृत चर्चा की। लगभग कविता की सम्पूर्ण व्याख्या शरददा ने प्रस्तुत की है।                      
                     
 Sandhya: दीप्ति की कविता बहुत उद्वेलित करती है मन को छूती है अच्छी कविता💥                      
अरुणेश शुक्ल : Is kavita ka ek sankat yeh bhi hai ki third sex ko purush me reduse  kr k dekhti.ya yah soch hai ki yah purush hain.Jo ki stree  aachran hetu baadhya hain.BT biologically aisa  ni hai.                        
] Suren: अरुणेश भाई मैंने भी इसे इंगित किया 👍🏽                      
                     
अरुणेश शुक्ल : Ise  aur lamba  likha Jana chahiye jisme unke satta prapti ke antah sangharsh jabardasti third sex me shamil kiya Jana ya mrityu ke baad ki unki karunik rashme shaamil hon.sawal ye bi kya karan RHA ki shikhandi wa arjun jaiso  ka example bhi inhe  garima na dila ska.yah bade kaam to krte rhe  par WO bhi sexual discourse se guzarte hue patriarchy verses other sex me tabdeel ho gya jisme vijay patriarchy ki hui.ek epistemological bada  discourse hai.par achhi kavita ke liye deepti ko badhai to banti hai.haan ise  aur likhe wo

 Dr Dipti Johri Sakiba: स्त्री पुरुष की बाइनरी में देखने का आदी समाज ,जनसँख्या के इस एक प्रतिशत से भी कम को नजरअंदाज करने में ही सुविधा देखता है ।दरअसल समाज में अन्य लैंगिक रुझानों को भी अनदेखा ही किये जाने की प्रवृति है जिसमे गे,लेस्बियन भो शामिल है । फिर यहाँ तो प्रकृति से ही लैंगिकता निर्धारित नही है। समाज  प्रकृति प्रद्दत लिंग के अनुसार अपेक्षित लैंगिक रुझान एक व्यक्ति पर कंडिशन्ड करता है ,व्यक्ति को सामाजिक नियमों के अनुसार खरा उतरना होता है जो व्यक्ति इतर रुझान रखते है वे समाज की मुख्य धारा में शामिल नही किये जाते है और इसके मूल में निश्चय ही समाज की व्यवस्थामूलक पितृसत्तात्मक शक्तियां कार्यशील होती है । उत्तराधुनिक नया ट्रेंड ही सभी बाइनरी को deconstruct करके हाशिये के लोगो को लाइमलाइट में लाने को उध्दत है इसी क्रम में ये सभी विमर्श relevant बने है स्त्री, दलित ,आदिवासी  ,इटर्लिंगी वगैरह ......यह कविता इन विमर्श की कड़ी में महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराती है ।इसके लिए कवयित्री को साधुवाद।    
कविता एकदम सही विवरणों के साथ अपने कहन में सफल है ,झकझोरती है बस थोड़ी और काव्यात्मकता हो सकने की सम्भावना जरूर है
विषय ही इतना उध्वेलित करने वाला है कि इस पर सहज ही मुझे कुछ दिन पूर्व पढ़ी अपर्णा अनेकवर्णा की किन्नर गाथा याद आ गयी . भावपूर्ण संवेदनशील कविता है
अपर्णा जी हो तो उसे भी लगाये उनसे अनुरोध है ।                      
 Sanjiv.jain: राजनीति ने जनता को जनसंख्या में बदल दिया। इससे डिगनिटी वस्तु से पहचानी जाने लगी। अनुपयोगी वस्तु को घर से बाहर कर दिया जाता है।
                   
अपर्णा: शुक्रिया दीप्ति! आपको वो कविता याद रही।
सबसे पहले टिप्पणी की बधाई लें। सटीक और संतुलित टिप्पणी है। 👏🏽👏🏽
आज दीप्ति जी की कविता का दिन है। फिर सही। 😊🙏🏽

Dr Mohan Nagar Sakiba: विषय से हटके एक बात। - इतनी उच्च स्तरीय रचना किसी भी लेखक के लिए एक अभिशाप सी भी होती है क्योंकि पाठक अपने अंतर में बहुत ऊँचा स्थान दे रखता है ऐसी एक रचना पर ही लेखक को .. फिर उसके बाद उस लेखक की जरा सी कमतर रचना भी सबसे पहले उसी पाठक को खलती है  । लेखक खुद भी जब नया लिखने बैठता है तो ऐसी रचना चुनौती सी सामने खड़ी हो जाती है कि इससे बेहतर लिख दिखाओ .. फिर बहुत अर्से तक कुछ नया लिखा नहीं जाता .. लिखा तो भी कमतर लगता है खुद को भी  .. मेरा व्यक्तिगत आंकलन है ये .. यदि किसी और के साथ ऐसा न हुआ / होता है तो इसे व्यक्तिगत वक्तव्य मानें। दीप्ति जी को पुनः बधाई                      
Dipti Kushwaha: मोहन जी, आपके पास बहुत गहरी दृष्टि है...सहमत हूँ मैं                      
Sanjiv. jain: दीप्ती जी आपकी कविता तो बेजोड है। मैं व्यस्तता के चलते विस्तार से लिख नहीं सका।                      
प्रवेश सोनी : दीप्ती सुबह स्वागत टीप लिखकर चुप हो गई सोचा था दिन में एक दो बार और पढ़कर विस्तार से लिखूंगी ।लेकिन सभी साथियों ने इतना लिख दिया की समझ ही नही आया की क्या बचा जिसे लिखूँ ।बहुत सारी नई जानकारियां भी हासिल हुई प्रतिक्रियाओं से ।एक बात और जो इनके जीवन के रस्मों रिवाजों के तहत बहुत पहले पता चली थी किसी शहर विशेष में इनका सामूहिक सम्मेलन होता है ।कहाँ और कब इसकी पूरी जानकारी नहीं है ।  इस सम्मेलन में भारत के सभी क्षेत्रों से ये इक्कट्ठे होते है और कोई विशेष रस्म निभाते है ।
सुना भर है ,ठोस सबूत नही है इस बात के ।किसी को इस बारे मैं जानकारी हो तो अवश्य चर्चा करें ।

किन्नरों के जीवन से जुडी हर बात आज अचम्भित कर रही है ।
एक बार और शुभकामनाएं प्रिय दीप्ती ।
🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

मणि मोहन जी :  साहित्यिक विमर्श की कोई धारा भी
छूते हुए नहीं निकलती इनको "

 प्रेमचंद गाँधी जी :  दीप्ती जी की यह  एक जेन्युइन कविता है और इस दौर में फैशन की तरह लिखी जा रहीं या महज सनसनी पैदा कर अपने नाम का झंडा गाड़ने के लिखी जा रहीं कविताओं के बीच एक अलग तरह की कविता के दृश्य में हमे प्रवेश करने और विचार करने को मजबूर करती है ।बहुत बधाई ।

अछूते विषय पर लिखना एक अलग बात है और उसे संवेदनाओं के घटाटोप में डूबते-उतरते और लथपथ होने के कगार पर नूह की नौका की तरह बचाकर ले आना एक अलग ही बात है।
भारतीय उपमहाद्वीप में किन्नरों के साथ जो सामाजिक व्यवहार किया जाता रहा है, उसे इतनी सघन काव्यात्मक संवेदनाओं के साथ एक आत्मालोचन और आत्म-प्रताड़ना के साथ काव्य रूप में देखना हमारे अपने ही जीवन की एक ऐसी निर्मम आलोचना है कि हमें अपने इतिहास से लेकर वर्तमान तक पर गहरा क्षोभ होता है कि हमने नैसर्गिक रूप से किंचित् भिन्न अपने ही समुदाय के साथ यह कितना बड़ा अपराध और अन्याय किया है।

सूरज प्रकाश सर : दीप्ति की कविता पढ़कर लगा कि हम इस वर्ग के प्रति कितना कम सोचते हैं। पूरे हिंदी साहित्य को खंगालने पर गिनती के पांच उपन्‍यास और चार ही फिल्में नजर आती हैं। दीप्ति को बधाई कि एक सशक्त कविता के जरिए हमें झकझोरा। ये काम सजग रचनाकार ही करते हैं

अरुणेश शुक्ल : Bhai ek baat hai jaise  stree  paida  ni hoti banayi jati  hai waise kinnar bhi.unki nirmiti bhi social construction hai                      
 Is shabd me value loading ki prakriya hme samajhni hogi.yah establish krna hoga ki WO jyada se jyada ek sexual decision bhar hai socio political n cultural division power construction hai                      
  Is tarah inki  nirmiti ek vrahattar power discourse ka hissa hai.jahan  inke share inke ango pr valueloading  kr  khaskar santaan  prapti ke sandarbh me apne paurush wa varchasva ko legitimise karti hai.santaan  prapti wa paida  karne ki power ko ek moolya ke roop me pratisthit krti.sexual pleasure yha mulya ni balki  santaan  prapti hai.yah ek wider power discourse hai Jo patriarchy ko majboot krta .in par baat krna is patriarchal varchasva ko todna hai.deepti ji isiliye badhai ki paatra hain baki kala sadhte sadhte sadhti hai  
                   
 Komal Somrwaal: बहुत ही प्रासंगिक रचना.. एक संवेदनशील मुद्दे पर प्रकाश ड़ाला। कितने गहरे भावों,वेदनाओं,अश्रुओं,दर्दों का यथार्थ चित्रण.. मेरे पास शब्द नहीं.. सिवाय अद्भुत के। आपकी लेखनी को नमन.. 👏🏼👏🏼                                            

हरगोविंद मैथिल किन्नरों की दुनिया एक अलग तरह की होती है, जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी कम ही होती है ।दीप्ति जी की लम्बी कविता उनके जीवन का विस्तृत और बहुत बारीकी से विवरण  प्रस्तुत करती है ।
किन्नरों को भी ससम्मान जीने का हक होना चाहिए ।समाज उनका मजाक न उड़ाये और न ही घृणा की दृष्टि से देखे, जबकि समाज के प्रति ऐसी  सम्मानित भावना उपरांत भी किन्नर, समाज में तिरस्कृत और बहिष्कृत है ।इनके आधे अधूरेपन की वजह से भले ही समाज इन्हे अपना अंग मानने से इंकार करता रहे, लेकिन वास्तविकता यही है कि ये समाज के अंग है ।दिव्यांग लोगों की तरह किन्नर भी लाचार है, जबकि इन्हे तिरस्कार व उपेक्षा की नहीं बल्कि प्यार और सम्मान देने की जरूरत है ।
बधाई दीप्ति जी, आभार ब्रज जी ।
विलम्ब के लिए क्षमा

************************************************************************

 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने