Friday, June 24, 2016


राजस्थान की पृष्टभूमि पर दो बिनब्याही माओं की कहानी ,जिसे अपनी सुगड शब्द शैली में लिखा  है सुश्री वंदना देव शुक्ल ने |बिन ब्याही माँ होना समाज की द्रष्टि में एक ऐसा कलंक है जिसे पीढियों तक ढोना पढता है |राजस्थान की भूमि ...जहां शूरवीरों की गाथा गाते जुबां नहीं  थकती ,वहीं बांदी बनाई गई स्त्रीयों  के शोषण की कई कहानियाँ इस मिटटी में  दफ़न है |
प्रस्तुत कहानी ,विलासी रजवाड़ों  के  कूटनीति की दास्ताँ है | रिसाला के किरदार में स्त्री एक वस्तु की तरह दासता में बंधी दहेज़ में आती है  ,,जहाँ उसका ,उसके तन और  मन पर कोई अधिकार नहीं रहता | वो छली जाती है भोग्या बनाई जाती है, अप्रत्यक्ष रूपसे मातृत्व को बचाने की खातिर अंत में निष्कासन .......और समाज द्वारा उसे हीन द्रष्टि का उपहार |जिसे वो नम आँखों से स्वीकार करती है |कहानी में भाषा का प्रवाह पाठक को बांधे रखता है सामंती परिवेश का चित्रं भी सटीक और बांदी के किरदार में रिसाला के जीवन की जद्दोजहद को खूब उकेरा है | 
वंदना देव शुक्ल 
परिचय ...
शिक्षा -- बी एस सी, एम . ए , एम म्यूज , बी. एड, डिप्लोमा इन फ़ूड एंड न्यूट्रीशन (मुम्बई) , शोध कार्य  (हिन्दी )
२०१० में पहली कहानी वागर्थ  में उड़ानों के सारांश'' प्रकाशित | तद्भव, हंस, कथादेश , परिकथा, कथाक्रम, , पहल, नया ज्ञानोदय, आउट  लुक, जनसत्ता, रसरंग (भास्कर ), पाखी, लमही  सहित हिन्दी की लगभग सभी प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में कहानियाँ /लेख प्रकाशित |
आकाशवाणी कलाकार (सुगम संगीत एवं नाटक ) अस्थाई उद्घोषक, 
रंगकर्मी |प्रेमचन्द की तीन कहानियों का नाट्यरूपांतरण , एवं मंचन ( निर्देशन )
कहानी संग्रह ''उड़ानों के सारांश '' एवं  उपन्यास '' मगहर की सुबह '' प्रकाशित | कथासंग्रह ''दूसरी इबारत'' शीघ्र प्रकाश्य 
पुरस्कार /सम्मान 
कमलेश्वर कथा सम्मान ( मुंबई)
कथादेश एवं सर्नुनाह ( सिंगापुर ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ''रहस्य कथा प्रतियोगिता '' में पुरस्कृत 
बी एस ऍफ़ (इण्डिया) द्वारा आयोजित सरहद की कहानियाँ में पुरस्कृत  (देहली)
शब्द निष्ठां पुरस्कार ( अजमेर)
कादम्बिनी कथा लेखन पुरस्कार (ग्वालियर)
संबोधन , मध्य प्रदेश के रचनाकार,गाथान्तर , यात्रा, कविता संकलन (बोधि प्रकाशन ),शतदल आदि के  कहानी /कविता  संकलन '' में कहानी/ कविता  चयनित /प्रकाशित 
कहानियों का तमिल, उडिया, उर्दू, पंजाबी , गुजराती , कन्नड़ भाषा के अतिरिक्त अंगरेजी व् चीनी भाषा में अनुवाद 
हाल ही में क्रोएशिया यूनिवर्सिटी ( योरोप) के इंडोलोजी विभाग के पाठ्यक्रम में तीन कवितायें शामिल 
सम्प्रति - शिक्षिका ( राज.)-

कहानी
======
                          *चरम मोक्ष*
२७ अक्टूबर २००५
मैं अनब्याही माँ की संतान हूँ और मेरी बेटी भी | यद्यपि मेरी माँ ताजिन्दगी लज्जा को औरत का गहना मानती रहीं पर बचा नहीं पाईं जबकि मैंने पाखंडों को नकारते हुए मर्यादा की मिसाल कायम करना चाही ,पर ..... |मैं और माँ दौनों ही अपने अपने ‘’विश्वासों’’ के हाथों पराजित हुए | राई बराबर फर्क के साथ हम दौनों माओं में एक फासला रहा | माँ परम्परा की ओट में माँ बना दी गईं और मैं परम्पराओं को तोड़ने की जिद में माँ बनी | मेरे मन के भीतर जिद्द की कई गठानें हैं उन्हें एक एक कर खोलना ही अब मेरी ज़िंदगी का मकसद है |अपनी माँ के लिए मैं दुनिया का सबसे खूबसूरत बोझ थी लेकिन मेरी बेटी मेरे लिए एक सतत चुनौती है |
माँ को अग्नि के हवाले कर ,म्रत्यु के उस हवन कुंड में उनकी तमाम कुंठाओं,पीडाओं की आहुति दे और उस अभिशप्त धरती ,जहाँ कहते हैं कि मैं पैदा हुई थी से अलविदा कहकर वापस अपने कुरुक्षेत्र बेंगलोर लौट रही हूँ | उसी पीठ से मुह फेरकर जो बुरे दिनों में मेरी एक मज़बूत टेक थी | माँ निर्दोष होते हुए भी जीवन पर्यंत स्वयं को दोषी मानती रहीं, क्या इसलिए कि उन्होंने अपने भविष्य बल्कि समूचे जीवन को एक सुरक्षापूर्ण बंधन से मुक्त कर स्वयं को एक खुले युद्धक्षेत्र में झोंकने का दुस्साहस किया था लेकिन सामंतवाद की जड़ें उखाड़ फेंकने में असफल रहीं ? माँ जिन्हें मेरे संघर्ष समझती थी उस चुनौती और प्रतिशोध को देखने के लिए काश वो कुछ दिन और जिंदा रहतीं
अंतिम नमन माँ ...
किराए के मकान के उस फर्स्ट फ्लोर के कमरे में ,जहाँ मैं नौकरी के शुरुवाती दिनों में रही थी और अभी दो दिनों से रह रही थी, तकिये के नीचे मुझे ये पुर्जा मिला था
सुनो...मैंने झाडू बुहारू करने वाली बाई को टेरा जो छत की सफाई कर रही थी
हाँ जी ...
मेरे बाद यहाँ कौन किरायेदार आया था ?
कोई नहीं
मेरा मतलब इस कमरे में ?
वो कुछ देर सोचती रही ...फिर कुछ हिकारत से बोली ...किरायेदार तो कोई नहीं आया मैडम जी |हाँ ,वो बांदी की छोरी है न सुनीता ...अपनी माँ के ख़तम होने पर वो ही आई थी यहाँ ..वो रही थी इसमें ..बस कुछ घंटे के लिए ..फिर चली गयी हवाई जहाज से ..अंतिम पंक्ति उसने कुछ आश्चर्य से कही |
रिसाल की बेटी ? ..
जी मैडम जी वही रिसाल ..जो अम्माजी के कने रहती थी | बांदी....जैसी महतारी वैसी बेटी ...ऐसी औरतें तो..
जस्ट शटअप ...जाओ यहाँ से ..मैं अचानक जैसे फट पडी |वो घबरा गयी और वहां से भाग गयी
वो कागज का टुकडा उलटते पुलटते हुए न जाने कितने द्रश्य कितनी कहानियाँ आँखों से होकर गुज़रने लगे|’मैंने वो चिट्ठी अपने सिरहाने तकिये के नीचे रखी और आँखें मींचकर लेट गयी |                                                
                                (१)
‘’रिसाल कंवर खत्म हो गयी’’ ....खबर क्या थी एक ज़लज़ला था |
रिसाल अकेली ख़त्म नहीं हुई | न जाने कितनी त्रासदियाँ,कितनी परम्पराएं,कितनी जर्जर हवेलियों के भीतर के सच ,कितने रस्मो रिवाज़ और तहजीब उसके साथ दफ़न हो गईं | एक पूरा युग बनाम राजपूताना इतिहास हवा के झोंके की नाईं आँखों के सामने से सहसा गुज़र गया ....|.सदाबहार मुस्कराहट, अदब कायदे ,तीखे नाकनक्श,बोलती ऑंखें ,तराशी हुई देह | इस रूखे सूखे प्रदेश में रिसाल की उस मनमोहक मुस्कान के साथ स्वागत की नर्म बैछारों का सुखद अहसास यहीं हुआ था |मकान नंबर १३४ब शिव कॉलोनी ,नूतन बाजार की गली नंबर तीन की इस कोठी’ में  | ये तब का वाकया है जब मैं अपनी तमाम स्म्रतियों ,आगाहों व् हिदायतों को अपने साथ बटोरे मध्य प्रदेश से आठ सौ किलोमीटर की यात्रा कर राजस्थान के इस सूखे सट्ट इलाके में शिक्षिका की नौकरी के लिए बज़िद आई थी  न जाने कितना खोकर ..न जाने क्या पाने |राजस्थान और राजस्थानियों से ये पहला ही तार्रुफ़ था नहीं तो अभी तक तो बस फिल्मों में ही यहाँ के रेतीले टीले,राजे रजवाड़े,महल,हवेलियाँ ,ठकुराई और बोली बानी सुनी थी |
भारत के नक़्शे में राजस्थान का ये हिस्सा डेज़र्ट एरिया में आता था |ट्रेन मैं ऑंखें मींचे यहाँ के जो काल्पनिक द्रश्य बना कर आई थी वो तो दूर तक रेत का समुद्र ,ऊंट गाडी, सूखे लम्बे बबूल के दरख्त और तपती धूप में दूर दराज़ से पानी ले जाती हुई सर पर मटकी रखी औरतें थीं | देश के उस मशहूर एजुकेशनल इंस्टीट्युट की उस विशाल केम्पस बाउंड्री के बाहर का कस्बा बिलकुल वैसा ही था जैसा राजस्थान के किसी आम कसबे को होना चाहिए| झुलसे हुए पेड़ पौधे ,कंधे पर पड़े अंगोछे से पसीना पोंछते रिक्शा खींचते आदमी , सडकों पर डोलते बैचेन गाय ,बैल और कुत्ते  ,सूखे से अघाए खेत, लेकिन जब रिक्शा बस स्टेंड से निकलकर केम्पस में प्रविष्ट हुआ तो उसकी हरियाली और सुन्दरता देख कर मन प्रफ्फुल्लित हो गया |राहत मिली कि हमारी दुनिया तो यहाँ बसेगी वहां नहीं ,लेकिन ये खुशी ज्यादा देर नहीं टिक पाई जब पता चला कि परिसर के अन्दर अभी एक भी स्टाफ क्वार्टर खाली नहीं है| अभी आपको स्कूल केम्पस के बाहर कसबे में ही किसी किराए के घर में ही रहना होगा |यद्यपि हाउस रेंट स्कूल दे रहा था और ये भी कहा गया था कि जैसे ही कोई क्वार्टर खाली होगा सबसे पहले आप को ही देंगे | बहुत बुझे मन से मैं अपना सीमित सामान लेकर स्कूल द्वारा मेरे साथ भेजे गए उस बूढ़े मारवाड़ी चपरासी के साथ ऑटो रिक्शा में बैठ गयी जिसने रास्ते में मुझे उस घर जिसमे मैं किराए पर रहने जा रही थी के संक्षिप्त इतिहास और उसकी वर्तमान स्थिति के बारे में यथासंभव पर्याप्त से ज्यादा ही बता दिया |उन कस्बाई खूसट सड़कों पर उछलते,कूदते  से चलते ऑटो की खड़ खड़ में मैं जितना सुन पाई उसका सार संक्षेप ये था कि ये घर यहाँ के पुराने ‘सेठ’ स्वर्गीय दीनानाथ जी शर्मा का है जो एक बड़े ठेकेदार थे अब उस कोठी में उनकी पत्नी एक सेविका के साथ अकेली रहती हैं |कहाँ कॉलेज केम्पस की वो साफ़ चमकती लम्बी चौड़ी कोलतार पुती सडकें ,स्कूल व् कॉलेज की भव्य इमारतें ,व्यवस्थित स्टाफ क्वार्टर और बड़े बड़े पार्क और कहाँ स्कूल गेट के बाहर का ये ठेठ राजस्थानी कस्बा |सामने से हिचकोले खाती ऊँट गाडी जिसपर ऊंघता हुआ एक आदमी सवार था और निश्चिन्त खरामा २ चलता वो ऊंट जिसके चेहरे पर सुस्ती,बेफिक्री और जीवन की निस्सारता टंगी थी मस्त जुगाली करता हुआ चला आ रहा था |उधर एक छकडा जिसमे गधा जुता हुआ था सवार लड़के के चाबुक से पिटता बहराया भागा जा रहा था |लाल मटीली कच्ची सडक के आसपास मिट्टी की चिनाई पर चूने की पुताई हुई ऊबड़ खाबड़ सी दीवारों वाली छोटी २ कपडे,नाई ,बढ़ई, सब्जी आदि की दुकानें | दूकान पर बैठे अलसाए से ,टाईम पास करते दुकानदार | कुछ दुकानदार ज़मीन पर दरी बिछाकर आसपास की गतिविधियों से बेखबर बिंदास ताश खेलते हुए |उस किराए के घर के भी मेरे मन में अजीबोगरीब बल्कि डरावने से बिम्ब बन बिगड़ रहे थे लेकिन जब मकान मालकिन शर्मा आंटी को और घर देखा तो नितांत संतोष हुआ कि वैसा बिलकुल भी नहीं है ये जैसा सोचा था |
 वो एक अपेक्षाकृत साफ़ सुथरी कॉलोनी में एक बड़ा मकान था जिसे यहाँ कोठी कहते थे  |मकान के बाहर नेमप्लेट थी जिस पर अंग्रेजी में ‘’शर्माज’’ लिखा था|
जब मैं अपना सूटकेस लेकर ऑटो रिक्शा से उस ‘’कोठी’’ पर पहुँची तो आंटी जी बाहर दालान में ही बैठी ‘’राजस्थान पत्रिका’’ पढ़ रही थीं |
’’या मैडम जी आपके घर्यां रहण खातर आयां से जी | स्कूल से थारे कन्ने कोय मेसेज आयो होगो ‘’साथ आये मारवाड़ी पियूंन ने मेरा परिचय दिया 
उन्होंने घूरकर मुझे देखा फिर अपनी भारी आवाज में बोलीं ‘’हाँ हाँ आया था फोन हमारे पास ...वो देख लो ऊपर का कोने वाला कमरा ..वही है किरायेदारों का | लेट बाथ उसी में अटेच्ड है |’’ उन्होंने कुछ रूखेपन से कहा और फिर सहज भाव से पेपर पढने लगीं | वो वृद्ध स्त्री जो इस दुमंजिली कोठी की मालकिन थी यानी आंटी जी पहली मुलाक़ात में मुझे कुछ रूखी ,तटस्थ और मतलब से मतलब रखने वाली स्त्री लगी थीं |
जी थेंक्यु मैंने कहा और सीढियां चढ़कर कमरे की चटखनी खोलकर अन्दर चली गयी |पियूंन ने मेरा सामान कमरे में रखा और कहा ‘’मैडम जी ,माताजी घणी भली औरत हैं |संकोच मत करना |जो ज़रुरत हो उनसे कह देना ‘’ कहकर वो चला गया | शर्मा आंटी के पति का देहांत हो चुका था |एक बेटी अंजू थी जो विवाहित थी व् बेंगलोर की एक कम्पनी में सॉफ्ट वेयर इंजीनियर थी |आंटी एक तरक्कीपसंद ,सह्रदय और समझदार महिला थी | उनका परिवार यहाँ का पुराना रसूखदार और रईस परिवार था जो झरते झरते अब बस आंटीजी पर टिका था |
मेरा कमरा छत पर एकांत में ,खुला,हवादार और शांत था |बड़ी बड़ी दोतरफा खिड़कियाँ जिनमे मोटे परदे झूल रहे थे | मैंने पर्दा खिसका दिया और सूटकेस एक और टेबल पर रख दिया और बैड पर बैठकर चारों और देखने लगी |तभी एक औरत ने कमरे में प्रवेश किया |पीला लाल छींटदार लहंगा ,लाल छापे की लूंगडी ,पीली ओढ़नी हाथ भर भर पहने चूडले ,बोडले को ढंकता माथे तक पल्लू और बेहद खूबसूरत उस औरत ने जब हाथ जोड़कर मुस्कुराकर ‘’राम राम से मड्डम जी ‘’ कहा तो मैं एक पल के लिए ठिठकी उसे देखती रह गयी | किसी अनजान शहर में जहाँ कोई हमको नहीं पहचानता वहां कोई इतने अपनापे से स्वागत करे तो एक सुखद सी अनुभूति होती है |लम्बे सफ़र की थकान और अपरिचित जगह की शंकाएं दौनों ने मिलकर मन को बड़ा बैचेन कर रखा था | गर्मी और थकान से बुरा हाल था |
नमस्ते ...मैंने उसका ज़वाब दिया ..|कहना चाहती थी कि राम राम से बेहतर था कि एक ग्लास ठंडा पानी पिला देती |औरत कमरे से बाहर जा चुकी थी |
मैं खिड़की के पास खडी हो बाहर झाँकने लगी |गर्मी की उस मरुस्थलीय दोपहर में इक्का दुक्का लोग उस गली में आते जाते दिखाई दे रहे थे | कुछ देर पहले बारिश के कुछ छींटे पड़े थे और अब धूप खिल आई थी |उमस और बढ़ गयी थी | नई जगह और नए लोगों को देखकर थोडा असहज सा महसूस करना स्वाभाविक था |जैसा शुष्क प्रदेश है वैसे ही लोग ...मैं सोच रही थी|
गला अलग प्यास से तडक रहा था लेकिन वहां कोई ऐसा दिखाई नहीं दे रहा था जिससे पानी मांगूं |वो औरत भी न जाने कहाँ गायब हो गयी थी |कोठी क्या है कोई पुराने हवेली सी है |भूल भुलैया...|इतने सारे कमरे जैसे ज़मीन के नीचे खोहें हों |’’क्यूँ बनाते थे पहले के लोग इतने बड़े बड़े घर ? क्या उन्हें लगता था कि वो सब अमृत पीकर आये हैं ?हज़ारों साल इन मज़बूत और नक्काशीदार कमरों में राज करेंगे?...इतने विशाल सन्नाटेदार घर में दो खँडहर सी औरतें |एक तन से एक मन से |इनके बीच में ये कहाँ आ गयी मैं ...|सब ने कितना समझाया था कि यहीं भोपाल में और अच्छी नौकरी मिल जायेगी लेकिन मेरी जिद्द को टालना भला किसी के वश का रहा है ?और जिद्द जब फितूर में तब्दील हो गयी हो ?अब पछताए होत क्या ....भोपाल की पिछली नौकरी भी अब भूतकाल हो चुकी थी |
मद्दम जी लो पाणी पियो...वही ‘वेश’ वाली औरत मेरे पास मुस्कुराती हुई ट्रे में पानी का गिलास लिए खडी थी |
ओह थेंक्यु ...धन्यवाद ..दरअसल मुझे समझ में ही नहीं आ रहा था कि इस औरत का किन लफ़्ज़ों में शुक्रिया अदा करूँ ?इसके ठेठ राजस्थानी वेशभूषा से लगता तो नहीं था कि ये कोई और भाषा समझती होगी |
एक बात कहूँ मैडम जी ?
हाँ हाँ कहो ...लेकिन मुझे मैडम नहीं कुछ और कहो |
वो कुछ और जोर से हंसी .गोया ताजगी के कई सुगन्धित फूल एकसाथ कमरे भर में बिखर गए हो .’’क्या कहूँ आप ही बताइए’’ ..
कुछ भी ...मैंने कहा
अच्छा ठीक है ..दीदी जी कहती हूँ
हाँ ठीक है..दीदी से भी काम चल जाएगा ..मैंने मुस्कुराते हुए कहा
दीदी खाणा तो नहीं खाया होगा आपने |बताइये क्या खायेंगी ?कुछ हलका फुल्का बना दूँ या फिर दाल रोटी सब्जी सब ?
अरे नहीं मुझे बिलकुल भूख नहीं है ...बना सको तो थोड़ी चाय बना दो
ठीक है जी ...लेकिन थोडा तो कुछ खा लीजिये |खाली पेट चाय मत पीजिये ..बाय  करती है जी ... 
नहीं नहीं ...बस चाय ..मैंने कहा 
खाना बनाने में तो अभी देर है |मेरे पास रोटी और लहसुन का अचार पड़ा है ..घर का बना ..आपको कोई एतराज़ न हो तो ले आती हूँ
अरे नहीं २ ...बस चाय बना सको तो बना दो ‘’ मेरे स्वर में कुछ खीज थी |...क्या चेंट औरत है भाई ? यहाँ तो थकान से बुरा हाल हो रहा है और ये खाने की जिद कर रही है |हालाकि मैं कल की भूखी थी लेकिन थकान और नींद ने भूख को पीछे खदेड़ दिया था |
मैं कहती ही रही और वो जाकर एक स्टील की तश्तरी में लहसन का अचार और मोटी मोटी दो रोटी ले आई | ‘’खायेंगी तो भूख खुल जायेगी ‘’हँसते हुए उसने बहुत ही प्रेम से मेरे सामने रख दिया
अरे दो रोटी ?नहीं नहीं ..इतना नहीं बस एक दो कौर
ठीक है जी एक रोटी खा लीजिये  |परदेस में आकर ऐसे भूखे नहीं रहते ...
उसके इस आत्मीय अनुरोध में न जाने कैसा सम्मोहन था मैं मना नहीं कर पाई और मैंने एक दो गस्से उसके कहने पर खा लिए |
 और खाओ न जी ...वो खुश दिखाई दे रही थी ..
मैंने हाथ से ‘बस’ का इशारा किया...’’बहुत टेस्टी बनाया है ‘’ मैंने कहा | मेरे इस कहने में कहीं कोई बनावटीपन नहीं था ..वाकई लाज़वाब था 
क्या नाम है तुम्हारा ?मैंने पानी पीकर गिलास ट्रे में रखती हुए कहा
रिसाल है जी ..उसने मुस्कुराते हुए कहा |
यहाँ काम करती हो?
हाँ जी ....माताजी भोत अच्छी हैं ..उन्होंने मुझे अपने घर में एक कमरा रसोई दे रखी है |यहीं रहती हूँ |नौकरानी नहीं हूँ बस समझ लीजिये सेवा करती हूँ माताजी की ..बिचारी वो भी अकेली हैं जी ..हम दौनों एक दूसरे का सहारा हैं |
ठेठ राजपूताना पोशाक और कितनी साफ़ हिन्दी ... कितनी मीठी बोली ...मैं उसकी तहजीब पर फ़िदा थी
 ‘’कोई काम हो तो बुला लेना दीदी जी ...बस यहीं रहती हूँ वो कमरा देख रही हैं न नीचे ...रसोई के बाजू..उसमे
 ..आप बहुत अच्छी हैं ...मैंने कहा वो हंसने लगी |
’’दीदी जी जानती हूँ न नए शहर में आये लोगों की दिक्कतें ?’’उसने तश्तरी उठाते हुए कहा
एक बार जब वो ऊपर चाय देने आई मैंने उससे पूछा ‘’तुम्हारे बच्चे हैं “?
हाँ जी एक बेटी है ...माताजी की बेटी अंजू जी के साथ बंगलौर में रहती है |वो ही उसे पढ़ा रही हैं |
तुम्हारे पति भी यहीं काम करते हैं ?
दीदीजी ...आपका स्कूल का टाईम क्या होगा |मैं आपको नाश्ता बनाकर दे दूंगी |लंच आप आकर खा ही लेंगी ..उसने बात पलट दी
ये तो सही २ कल पता पडेगा जब ज्वाइन करूंगी |लेकिन नाश्ते के लिए परेशान मत होना |मुझे वैसे भी नाश्ता करने की आदत नहीं है |और लंच मैं वहीं स्कूल मैस में ले लूंगी
अरे दीदी ..रहेंगी यहाँ हमारे घर में और लंच वहां खायेंगी ..ऐसा नहीं चलेगा उसने हँसते हुए कहा |माताजी के लिए तो बनाना ही पड़ता है न ...आप जिस टाईम पर कहेंगी आपको भी बना दूंगी |
मुझे दो हफ्ते हो चुके थे यहाँ रहते हुए |मैं कमरे से बाहर कम ही निकलती |स्कूल से आकर सीधे कमरे में | अब धीरे धीरे यहाँ के माहौल में रच बस रही थी |स्कूल जाने का समय निश्चित था लेकिन आने का अनिश्चित |वजह मीटिंग ,एक्स्ट्रा क्लास वगेरह होना | लेकिन रविवार को हम लोग साथ बैठकर खाना खाते |मैं और आंटी जी उन्ही की डायनिंग टेबल पर |रिसाल गर्मागर्म फुल्के सेंककर देती जाती |खूब अपनापे से खिलाती |कमाल का स्वाद था उसके हाथ में |आंटी जी अब मुझसे थोड़ा घुल मिल रही थीं |अपनी व्यक्तिगत बातें भी शेयर करतीं |छुट्टी वाले दिनों में हम दौनों बाहर आँगन में बैठते और दुनिया जहाँ की बातें करते |साथ बैठकर टी वी देखते और धारावाहिकों पर चर्चा करते| कभी कभी हम दौनों सामने वाले मार्केट में सब्जी वगेरह लेने भी चले जाते |
कस्बा छोटा था | आधुनिक मॉल संस्कृति वाले बड़े शहरों जैसी यहाँ फितरत नहीं थी | टुच्ची २ बेईमानी, चोर उचक्के ,धोखाधड़ी के बावजूद यहाँ के लोग सह्रदय, सहयोगी व् आपस में सरोकार रखने वाले थे |
रिसाल जब कमरे में चाय वगेरह देने आती तब कुछ अनौपचारिक वार्तालाप भी हो जाता |एक सोंधी सी गंध वाला पौराणिक सौन्दर्य और आत्मीय स्वभाव के बेजोड़ मेल का अनूठा व्यक्तित्व था उसका |अ रेयर ब्यूटी | मैं उसे ‘’बनी ठनी’’(राजस्थानी कलाकृति) कहती थी और वो खिलखिलाकर हंस देती
’’आप भी जी...
.’’तुम हो ही इतनी खूबसूरत ...कहे बिना रहा ही नहीं जाता |शहरी औरतें तो इस रूप सौन्दर्य के लिए जाने क्या क्या नहीं करतीं ..मेरी इस तारीफ़ पर उसे खुश होना चाहिए था  ...लजाना चाहिए था लेकिन वो अचानक बुझ सी जाती ....क्या उमर है तुम्हारी ?
 जी ठेठ तो पता नहीं ..यही पैंतालीस पचास के आसपास ..
.माशाल्लाह ..इस उमर में इतना रूप तो फिर ..
.अच्छा मैडम ...जाणा है ..कहकर वो चली जाती ...
यहाँ कुछ दिन रहने के बाद मुझे ये अहसास हो गया कि रिसाल में कुछ विरोधाभासी गुण हैं |जैसे वो जन्मजात गरीब और अपढ़ है लेकिन उसकी बोलचाल निहायत पढ़े लिखे लोगों जैसी और रहन सहन सुसंस्कारित है |बेटी का ज़िक्र वो कभी नहीं करती न ही उसकी बेटी यहाँ आती | पति का नाम लेते ही वो उदास हो जाती और बात पलट देती |मुझे उसके अतीत को जानने का एक अजीब सा जूनून पैदा हो गया |रिसाल के कुछ चारित्रिक रहस्य मुझे उसके बारे में जानने को उकसा रहे थे |सायकोलोजी की टीचर जो ठहरी ....लेकिन ये ‘’केस हिस्ट्री’’ इस कदर अजीबोगरीब होगी ,वाकई मुझे इल्म न था |
धीरे धीरे रिसाल की उस तहजीब और उसकी अजीबोगरीब ज़िंदगी से पर्दाफ़ाश होने लगा निस्संदेह उसका मुख्य निमित्त आंटीजी थीं |और फिर सामने खडी थी हिन्दुस्तान की एक बेबस ,बहादुर और ज़िंदगी से बाकायदा मुठभेड़ करती वो निपट राजपूताना स्त्री ... जिसके नसीब पर बड़े बड़े हर्फों में खुदा था ‘’बांदी’’|
कहानी कुछ यूँ थी ...
रिसाल चौदह बरस की उम्र में पास के ही एक छोटे और पौराणिक शहर में एक राजशाही राजपूत खानदान जिनका ताल्लुक छोटी मोटी रियासत से था के परिवार में ठाकुर साहब के बेटे की पत्नी के साथ बांदी बनकर दहेज़ में आई थी |तात्कालीन रिवाज के मुताबिक बांदी सदा के लिए उस घर की सेविका बनाकर भेजी जाती थी | इस तबके की औरतें ब्याही नहीं जातीं थीं |वो फ़कत एक खानदान की ‘बांदी’ बनकर जीवन गुजारती थीं |उनकी देह भर उनकी अपनी होती थी ,लेकिन उनके तन और मन पर उनके मालिकों का हक होता था| ये बुराई नहीं रवायत थी |राजपूताना शान मानी जाती थी | इन औरतों की इस तन मन की कुर्बानी के एवज में उन्हें ताजिन्दगी हवेली के भीतर रहने,भोजन ,पहनने ओढने और सुरक्षा की सुविधा मुहैया थीं |ये लड़कियां उन गरीब घरों से ताल्लुक रखती थीं जो पैदा होते ही ‘’अफीम चटा कर मार दिए जाने ’’ के चलन से भाग्य (?) से बच जाती थीं |तब उन्हें जीवन सुरक्षा और संघर्ष हीन गुज़ारने की गर्ज़ से बचपन से बांदी बनने की ट्रेनिंग दी जाती थी | घरवालों को उसकी अच्छी खासी रकम भी दी जाती थी |लड़कियों को किसी रईस औरत के साथ दहेज़ में भेजने के साथ ही उनकी याद पर मिट्टी डाल दी जाती |
रिसाल को भी तहजीब ,सहनशीलता और सेविका का पूरा प्रशिक्षण उसी के घर की औरतों द्वारा देकर भेजा गया था ताकि शिकायत का कोई मौक़ा न आये | |जितनी खूबसूरत और हुनरमंद बांदी उतना रसूखदार ठकुराइन का खानदान माना जाता और उतनी ही ससुराल में उनकी इज्ज़त यानी वाह वाही |ठाकुर विश्राम सिहं की नई नवेली पत्नी ठकुराइन सुदर्शना कंवर रुआब दार,भरे बदन,गेहुएं रंग और सामान्य नाक नक़्शे की स्त्री थीं लेकिन उनके साथ दहेज़ में आई बांदी कमसिन रिसाल ने अपनी खूबसूरती व् हुनरमंदी से उनकी हर कमज़दी को ढँक लिया था | फिलहाल रिसाल कंवर का काम ‘बींदणी’’ की सेवा करना था |उन्हें वो ‘’रानी सा’’ कहती थी | उनको उबटन लगाना ,स्नान कराना , उनकी केशसज्जा ,साज श्रंगार और उनकी हर ज़रुरत को पूरा करना ही बांदी का काम था |यहाँ रिसाल को राजपूती सुहागिन स्त्री की पोशाक यानी ‘’वेस’’ पहनना पड़ता और माथे तक पल्लू रहता जो ताजिन्दगी उसके ज़ख्मों को छिपाता रहा |
वो जब शुरू में हवेली में आई तो उसे कुछ दिन अच्छा लगा |रिसाल छोटी ठकुराइन यानी अपनी मालकिन का खूब ख्याल रखती |ठकुराइन भी उससे सखी की तरह पेश आतीं |उन्हें तनिक भी मायके की याद आती तो वो उदास हो जातीं |तब रिसाल उन्हें चुटकुले सुनाती, गाने गाकर उनका मन बहलाती |रिसाल गाती बहुत अच्छा थी |उसे गाने का शौक भी था |शौक तो फ़िल्मी गानों पर नाचने का भी था लेकिन नाचना वहां अछा नहीं माना जाता था |ठकुराइन सा कभी मूड में आतीं तो उससे अलबत्ता नाचने की फरमाइश कर बैठतीं और वो द्वार बंद कर ग्रामोफोन की आवाज़ पर खूब नाचती | रानी सा के आराम के वक़्त रिसाल कांसे की कटोरी से रानी सा के तलवे सहलाती |बाज बख्त चांदी के पानदान के नक्काश्दार ढकने से उन की नंगी पीठ भी हौले हौले खुजलाती |ठकुराइन अतीव आनंद में आँखें बंद कर लेती| ठकुराइन के इस अनजान और आभिजात्य ससुराल में रिसाल एकमात्र उनका भावनात्मक सहारा थी जो मायके की याद को धूमिल भी कर देती |
छोटी ठकुराइन पूरे दिन खूब सजी धजी और स्वर्ण आभूषणों से लदी रहतीं लेकिन रंग बिरंगे लहरिया छापे के गंवई सूती ‘वेस’ और माथे तक परदे में भी लम्बी नाज़ुक टहनी सी रिसाल उनसे कई गुना आकर्षक लगती |ठकुराइन को इस बात का फख्र भी था और खौफ भी |फख्र इसका कि रिसाल उनके मायके से आई बांदी थी और भय पुरुषों का क्यूँ कि वो ये भी जानती थीं कि खानदान के पुरुषों को कोई बंदिश नहीं है |वो जिसके साथ चाहे रह सकते हैं अपना मन बहला सकते हैं |कई बार उन्होंने बातों २ में रिसाल से अपनी घुटन और उसे यथासंभव सतर्क रहने को कहना भी चाहा लेकिन रिसाल उस वक़्त इतनी छोटी और भोली थी वो ये बातें समझ नहीं पायेगी ,उन्होंने सोचा और चुप रहीं |फिलहाल उन्होंने रिसाल को हवेली के मर्दों के सामने ठोडी तक पर्दा करने की हिदायत दे रखी थी |रिसाल ने इस हिदायत को बाखुशी कुबूला |
 छोटे ठाकुर सा यानी ठकुराइन सुदर्शना देवी के पति विश्राम सिहं खूब ऊंचे पूरे और दिखनौट नवयुवक थे |शिकार के शौक़ीन और अपनी मौज में रहने वाले | |कई एकड़ में फ़ैली उस पुश्तैनी हवेली के इकलौते वारिस |हवेली के एक हिस्से में शानदार रिजोर्ट था |स्वीमिंग पूल ,बार, जिम ,और मनोरंजन के लिए एक बड़ा हॉल भी था |इनमे विदेशी सैलानियों के अतिरिक्त कुंवर विश्राम सिहं के अपने ख़ास मेहमानों के मनोरंजन के लिए व्यवस्था थी |
 अभी छोटी ठकुराइन सुदर्शना कंवर को ब्याहकर आये एक महीना ही हुआ था | हवेली में कोई जश्न था | ठकुराइन सुदर्शना गहनों से लदी फदी औरतों से घिरी बैठी थीं | खूब रंगीन माहौल था | उस दिन बड़े ठाकुर सा यानी  ठाकुर विश्राम सिहं के पिता का फरमान था कि मेहमानों को खाना और शराब बांदियां और नौकरानियां ही परोसेंगी | सुदर्शना का मन रिसाल में ही रखा था जो सामने के कक्ष में पुरुष मेहमानों को मुस्कुराकर मदिरा पेश कर रही थी | हालाकि रिसाल ने पर्दा कर रखा था लेकिन घूँघट से झांकती उसकी वो दिलकश और भोली मुस्कराहट देखने वालों के दिलों में एक तूफ़ान सा पैदा कर रही थी |ठकुराइन को  याद आया और अपनी गलती का अहसास भी हुआ कि उन्होंने रिसाल को मुस्कुराने के लिए मना नहीं किया |रिसाल के सुन्दर चेहरे पर मुस्कराहट देह के हज़ार कौंधते आभूषणों को मात देती थी |बीच में पड़े झीने परदे में से रानी सुदर्शना देख रही थीं और कुढ़ रही थीं |ठाकुर विश्राम सिंह ने भी पहली बार रिसाल को इतने निकट व् उसके पारदर्शी घुंघट में से गौर से देखा था और देखते ही उस पर रीझ गए |
इधर आओ ...उन्होंने शराब का ग्लास हाथ में लिए उसे बुलाया
हुकम सा  ....रिसाल ने आँखें नीची करके कहा
हमने सुना है तुम गाती बहुत अच्छा हो ..तुम्हारे गुणों में बताया गया था हमें ...ज़रा कुछ सुनाओ मेहमानों को
उस हवेली में ‘’ना’’ कहने का रिवाज़ नहीं था ये रिसाल एक माह में जान चुकी थी |ये उसके जीवन का पहला मौक़ा था जब इतने मर्दों के बीच उससे गाने की फरमाइश की गयी थी |रिसाल ने कनखियों से ठकुराइन की ओर देखा जैसे अनुमति मांग रही हो | घूँघट ज़रा सा और ओढ़ लिया और सकुचाई सी जाकर तख़्त पर बैठ गयी | ‘’म्हारो छैल छबीलो नाख्राडो ‘’उसने गाया तो मेहमान वाह वाह कर उठे | जश्न ख़त्म हो चूका था और ठाकर सा का चैन भी |उधर शराब की खुमारी अलग | तभी रानी सा का बुलावा आ गया और रिसाल उनके साथ रानी सा के कक्ष में आ गयी |
...लाइए आपके गहने उतार दूं ..कहकर रिसाल ने उनका हाथ पकड लिया और चूडा उतरने लगी
रहने दो...कर लूंगी मैं ..
रिसाल के चेहरे से मुस्कराहट गायब हो गयी |समझ गयी कि रानी सा उससे नाराज़ हैं लेकिन उससे क्या खता हुई  ..ये न समझ पाई |वो चुपचाप उनके कपडे तहाने लगी |
’’किवाड़ बंद करो’’ ठकुराइन ने रिसाल को हुक्म दिया |
 उसने किवाड़ बंद कर दिए |
यहाँ आओ ...रिसाल ठकुराइन सा के निकट गयी |ठकुराइन सा कुछ पल उसकी और एकटक देखती रहीं |
’’और पास आओ’’ उन्होंने रिसाल से कहा |वो डरी हिरनी सी और निकट आ गई |ठकुराइन सा ने एक भरपूर तमाचा रिसाल के गाल पर जड़ दिया |दुबली पतली छरहरी काया दूर छिटककर गिरी |वो रोने लगी |
सुण...बांदियों को यहाँ रोने की इजाज़त नहीं समझी?...तेरी बर्बादी को अब मैं टाल न पाउंगी ...चल जा अब यहाँ से उन्होंने गुस्से में कहा
आधी रात बीत चुकी थी |मेहमान जा चुके थे |ठकुराइन पति का इंतजार करती रही मगर ठाकुर सा तो किसी और ही दुनिया में थे | रिसाल को ठाकुर साहब ने कमरे में बुलवाया था |
खम्भा घणी हुकम ....रिसाल ने कमरे में जाकर नज़रें झुका अदब से कहा  
घणी खम्भा ...द्वार बंद करो |उन्होंने कहा |रिसाल ने वैसा ही किया
अब मेरे पास आओ और ये पर्दा हटाओ सर से
कुछ देर रिसाल मौन खडी रही |उसे ठकुराइन की हिदायत याद आई ‘’किसी मर्द को तुम्हारा चेहरा नहीं दिखना चाहिए ‘’
मैंने कहा पर्दा हटाओ ...ठाकुर सा ने कुछ कडक आवाज़ में कहा |रिसाल डर के मारे सिहर गयी |उसने घूँघट हटा दिया |ठाकुर विश्राम सिहं देखते रह गए उसे अपलक |
 ....इधर आओ हमारे पास बैठो
डर से कांपती -सिहरती रिसाल ठाकुर सा की बगल में बैठ गयी |लम्बे चौड़े ठाकुर सा की मज़बूत छाती में अब एक निरीह गौरैया सी रिसाल दुबकी हुई थी |ठाकुर साहब के दिल की धड़कन उसे किसी तोप की गरज जैसी लग रही थी ...तालबद्ध...लयबद्ध गर्जना ...|ठाकुर विश्राम सिहं ने रिसाल की ठुड्डी उठाकर उसे निहारा |
...माशाल्लाह....उनके मुहं से बेसाख्ता निकल गया
उसने अपनी ऑंखें बंद कर लीं |
‘’मुंदे पलक देखें बस उर में ‘’
ठाकुर साहब ने उसे अपने सीने से लगा लिया और उसके घने लम्बे बालों में उँगलियाँ फिराने लगे |रिसाल को मदहोशी आने लगी |और उस दिन रिसाल पूरी तरह बांदी बन गयी थी |उसे याद आया वो पल जब रिसाल की माँ ने आते वक़्त उसे समझाया था ‘’बेटी अब थारा ठौर ठिकाना ठाकर सा का घर ही है ...उणक़ा हुकुम ही इब थारा मण है ..बांदी बनकर जा रही है...राणी णा समझणा ...सबका खैर ख्याल रखियो री छोरी |’’ पहला ‘’भोग’’ रवायत के हिसाब से ठाकर सा ने लगा दिया था | एक पुरानी वृद्ध बांदी गुलाब कंवर जो बड़ी ठकुराइन के साथ ज़हेज़ में आई थी और बुढापे में हवेली के ही एक छोटे से कमरे में रहती मुफलिसी के दिन गुज़ार रही थी ने रिसाल को समझाया |’’ री छोरी, रोण धोण से कुछ कोणी फायदा ... बांदी अइयां ही नसीब लेके पैदा होवे छे रे बापरी ... |’’
रोज रात में रिसाल को ठाकुर सा के कक्ष में जाना होता |एक अजीबोगरीब स्थित से गुज़र रही थी वो |इधर रानी सा उससे सौतनों जैसा सुलूक करतीं और उधर उसे दिन भर ठाकर सा की याद आती |उनका प्रेम करना याद आता |उसकी ऑंखें विरह से बोझिल रहतीं |आखिर उसकी कमसिन उम्र और जीवन का पहला प्रेम था वो | उस कडक युवावस्था में ठाकुर सा ने उससे दिल से मुहब्बत की और रिसाल ने भी ,पर बिना प्रेम की परिणिति जाने अकूत प्रेम करने का परिणाम क्या होगा इस सत्य से वो अनभिग्य थे | उधर ठकुराइन भी नई नई ब्याहता ही थीं लेकिन ठाकुर साहब तो रिसाल बांदी के दीवाने होचुके थे |रात भर ठकुराइन अकेली मीन सी तडपती और दिन में रिसाल को खोई खोई देखकर ठकुराइन की छाती पर सांप लोटते | तभी रिसाल गर्भवती हो गयी |मानो ज़लज़ला ही आ गया |
छोरी ...या तो भोत गल्त हो गया ...इसे सपा करा दे ...पुरानी बांदी गुलाब ने हिदायत दी
सपा के होबे है बड़ी अम्मा ?
सपा यानी गरभ गिरया दे ...राणी सा थारे से ज्यूँ ही चिढती से..पता चल गया ते मारकर जंगल में गडवा देगी पता भी ना चलेगा किसी ने...
रिसाल बुरी तरह डर गयी |उसे कुछ समझ में न आया कि ये क्या हो गया |वो रोने लगी |
गुलाब ने उसे समझाया  ‘’मरद की फितरत अण बांदी की किस्मत अईया ही होबे है छोरी | ठकुराइन थारी कोख से हुकम (ठाकुर सा) का टाबर कइयां बर्दास्त कार्या सी ? ने तू हवेली में रहण की बचेगी री छोरी ने बाहर ..‘’....
गुलाब ने सोचा तो ये था कि रानी सा को खबर भी नहीं होगी और वो चुपचाप उसे ‘कड़ा’’ खिलाकर उसका गर्भ गिरा देगी लेकिन समय ज्यादा बीत चूका था ..खतरा था सो ठकुराइन को खबर देनी पडी |
ठकुराइन ने सुना तो जैसे काठ मार गया उन्हें |वो खामोश रहीं और गुलाब से कहा 
इसका ख्याल रखो...खाने पीने का ध्यान और इसका काम तुम करोगी अब जब तक इसकी जचकी हो नहीं जाती |हवेली के अन्य नौकर चाकरों से ये खबर छुपा कर रखने की सख्त हिदायत थी | ठाकुर विश्राम सिहं अपनी पत्नी ठकुराइन सुदर्शना का आदर करते थे |और उनकी रसूखदार खानदान का लिहाज भी |जब ठकुराइन ने रिसाल से सम्बन्ध रखने पर पति से नाराजगी प्रकट की तो उन्हें पश्चाताप हुआ और उन्होंने रिसाल से कोई सम्बन्ध न रखने का वचन दे डाला |
रिसाल को बेटा हुआ था |हवेली में कानो कान किसी को खबर न लगी सिवाय ठाकुर साब ,ठकुराइन और गुलाब के |गुलाब को उसे पालने का जिम्मा सौंपा गया |जचकी के बाद तो रिसाल और भी सुन्दर दिखने लगी थी |ठाकुर साब वचन बद्ध थे लेकिन ठकुराइन को ये भांपते देर न लगी कि ठाकुर सा का शरीर भले ही उनके पास रहता है लेकिन तडपते वो अब भी रिसाल के लिए ही हैं
ठाकुर साहब दो दिनों के लिए कसबे से बाहर गए हुए थे |ठकुराइन ने एक चाल चली ...
हवेली में काम करने वाले माली मलखान सिंग को बुलाया |
तुमने बाग़ बहुत खूबसूरत कर रखा है तुम्हे इनाम देना चाहते हैं
मेहरबानी ठकुरानी ..उसने नज़रें झुकाकर बड़े अदब से कहा
लेकिन इनाम ये होगा वो तो मलखान ने सपने भी ना सोचा था |
‘’रिसाल बांदी को ले जाओ अपने साथ ...दो दिन की तुम्हारी छुट्टी मौज मनाओ ....जाओ
...रिसाल रोती रही ...अपने दुधमुहे बच्चे से बिछुड़ने की टीस से वो दुःख में डूब गयी ..खूब तडपी लेकिन ठकुराइन का दिल न पसीजा |’’ थारा टाबर तो गुलाब संभालेगी ना |फिकर की के बात  ..जा मौज करे ...|
ना रानी सा ..रहम ...रिसाल गिडगिडाई
अरे तो थाणे हवेली के बाहर थोड़ा ही भेज रहे हैं ...? अपणा आदमी  ही तो है विशवास का ..’’ठकुराइन ने लाड़ का नाटक करते हुए दलील दी |मलखान सिंह हवेली में ही नौकरों को दिए गए घरों में रहता था |रिसाल को जबरन उसके साथ जाना पडा |ठाकुर साब जब वापस लौटे तो ठकुराइन ने उन्हें रिसाल का माली के साथ रात गुजारना बताया |विश्राम सिहं दुखी तो हुए लेकिन कुछ कहा नहीं ...बांदी थी ..क्या और किससे कहते |
अभी जवान लडकी है ..उसे भी तो हक़ है मौज मस्ती करने का ...उसकी अपनी हैसियत के लोग उसे मिल गए ...|ठकुराइन ने कहा |ठकुराइन जानती थी हवेली के कायदे क़ानून |एक बार बांदी का उपभोग कोई और निम्न वर्गीय कर्मचारी कर ले तो ठाकुर खानदान के मर्द उसकी और देखते तक नहीं |
उस दिन के बाद रिसाल की ज़िंदगी नरक बन गयी |
न सिर्फ हवेली के मेहमान बल्कि हवेली के किसी भी कर्मचारी,सेवक आदि जैसे लोगों के हाथ का खिलौना बन गयी वो| मेहमानों के सामने उसे नजराने और हवेली के नौकरों के लिए बतौर इनाम इकराम पेश किया जाता |ठकुराइन को फ़िक्र और कुढ़न से निजात मिल गयी |
 तब रिसाल उन्नीस बरस की थी जब उसका पहला प्रेम ठाकुर साहब के कार ड्राईवर लाखन सिहं से हुआ |लाखन सिहं अछे खानदान का और थोडा बहुत पढ़ा लिखा युवक था |वो हवेली से बाहर कसबे में रहता था |वो रिसाल को मन ही मन न जाने कबसे प्रेम करता था लेकिन कहने का न कभी मौका मिला न हिम्मत ही हुई | हवेली की मज़बूत दीवारों के भीतर रिसाल के साथ क्या हो रहा है इसका ज़रा भी इल्म न था |लाखन चाहता तो ठाकुर साहब से विनती करके रिसाल को ले जा सकता था |वो बांदी थी |बांदी का काम ही हवेली से ताल्लुक रखने वाले लोगों का मन बहलाना था |लेकिन लाखन सिहं रिसाल को दिल से प्यार करता था |मन के किसी कोने में उससे ब्याह करने का सपना भी उसने संजो रखा था |
एक दिन बाग़ के घने नीम के पेड़ के पीछे उसने रिसाल को बुलाया |रिसाल के हाथ को चूमकर उसने मुहब्बत का इज़हार किया |
‘’मुझे यहाँ से ले जाओ लाखन..ये लोग मुझे नोंच खायेंगे ..सब गिद्ध हैं
मतलब ? मैं समझा नहीं
बस इतना ही समझ लो कि मैं बांदी हूँ इंसान नहीं ...
ठीक है ...कल तू मुझे यहीं मिलना ...मैं तुझे इस नरक से निकालूँगा ....कहकर लाखन चला गया | जैसे तैसे मौक़ा देखकर रिसाल पोटली में अपने कुछ कपडे लत्ते रखकर अँधेरे में पेड़ के नीचे खडी हो गयी |लाखन उसका इंतज़ार कर रहा था |वो दौनों जैसे ही वहां से धीरे धीरे बाहर जाने को हुए ठकुराइन की कार की लाईट उनके चेहरों पर चमकी |वो कहीं से लौट रही थीं
‘’कौन है वहां इधर आओ
लाखन और रिसाल डरे हुए से उनके पास खड़े थे
कहाँ जा रहे हो दौनों ..और ये क्या है ? उन्होंने रिसाल की पोटली की और इशारा किया |
कपडे हैं राणी सा ....
भागने की तैयारी थी ?
रिसाल डरकर कांपने लगी |
जा भीतर जा .....हमारे लिए खस का शरबत बनाकर रख ..
रिसाल को तो लग रहा था कि रानी सा उसे भयानक सज़ा देंगी ...बांदी होकर भागने की जुर्रत ?लेकिन वो तो बिलकुल ही सामान्य थीं| ..उसे खुशी हुई ...
जी रानी सा  ..नीची निगाह कर उसने कहा और हवेली के भीतर चली गयी |लेकिन उसके बाद लाखन सिहं ऐसा गायब हुआ कि फिर न मिला |रिसाल  विक्षिप्त सी हो गयी |न खाना खाती थी न सोती थी |रात रात भर पूरी हवेली में घूमती रहती | सूखकर काँटा हो गयी |लेकिन ठकुराइन को उसमे इसके अलावा कुछ और भी बदलाव दिख रहे थे |
पेट से है क्या ? उन्होंने रिसाल से पूछा
पता नहीं ...रिसाल ने अनमने मन से कहा ..मेरा शरीर मेरा रहा है क्या ...ये तो वो लोग बताएँगे जिनका मेरे शरीर पर अधिकार रहा है
बहुत बोलने लगी है ...बांदी को इतना बोलने की इजाजत नहीं जानती नहीं क्या ? ठकुराइन के स्वर में तल्खी थी 
बोलने दीजिये मुझे रानी सा ...रिसाल अप्रत्याशित रूप से चीखी |’’बांदी की सिर्फ देह नहीं मुहं में जबान भी होती है ..उसके सिर्फ छातियाँ नहीं उसके भीतर एक दिल भी होता है’’ तमाम तहजीब धूप में बर्फ सी गलने लगी |अनर्गल विलाप....... चीखने का सिलसिला बडबड़ाने और फिर निढाल हो जाने पर टूटा
ठकुराइन अचम्भे से सिर्फ देखती रह गयी |आज पहली दफा उस नखरीली,रोबदार,नकचढी ठकुराइन की हिम्मत ने थकान महसूस की थी
परे जांण दें हुकम ..या छोरी बाबली हो गयी सैय.....घबराई हुई गुलाब बांदी ने घिघियाकर कहा और अधमरी सी रिसाल को घसीटती हुई भीतर कोठरी में ले जाने लगी
अभी इसे कड़ा खिला |जानती नहीं क्या बांदी माँ नहीं बन सकती ? ठकुराइन  गुस्से में बोली
‘’माफी चाहूँ रानी सा ....माँ तो मैं पहले ही बन चुकी हूँ ...सुमेर की माँ ...’’ रिसाल अपने ही वश में नहीं थी
हाँ लेकिन वो तो ठाकुर सा का ...अचानक बोलते बोलते ठकुराइन रुक गयी |  ठकुराइन के ज़ख्म हरे हो गए |पांच सालों में वो माँ नहीं बन पाई थीं
ठाकुर सा ने सुना तो उन्होंने रिसाल को बुलाया 
क्या चाहती है?
बच्चा ...बच्चा चाहती हूँ हुकम ...
लेकिन तू जानती है यहाँ बांदियां सिर्फ सेवा के लिए होती हैं बच्चे जनने के लिए नहीं |सोच ले...यदि बच्चा होगा तो तुझे हवेली छोडनी पड़ेगी |और यदि बच्चे का  मोह छोड़ देती है तो तुझे यहाँ कोई तकलीफ नहीं होगी |ज़िंदगी भर बेहतर खाना कपड़ा,रहना सब हमारी ज़िम्मेदारी
माफी हुकम ...पर मैं भी माँ कहलाना चाहती हूँ
ठीक है...तूने इन पांच बर्षों में हमारी खूब सेवा की है |हम तेरी हिफाजत से जचकी कराएँगे ..लेकिन उसके बाद तुझे यहाँ से कहीं और ठौर देखना होगा
मंजूर हुकम
रिसाल ने बेटी को जन्मा |वो दिन उसकी ज़िंदगी का सबसे खूबसूरत दिन था |एक तो अपनी संतान का सुख और दूसरे अब इस कैद से बाहर जाने का रास्ता साफ़ था |
जब रिसाल हवेली के उस विशाल ,मज़बूत और नक्काशीदार द्वार से बाहर सदा के लिए निकली उसके पास एक टीन का बक्सा था ,गोद में दुधमुही बेटी सुनीता और थीं बेहद कडवी व् डरावनी स्म्रतियां| सुमेर को तो ठकुराइन ने देखने भी ना दिया |सुमेर खुद नहीं जानता था कि उसकी असल माँ कौन हैं |
कुछ दिन कसबे के मुहल्लों गलियों में इधर उधर भटकने के बाद ठाकुर साहब के किसी दयालु कारिंदे के मार्फ़त ही वो इस ‘कोठी’ में आई | कस्बा छोटा था और लोग पुराने |सो बदनामी ने उसका दामन यहाँ भी न छोड़ा | कभी कभार ठाकुर साहब भी आंटी (शर्माइन) के फोन पर उससे बातचीत करते और हालचाल पूछते |बेटी की पढाई लिखाई के लिए पैसा भी देते लेकिन रिसाल के जीवन में सुकून अब भी न आया था |वहां उसका तन उसका बैरी बना हुआ था और हवेली के बाहर आने पर उसके मन पर आघात होते थे |उसे देखकर लोग नफरत से मुहं फेर लेते |जो लोग रिसाल का अतीत जानते थे वो उसकी बेटी को अजीब सी नज़रों से घूरते |’’न जाने किसकी बेटी है? बाप का भी पता ठिकाना किसी को नहीं पता ‘’लोग कहते |‘’सच तो कहते हैं ...लोग |.फिर वो क्यूँ दुखी होती है लोगों की बात पर? क्या सच्चाई से उसे डर लगता है? जो कुछ हुआ वो क्या उसकी मर्जी थी?नहीं वो राजपूतनी है किसी से नहीं डरती |और डरे भी क्यूँ ?अपने अतीत को तो वो हवेली की उन दमघोंट परम्पराओं की ज़मीन में बहुत गहरे दबा आई है जो उसकी खामोश चीखों और उसके वुजूद की न जाने कितनी बार हुई ह्त्या की गवाह थीं |..अपनी बेटी सुनीता को खूब पढ़ायेगी लिखायेगी |उसके साथ बाकायदा एक पति का नाम होगा |रिसाल के ख़्वाबों का साथ आंटी ने दिया |रिसाल की बेटी सुनीता को स्कूल की पढाई करवाई |आंटी एक रसूखदार खानदान की महिला थीं जिनकी सामाजिक छवि व् सह्रदयता ने रिसाल के अतीत और सुनीता के भविष्य की काली परतों को ढँक दिया था |अब सुनीता बंगलौर में माताजी की बेटी अंजू के पास रहकर कॉलेज की पढाई कर रही थी और उसका रहन सहन किसी सभ्रांत सुसंस्कारित परिवार की तरह था |वो अंजू को दीदी कहती |
वक़्त गुजर रहा था मंथर और सुनियत गति से | बंगलौर में सुनीता का प्रेम उसी के साथ पढने वाले एक मराठी लड़के से चल रहा था |उसने ये बात माँ रिसाल को भी फोन पर बताई थी लेकिन उसकी इस खबर से रिसाल बहुत विचलित हो गयी थी |उसे हमेशा ये भय सताता कि कहीं उसका वो काला अतीत सुनीता व् लड़के को पता चल गया तो? जब लड़के के माता पिता सुनीता के पिता के बारे में पूछेंगे तो वो क्या ज़वाब देगी ?लेकिन जब अंजू ने फोन पर बताया कि सुनीता अपने उस दोस्त के साथ अलग रहने लगी है |ये इस ज़माने में बुरी बात नहीं समझी जाती |ये एक आधुनिक व्यवस्था है बिना किसी रस्मो रिवाज के साथ रहने की इसे यहाँ लिव इन रिलेशनशिप कहते हैं |माता जी ये खबर सुनकर सन्न रह गईं |हालाकि उन्होंने ये अप्रत्याशित खबर रिसाल को बहुत सामान्य तरीके से बताई  लेकिन रिसाल दुखी हो गयी |वो रोने लगी |
माताजी ,एक ही तो सहारा था मेरे जीवन का वो ही ...आप लोगों जैसे इज्ज़तदार घर में उसकी शादी करना चाहती थी मैं |
 अरे बड़े शहरों में ये आम बात है ...चिंता की कोई बात नहीं |तू ये तो सोच यदि समाज के भय से किसी गंवार दारूखोर आदमी से बचपन में ही ब्याह दी होती तूने अपनी छोरी तो अब तक तो तीन चार बच्चों की माँ बन गयी होती वो |सुनीता और उसका वो दोस्त दौनों समझदार और पढ़े लिखे हैं |कम से कम उस बात की नौबत तो नहीं आई जिससे तू डर रही थी |बाप का नाम ....
रिसाल ने अपने जीवन में कई चोटें सही थीं सो इसका ज़ख्म भी वो हमेशा की तरह उसे भूलकर या अपने को समझाकर भरने की कोशिश करने लगी |
ठाकुर विश्राम सिहं के इंतकाल की जब रिसाल को खबर मिली वो कमरा बंद करके बेतहाशा रोई |आंटीजी ने उसे नहीं रोका | रिसाल जब कमरे के बाहर निकली तो वो पूरी तरह बदल चुकी थी |उसने सफ़ेद पोशाक पहन रखी थी |गले में तुलसी की माला |बदन पर कोई सुहाग का चिन्ह न था |उसकी आँखें सूजी और लाल थीं
 मुझे स्कूल परिसर में क्वार्टर मिल चुका था और मैं आंटी और रिसाल से विदा लेकर भारी मन से उसमे पहले ही शिफ्ट हो चुकी थी | शुरू में आंटी और रिसाल से मिलने मैं हर छुट्टी में ‘’शिव कॉलोनी ‘’उनके घर आती |फोन से उनसे तारतम्य बना हुआ था |
दिन बीतते गए |रिसाल का पहले वाला स्वभाव न जाने कहाँ लुप्त हो गया था |वो अचानक से बूढ़ी हो गयी थी| देह और मन दौनों से |जैसे नसीब और उसके वुजूद की लड़ाई में जूझते जूझते अचानक वो थक गयी हो |उसने हार मान ली हो |कुछ चिडचिडी भी हो गयी थी |बेटी सुनीता ने कई बार यहाँ आना चाहा या उसे बंगलौर बुलाना तो रिसाल ने इनकार कर दिया |कहा ’’जहाँ रह रही हो खुश रहो बस.. |’’
उस दिन सुबह आंटी जी दूध लाने के लिए आवाज लगाती रहीं लेकिन रिसाल सोकर उठी ही नहीं |उन्हें आश्चर्य हो रहा था |रिसाल को तो उन्होंने सिवाय तबीयत खराब के कभी इतनी देर तक सोते देखा ही नहीं था |आंटी जी खुद उसके पलंग के पास गईं लेकिन तब तक रिसाल इस निष्ठुर ,स्वार्थी संसार से बहुत दूर जा चुकी थी हमेशा के लिए | उन्होंने मेरे स्कूल में फोन लगाया लेकिन उस वक़्त मैं एक सेमीनार के सिलसिले में जोधपुर गयी हुई थी |उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया |अपनी बेटी अंजू को बंगलौर में फोन किया | करीब साढ़े चार बजे अंजू फ्लाईट से सुनीता को लेकर आ गयी | सुनीता माँ की मृत देह को देर तक अपलक देखती रही |जब रिसाल को ले जाने लगे सुनीता ने कहा वो भी जायेगी सबके साथ और माँ की चिता को अग्नि वो देगी | वहां मौजूद ठाकुरों के बीच सुगबुगाहट शुरू हो गयी |सुनीता को समझाने की कोशिशें भी हुईं लेंकिन वो माहौल किसी बहस का न था सो सब चुप्पी लगा गए |
गोधुली बेला होने को थी |शमशान घाट पर पहले से ही एक गाडी एक पेड़ के नीचे खडी हुई थी |जिसके पास एक औरत और एक जवान लड़का खड़े हुए थे |जब रिसाल की देह को चिता पर रखा गया ,और जैसे ही उसे उसकी बेटी सुनीता ने अग्नि देने के लिए एक हाथ बढाया अचानक एक बूढा दुबला पतला सा आदमी आया और उसने सुनीता के हाथ से वो लकड़ी ले ली
ला छोरी ...अभी मैं ज़िंदा हूँ ....या कारज मैं ही करूंगा और चिता को आग दी |वो लाखन सिहं था |रिसाल का गुमशुदा प्रेमी |
सारे लोग आँखें फाड़े कभी उस बूढ़े को देख रहे थे और कभी उस कार में आयी ठकुराइन और उस लम्बे चौड़े युवक को...रिसाल और ठाकुर साहब की नाजायज़ औलाद |सबके चेहरे पर एक अजीब सी तटस्थता थी |ठकुराइन अब भी निर्भाव खडी थी |कुछ देर वो रिसाल की धू धू जलती हुई चिता को अपलक देखती रहीं और फिर अपने सौतेले बेटे सुमेर सिंग के साथ गाडी में बैठकर चली गईं |कुछ देर उनकी कार के पीछे उड़ता धूल का गुबार और चिता की लपटों से निकलता धुंआ इस कद्र आपस में घुल मिल गए मानो एक दूसरे को अंतिम विदाई दे रहे हों |.वो  फ़कत एक आम औरत नहीं थी जिसे अग्नि के सुपुर्द कर वो लोग वापस लौट रहे थे ,बल्की वो धूल मिट्टी की कई तहों के नीचे लिपटा हुआ एक काल था जो सदा के लिए ज़मीदोज़ हुआ था
 रिसाल मुक्त हो चुकी थी अपनी हैसियत, रूप,देह,मन ,पीड़ा, मुहब्बत और संसार सब से ....|मुक्त वो भी हो चुके हैं जिन्होंने उस पर राज किया |उसे तोहमतें व् दुःख दिए| जिन्होंने उसे सहारा दिया,मुहब्बत की ...सब समय की खोह में विलीन हो गए |
सुनीता की बेटी अपनी सिंगल पेरेंट के साथ बड़ी हो रही है.... नन्हें पाँव... और रास्ता मीलों लंबा  ......

================================== 

Wednesday, June 22, 2016


इस गांव के और इसके आस - पास की ढाणियों के निवासी बहुत ही पिछड़े हुए थे। उनकी अलग ही दुनिया थी, ऐसा लगता था कि कुछ साधनों...जैसे जीपों, ट्रांजिस्टरों के अलावा बाकि की दुनिया से वे पूरी तरह नावाकिफ थे। ये अंधविश्वासी देहाती हर किसी के रौब में जल्दी ही आ जाते। बिना किसी प्रयत्न के कोई भी आदमी अपने आपको `सरकारी' बता कर उन पर अपना प्रभुत्व जमा सकता था। चपरासियों तक को वो खुदा समझते थे। पटवारी, तहसीलदार के तो पैर छूते थे। सीमा सुरक्षा बल के अफसरों - जवानों से वे दूर भागते थे। वे कुछ पूछताछ करते तो वे झुक - झुक कर उनके पैर छूने लगते मगर कुछ बताने के नाम पर खाली आंखों से ताकते।

अनपढ़ और पिछडापन आज भी गाँव ढाणियों में जस का तस है |रावलों का सत्ताधारी होना और स्थानीय  पुलिस प्रशासन को खरीद लेना  उनके  बाएं हाथ का खेल है |स्त्री को प्रताड़ित करना , अपने स्वार्थ के लिए लांछित   करना अपनी सत्ता के रुतबे को  बढाने जेसा  ही होता है ,और वो इसका भरपूर उपयोग करते है |प्रस्तुत कहानी में रूढिगत  समाज के द्वारा  सताई गई स्त्री की अबोली व्यथा का बहुत ही सधेहुए शिल्प में चित्रण किया गया है .........

पढ़िए 
कुरजां

मनीषा कुलश्रेष्ठ

💢मनीषा कुलश्रेष्ठ💢

जन्म : 26 अगस्त 1967, जोधपुर
शिक्षा : बी.एससी., एम. ए. (हिन्दी साहित्य), एम. फिल., विशारद ( कथक)
प्रकाशित कृतियाँ –
कहानी संग्रह - कठपुतलियाँ, 
कुछ भी तो रूमानी नहीं, 
बौनी होती परछांई, 
केयर ऑफ स्वात घाटी, 
गंधर्वगाथा, 
अनामा
उपन्यास-  शिगाफ़ 
         शालभंजिका


         पंचकन्या 

अनुवाद– माया एँजलू की आत्मकथा ‘ वाय केज्ड बर्ड सिंग’ के अंश, लातिन अमरीकी लेखक मामाडे के उपन्यास ‘हाउस मेड ऑफ डॉन’ के अंश, बोर्हेस की कहानियों का अनुवाद
पुरस्कार, सम्मान और फैलोशिप :  
कृष्ण बलदेव वैद फैलोशिप – 2007
रांगेय राघव पुरस्कार वर्ष 2010 ( राजस्थान साहित्य अकादमी)
कृष्ण प्रताप कथा सम्मान 2011
गीतांजलि इण्डो – फ्रेंच लिटरेरी प्राईज़ 2012 ज्यूरीअवार्ड
रज़ा फाउंडेशन फैलोशिप – 2013
अन्य
साऊथ एशियन लैग्वेज इंस्टीट्यूट, हायडलबर्ग (जर्मनी) में उपन्यास ‘शिगाफ़’ का अंश पाठ व रचना प्रक्रिया पर आलेख प्रस्तुति. (2011)
नौवें विश्व सम्मेलन (2012) जोहांसबर्ग में शिरकत. 
संप्रति– स्वतंत्र लेखन और इंटरनेट की पहली हिन्दी वेबपत्रिका ‘हिन्दीनेस्ट’ का दस वर्षों से संपादन.
ई – पता – manishakuls@gmail.com 





कहानी:    कुरंजा 
`` यह देखना डॉक्टर, तुम्हारे इस मेडिकल जरनल में क्या लिखा है, यह कहते हैं कि शरीर की हर एक कोशिका में स्मृतियां जमा रहती हैं। ये तथ्य तब सामने आया जब अमेरिका में एक लड़की के शरीर में, ऐसे व्यक्ति का गुर्दा ट्रान्सप्लान्ट किया गया, जिसका कत्ल हुआ था... तो उसे अपने उसी तरह कत्ल होने के सपने आने लगे थे, जिस तरह उसके मृत डोनर को मारा गया था।अब इसे क्या कहोगे तुम?'' वह मेरे क्लीनिक में आता और इसी किस्म की हैरतअंगेज़ चीज़ें पढ़ने और सुनाने में दिलचस्पी दिखाता था।

मेरा यह चिरकुमार मरीज़, एक सेवानिवृत्त शिक्षाविद् था। अपनी नौकरी के दिनों के किस्से सुनाया करता था। रेगिस्तानी इलाकों, आसाम के अन्दरूनी हिस्सों, गुजरात के कच्छी क्षेत्र और हर उस जगह के किस्से, जहां - जहां वह पदस्थ रहा था। एक शिक्षाविद् होने के नाते, जाने कितनी परियोजनाआें में उसने काम किया था।अपने अन्तिम दिनों में वह मुझसे `विच क्राफ्ट' यानि डायन विधा पर बहुत - सी बातें करने लगा था। उन दिनों उसने एक अनोखी घटना का और रेगिस्तानी इलाके की एक खूबसूरत डायन का ज़िक्र मुझसे किया था, ``वह कहती थी डॉक्टर, जब उसकी मां अपने ऊपर किसी की आत्मा बुलाया करती थी...तो उसके बाद दिनों - दिन निढाल पड़ी रहा करती थी। उसके शरीर में ऐसे पस्ती छा जाती थी कि जैसे वह महीनों बीमार रह कर चुकी हो। इसे तुम अपने मेडिकल की भाषा में क्या कहोगे?'' उसका यूं हर बात के विश्लेषण में `मेरी मेडिकल की भाषा' से दरियाफ्त किया जाना, कभी - कभी मुझे खिजा देता।
उसके अनोखी कहानियों को सुनने - सुनाने के शौक के चलते मैं उससे अकसर कहा करता था कि - तुम लिखना क्यों नहीं शुरु करते? वह हमेशा यह कह कर टाल देता कि `` यार इतना धीरज किसमें है?'' फिर भी, मेरे बहुत कहने पर उसने रेगिस्तानी डायन की कहानी को कलमबद्ध भी किया था। मैं उसे आपके सामने रख रहा हूँ। ये रही वो फाईल, ये रहे...उसके हाथ के लिखे पन्ने -

डायन! वो भी हाड़ - मांस की जीती - जागती, सांस लेती? जवान - खूबसूरत। मेरी याददाश्त यूं अचानक क्षीण पड़ जाये, ऐसा तो कभी नहीं हुआ। मैं स्कूल से रोज़ दोपहर घर आता हूँ, खाना खाता हूँ, कुछ देर आराम करके, स्कूल लौट जाता हूँ। इसी अन्तराल के दौरान, कल मैं हवेली के फाटक में घुसा ही था कि पीछे - पीछे वह घुस आयी। एक युवा औरत, लम्बी, सतर देह वाली। लम्बा चेहरा, ऊंची उठी गालों की हड्डियां, झुलस कर गोरी से तांबई हो आई रंगत। उस चेहरे पर दो बड़ी हरी - नीली आंखें यूं लग रही थीं, जैसे मीलों फैले रेगिस्तान में पास - पास सटे दो शीतल सरोवर हों। फटे हए जामुनी ओढ़ने से बिखरे हुए भूरे घुंघराले बाल बाहर झांक रहे थे। उसने कुर्ती और घेरदार काला लहंगा पहना था। गले में चिरमी के मनकों की मालाएं। कुल मिला कर गौर करने लायक वजूद।

मैं ने सोचा, होगी कोई...मकानमालकिन से मिलने आई होगी। मैं जल्दी से अंधेरी घुमावदार सीढ़ियां चढ़ने लगा, वह भी मेरे पीछे लपक कर चढ़ी। सीढ़ियों में दुबके दो चमगादड़ फड़फड़ाए, दालान पार करके, मैं अपने कमरे का ताला खोलने लगा। वह वहीं सीढ़ियों के बाहर चुप, गुमसुम खड़ी रही। चढ़ते हुए सूरज की धूप कमरे में एकान्त पाकर पसर गयी थी। मैं ने अन्दर आकर दरवाज़ा भिड़ा दिया।ढकी हुई थाली उठाई ही थी कि...दरवाज़े पर अनाड़ी - सी दस्तक हुई। मुझे उस अनजबी औरत की इस हरकत पर हैरत हुई। मैं खीज कर बोला, ``कौन है? क्या काम है?''
मिनमिनाते स्वर में उत्तर मिला - `` माट्साब मैं हूँ। कुछ बात करनी थी आपसे।''
मैं झटके से उठा और दरवाज़ा खोल कर, त्यौरियां चढ़ा कर बोला - ``क्या काम है?''
`` बस दो घड़ी... मेरी बात सुन लो मास्टर साब।मेरे बच्चे का दाखिला...''
`` स्कूल की बात स्कूल में आकर करना। अभी जाओ।'' मैं ने त्यौरियां ढीली नहीं कीं।
``सकूल... वहां तो आपका चपरासी कालू अन्दर आने नहीं देता है।''
`` ऐसा क्यों? तुम कौन हो? नाम क्या है?'' मैं ने आशंका में सवालों की झड़ी लगा दी।
``बस हूँ एक बदकिस्मत। नाम तो कुरजां है ...पर लोग तो...।''उसकी आवाज़ कांप रही थी।
``इसी गांव की हो? कहां रहती हो?''
`` हां,अब तो इसी गांव की हूँ। खारी बावड़ी के पीछे... मसानघाट से थोड़ा पहले रहती हूँ।''
``ठीक है... कालू को कह दूंगा...आने से मना न करे।कल स्कूल आ जाना, बच्चे को लेकर।'' उत्तर में उसने पलकें उठा कर देखा...नीले, ठहरे हुए सरोवर झिलमिलाए। रेगिस्तानी भटकावों और प्यास से त्रस्त मैं, मानो उन सरोवरों में कूद पड़ा।

उसके बाद, मुझे कुछ याद नहीं रहा कि मैं किन रास्तों पर आत्मविस्मृत होकर चलता चला गया और सूखी हुई खारी बावड़ी के किनारे असमंजस की स्थिति में खड़ा हुआ, कालू को मिला।
``वह अजीब से नाम की औरत... कुरला... अभी आगे - आगे ही तो चल रही थी... कहां गायब हो गई?'' मेरी ज़बान लड़खड़ा गई।
``कौन कुरजां?वो डाकण रांड! डाकण याने कि डायन है...वो।कुछ समझे माट्साब?'' उसने मेरे ठण्डे हाथ थपथपाए। मैं संभला।
`` मैं नहीं मानता यह बकवास...।''
`` सारा गांव जानता है उसे। आप नए हो...ना।''
`` पागल हुए हो क्या? वह डायन कैसे हो सकती है...एक जीती - जागती जवान औरत।''
वह सच में ही पागलों की तरह दांत निपोरने लगा, फिर जोर से एक तरफ थूक कर आस्तीन से उसने अपना मुंह पौंछा और बड़बड़ाने लगा।
`` हैडमाट्साब ... तो बताओ,सारा घर चौपट खुला छोड़ के, खाने की थाली में अधखाया कौर छोड़ के आप स्कूल की जगह इस सूखी बावड़ी की तरफ क्या लेने आये हो?''
`` हां, याद आया... वह बता रही थी कि उसके लड़के को स्कूल में दाखिल कराना है,पता नहीं किस बेख़याली में... बेखबरी में...मैं यहां... ''
`` बस साब जी, यही तो वसीकरण था...डाकण का।
`` चुप रहो। भूल से भी यह बात कहना मत किसी से। मैं अपनी मर्जी से ही चला आया था...।'' अपनी बेख़याली पर स्कूल में किस्सेबाजी हो, यह मैं नहीं चाहता था। मगर यूं याददाश्त अचानक क्षीण पड़ जाये, ऐसा तो कभी नहीं हुआ। तो क्या कुछ देर को मैं सम्मोहित गया था ? हंह... सुबह से खाली पेट रहने के कारण सर चकरा गया होगा या फिर... क्या यह मोमेन्टरी मैमोरी लॉस था? उफ! उसके बाद, कल पूरे दिन सिर दुखता ही रहा था।
लेकिन आज वह स्कूल क्यों नहीं आई? कालू को तो मैं ने आगाह कर ही दिया था। कभी मिली तो पूछूंगा ज़रूर। सारे फर्श और बिस्तर को किरकिरा करके आंधी थम चुकी थी। इसी किरकिराहट के साथ अब जीना सीखना था।

सन्निपात के रोगी के से दिन थे वो,जब मेरा इस गांव `जींवसर' में हैडमास्टरी के लिए चयन हुआ था। घटनाओं के विस्तार में गया तो अवसाद में डूब जाने की संभावना है, बड़ी मुश्किल से संभला हूँ। बस,ये जानिए कि लम्बी बेरोज़गारी के चलते प्रेमिका ने कहीं और शादी कर ली थी, उम्र थी कि बीतती चली जा रही थी। घर में उपस्थित मेरा चेहरा पिता को तनावग्रस्त करता था, मां को उदास। मैं अपनी परिस्थितियों से उकता कर सुन्न - सा कमरे में पड़ा रहता। उसी सुन्न मन:स्थिति में संक्षिप्त - सा सामान बांध, अपने शहर से तीन सौ चालीस किलोमीटर की बस यात्रा के बाद पन्द्रह किलोमीटर की जीप यात्रा करके इस सीमावर्ती रेगिस्तानी गांव में चला आया था। यह था, थार मरूस्थल का अन्दरूनी, पिछड़ा हुआ एक ऐसा इलाका जिसकी थाह पाना बहुत कठिन था। यूं भी पश्चिमी सीमावर्ती इलाकों में मुकम्मल तौर पर बसे गांव कहां होते हैं? यहां अपने ही सन्नाटों से सिहरतीं एकाकी हवेलियां होती हैं या फिर थोड़ी - थोड़ी दूर पर बसी ढाणियां होती हैं... और होता है दूर तक फैला रेतीला विस्तार। ऐसी जगहों पर ज़िन्दगी बहुत लम्बी महसूस होती है, उम्र बस रेंगा करती है।
शुस्र् में, मैं बहुत अकेला महसूस करता था।जो किताबें अपने साथ लाया था, सब की सब पढ़ डालीं थीं। मन घबराने लगा तो, मुझे लगा कि स्थानीय लोगों से मेल - जोल बढ़ाया जाए... पर जल्द ही मैं जान गया कि गांव के सम्पन्न लोग, बाहरी लोगों से मिलना जुलना पसंद नहीं करते थे। आम गरीब लोग तो डरे हुए, भीरू किस्म के लोग थे। बरसों पहले समाप्त हो चुकी जमींदार प्रथा के बावज़ूद यहां के रावले के प्रति आतंकजनित सम्मान आम आदमी की रगों में बस गया था। मुझे रावले के दबंग पुस्र्षों को देख कर हैरत होती थी कि वे गांव के आम आदमी से मिलने पर अब भी नज़राना स्वीकार करते थे। ``खम्मा घणी होकम।'' सरल ग्रामीण दुहरे हो जाते, मगर उनकी गर्दनें अभिमान से अकड़ी रहतीं।

इस गांव के और इसके आस - पास की ढाणियों के निवासी बहुत ही पिछड़े हुए थे। उनकी अलग ही दुनिया थी, ऐसा लगता था कि कुछ साधनों...जैसे जीपों, ट्रांजिस्टरों के अलावा बाकि की दुनिया से वे पूरी तरह नावाकिफ थे। ये अंधविश्वासी देहाती हर किसी के रौब में जल्दी ही आ जाते। बिना किसी प्रयत्न के कोई भी आदमी अपने आपको `सरकारी' बता कर उन पर अपना प्रभुत्व जमा सकता था। चपरासियों तक को वो खुदा समझते थे। पटवारी, तहसीलदार के तो पैर छूते थे। सीमा सुरक्षा बल के अफसरों - जवानों से वे दूर भागते थे। वे कुछ पूछताछ करते तो वे झुक - झुक कर उनके पैर छूने लगते मगर कुछ बताने के नाम पर खाली आंखों से ताकते। सीमा सुरक्षा बल के अफसरों को लगता था कि - इस कस्बे की कुछ मुसलमान जनजातियों के तार सीमापार से जुड़े हैं, जो कि बड़े घाघ हैं, जिनसे कुछ भी उगलवाना कठिन है। लेकिन मेरे ख्य़ाल से, नब्बे प्रतिशत लोग इस इलाके में ऐसे थे जो रोज़मर्रा की ज़िन्दगी चलाने के कष्टों के मारे ही सर नहीं उठा पाते थे तो वे ऐसा कब सोचते या कर पाते जो स्मगलिंग या जासूसी से जुड़ा हो। अपनी निर्दोषिता के बावज़ूद सीमा सुरक्षा बल के जवानों का डर उन्हें काठ किए रहता था।सीमा सुरक्षा बल की अपनी कठिनाईयां और कर्तव्य थे... इस गांव और ढाणियों के कुछ लोगों के खेत ... भारतीय सीमा से बाहर भी पसरे थे... कुछ जनजातियां दोनों सीमाओं के बीचों - बीच, न घर की न घाट की स्थिति में बसी थीं।

इस गांव में गिनी - चुनी ही हवेलियां थीं, जो कि पुराने वणिक - व्यवसायियों की थीं। इन हवेलियों को घेर कर कच्चे - पक्के - मकानों वाले मुहल्ले खड़े थे। जिनमें अन्य जातियों के लोग रहते थे। गरीब किसान, चरवाहे तथा जनजातियों के लोग समूहों में कच्ची ढाणियों में रहा करते। तेज़ हवाएं इनके इन कच्चे झौंपड़ों के छप्पर मज़ाक - मज़ाक में उड़ा ले जाती थीं, मगर इनके रंगीले साफों की बंधान ढीला करने में ये हवाएं अक्षम रहतीं। मेहनती तो थे ये लोग, पर उनकी मेहनत रेत में से बस रेत ही उगलवा सकती थी। भेड़ों का दूध, ऊन, जीरा, ऊंट का चमड़ा, बाजरे के दो- चार बोरी दानों के बदले वे बाड़मेर जाकर ज़रूरत का अन्य सामान खरीद कर लाते। ये सीधे - सादे आचार विचार के लोग आपस में एक दूसरे के प्रति ईर्ष्यालू भी हो उठते। अनाज के दाने - दाने के लिए खून खराबा कर देते। पानी की बूंद के लिए औरतें बाल खींच - खींच कर झगड़तीं। प्राकृतिक विपदाआें से निरन्तर आक्रान्त उनकी संस्कृतियों में अंधविश्वासों ने गहरी जड़े जमा रखीं थी। अंधविश्वास उनके आदिम आवेगों को कभी नियंत्रित तो कभी अनियंत्रित करता था।

मैं ने फिर आज शाम कालू से उस `डाकण' के बारे में पूछा था मगर वह मुंह फुला कर बैठ गया।
`` उसे स्कूल में क्यों नहीं घुसने देते हो? सरकारी स्कूल सब के लिए होते हैं।''
`` डाकणों की औलादों को स्कूल में रखोगे तो बाकि के लोग बच्चे भेजना बन्द कर देंगे।'' वह चिढ़ कर बोला।
``कर दें मेरी बला से, कल से उसका बच्चा स्कूल आएगा। वैसे वो औरत है कौन? इसी गांव की है?''
``आप मानते नहीं हो न साब जी, तो बताने का क्या फायदा?''
मैं ने बहुत पूछा मगर वह चुप रहा। खाना बना कर उसने चुपचाप थाली मेरे सामने रख दी। मैं जब खाना खाने लगा तो अनायास ही उसने बोलना शुस्र् कर दिया।
`` आपने देखी थीं उसकी बिल्ली की नाईं हरी - नीली आंखें ?''
`` हूँ....।'' मैं खाना चबाता रहा।
यहां का खाना तीखा है और पानी खारा। छह महीनों में भी मैं इन दोनों की आदत नहीं डाल सका हूँ। ये कालू, मेरे स्कूल का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, कहता है... `` साब जी, तीखा नहीं खाओगे तो इस भारी पानी को पचाना मुश्किल है। कबज हो जायेगी।''
तीखे खाने की वजह से मेरी नाक और आंखें बहने लगीं,उसने बिना ध्यान दिये बदस्तूर बोलना जारी रखा- ``बहुत पहले, जिस साल यहां छोटी माता फैली थी, उसी साल जाने कहां से चली आई थी साब ये कुरजां डाकण। जब आई थी तब सबसे यही कहती थी कि रावले में उसका धणी, ठाकुर साब के यहां दो साल का बंधक मजूर बनके आया था...दो साल बीत गए, लौट के घर नहीं पहुंचा है। रावले में किसी ने घुसने नहीं दिया, ठाकर सा ने कहलवा दिया के उनके तो...कोई बंधक मजूर नहीं है। कोई कहता जासूस था, कोई समगलर बताता...जिसे बी. एस. एफ. वालों ने मार गिराया। पहले गांव के मंगनियार लोगों की ढाणियों की तरफ अपने गोद के बच्चे के साथ रहने लगी। जड़ी - बूटियां देती औरतों को, इलाज करती। विस्बास जीत लिया लुगाइयों का। मनमाना पैसा और घर - घर जाकर अनाज मांगने लगी तो औरतों ने मना करना सुस्र् किया... फिर तो जो इसे मना करे उसके घर में बच्चे बीमार पड़ जाएं, मौत हो जाये। मेरी ही औरत के जब तीसरा बच्चा होने को था तो हम देवता के यहां से लड़का होने की भभूत लाए... ये रांड सामने पड़ गयी...कि तीसरी भी लड़की पैदा हो गयी। एक बार तो, यहां के रावले में ये डाकण जबरदस्ती पहुंच गयी। छोटे ठाकर सा के घर में पैली औलाद हुई थी, औरतें सूरज पूजने जा ही रही थीं... कि जो बालक ने रोना सुस्र् किया तो सांझ तक चुप ही नहीं हुआ, सरीर मरोड़ने लगा...आंखें फेर लीं। पैले तो ठाकुर ने इसे पैसे - वैसे देके बच्चे से टोटका हटाने को कहा, तो कहने लगी... मेरा टोटका नहीं है... इस रावले के ही बुरे करमों की छाया है... फिर तो ठाकरसा ने अपने आदमियों से इसके सिर पे जो सौ जूते लगवाए तो... ये डाकण मानी और बच्चे पर से टोटका हटाया...। बाद में खड़ी फसल का सारा जीरा काला पड़ने लग गया। जिसके खेत में देखो जीरा काला। फिर बड़ी ठकुराणीसा ने कहा इसे मारो मत, पता नहीं क्या सराप लगा दे ये करमफूटी औरत। बस गांव के बाहर काढ़ दो। तबसे इससे गांव वाले कोई नाता नहीं रखते। ये खारी बावड़ी के पीछे, मसान के रास्ते में झौंपड़ा डाल के रहने लगी है। सुना,अब तो धीरे - धीरे इसने एक कोठरी पक्की करा ली है। कोई - कोई इलाज, जादू, जंतर मंतर, कराने वाली नीच, रांड - लुगाइयां चुपके - छाने अब भी जाती हैं, उनसे ये मनमाना पैसा लूटती है। गांव के भले लोग कोई उधर नहीं जाते।आप भी दूर ही रहना।''
`` और इसका बेटा?''
`` है ना... आठेक साल का होगा। कभी - कभी दिखता है, बाजार में सौदा - सुलफ लेता हुआ। बड़ा तेज है। उलटे जवाब देता है। गालियां बकता है, इसकी मां को कुछ कह के तो देखो!''
मेरी उत्सुकता अपने चरम पर थी।

उस दिन स्कूल में चल रहे दाखिलों के चलते हालांकि खाना मैं शाम चार बजे खा पाया था, खाना खा कर लेटते ही उस आकर्षक चुड़ैल को लेकर मन में उत्सुकता कुलबुलाने लगी थी। मैं घूमता हुआ खारी बावड़ी की तरफ निकल पड़ा। मैं वहीं जाकर ठिठक गया, जहां उस दिन कालू ने मुझे आत्मविस्मिृति की अटपटी हालत में पकड़ा था। हैरानी भी हुई कि उस दिन मुझे यह, यहीं पैरों के नीचे पसरी पगडंडी क्यों नहीं दिखाई थी...जो आज दिखाई दे रही है? लम्बी घास के बगल से, चुपचाप सरक कर जाती हुई पगडण्डी...यहीं - कहीं तो आकर वह डायन ओझल हो गयी थी। निश्चय ही रात को आयी आंधी के कारण यह घास लेट गयी है और पगडंडी स्पष्ट दिख पा रही है। मैं उसी पर बढ़ गया।
अचानक बढ़ते - बढ़ते, पैरों के नीचे बिछी भुरभुरी रेत, सफेद और ठोस परत में तब्दील होने लगी। जैसे कभी यहां नमकीन पानी की झील रही हो। दरारें और लम्बा सफेद रहस्यमय विस्तार... यहां, कहां होगा उसका घर? इन हवाआें में या इस सफेद ज़मीन के नीचे? या ताड़ के पेड़ों पर अटके चीलों के घोसलों में? जब मैं घूमा तो पीछे की ओर रेतीले टीले पर एक कच्चा - पक्का सा घर दिखा। घर के दरवाजे अधखुले पड़े थे। मैं चलकर वहीं पहुंच गया। अन्दर कोठरी में उजाला बस नाम को था। उसकी आकृति खाट पर बैठी दिखाई दी।
``नमस्ते। मैं ...।''
`` कौन है?'' वह वहीं से गुर्राई।
``यहां क्या लेने आये हो?''
`` अन्दर आ सकता हूँ...''
उसने मेरा चेहरा देखा तो आश्वस्त होने की जगह असमंजस में पड़ गयी। फिर हल्की सी मुस्कान के साथ बोली- ``कहां बिठलाऊं माट्साब तुम्हें अब? चिमगादड़ के मेहमान बने हो तो उलटा ही लटकना होगा, है कि नहीं?'' मैं अचकचाया ... मैं ने ध्यान दिया कि वह स्थानीय भाषा नहीं बोलती थी। यह तो उर्दू मिश्रित कोई अलग ही बोली थी।
`` कहां है आपका बेटा? जिसका दाखिला कराना था।'' कह कर मैं अन्दर चला आया था।
``वह घर में कब टिकता है? अभी तक भेडें चरा कर नहीं लौटा।'' वह एक छोटी कमीज़ में सर झुकाए बटन लगाती रही, पांच मिनट तक कोठरी में सन्नाटा हिचकियां लेता रहा, मैं सोच ही रहा था कि यूं ही खड़ा रहूँ या चलने की इजाज़त मांग लूं। तभी उसने दांत से धागा तोड़ा और खाट से उठ खड़ी हुई,
`` बैठो माट्साब।'' मैं बैठ गया।

`` मां...'' कह कर एक दुबला सा गोरा बच्चा हाथ में बबूल की संटी और एक गुलाबी रंग में रंगा भेड़ का मेमना लिये कोठरी में दाखिल हुआ।
`` ये कौन ?'' वह सहम सा गया।
`` नहीं रे...डर मत ये हेडमास्टर साहब हैं स्कूल के।''
`` इन्हीं को ला रहीं थीं तुम ...कि ये गायब हो गये थे ...''
`` मैं गायब हो गया था? या ये ...।'' मैं अचकचा गया। वे दोनों हंसने लगे।
``चाय नहीं पिलाएगी अम्मां मेहमान को?''
`` भेड़ के दूध की चाय, ये पिएंगे?'' कह कर कुरजां कोठरी के शहतीर से टंगी एक टोकरी में से, कपड़े में बड़े संभाल कर रखी चाय की पत्ती निकालने लगी।
चाय इतनी भी बुरी नहीं थी। इलायची की सुगंध में भेड़ के दूध की गंध दब सी गयी थी। चाय पकड़ा कर कुरजां बाहर चली गयी। हम दोनों चुपचाप चाय पीने लगे।
मैं बच्चे से पूछने लगा, `` स्कूल में पढ़ोगे?''
`` हाँ।''
``नाम क्या है?''
`` जुगनू।''
`` कुछ पढ़ना आता है?''
`` हाँ! एक से सौ गिनती ... अपना नाम लिख लेता हूँ।''
वह बाहर से अन्दर आकर बोली, `` हां, मगर उर्दू में।... चाय पी ली हो माटसाब तो स्र्ख़सत हो लो... सांझ ढल गयी तो इस रेगिस्तान में रास्ता मिलना मुश्किल होगा। गोल - गोल भटकते यहीं दम तोड़ दोगे, इस खारी बावड़ी केे फैलाव में।''बाहर से वह लम्बी रस्सी में पिरोये हुए, सुखाने को रखे नीलगाय के नमकीन मांस के टुकड़े बटोर कर लाई थी।
`` नीलगाय का सूखा मांस खाते हो माटसाब? खाते हो तो ले जाओ।''
`` नहीं। मैं मांस नहीं खाता।''
`` जुगनू, तू भेड़ें संभाल। मैं छोड़के आऊं इन्हें, बाड़मेर की सड़क के इस पार तक।''
वह मुझसे पहले ही निकल कर पगडंडी पर चल पड़ी। मैं आगे बढ़ कर उसके साथ चलने लगा। कुछ दूर चल कर बेर की झाड़ियों से बनी मेड़ के सामने वह खड़ी हो गयी।
`` वो जो पगडन्डी देखते हो, वही जो थूर के पेड़ों के बीच से जा रही है?''
`` हाँ।''
`` बस उसी पर सीधे चले जाना। बीच में एक भैंरू जी का थान मिलेगा, वहां से उल्टे हाथ पे मुड़ लेना। फिर रेत के धौरे शुस्र् हो जायेंगे उन पर चलते चले जाना। आगे तुम्हें बाड़मेर रोड मिलेगी...।''
`` लेकिन आया तो मैं किसी छोटी पगडण्डी वाले रास्ते से था...!''
`` वहां लम्बी घास में सांप छिपे रहते हैं, अंधेरा भी घना रहता है... वहां भटक जाओगे, यह रास्ता इकहरा है, बस ज़रा लम्बा है।''
वह जब बायां हाथ उठा कर रास्ता दिखा रही थी तो मैं कनखियों से उस अनूठे चेहरे को देख रहा था। उसके चेहरे का कटाव स्थानीय ग्रामीणों से भिन्न था। वेशभूषा भी। वह हठात् पीछे मुड़ गई, मैं उसे जाते देखता रहा। उसकी चाल में से एक गर्व उत्सर्जित हो रहा था और एक शानदार फकीराना उदासीनता। मुझे लगा इस विलक्षण रूप के चलते ही वह दन्तकथाआें और अटकलों से घिर गयी होगी।

मैं भटकता हुआ कमरे पर लौट आया। मेरा कमरा हवेली की पहली मंज़िल पर था। जिसकी पीली दीवारों में छोटे - छोटे कई आले थे और छत पर सुन्दर चित्रकारी की हुई थी, दरवाज़ों के ऊपर बने रोशनदानों पर रंगीन शीशों की फुलवारी सी बनी थी, सुन्दर, बारीक काम। पहली मंजिल पर बने सारे कमरे ऐसे ही विशाल थे। मगर सब के सब खाली।
मैं ने देखा, मेरे साथ ही दो चमगादड़ें कमरे में घुस आयी थीं। लगातार हांफती हुई मेरे चौकोर कमरे के चक्कर लगाने लगी ... मैं दरवाजा खोल कर रजाई ओढ़ कर लेट गया मगर वो हांफते - हांफते कमरे से बाहर निकलने के जगह रजाई पर ही फद्द से गिर पड़ीं। उस दिन खाने की थाली यूं ही ढकी रह गयी। कमरा यूं ही खुला रहा। मैं चमगादड़ों के उड़ने के इंतज़ार में रजाई में मुंह किये ही सो गया। सुबह मेरे जागने से पहले ही कमरे में आकर कालू बड़बड़ाने लगा - ``मना करता हूं साब जी को उस डाकण से दूर रहो। माने नहीं गए उस तरफ... देखो, आज फिर दरवाजा खुला है और खुद बेहोस हैं।अरे बाप! कैसा ताप चढ़ा है।'' हल्की हरारत की वजह से उस दिन मैं स्कूल नहीं गया। कुरजां के बारे में सोचता रहा और अजीबोगरीब सपने देखता रहा।

जुगनू का दाखिला स्कूल में मैं ने कर लिया था। अध्यापकों के बीच सुगबुगाहट और विद्रोह को मैं ने महसूस किया लेकिन अपरोक्ष रूप से प्रार्थना के समय छात्रों को संबोधित करने के बहाने मैं ने अपना संदेश संप्रेषित कर दिया था कि इस विद्यालय में मैं किसी किस्म के जातिवाद, छुआछूत और अंधविश्वास को सहन नहीं करूंगा। जुगनू की कोई तरतीबवार पढ़ाई तो हुई ही नहीं थी सो आठ वर्ष का होने के बावज़ूद उसे दूसरी कक्षा में डाला गया... जिसका पाठ्यक्रम भी उसके बस के बाहर था। किसी अध्यापक से उसकी तरफ अतिरिक्त ध्यान देने को कहना व्यर्थ था, सो मैं ने उसे शाम के समय अपने कमरे पर आकर एक घण्टे पढ़ने के लिए कह दिया।

जुगनू का बातूनीपन अब उजागर होने लगा था। उसके पास स्थानीय रेगिस्तान को लेकर अद्भुत जानकारियां थीं। चाहे वो रेतीले सांपों के नाम हों... या रेगिस्तानी लोमड़ियों के व्यवहार की जानकारी हो। लेकिन उसे पढ़ाने में मुझे भी पसीने आ जाते। पढ़ते - पढ़ते वह न जाने कौन - कौन से कुतुहल उठा लेता... शहर कैसे होते हैं? वहां कितने लोग रहते हैं? कभी दुखी होकर वह अपनी मां की बात करता... कि गांव के लोग उसकी मां को डाकण, कुत्ती रांड और जाने कितनी गंदी गालियां बकते हैं। बारिश हो और स्र्के ना तो भी उसकी मां का टोटका कहते हैं, न हो तो ... फिर तो है ही उसका जादू टोना। कभी कहता, वह बड़ा होकर मां को शहर ले जाएगा। जहां उसकी मां को कोई नहीं जानेगा। न डाकण कहेगा।

कभी जुगनू के पढ़ने न आने पर, मुझे उसके झौंपड़े में जाने का बहाना मिल जाता। रेगिस्तान और बेरों की झाड़ियों से घिरा उसका ठिकाना और लोगों की उसके बारे में तरह - तरह की भ्रान्तियां... उसके ईद गिर्द एक रोमांचक प्रभामण्डल बुनती थीं। मैं जुगनू से मुखातिब होकर अप्रत्यक्षत: उससे बातें किया करता।
``इस उजड़े वीरान रेगिस्तान में अकेले रहते डर नहीं लगता?''
``डर क्यों माट्साब? यहां शेर चीते नहीं रहते...।'' जुगनू ने उदासीन भाव से कंधे उचका देता।
`` मेरा मतलब जानवरों से नहीं था... रेतीले तूफानों से था। निर्जन में अकेले रहना... मुसीबत पड़े तो कोई सहायता के लिए भी न आ सके।'' कहता मैं जुगनू से था पर देख मैं उसकी मां को रहा होता था।
`` हमारे लिए यही अच्छा है कि वे लोग मुझे और जुगनू को अकेले छोड़ दें... लेकिन...।'' कुरजां के होंठों के टांके टूटते।
``लेकिन...क्या?''
उस दिन वह चुपचाप सिर मोड़ कर खिड़की के बाहर देखने लगी थी। वह शांत रहने का भरसक उपक्रम कर रही थी। उसकी आंखें बाहर जमी हुई थीं और भृकुटियां क्रुद्ध मुद्रा में एक दूसरे के समीप सिमट आइंर्।
`` वही पुलिस का दरोगा और बी. एस. एफ. के भूखे भेड़िए।''
`` उनका तुमसे क्या लेना?''
`` अकेली औरत गोश्त की भुनी हुई नमकीन बोटी से ज़्यादा क्या होती है! मेरे घरवाले को तो जबरजस्ती ही समगलर - जासूस करार कर दिया... जबकि वह मरा तो यहीं रावले की बेगारी में है। दरोगा को रपट लिखने को कहा तो वह उल्टा मुझे ही तंग करने लगा।'' उसने फूत्कारते हुए समूची कटुता जवाब में उंडेल दी।
``......।''
``माट्साब हमारे पुरखे घुमंतु कबीले के थे,कभी इस पार तो कभी उस पार... न हिन्दु न मुसलमान...जान की सांसत लगी रहती थी...बोर्डर के आस - पास रहने में सो...एक जगह बसने के इरादे से `वो' रावले आया था। एक हजार का करार था दो साल की बंधक मजूरी का... वो लौटा ही नहीं न पैसा भेजा... उसका एक साथी भाग आया, उसीने खबर दी कि उसका कुछ सुराग नहीं है। मैं अपने पीहर में इस पार ही थी... कोसों पैदल चलके जींवसर आई... उसके इंतजार में तब से यहीं हूँ। अपना और बच्चे का पेट पालने को अपने कबीले का हुनर आजमाती रही। वही तो मेरे खून में था। सांप और हड़क्ये कुत्ते के काटे का जहर उतारना, जड़ी - बूटी करना, किस्मत बांचना, बुरे साए उतारना। हमारे कबीले की औरतें वैद - ओझों का हुनर जानती हैं। जींवसर के गंवारों ने रावले की शह में मुझे डाकण ही बना डाला।'' आंसू उसके आंखों में खून की तरह उतरे थे पर वह रोई नहीं। पी गई। उसकी यही बात मुझे विशेष रूप से प्रभावित करती थी... उसका अपने आप पर अटूट विश्वास।

मेरे इस तरह, उसके झौंपड़े में पहुंचने पर वह हमेशा शांत और सौम्य रहती... अपने कामों में मसरूफ। किन्तु न जाने, उसकी किन भंगिमाओं से मैं यह जान गया था कि उसे हल्की - सी खुशी होती है, मेरे आने की। कभी - कभी हमारे बीच अजीब से मूक क्षण आ जाते जब अनायास हमारी आंखें चार हो जातीं। ऐसे में उसकी नीली आंखों में हल्की नमी घिर आती और उसकी कनपटी के पास उभरी पतली नीली नस हल्के - हल्के सिहरने लगती। ऐसे ही पलों में,उसके प्रति मेरा कुतुहल अपनी पराकाष्ठा पर पहुंच जाता।
`` कुरजां, यह नाम पहले कभी नहीं सुना...क्या मायने इसके?''
`` कुरजां एक पंछी होता है...मोर जैसा बड़ा। चमकने सुरमई पंख, काली कलंगी... आंख के पास सफेद घेरा आपने देखा नहीं? इसके गीत नहीं सुने? कहते हैं,जाड़े की चांदनी रातों मेंं ये पंछी जन्नत से उतर कर रेगिस्तानी झीलों के किनारे बड़ी तादाद में डेरा डालते हैं...जाड़े भर रह कर फागुन आने पर उड़ जाते हैं। मां कहती थी कि कुरजां एक ही बार जोड़ा बनाते हैं जिन्दगी में, वो जोड़ा टूटे तो अकेले, झुण्ड से अलग यहीं छूट जाते हैं, फिर जन्नत नहीं लौटते, धीरे - धीरे गरम रेत पर जान दे देते हैं।'' कहते हुए उसके चेहरे पर उदासी का सुरमई - रूपहला रंग उभरा तो आंखों के नीले सरोवरों पर धुंध छा गयी।
`` जड़ी बूटी के इलाज के अलावा तुम क्या करती हो?... जादू टोना, मेरा मतलब बुरी आत्माएं उतारना या अच्छी आत्माएं बुलाना?'' मेरे इस गुस्ताख सवाल पर वह हिचकी। उसने मेरी आंखों में ताक कर मेरा इरादा भांपना चाहा, जाने क्या भांपा कि आश्वस्त होकर बताने लगी।
``नहीं, मैं ने वह हुनर नहीं सीखा, बहुत पहले किसी के बहुत जिद करने पर मेरी मां बुलाया करती थी ...अपने जिस्म में किसी की रूह को ... और बहुत पैसे लेती थी... बल्कि सोना...अंगूठी या बाली... लेकिन उसके बाद महीनों उसका दम निकला रहता वह पस्त रहती... आवारा रूह उसके जिस्म में बेलौस भटक कर उसे बेदम कर जातीं थीं। मैं ने सीखना चाहा पर उसने मने कर दी...जवान, कुंवारी लड़कियों को यह सब नहीं सिखाया जाता था। हमारे कबीले की बूढ़ियां ही ये सब किया करतीं थीं।''
`` तुम बता रही थीं तुम भाग्य भी बांचती हो?''
`` अब यह सब कौन मानता है माट्साब।''
`` मेरा देख के बताओ न!''
`` क्या करेंगे जानकर? पता नहीं, मां के दिए वो ताश के पत्ते मैं ने कहां रख छोड़े हैं। याद नहीं।''
`` अम्मां मैं लाऊं? वो, वहां उस डब्बे में रखे हैं।'' पढ़ता हुआ जुगनू बीच में उचका और टांड पर रखे एक पुराने टिन के डब्बे में से मैले - कुचैले ताश ले आया...
`` देखो न अम्मां...'' जुगनू उत्साह में था।
उसने अनमने मन से कुछ बुदबुदा कर तीन ताश निकाले...
`` कुछ रखिए इस पर...सिक्का...''
मैं ने जेब से पचास का नोट निकाल कर उसकी हथेली पर रख दिया।
उसने आंखें मूंद लीं, फिर हथेली पलकों के पास ले जाकर पत्ते खोले... एक सम्मोहन में डूब कर, सपाट स्वर में बोलने लगी- ``तुम अच्छे हो मगर दिल के कमज़ोर। सोचते बहुत हो। ज़रा - ज़रा सी बात दिल से लगा बैठते हो। पैसा कमाओगे पर बचेगा नहीं। मां - बाप के प्यारे हो पर उनके गम के बाइस ही बनोगे। जल्दी ही जगह बदलोगे मतलब यहां से तबादला होने के आसार हैं। पैरों में फेरा है, घूमते रहोगे यहां से वहां। बहुत बूढ़े होकर नहीं मरोगे।''
`` कहो न, जल्दी ही मर जाओगे।''
`` नहीं, न जल्दी न देर में।''
`` ह्ह... ये तो आम बातें है जो कोई भी बता दे।'' मैं ने मज़ाक बनाया।
वह उदास हो गयी। फिर धीरे से बोली। ``एक खास़ बात भी है।''
``क्या? इश्क - मोहब्बत की?''
उसने इनकार में सिर हिलाया। पलकें उठा कर संजीदगी से बोली।
``तुम ताज़िन्दगी कुंआरे रहोगे।''
`` अच्छा!'' मैं हंसी उड़ाने के लहज़े से बोला।
`` मत मानो।''
`` अच्छा तुमने कभी अपना भविष्य नहीं देखा।''
`` हमसे तो भाग्य का देवता रूठा ही रहता है, दूसरों के भाग बांचने वाले उसे दूसरों की खातिर इतना नींद से जगाते हैं कि खुद किस्मत बांचने वाले सदा दुखी रहते हैं।''

कुछ दिनों बाद ही रेबारियों की बस्ती में आखातीज के मौके पर सामूहिक विवाह की रस्म का एक बड़ा आयोजन होना तय हुआ, ठाकुर साब और गांव के प्रतिष्ठित लोगों के साथ मेरे नाम का भी बुलावा आया था। मैं हवेली के चौकीदार को जगे रहने की हिदायत देकर रावले में चला आया। वहां से ठाकुर साहब और उनके लवाजमे के साथ मैं भी पहुंचा रेबारियों के मोहल्ले में। ठाकुर साहब का स्वागत रस्म के अनुकूल हुआ, वही, उनका खम्माघणी करके नज़राना पेश किया जाना... नज़राने में, चांदी के कुछ सिक्के। पैर छुए जाना - हाथ चूमा जाना। मुझे वितृष्णा हुई। इनके सामंतवादी मिजाज़ कब बदलेंगे आखिर?

तम्बू बंधा था और अंधियारे मुहल्ले में गैस के हण्डों की रोशनी की गयी थी।इन हण्डों के जगर - मगर प्रकाश में गरीब रेबारियों का अभाव और उस अभाव में बरसों से जी रहे लोगों के चेहरे पर स्थायी तौर पर रहने वाली बेचारगी उभर कर सामने आ रही था। मैं ने महसूस किया, उनके इन अभावों और बेचारगी के समक्ष, मेरे ईद - गिर्द बैठे तथाकथित प्रतिष्ठित चेहरे भौंडे और हास्यास्पद लग रहे थे। जल्दी ही पण्डाल नए कपड़ों में सज्जित छोटे - छोटे दूल्हों से भर गया। उनमें से कई अपने पिता के कन्धों पर ऊंघ रहे थे या फिर मां की गोद में बैठे अंगूठा चूस रहे थे। कुछ थोड़े बड़े थे सो अपनी छोटी तलवारों या कटारों से खेल रहे थे, खिलखिला रहे थे। मेरा मन कहीं आहत हुआ कि मैं एक सरकारी कर्मचारी होते हुए इस गैरकानूनी प्रथा में शरीक हुआ हूँ। ठाकुर साहब की बगल में बी. डी. ओ. और प्रधान बैठे विदेशी मदिरा का आनन्द उठा रहे थे। उधर दरोगा और पटवारी रेबारी औरतों पर अश्लील टिप्पणी करके हंस रहे थे। ऊब और उदासी की अपरिचित - सी अनुभूति मेरे मन पर घिर आई। नेपथ्य में कहीं बजने वाले ढोल की निरन्तर थाप मेरे दिमाग में पीड़ादायक रूप से प्रतिध्वनित हो रही थी। मैं ने स्वयं से पूछा - `` मैं यहां क्या कर रहा हूँ?''
मेरा मन कचोट उठा, तो मैं ने हठात् ठाकुर साहब से पूछ ही लिया, `` ये तो बाल - विवाह है, ठाकुर साहब।अब तो...''
``हेडमास्टर साहब, आप तो अपणा मुंह बंद करके इनकी मेहमाननवाज़ी का आनन्द लो। ये तो अपनी पुरानी परंपराएं हैं...इन्हें मिटाणा मुश्किल है। हमारी तो खुद की सादी थाली में बैठी दो साल की दुल्हन से हुई थी। अब हमारे बच्चे बाहर पढ़णे लगे हैं तो देर से ब्याव करते हैं...पढ़ी - लिखी बहुएं आ गयी हैं तो उन्होंने गांव आणा ही कम कर दिया है। रावळे - हवेलियां तो सूने पड़ गये है... ये परंपराएं अब गांव के इन मोहल्लों में ही बची रह गयी हैं। इन गरीबों के बहाने हमारी अपनी प्रथाएं और संस्कार बचे हुए हैं।''
मैं चुप रह गया। तभी शोर उठा और नन्हीं - नन्हीं दुल्हनें थालियों में बाहर लाई गयीं। चांदी के अनगढ़ जेवरों से लदीं, नए घाघरे - ओढ़नों में, बेहाल, रोती, ऊंघती। गैस के हण्डों की रोशनी में बहुत ही अनोखा दृश्य बन पड़ा था सामूहिक फेरों का। कहीं दूल्हों के पिता और कहीं दुल्हनों की मांएं उन्हें गोद में लेकर फेरे फिरा रहे थे। सजे - संवरे, गठरी बने मासूम बच्चे अपने भविष्यों और गृहस्थी समस्याओं से बेखबर नींद में डूबे या निंदासे,अधजगे फेरों के साथ घूम रहे थे।औरतें मंगलगीत गा रही थीं।

तभी भीड़ बना कर खड़े बच्चों के एक झुण्ड पर मेरी नज़र गयी जो शादी में आमंत्रित तो नहीं थे पर तमाशबीन बने खड़े थे। उनसे थोड़ी दूर पर पण्डाल के एक खम्भे से लगा... अकेला झांकता हुआ जुगनू भी खड़ा दिखा। हल्की - हल्की ठण्ड में भी केवल एक बनियान और पजामा पहने वह बाल विवाह का तमाशे को देख रहा था, उसकी मासूम आंखें चमक रही थी...उसके हमउम दूल्हों की नई पोशाकें, तलवारें... थालियों में बैठी उनकी नन्हीं - मुन्नी दुल्हनें! मेरी नज़र विवाह के शोरगुल से हट कर अब जुगनू पर केन्द्रित थीं...क्या सोचता होगा यह बच्चा? स्कूल, मोहल्ले, गांव से निष्कासित, एकाकी...शापित बचपन। फिर मेरा ध्यान हट कर उसकी मां पर जा टिका। दो नीले सरोवरों का नखलिस्तान! मेरे मन में हूक - सी उठी। तभी महिलाओं की तरफ से एक शोर गूंजा, `` अरे या डाकण अठै... रांड मर अठा सूं... अठै कई कर री है थूं?'' एक बुढ़िया ने चीख कर, उस पर अपने हाथ का डण्डा फेंका।
`` काकी - सा बालक है, शादी की रौनकें देखी तो इधर भाग आया, इसी को लेने आयी थी।'' वह हड़बड़ा गई। कुछ ही पलों बाद मैं ने देखा... कुरजां जुगनू का हाथ खींचती हुई वहां से चली जा रही थी। अपमान के दंश से तिलमिला कर उसने ब्याह का तमाशा देखने की ज़िद करते नन्हें बच्चे के गाल पर दो तमाचे जड़ दिए थे।

ठाकुर साहब और उनके लवाजमे का खाना तो छुआछूत की वजह से, स्वयं ठाकुर साहब के घर से आए बामण ने बनाया था। बाकि लोगों का खाना पीछे कहीं बन रहा था। खाना खाकर मैं जल्दी ही लौट आया और देर रात तक बैठ कुछ ज़रूरी कागज़ात और फाइलें निपटा रहा था। तभी कालू भागता हुआ आया, `` साब जी जल्दी चलो, रेबारियों के ब्याव में डाकण के आने से खाना जहर हो गया। लोग उल्टी - दस्त कर रहे हैं। कितनेक तो बेहोस हैं। कुछ बच्चे तो लग रहा है के ...नहीं बचणे के साब जी।''
मैं भागता हुआ अस्पताल पहुंचा, जो कि लोगों से अंटा पड़ा था। डॉक्टर लम्बी छुट्टी पर था, ठाकुर साहब के होते हुए पास के कस्बे से दवाइयां और डॉक्टर को लाने का प्रबंध न हो सका। इतने हंगामे और खबर भेजे जाने के बावज़ूद वे गीदड़ की तरह चुपचाप रावले नामक अपनी नांद में दुबके रहे। कहलवा दिया कि जीप में पेट्रोल नहीं है और स्वयं ड्राइवर शादी का खाना खा कर बीमार हो गया है। कुछ दूसरे लोगों ने और मैं ने पैसे जमा करके जीप मंगवाई, जब तक पास के कस्बे से डॉक्टर आता, गांव के कंपाउण्डर ने कमान संभाल ली थी। मैं ने कालू को भेज कर प्राथमिक चिकित्सा जानने वाले स्काउट छात्रों को बुलवा लिया। स्वयं भागा स्कूल से फर्स्ट एड बॉक्स लाने, जिसे हाल ही में मैं ने ज़रूरी दवाओं और सामानों से भरवाया था। रात भर जाग कर भी दो नन्हे दूल्हों और चार साल की एक दुल्हन को और एक बुड्ढे को नहीं बचाया जा सका। लोग आहत थे, क्रुद्ध थे। गलती बासी मांस पकाने वालों की थी। निष्क्रियता और गैरज़िम्मेदारी दिखाई थी सरकारी तंत्र ने और रावले में रहने वाले गांव के तथाकथित मालिकों ने, जिनके सारा गांव पैर पूजता था... लेकिन गालियां मिलीं गांव से
निर्वासित डाकण और उसकी औलाद को। अगले दिन जब ठाकुर साब अपने लवाज़मे के साथ पधारे, मैं अस्पताल में नहीं था। कहते हैं, बात फिर उठी थी अपशकुन की और डाकण के गांव में देखे जाने की।गांव के जवान लड़के शायद ऐसे ही किसी मौके और दुष्प्रेरणा की तलाश में थे।

अगले दिन भी लोगों की हालत में सुधार की गति धीमी थी पर हालात काबू में थे। मैं रात ग्यारह बजे के करीब अस्पताल से लौट रहा था। कालू मेरे साथ था, टॉर्च पकड़े। घनी निस्तब्धता में मोर की आवाज़ ऐसी लग रही थी मानो वह कोई दुख भरा भेद छिपा रहा हो। शादी - ब्याह के घरों से उठी उन विकल पुकारों से पीछा छुड़ाना मुश्किल जान पड़ रहा था।
``देखा साब डाकण का काम... देखी थोड़े ही गयी उसे गांव की खुसी... कहती थी इसी गांव में गायब हुआ है उसका घरवाला...''
``चुप रहो।बासी मीट खाने की वजह से हुई मौतों का संबंध तुम किसी औरत के श्राप से कैसे जोड़ सकते हो? उसे नाराजगी है तो रावले से, आम गांव के लोगों से उसका क्या लेना? उसके डाकण होने की बात हो न हो इन ठाकुरों ने ही फैलायी है...क्योंकि उसका घरवाला रावले में बंधक मजूर था। वहीं से वह गुम हो गया। जाने जमीन खा गयी कि आसमान निगल गया या इन्हीं ठाकुरों ने... मियाद पूरी होने पे...''
``नइंर् साब...शुस्र् से मैं इसे जानता हूँ। जब ये औरत गांव में आई थी औरतें के दिमाग फिरने लगे थे, रांडे इसके पास बच्चा गिराने की दवा लेने जाने लगी थीं। एक दूसरे के बच्चों पर टोने - टोटके कराने लगी थीं। तास के पत्तों से भाग बांचणे के नाम पे ये ठगिनी उन्हें बहकाने लगी थी।''
``अरे! बंजारन औरत है, जड़ी - बूटी का काम जानती होगी...फिर खाने कमाने के लिए इसे कुछ तो करना ही था न!''
`` पता नहीं साहब...।''
``आज तो मौत को इतना पास से देख तो लिया तूने... जब मौत आती है तो यह शरीर ही एक- एक सांस के लिए लड़ता है। जब पेट में जहर होता है तब न भैरूं जी, न बाला जी काम आते... तब किन्हीं चुड़ैलों का जादू - टोना भी नहीं काम आता... काम आता है नमक का खारा पानी... और पेट की सफाई। इंजेक्शन और ग्लूकोज़।मांस के बासी होने की रिपोर्ट तो आज डाक्टर ने खाना जांचते ही दे दी थी। सुबह से भैंरूजी के थान पे कटा भैंसा परातों में खुला पड़ा रहा... शाम को पकाया गया तो जहर तो फैलेगा ही ना।''
`` सर्दियों में तो ...।''
`` कालू जी... मांस कटते ही धीरे - धीरे सड़ना शुस्र् हो जाता है। चाहे सर्दी हो के बरसात...।''
पता नहीं कालू के दिमाग में मेरी बातें घुसी कि नहीं पर उसने आगे बहस करना बन्द कर दिया था। टॉर्च लेकर वह आगे - आगे चलता रहा।अचानक बोला, ``ठाकर साब ने हरी झण्डी दे दी थी, गांव के छोरों को...डाकण को निकाल बाहर करने की।''
``क्या? किसे?'' वह चौंका।
`` वो कुरजां डाकण को।''
`` फिर से कहो?'' मैं ने उसे कन्धों से पकड़ कर झकझोर दिया। वह सकपका गया।
`` चलो मेरे साथ।'' हम दोनों लगभग दौड़ते हुए कुरजां के ठिकाने पर पहुँचे।

चांदनी का फीका आलोक झौंपड़ी की टूटे केवलू की छत में से रिसता हुआ, चमकीली कटी चिप्पियों की शक्ल में कुरजां के आधे उघड़े भूरे घायल शरीर पर छिटका हुआ था। ऐसा लग रहा था, वह किसी मंच पर पड़ी है ...अंतिम दृश्य में ...और उसे घेर कर प्रकाश डाला गया है ... उसके पीछे केवल अंधकार था।हमारी आहटों से सहम कर उसने अपना बांया हाथ आंखों पर रख लिया। अपने फटे कपड़ों को ढकने लगी। उसके गालों और गले के पास खरोंचों के गहरे निशान थे... दायीं भौंह के पास से कट गया था जहां खून जम कर काला पड़ गया था। तभी मेरे पैरों से कुछ टकराया।
``अरे! ये जुगनू को क्या हुआ?'' कुरजां के पैरों के पास जुगनू अचेत पड़ा था, उसकी कनपटी के पास से लहू बह बह रहा था।
कालू यह दृश्य देखकर अवाक् था। रोशनी के अनजाने वृत्त में पड़ी कुरजां का राख पुता चेहरा, ठहरी हुई नीली पुतलियां...फटा ओढ़ना...चिथड़ा घाघरा... लगभग फाड़ कर फेंक दी गई कुर्ती के अवशेष... बांइंर् भौंह के पास बहता हुआ खून।
वह उठ बैठी। हमारे सवालों का कोई उत्तर नहीं था वहां... वह खामोश थी... कुरजां की खामोशी और तटस्थता कालू को सिहरा रही थी। शायद अब उसे समझ आ रही थी एक नीरीह चुड़ैल की विवशता।
`` कालू, उठा इस बच्चे को, अस्पताल चलें...।''
``नहीं। अस्पताल नहीं।'' कुरजां ने मेरा हाथ थाम लिया।
`` बच्चा मर जायेगा।'' मैं फुसफुसाया और वह मेरा हाथ थामे सिसकने लगी।
``ये ठीक ही कहती है, अस्पताल जाना ठीक नहीं है माट्साब। वहां लोग इसे देख कर और पागल हो जाएंगे।''
कालू ने बच्चे के घाव साफ करके, फर्स्टएड बॉक्स में से पट्टी निकाल कर बांधी और हवेली जाकर मेरी अलमारी में रखी ब्राण्डी ले आया और उसकी छाती की मालिश करने लगा। कुरजां को मैं ने अपना दुशाला दे दिया था। वह फिर से वहीं फर्श पर ढह गयी। जुगनू अचेतावस्था में कराहता रहा। कालू को मैं ने वहीं स्र्ककर बाहर पहरा देने को कह दिया था सुबह होने तक। मेरा वहां स्र्कना ठीक न होता।

मैं हवेली में पड़ा रात भर जागता रहा, कुछ समझ नहीं आ रहा था, अनेक संकल्पों और विकल्पों की शरण में जाकर भी मन कोई हल नहीं ढूंढ पा रहा था। पौ फटते ही मैं वहां जा पहुंचा। कालू बाहर ही बैठा मिला। मैं अन्दर गया, जुगनू को होश आ गया था। कुरजां ने गठरी सभांल रखी थी और दुशाला कस के देह पर लपेट लिया था।
``कहां जाने की तैयारी है?'' मैं ने पूछा।
`` कालू भाई जी से कहें... हमें पाणेरी के बसटैण्ड तक छोड़ के आएं।''
`` कहां जाओगी बहन?'' कालू अन्दर आ गया।
`` पता नहीं... ... अब इस गांव में रहना नहीं हो सकेगा।''
`` क्यों? कल रात जो कुछ तुम्हारे साथ हुआ है,उसकी शिकायत नहीं करेंगे हम सदर थाने जाकर?'' मैं आवेश में आ गया।
`` कौनसी पुलिस...कौनसा थाना माट्साब, सब तो रावले का हुकम बजाते हैं?''
``...।''
`` कल रात मेरे साथ जो हुआ, उसकी परवाह नहीं... पहले भी रात को दरवाजा खटकाते थे, रावले के हाकम, बी. एस. एफ. के जवान...खुद पुलिस के दरोगा... बत्तीस दांतों के बीच जबान की तरह कैसे बची, मैं ही जानती हूँ। पर गांव के छोरों ने पहली बार हिम्मत की... भेड़े भगा दीं। मुर्गियां के टपरे में आग लगा दी। मेरे कपड़े फाड़े... बदसलूकी की...मेरी छोड़ो, जुगनू के साथ जो हुआ उसने मेरी हिम्मत तोड़ दी है माट्साब। कितना मारा उसे, टांगों से उठा कर गोल घुमा के जमीन पे छोड़ दिया।'' कह कर वह पीड़ा से सिसक उठी। एक खामोशी में उसकी हल्की सिसकियां गूंजती रहीं। उधर जुगनू की भी कराहटें बढ़ती जा रही थीं।
अंतत: कालू ही समस्या का हल लेकर हमारे सामने खड़ा था।
``मेरी समझ से तो...आज दिन - दिन किसी तरह ये यहीं काटे, रात होते ही मैं और आप चलकर इनको मेरे गांव के खेत पर बने कच्चे घर में छोड़ आएं। मेरा गांव, यहां से बस पन्द्रह कोस पर है। मामला निपटने तक ये वहीं रहें। फिर आप जानें या ये जानें...बस पुलिस के झंझट से मुझे दूर रखना साब जी।''
बहुत राहत तो मिली थी मुझे, कालू की इस व्यवस्था से पर मैं जानता था, यह स्थायी व्यवस्था नहीं थी। मैं ने कुरजां को लेकर उस रात गंभीरता से सोचा ... उसके स्थायित्व को लेकर, जुगनू को गोद लेने की औपचारिकताओं पर। अब वक्त नहीं लगा मुझे निर्णय लेने में, सुबह स्कूल पहुंचते ही मैं ने जींवसर से तबादले और लम्बी छुट्टी पर जाने की अर्जी डाल दी थी। इसी शाम को ही मैं कुरजां को अपना निर्णय बता कर, उसकी `भविष्यवाणी' को गलत साबित करने की चुनौती देकर उसे चौंकाने वाला था।

`` चले गये वो दोनों...।'' शाम पांच बजे मैं स्कूल से निकलने की तैयारी में ही था। तभी कालू अपना क्लान्त चेहरा लिए आ खड़ा हुआ।
`` कहां?''
`` पता नहीं?''
`` झौंपड़ी खाली मिली। पाणेरी के बसटैण्ड भी गया मगर वहां नहीं थे। एक जान - पैचाण वाला मिला, वो बता रहा था के उसने दोफैर में `डाकण' को जाते देखा था, छोरे के साथ बस में। बाड़मेर की तरफ।...... ये तास के पत्ते वहां बिखरे पड़े थे।''
मैं ने वो ताश के पत्ते उससे छीन लिए, बेहद पुराने, साधारण ताश के पत्ते। मैं उन्हे बेचैनी से पलटने लगा।
``डायन कहीं की,अपना कहा सच करके चले गई।'' हताशा और गुस्से में मैं चीख पड़ा, कालू आश्चर्य से मुंह खोले मेरे चेहरे को ताकता रह गया।

उसके बाद मैं वहां छ: महीने और रहा। जैसा कि मैं ने पहले ज़िक्र किया था, समय वहां बहुत लम्बा होता है।... वहां कोई घन्टे नहीं गिनता, न वर्ष। वहां मौसम ही नहीं आते... न बसन्त... न बहार। मैं जब तक वहां रहा, एक अनंतता में जीने का पुरज़ोर यकीन बना रहा। लौटा तो लगा, मैं अपना एक जीवन वहां छोड़ आया था। .........

कहानी तो यहीं खत्म हो गयी थी। उसकी इस कहानी की फाइल के पीछे, मुझे एक छोटा नोट मिला - ``स्मृति द्वारा वापस लाकर अतीत की चीज़ों को मोटे तौर पर देखना और बात करना तो आसान है, डॉक्टर... पर बारीक कहानी बुनना, अतीत की आवारा रूह को अपनी देह पर बुलाने जैसा होता है। मैं बहुत पस्त मगर मुक्त महसूस कर रहा हूँ। अब सोऊंगा।''

नींद में ही चला गया था वह दुनिया से। बहुत दिनों तक उसकी अनुपस्थिति मेरे मन में एक उलझी कहानी - सी अटकी रही।


आज यह कहानी  वाट्सअप  समूह "साहित्य की बात " ,जिसके एडमिन ब्रज श्रीवास्तव जी है ,पर प्रस्तुत की गई |कहानी पर पाठको की आई मुख्य प्रतिक्रियाये यहाँ प्रस्तुत है .....


प्रतिक्रियाए 
**********

मीना शर्मा .मनीषा जी की , किस्सागोई के अन्दाज़ में आगे बढ़ती लम्बी.....................कहानी अपनी रोचक शैली, जिस जगह की बात कहती है उस जगह का विस्तृत विवरण अपने साथ लेकर चलती है.डाकण के विवरण के बाद से कुरजाँ, एक बार भी डराती नहीं बल्कि जिस तरह  कथा के पात्र को रचनाकार प्रस्तुत करती हैं, उससे तो उसके प्रति उत्सुकता जाग्रत हो जाती है...?  शब्दावली बहुत खूबसूरत है.     सन्नाटे का हिचकी लेना, सुन्दर प्रयोग है. अपने नाम के पंछी का परिचय खूबसूरती से दिया गया है.भाषा पर सुगढ़ाई ...."अकेली ओरत गोश्त की भुनी हुई नमकीन से ज्यादा क्या    होती है" कहकर कितना सटीक उदाहरण दिया है उस परिस्थिति के पात्र    के पात्र का .. ..बच्चों के या कहूँ कि नन्हीं दुल्हनों के पहनावे और सामुहिक फेरों का सजीव चित्रण ....और फिर नीले सरोवरों का      नखलिस्तान ...सच में हृदय स्पर्शी .....जादू बिखेरती कथा ...बधाइयाँ कथाकार को और प्रवेश जी शुक्रिया आपका मन मोहक प्रस्तुति के लिये .  प्रस्तोता और कथाकार दोनों को   बधाइयाँ .....🌿🌺🙏👌
 Arti Tivari: कहानी एक सम्मोहन की तरह लगी मुझे,मनीषा ने इस कहानी के माध्यम से राजस्थान के सीमावर्ती इलाके के दूरस्थ गांवों और "रावलों"की अच्छी पोल खोली है। हूबहू यही होता है इन रावलों के आसपास और मज़ाल है कि इनकी महिलाओं के कोई हाथ भी देख ले,एक बेबस गरीब स्त्री को डाकण घोषित करके ये पूरा दुष्तंत्र उसका दैहिक शोषण भी करता रहा और मानसिक विकलांग भी बनाता रहा।
स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से ही ये सब सम्भव हो पाता है।
कुरजां एक खुद्दार औरत थी। समझने लगी थी कि मास्टर जी भले आदमी हैं,इसीलिए अपनी मुसीबत की छाया उन पर नही पड़ने देना चाहती थी...चुपचाप चली गई और बता गई कि इन हवेली वालों से कितना ऊँचा है उसका किरदार,कहानी की रोचकता जिज्ञासा बढ़ाती है और अंत तक पढ़वा ले जाने की क्षमता रखती है,अतः लेखिका सफल है।
कहानी में कसावट है और सजीव चित्रण इसे समझने में इसलिए आसानी हुई क्योंकि ऐसे रावले हमारे गांव बोलिया के आसपास भी हैं ,और इनकी बहू-बेटियों को करीब से इसलिए जाना कि इनमें से अधिकांश शिक्षित होकर मन्दसौर के आसपास बस गए हैं। किन्तु इनकी ठसक आज भी वही है। इनके पारिवारिक उत्सवों में आज भी देखने को मिल जाती है।
रावलों की मुख्य ठकुराइन किसी के सामने नही आती। 14 वर्ष का हो जाने पर उसका अपना बेटा भी माँ से बात 

नही कर सकता। और ये गरीबों और लाचारों का कितना शोषण करते हैं। सब एक जैसे नही होते पर जो भी ऐसे हैं,वे आज भी उसी अकड़ और रूढ़ि में जकड़े हुए ही जी रहे हैं।
बहरहाल प्रवेश को इस कहानी चयन की बधाई👍🏼👍🏼🍀🌸

राजेन्द्र श्रीवास्तव जी : आज प्रवेश जी के सौजन्य से मनीषा कुलश्रेष्ठ जी की प्रभावी कहानी  पढ़ने का अवसर मिला ।'कुरजां' पंछी की ही तरह एकाकी, उपेक्षिता कहानी की नायिका का संघर्ष व प्रताड़ना से भरी जीवन-कथा। शैली बहुत अच्छी,कहानी को निरंतरता देती हुई । संवाद रोचक व पात्र-अनुरूप । ढाणी,रावलों का सटीक चित्रण
गांवों की साधनहीनता,पिछङापन, सदियों की अज्ञानता व दब्बू मानसिकता वअंधविश्वास के संत्रास झेल रहे वहाँ के लोग । गिने-चुने समर्थ लोगों की स्वार्थपरता व उदासीनता ।मनीषा जी की कहानी मन को छू गई। read more पर क्लिक करता गया ,कथा के अन्त तक ।



प्रेमचंद गाँधी जी यह लोक विश्वास और मान्यता है। मनुष्येतर जगत में एकनिष्ठ प्रेम के उदाहरण विरल है। कुरजां लोकगीत का सही परिप्रेक्ष्य यह है कि इसमें विरहिणी अपने परदेस गए प्रेमी को बुलाने के लिए संदेश कुरजां को देती है, क्योंकि वह प्रवासी पक्षी है।इस कहानी की सबसे बड़ी खासियत इसका शिल्प है। आप थोड़ी ही देर में भूल जाते हैं कि कहानी कहाँ से शुरू हो कर कहाँ तक पहुंच गई है। किरदारों ओर माहौल का एक ऐसा समन्वय कि पाठक खो जाता है।रूढ़िवादी और पिछड़े समाज में बुरी चीज़ों के लिए कोई जिम्मेदार सत्ता जरुरी है और डायन स्त्री का चरित्र सदियों से पूरी दुनिया में मौजूद रहा है।

मुक्ता श्रीवास्तव ..रेगिस्तान के इलाके की हकीकत को दर्शाती हुई कहानी बहुत ही मर्म स्पर्शी है। इस कहानी में मनीषा जी ने दलालों की हकीकतों को बखूबी उजागर किया है।कुरजां जैसी महिलाओं की स्थिति आज भी है जो उनकी गरीबी के कारण डायन बनाकर सजा दी जाती है.जिसके कारण जुगनू जैसे बच्चों का बचपन भी बेकार हो जाता है


हरगोविन्द  मैथिल  जी लम्बी किन्तु बहुत रोचक कहानी । पाठक को reed more पर बार बार क्लिक कर अंत तक पढ़ने को मजबूर करती है कहानी ।गाँवों के जागीरदारों के द्वारा सीधे - सादे और गरीब लोगों के शोषण का सजीव चित्रण ।मनीषा जी को बधाई और प्रवेश जी का आभार ।


अलका त्रिवेदी आज मनीषा जी की "कुरंजा" ने" कृष्ण कली "को जीने का फिर अवसर दिया।अब यह कहानी भी मेरी प्रिय कहानियों में से एक है।

मधु सक्सेना कहानी बहुत सहजता से अपने साथ ले चलती है पाठक को पता ही नहीं चलता ऊँगली पकड़ कर चलता रहता है ।नायक की तरह ही सोचता और विचारता है ... कहीं मन भींगता है तो कहीं ठकोसलों पर आहत होता है अन्धविश्वाश पर कोफ़्त होती है ।जमीदारी यानी बर्चस्व की भूख क्रूरता की दम पर ही मिटती है ।एक साथ कई समस्याओ को उठाया गया है ।फिलहाल बाड़मेर ( उत्तरलाई )में हूँ तो अपने आसपास की ही कहानी लग रही है ।किस्से के अंदाज में कहानी रोचकता के साथ सीख भी देती है और विचार करने को एक बहुत बड़ा फलक ।
प्रवेश..... लेखिका अगर जुड़ सके आज के लिए तो ..शंकाओं का समाधान भी हो जाएगा और उनसे मिलना भी ।
शुभकामनाएं लेखिका को ।

आभार प्रवेश ।हमेशा की तरह बेहतरीन चयन ।


लक्ष्मीकान्त कालूस्कर जी ..कहानी अभी पढी,बिना रुके लगातार पढता गया. कहानी की बुनावट बहुत अच्छी है.  औरत अलग अलग इलाकों में आज भी किसी न किसी रूढि के कारण, अंधविश्वास की वजह से या समाज के बनाए अन्यान्य बंधनों में जकड कर कष्ट पा रही है और हम हताश हैं. जिस तरह हमारी राजनीतिक व्यवस्था किसी को सही तरह से सोचने समझने और सुधरने नही दे रही उसी तरह समाज की जकडन से निकल पाना भी सही लोगों को और खास तौर पर औरत को बहुत मुश्किल है. कहानी का शिल्प बेहद सधा हुआ और विवरण बडी बारीकी से बुने गये हैं. टोने टोटके से जुड़ी कई कहानियां पहले भी पढी हैं. कहानी लेखिका को बधाई. प्रस्तुतकर्ता को भी.

अजय श्रीवास्तव जी ..अच्छी कहानी, उत्सुकता अंत तक बनी रहती है। कहानीकार संवेदनशील है, तभी इतना उम्दा चित्रण कर सके।

मनीषा जी को बधाई ..


प्रवेश जी ने अच्छी कहानी दी 

सुधीर देशपांडे जी डायन, डाकन, करनी, कुब्जा, कितने ही नामों से एक अकेली स्त्री को लांछित किया जब वो आपके हितों पर नहीं उतर पाती।मनीषाजी की यह कहानी स्त्री के इस पक्ष पर बडी शिद्दत से प्रकाश डालती है।

सुरेन्द्र रघुवंशी जी ..मनीषा कुलश्रेष्ठ की अच्छी कहानी। मनीषा कुलश्रेष्ठ से दिल्ली पुस्तक मेले में भेंट हुई थी।

 Piyush Tiwari: अद्भुत , उपन्यास सरीखी कहानी , शुभकामनायें मनीषा कुलश्रेष्ठ जी , प्रवेश जी व साकीबा ।
🙏🙏😊😊🌷🌷🙏🙏
Anita Manda: बहुत शानदार कहानी कुरजां।
आज भी कई इलाके ऐसे हैं जो अंधविश्वास से घिरे हैं।

एकदम हकीक़त जैसा वर्णन बहुत उम्दा।




Wednesday, June 15, 2016




प्रेम ,आकर्षण  कब अपने मोहपाश में बाँध ले ,कोई नही जानता ।इसके लिए किसी का खूबसूरत होना भी आवश्यक नही है ।दो नैना कब चार होकर बेकरारी अपने नाम कर लेते है ,यह कोई नहीं जानता |प्रेम की आहट नहीं होती वो बिना दस्तक दिए आपके दिल में अपना अस्तित्व बना लेता है | आँखे अपने प्रिय का इन्तजार करते करते कभी थकती नहीं ....प्यार की एक कशिश भरी कहानी 

"31 दिसंबर की रात .."
कहानी: प्रेमचंद गाँधी 









💢💢💢बाहर बारिश हो रही है। पड़ोस में कहीं तेज आवाज में डीजे बज रहा है। नया साल अब कुछ ही घंटों में आने वाला है। मद्धम बारिश में यह शोर किसी शोकगीत की तरह लगता है। इस बारिश भरी जाड़े की रात की कोख से जो दिन निकलेगा, वह नया साल लेकर आएगा। कुछ भी तो नहीं बदलेगा, सिवाय एक केलेण्डर के या कहें कि कुछ दिन हमें नया सन् लिखने की आदत डालनी पड़ेगी। जीवन वैसे ही चलता रहेगा। मैं अभी की तरह यूं ही बिस्तर में दुबका पड़ा रहूंगा। अपनी हालत पर खुद ही तरस खाता रहूंगा और उम्मीद करता रहूंगा कि वह आएगी और मुझे झिंझोड़कर कहेगी, 'चलो बहुत हुआ रोना धोना, उठो और तैयार हो जाओ।'

खुशफहमियों में जीना इंसान की फितरत है। मैं भी वही कर रहा हूं। खिड़की से बाहर देखता हूं तो स्ट्रीट लाइट का पीलिया के रोगी जैसा प्रकाश बारिश की बूंदों में यूं लग रहा है जैसे मेरे दिल के घावों पर कोई सुइयां चुभो रहा है और पीला जर्द मवाद बूंद बूंद कर बरस रहा है। पता नहीं वह कौनसी घड़ी थी, जब मैं उससे प्यार कर बैठा? क्या वह सचमुच प्यार करने के काबिल है? उसमें ऐसा कुछ भी तो नहीं।

लम्बा और अण्डाकार चेहरा, जिस पर बड़ी और चौड़ी चौड़ी आंखें। मर्दों की तरह भरी-भरी काली भवें। पतले होंठ, निचला होंठ थोड़ा सा बड़ा। जब वह चुप रहती तो लगता, निचला होंठ कहीं गिर न पड़े। ठुड्डी और होंठों के बीच का फासला काफी कम। मेरा मन करता कि कभी कहकर देखूं कि जरा अपनी जीभ से यह घुमावदार ठुड्डी छूकर देखो। वह सचमुच नाराज हो जाती। गाल हल्के से पिचके हुए और उन पर बहुत बारीक गेहुंए रंग के रोंये, उसके सांवले रंग को ये रोंये गेहुंआ रंग देते। लम्बी गर्दन पर उभरी हुई नीली नसें। मुझे बेसाख्‍ता पद्मिनी का खयाल आता और मैं सोचता कि कि अगर इसका रंग गोरा होता तो नीली नसों के भीतर बहता रक्त भी दिखाई देता। आम लड़कियों के मुकाबले वह थोड़ी लम्बी थी छह फीट के करीब यानी मुझसे बामुश्किल एक आध इंच कम। अगर वह हाई हील पहनती तो मुझसे लम्बी लगती। हालांकि उसे हाई हील पहनना पसंद नहीं। चुस्त सलवार कमीज में उसकी लम्बाई और रोबदार लगती। उसके लम्बे हाथों में आश्चर्यजनक रूप से बेहद छोटी और पतली अंगुलियां। वह पतली तो नहीं लेकिन देह इतनी भरी हुई भी नहीं कि गदराया हुआ जिस्म कहा जा सके। बड़ी सादगी पसन्द। आम तौर पर सलवार कमीज और कभी-कभी साड़ी पहनती। सादे ढंग से बाल बनाती और बालों में नारियल या सरसों का तेल लगाती। कहने का मतलब यह कि उसके व्यक्तित्व में ऐसा कुछ भी नहीं था जिससे तुरन्त आकर्षित हुआ जा सके। फिर भी मैं क्यों उसके लम्बे बालों वाली पतली सी चोटी के पीछे फुन्दे सा लटक गया। दरअसल इसकी भी एक कहानी है। उन दिनों मैं इसी शहर के एक मोहल्ले में अपनी मौसी के यहां रहता था। मेरी परीक्षाएं खत्म हो चुकी थीं और मैं रिसर्च की तैयारी में जुटा हुआ था। गर्मी के दिन थे। मैं छत पर बैठकर पढ़ता था। पूरी पूरी रात। सुबह नौ बजे के आस पास जब मैं अखबार पढ़ रहा होता तो उसे सड़क पर बस स्टॉप की ओर जाते हुए देखता। हरे रंग का एक बैग उसके कंधे पर होता। वह लम्बी टांगों से तेज-तेज चलती। एक सुबह वह सामने से गुजरी तो अचानक उसकी चप्पल जवाब दे गई। वह गिरते गिरते बची और सधे कदमों से चलती चली गई। मैं उसके इस आत्मविश्वास पर मुग्ध हुआ। लेकिन इसमें आकर्षण जैसा कुछ नहीं था। मैं वापस अखबार में डूब गया, जहां पुलिस के आपरेशन मजनूं की खबर थी। मैंने डर के मारे उसका खयाल ही दिमाग से निकाल दिया।

रविवार का दिन था। एक प्रतियोगी परीक्षा के लिए मैं जल्दी तैयार होकर बस स्टॉप पर बस की राह देख रहा था। मैं जब बस में घुसा तो देखा कि वह मेरे पीछे पीछे बस में चढ़ रही है। बस में दो ही सीटें खाली थीं। हम साथ-साथ बैठ गए। वह बैठते ही एक किताब में डूब गई और मैं बाहर देखने लगा। कण्डक्टर ने किराया मांगा तो उसने वही स्टाप बताया जहां मुझे भी जाना था। पैसे देने के बाद मैंने कनखियों से देखा वह उसी परीक्षा की तैयारी में डूबी थी जिसके लिए मैं खाली हाथ जा रहा था। गंतव्य आया तो हम एक ही दिशा में आगे बढ़ते रहे। अब इसे संयोग ही कहिए कि हम दोनों एक ही कमरे में बैठे थे। एक दूसरे को देखने लायक दूरी जरूर थी हमारे बीच। परीक्षा देकर बाहर की तरफ निकलते हएु मैंने यूं ही पूछ लिया, 'कैसा हुआ पेपर?' उसने कहा, 'अच्छा।' मेरी हिम्मत बढ़ी और अगला सवाल दाग दिया 'हम एक ही मोहल्ले में रहते हैं।' उसने बेरुखी से कहा, 'जानती हूं।'

वापसी के लम्बे सफर में थोड़ी बहुत बातचीत हुई। वह विधवा मां की इकलौती संतान है। पिता दुर्घटना में मारे गए। मां को पिता की जगह क्लर्क की नौकरी मिल गई। मां बेटी किराए के घर में रहते हैं। उसने भी मेरी तरह एम.ए. कर लिया है। वह मुझसे उदासीन रहकर बातें करती रही। मैंने भी पल्ला झाड़ लिया था। लेकिन उसकी दुखदायी अवस्था यानी कि विधवा मां और किराये का मकान, मुझे बेचैन करने के लिए काफी था। इस घटना के बाद हमारी मुलाकातें थोड़ी सी अनौपचारिक होने लगीं।

एक दिन मैंने तय किया कि इस चिल्ल पौं वाले मोहल्ले में रहकर में रिसर्च का काम आगे नहीं बढ़ सकता। यहां आए दिन जागरण होते रहते हैं। जन्म दिन हो या कोई मौका, लोग जोर से डेक बजाना अपना फर्ज समझने हैं। नाई से लेकर पंसारी तक सुबह शाम भजनों के कैसेट बजाते रहते हैं। मैंने एक संभ्रान्त कॉलोनी में खाली पड़े मकान का गैरेज पोर्शन किराए पर ले लिया। मौसी ने कुछ नहीं कहा। शिफ्टिंग वाले दिन मैं पता नहीं क्यों सुबह उठकर बस स्टॉप पर चल दिया। उसके आने तक किसी बस में नहीं बैठा और जब वह आई तो उसके साथ बस में चढ़ गया। आज भीड़ थी। कोई सीट नहीं मिली। एक कोने में हम दोनों खड़े हो गए। मैंने उसे बताया कि मैं यहां से जा रहा हूं। उसने सिर्फ इतना कहा, 'अच्छा।' पता नहीं क्यों मेरा मुंह लटक गया था। उसने कहा, 'शहर तो यही है। मौसी की याद आए तो कभी भी आ सकते हैं। दूर थोड़े ही है।'

वह अपने कॉलेज चली गई और मैं वही बस स्टॉप के आस पास तब तक भटकता रहा जब तक वह नहीं आई। पहली बार वह मुझे देखकर मुस्कराई। 'सुबह से यहीं हो?' मैं चुप रहा। उसने एक रिक्शा वाले को इशारा किया और बोली, 'चलो बैठो।' मैं रिक्शे में बैठ गया। उसने बैठते ही रिक्शे वाले से कहा, 'क्वीन्स पार्क।' फिर मुझसे बोली, 'उदासी छोड़ दीजिए, हम कॉफी पीने चल रहे हैं।' वह पहली बार खिलखिलाई तो उसके पतले होंठों के पीछे सफेद दांतों की पंक्तियां चमकीं। मैं मंत्रमुग्ध बैठा रहा।

कॉफी के दौरान वह मुझे किसी अभिभावक की तरह पढ़ाई का ध्यान देने और बाकी फालतू चीजों से बचने के लिए कहती रही। मैं बस हूं हां करता रहा। वापसी में मैंने उससे पूछा कि अब कैसे और कहां मिलेंगे हम। उसने कहा वह शनिवार को कमरे पर आएगी। मुझे आश्चर्य भी हुआ और खुशी भी। ...मैं शनिवार का इंतजार करने लगा। शनिवार आया और चला गया। वह नहीं आई। सोमवार मैं उसके कॉलेज के दरवाजे पर जा बैठा। शाम हो गई, वह नहीं दिखी। मैं मौसी के यहां पहुंचा। मोहल्ले के हाल-चाल पूछे। कोई खास खबर नहीं थी। रात खाना खाकर उसके घर के सामने दो चार चक्कर लगाए ओर कमरे पर लौट आया। कॉलेानी में सन्नाटा छाया था और मेरे मन पर भी। उसके खयालों में पता नहीं कब नींद आ गई। बुरे बुरे खयाल आते रहे और बेमन से पढ़ाई भी चलती रही। मैं कमरे में बन्द हो गया। फिर एक शनिवार आ गया। मैंने कमरे को व्यवस्थित किया और इन्तजार में कान लगाए पढऩे की कोशिश करता रहा। दोपहर के तीन बजे लोहे का गेट खुलने की आवाज आई। मैंने झटपट टी शर्ट पहनी और दरवाजा खोला तो वह मुस्कुराती चली आ रही थी। पीली कमीज और सफेद सलवार में वह पहली बार मुझे बेहद आकर्षक लगी। मैं 'पिछले शनिवार मां बीमार थीं। उन्हें दमे का दौर पड़ा और अस्पताल ले जाना पड़ा। अब ठीक है।'

मैं निरूत्तर मौन रह गया। वह कुर्सी पर बैठ गई और मुझे देखने लगी। मैं झेंप गया और उसके लिए मटके से पानी लेने लगा। 'मेरे पास एक ही गिलास है।' कहकर मैंने उसे पानी थमाया तो वह मुंह ऊपर कर हलक में पानी उंडेलने लगी। गिलास वापस रखकर हम दोनों मौन बैठे रहे। उसने अपना हैण्डबैग एक तरफ रखा और खड़ी हो गई। उसने मेरे कंधे पर हाथ रखा तो मैं ढेर होने लगा। वह हौले से मेरा कंधा थपथपाने लगी। मैंने उसके दूसरे हाथ को थामा और पता नहीं कैसे और क्यों हम एक दूसरे से लिपट से गए। हम बस एक दूसरे की धड़कनें सुनते रहे बिल्कुल चुपचाप। वह मेरे बालों में अंगुलियां फिराती रही और मैं उसके नथुनों की गरमाहट अपनी गर्दन पर महसूस करता रहा।... उसके आने का यह सिलसिला चलता रहा। लेकिन उस दिन के बाद हम कभी एक दूसरे से नहीं लिपटे। बस हाथ थामे बैठै रहते। घर परिवार और पढ़ाई की बातें होतीं। कभी कभी हम साथ फिल्म देखने जाते या खाना खाने। इस तरह महीने गुजरते रहे। दिसम्बर की एक दोपहर उसने आकर बताया कि उसे एक नौकरी मिल गई है वह भी सरकारी। केन्द्र सरकार के एक संस्थान में। वह अगले दिन मां के साथ ज्वाइन करने जाएगी और ३१ दिसम्बर को मेरे साथ नया साल मनाने वह सहेली का बहाना बनाकर मेरे कमरे पर आएगी। हम बाजार से खाने पीने का सामान खरीदेंगे और इस कमरे में कैण्डल लाइट डिनर करेंगे।

इस बात को ज्यादा वक्त नहीं बीता। सिर्फ एक साल गुजरा है। मैं बाजार से खाने पीने का सामान सुबह ही खरीद लाया हूं। ठीक पिछले साल की तरह। पिछले साल ३१ दिसम्बर की रात बारिश नहीं हुई थी, सिर्फ बूंदें पड़ी थी। यह कैसा शगुन है? आधा घंटे बाद यह साल भी चला जाएगा। लेकिन मैं सोचता हूं कि आने वाला साल उसे नहीं तो कम से कम उसकी कोई खैर खबर ही लेकर आएगा। पहली जनवरी को आने वाले सूरज, क्या तुम अपनी किरणों के साथ उसे भी लेकर आओगे? अगर हां, तो मैं तुम्हारा स्वागत करता हूं।


प्रेमचंद गांधी,
220, रामा हैरिटेज, सेंट्रल स्‍पाइन विद्याधर नगर, जयपुर-302 023 मो.09829190626


🌅🌅🌅🌅🌅🌅🌅🌅🌅


आज यह कहानी whatsapp ग्रुप "साहित्य की बात "पर प्रस्तुत की गई ,जिसके एडमिन है  श्री ब्रज श्रीवास्तव ..
वहाँ हुई चर्चा के साथ   पाठकों की तत्क्षण प्रतिक्रियाये भी यहाँ प्रस्तुत है ........



प्रतिक्रियायें...
महजबीं  ...
साकीबा में पोस्ट की गई कहानी अच्छी है.... रोचक भी है... यंग ऐज़ के युवक युवती की दांसता ब्यान करती है... रहस्यमयी अंत है.. कहानी का अंत.... यानी कुछ भी सोच ले पाठक की, वो आएगी या नहीं आएगी... न आने के क्या कारण हैं? यह दोस्ती आगे बढ़ेगी नहीं बढ़ेगी... शादी तक बात पँहुचेगी नहीं पँहुचेगी.. यह पाठक तय कर ले.. लेखक ने अंत इसी तरह किया है, कहानी का... इस कहानी में नायक-नायिका के बीच दैहिक आकर्षण के साथ, थोड़ी संवेदना भी है.. कहानी में नायिका के बाहरी रूप - रंग का चित्रण भी किया है.. और नायक की मन:स्थित का चित्रण, वातावरण के बिंब के साथ किया गया है.... इस ऐज़ में होने वाले   लड़के लड़कियों में एक दूसरे के प्रति, होने वाले आकर्षण का वर्णन किया गया है.... इससे ज्यादा कहानी में ज्यादा कुछ नहीं है ... कहानी अच्छी है, छोटी है... भाषा भी सीधी सरल है, लेखक के लिए शुभकामनाएं... कहानी का शीर्षक... 'आशा' या 'संपना' हो सकता है....

मधु सक्सेना ..
कहानी का शीर्षक है ......*इंतज़ार*  
सरल भाषा में मन की बात कहती कहानी ..इस कहानी की भाषा और भाव की  सहजता ही लेखक का कोशल है .... सब कुछ सादगी से बयान किया ..कहीं कोई लॉग लपेट नहीं ..मुझे बहुत अच्छी लगी ये कहानी ... सागर के किनारे  हल्की हवाओं का आनन्द लेकर चहलकदमी की तरह ।फिलहाल अनाम लेखक को बधाई । प्रवेश तुम्हारे कहानी चयन को साधुवाद ।



रविन्द्र स्वप्निल ...

कहानी को मैं बहुत अच्छी कह सकता हूँ। पर इतनी अच्छी नहीं क़ि उसे अपने ग्रुप के आलावा पूरी दुनिया की या पुरे हिंदी साहित्य की सबसे अच्छी घोषित करूँ। लेकिन ये है की कहानी में शानदार शब्दिक  अरण्य का सृजन लेखक ने किया है और अंत को सशर्त बना कर कमजोर भी किया है। 
अब सवाल है कि कहानी कहती क्या है। दो नववर्ष के बिच ये घटित हो जाती है। पहले नव वर्ष में लेखक कहता है कि कुछ नहीं बदलेगा। आखिर में भी कुछ नहीं बदलता। 
कहानी के रमणीय अरण्य में गुजर जाना
न तेरा आना न तेरा जाना
भाई किसी भी कहानी को हमें पाठक की सोच से आगे ले जाना ही होगा।जन्मदिन, नवबर्ष, मेले, आयोजन आदि कुछ बदलते नहीं हैं पर हमारी मनस्विता को स्पंजी बना देते हैं।मानसिकता सरन्ध्री होना, स्पंजी होने से हम सार्थकता भरी उदारता हासिल करते है। ये सब मनो विन्यासों से लेखक का वाकिफ होना जरुरी है।
वर्ना चीजे जो जो कहानी में उठाई जाती है इकहरी होती जाती हैं। 
एक और गलती पकड़ में आई जो कि मेरी कहानी में भी थी, पाठको ने ध्यान दिलाया था कि वर्णन बहुत जल्दी चेंज होते हैं। इस कहानी में दृश्यों को स्क्रीन प्ले की तरह बदला गया है। बहरहाल। बधाई की इस कहानी के निचे अच्छा लेखक छुपा है।
~स्वप्निल

अलकनंदा साने ...
मुझे ये कहानी बहुत अच्छी नहीं लगी. प्रेम शाश्वत है, ठीक है , लेकिन उसे प्रस्तुत भी क्या एक ही तरीके से किया जाना चाहिए ? शैली अच्छी है, एक बार पढ़ी जाने लायक किन्तु वही कच्ची उम्र का आकर्षण, वही बिछोह, लड़के का चक़्कर लगाना, लड़की का सरल होना, विधवा माँ, उसको दमा , केंडल लाईट डिनर   और फिर निहायत नकली अंत. इतनी उम्र में मैंने कोई परिवार ऐसा नहीं देखा जहाँ विधवा माँ को सिर्फ दमे की बीमारी हो, किसी के घर मैंने केंडल लाईट डिनर न देखा, न उसकी चर्चा सुनी. लेकिन इस तरह के दृश्य पीढ़ी दर पीढ़ी चले आ रहे हैं. हो सकता है मेरा दायरा सिमटा हो, किसी ने देखा हो या अनुभव किया हो तो जरूर बताए. कहानी का शीर्षक ''पुनरावृत्ति''

[ Chandrashekhar Ji: रोचकता बनाये रखने में कहानी सफल है,लेकिन अंत को अनकहा क्यों रखा गया है??
"शनिवार सा साल" शीर्षक हो सकता है जो सुखद अंत को इंगित करेगा...


Sudin Ji: सबके कल्पना लोक में प्रेम है और कल्पनाओं लोक की कहानियाँ इतनी ही आदर्श हुआ करती हैं । संभव है ये कहानी ना हो लेखक के जीवन की सच्चाई हो तो उनके लिये कहानी ख़त्म कहां अभी चल रही है । सबका कल्पना लोक ऐसा ही सहज और सपाट प्रेम चाहता है जिसमें कोई पेंच ना हो 

Mani Mohan Ji: अधूरी लगी कहानी ।
शीर्षक भी यही हो सकता है । जिस प्रेम को केंद्र में रखकर यह रची गई है वह प्रेम भी तो ठीक से अभियक्त नही हुआ और न सम्प्रेषित ।


लक्ष्मीकांत कालूस्कर जी 
सीधी सपाट कहानी. आजकल कहां मिलती है ऐसी सहज प्रवाहित शैली में लिखी कहानी. जैसे अचानक गांव ठांव के मेले में झूले में झूलने का अल्हड आनंद मिल गया. इस शैली को भी बचा कर रखना है. 
शीर्षकःवह आएगी.

 Suren: हमारी अधूरी कहानी ..... शीर्षक शायद ठीक हो ।
   
       पहली बात ये ।मुझे कहानी का अभीष्ट क्या है ,ये समझ नही आया । किसी भी कथा की तरबियत जब होती है तब दो बाते प्रायः रहती है । एक है कि लेखक ने क्या भोगा या किस सच को अनुभूत किया और दूसरा है जब वो कथा को कागज पर उतार रहा हो उस वक़्त उसका मोटिव क्या है ....
कोई भी कथा  इन्ही दो बातों  के  बीच  की कशमकश से उपजती है और पाठक को भी अपने समय के सच को समझने में एक दृष्टि देती है । 
  इस कथा में लेखकीय अभीष्ट भी स्पष्ट नही और न ही देखा हुआ सच ही अपनी पूर्ण जटिलताओं के साथ संप्रेषित हुआ है । 
 अंततः लेखक /लेखिका को बधाई कि वह और परिमार्जन करे । 💐💐

Saksena Madhu: अभीष्ट तो ये कह सकते हैं सुरेन की आम आदमी के जीवन के सूखे में हल्की सी बारिश है ।जरूरी तो नहीं वो आये ही सही ..पर देखो शीर्षक बताने में सब की उम्मीद है की वो आये ।पाठक जुड़ गया कहानी के साथ ।' हमारी अधूरी कहानी ' शीर्षक देने में भी उम्मीद छुपी हुई है वरना आप  शीर्षक देते  की ' हमारी कहानी '


आज की कहानी पढ़ी अच्छी शुरुआत हुई, कहानी भी ठीक ही चल थी, पर पाठक पर छोड़ा गया अंत अधिक है, लगभग आधी कहानी पाठक पर छोड़ दी गयी। फिर भी अच्छी लगी।

इस कहानी का शीर्षक "नया साल" या "तुम आओगी" होना चाहिये

लेखक को बधाई

मंजूषा मन

Piyush Tiwari: आज साकीबा में प्रस्तुत कहानी बहुत ही उम्दा है । कहानीकार जो भी हैं उन्हें सादर नमस्कार व अनेकों शुभकामनायें ।
        कहानी जिस लाइन पर चलती है , वह अक्सर इस उम्र में देखने को मिलता है । बहुत सुन्दर तरीके से प्रस्तुत की गयी है , बोझिल नही लगती है और अनावश्यक लंबाई भी नही लिये है । खूबसूरत शुरुआत व अंत भी । इस प्रकार की कथाओं में अंत अधूरा ही रहता है और अब यह पाठक की सोच कि वह कयास लगाते रहे........

सुरेन सिंह 
लौ" शब्द का अर्थ जुड़ना, जैसे लौ लगना आदि रूपों में । आमतौर पर प्रेम में लगाव के लिए इस अभिव्यक्ति का उपयोग होता है । प्रेम की भी लौ होती है जिसका उजास इस कहानी में बिखरा हुआ है । लौ, केंद्रित करने का भी माध्यम है । उसके हलके प्रकाश में एक रहस्यमय, दिव्य वातावरण निर्मित होता है । उससे उठता हल्का और अदृश्य धुआँ सांसारिक बाधाओं का प्रतीक है । 

कहानी में नाटक इंतज़ार ज़रूर कर रहा है पर उसमें व्यग्रता नहीं है । इस तरह वो इंतज़ार ज़रूर कर रहा है पर साथ ही उसका आध्यात्मिक उन्नयन भी हो रहा है । जो केंडिल वो केंडिल लाइट दीनार के लियर लाया है उनकी लौ उसके भीतर उतर रही है  और उसका अंतरतम आलोकित हो गया है । सारे कलुष नष्ट होने लगे हैं ।


 Premchand Gandhi: साकीबा के सभी मित्रों के प्रति ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूँ कि आप सबने कहानी पढ़ कर अपनी अमूल्य प्रतिक्रियाएं दीं। 
असल में यह मेरी दूसरी कहानी है, पहली कहानी कालेज की पत्रिका में प्रकाशित हुई थी और उसके बाद यह कहानी लगभग बाईस साल बाद लिखी थी। इसके लिखने का भी एक प्रसंग है। मेरे एक संपादक मित्र ने दिसम्बर में कहा कि अखबार के लिए कुछ दो, तो मैंने कहा कि कुछ करता हूँ, मैं समझा कि उन्हें कोई अनुवाद चाहिए। लेकिन मित्र ने जिद करके कहानी लिखवा ही ली। अखबार के लिहाज से आकार और समय के अनुकूल विषय की सीमा भी थी, इसे ओर विस्तृत रूप नहीं दे सकने की वजहें।
प्रकाशित होने के बाद इसके पहले पाठक आदरणीय कमला प्रसाद जी थे, जो उन दिनों मेरे घर पर ही ठहरे हुए थे। आज आप सबकी प्रतिक्रियाओं ने बहुत बल दिया ह।
[20:17, 15/6/2016] Premchand Gandhi: कमला प्रसाद जी ने कहा था कि तुम कहानी भी अच्छी लिख लेते हो। इस कहानी के लिए कहा था कि स्मृतियों का सहज बहाव है।
कहानी पोस्‍ट करने के लिए सबसे पहले तो मैं प्रवेश सोनी का आभारी हूं। इसके बाद सबसे पहले पढ़कर प्रतिक्रिया देने के लिए महज़बीं जी का आभार। मधु सक्‍सेना जी ने खुले दिल से कहानी की तारीफ की तो लगा कि लिखना शुरुआत में भी सही दिशा में जा रहा था। भाई रवींद्र स्‍वप्निल प्रजापति ने बहुत महत्‍वपूर्ण टिप्‍पणी की और कमियों की ओर इशारा भी किया। ताई से सहमत होते हुए कहना चाहता हूं कि यह उस दौर की कहानी है, जब निम्‍नमध्‍यवर्ग में खास तौर से शहरों और कस्‍बों में महिलाएं कम उम्र में ही टीबी और दमे की शिकार होकर मर जाती थीं। वैसे भी दमा रोग महिलाओं के लिहाज से बहुअर्थी व्‍यंजकता लिए हुए है। हालांकि मेरी कहानी में ऐसा नहीं है। और जहां तक कैण्‍डल लाइट डिनर की बात है, होस्‍टलर और पीजी वाले लोग जानते हैं कि छोटे-से कमरे में कैण्‍डल लाइट डिनर कैसे होता है। सुरेंद्र रघुवंशी जी ने बहुत अच्‍छी टिप्‍पणी की, आभार। रचना कई बार बस लिखे जाने की मांग करती है, अभीष्‍ट तो पाठक तय करता है, क्‍योंकि कई बार जिस अभीष्‍ट से लेखक लिखता है, वह भी पाठक तक नहीं पहुंचता। मंजूषा मन जी आपका भी सादर धन्‍यवाद। कई बार कथा में लेखक को ऐसा करना पड़ता है, जिससे हर पाठक कहानी का अंत अपने अनुसार सोचकर चल सके। लेखक का निर्णय अगर पाठक को स्‍वीकार नहीं हो तो क्‍या... ्‍या ार , त ण्‍्डल हत्‍वपूर्झा 

अलका त्रिवेदी, अजय श्रीवास्‍तव, चंद्रशेखर, सुदिन शर्मा, मणिमोहन, लक्ष्‍मीकांत कालुस्‍कर आप सबके प्रति आभारी हूं। बचे हुए मित्रों के लिए फिर से लिखता हूं।  

असल में तो ओपन एंडेड कहानी है यह, हर पाठक अपने हिसाब से इसके अंत तय कर सकता है।


आदरणीय प्रेम चन्द गाँधी जी ,
कहानी अच्छी लगी । सर्दियों में बेमौसम बरसात और पुरानी यादों के बीच किसी मनचाहे के आने की उत्कंठा  । नये साल की भोर का स्वागत आशा-आकांक्षा के साथ सचमुच स्वागत योग्य । बहुत बधाई ।

चयन के लिए प्रवेश जी को धन्यवाद ।




 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने