Tuesday, June 19, 2018

पठार पर रंगोली
भारतेंदु मिश्र


भारतेंदु मिश्र 


मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन भोपाल का प्रतिष्ठित वागीश्वरी सम्मान-2017 मालिनी गौतम के नवगीत
 संग्रह "चिल्लर सरीखे दिन"  को दिए जाने की घोषणा हुई |संग्रह पर भारतेंदु मिश्र जी की समीक्षा के साथ
कुछ नवगीत "रचना प्रवेश " पर 


नवगीत की सर्जना में कवयित्रियों के नाम बहुत कम हैं, फिर भी शान्ति
सुमन,राजकुमारी]रश्मि,इंदिरा मोहन,शरद सिंह ,पूर्णिमा वर्मन,रजनी मोरवाल,यशोधरा राठौर जैसी नवगीत कवयित्रियाँ हमारा ध्यान बरबस अपनी ओर आकर्षित करती हैं|

इसी नवगीत की परंपरा में कुछ दिनों से मालिनी गौतम के नाम की भी चर्चा हो रही है|‘चिल्लर
सरीखे दिन’ मालिनी गौतम के नवगीतों की पहली पुस्तक है|इसमें 55 गीत नवगीत संकलित हैं,जिनमें अधिकाँश गीत भाषा और छंद की दृष्टि से निर्दोष हैं|जीवन में हम सबको छोटी छोटी खुशियों की ही तलाश रहती है|कवयित्री मालिनी गौतम को घर में ही कविता का सार्थक संस्कार अपने पिता से मिला जो आज उसकी काव्य भाषा और रूपकों में देखा जा सकता है|

यू तो मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरती पर नवगीत जितना फला फूला और उसकी समझ विकसित

हुई उतना किसी अन्य प्रदेश में संभव नहीं हो पाया|

संयोगवश मालिनी जी को इसी मध्यप्रदेश की मोहक सांस्कृतिक छवियों वाली काव्य भूमि विरासत

में मिली|अपनी जिज्ञासा और पढाई लिखाई के परिश्रम से कवयित्री ने अपनी काव्य अनुभूतियों को
मांजा और बेहतरीन ढंग से चमकाया है|ये नवगीत मालिनी गौतम की सजग काव्य चेतना का प्रकटीकरण हैं|

वे कविता की अनेक विधाओं में लिखती हैं| आज इक्कीसवीं शताब्दी के दूसरे दशक में जब मनुष्य
संवेदना की बात लगभग बेमानी हो गयी है तब मालिनी गौतम अपनी सशक्त नवगीत सर्जना से नवगीत प्रेमियों को न केवल आश्वस्त करती हैं बल्कि किसी हद तक चकित भी करती हैं| संयोगवश संकलन के अंतिम गीत पर मेरी नजर पहले पडी,फिर सभी गीत पढ़ने का मन बनाता गया|अन्तिम गीत का अंश देखिये- झूठ दौड़ता पहन जूतियाँ /अफवाहों की बातें करती कानाफूसी/घर घर जाकर छल की भाषा शोर मचाती /मौक़ा पाकर भटक रहीं हैं आवाजें /सच की आहों की|(पृ-96) ये जो अफवाहों की जूतियाँ कवयित्री ने झूठ को पहना दी हैं असल में यही नवगीत की अंतर्चेतना है| एक शब्द या एक रूपक के निर्वाह भर से ही कविता में जो अर्थ की छवि उद्भासित होती है वही रचनाकार की शक्ति का पता बता देती है|ऐसे अनेक नवगीत इस संकलन में दिखाई देते हैं जिनमें नई सदी की कविता का मुहावरा धड़कता है|ये नवगीत छंद और लय की दृष्टि से भी प्रवाह संपन्न हैं|
संकलन के शीर्षक नवगीत का अंश देखिये- हाँथ में हैं शेष /कुछ चिल्लर सरीखे दिन हडबडाती जिन्दगी/इक रेल सी गुज़री चाहतों के स्टेशनों पर/चार पल ठहरी उम्र के खाली कपों में /घूँट से पल-छिन |(पृ-11)






असल में जिन्दगी का फलसफा कवयित्री को बखूबी मालूम है और वह हडबडाते समय को धैर्य पूर्वक

सहज मन से जी लेने के लिए तत्पर भी है| यह तत्परता ही उसे नास्टेल्जिक होने से बचाती है|
प्राय: जो अतीत का रोना लेकर गीत लिखे जाते हैं उनसे कवयित्री का स्वर कदाचित भिन्न है| कवयित्री कविता में यथास्थिति तक सीमित होकर नहीं रह जाती बल्कि वह अपने सामर्थ्य और समझ से समाधान और उपाय भी बताती है- ‘वक्त कबसे कैद है /कब तलक सोओगे तुम/अब उठो घंटा बजाओ|’(पृ-16) इसी क्रूर समय में हमारे जीवन की दुर्दशा हमारे ही कुछ ठग साथी कर रहे हैं |हमारे जीवन की सहज गति को रोकने के लिए वे कीलें बिखरा कर हमारे पहियों में पंक्चर करने से भी बाज नहीं आते|फिर भी संवेदना का घाव लिए हुए मनुष्य अनंत की यात्रा पर बढ़ता जा रहा है|कवयित्री मालिनी गौतम के पास जीवन और जगत के यथार्थ को अभिव्यक्त करने की सटीक भाषा संवेदना भी है|

नवगीत का एक अंश देखें- खुरच खुरच कर खोद रहा है/वक्त हमारे घाव/ यहाँ वहाँ बिखरी कीलों ने /

पंक्चर किये तमाम कैसे घूमे पहिया कोई /लगे जाम पर जाम सिग्नल सारे टूटे जब जब /उनपर बढ़ा

 दबाव|(पृ-34 ) कवयित्री के मन में खेतिहर किसान की समस्याओं के स्वर भी घुमड़ते हैं,इसलिए

 वह धरती और बादल के बिम्ब लेकर संबंधो की खेती करने का सहज प्रयास करती है- ऊसर धरती

 पर /चाहत के बीज उगा दूं एक उदासी/ खाट डालकर कब से सोयी खाली कोनों में /खुशियों की

 चिड़िया रोयी खालीपन को झाड़ पोंछकर/आज सजा दूं|(पृ-82) सहज कविता तो जीवन और जगत

 के प्रेम से ही निकलती है|मालिनी जी के इन नवगीतों का सौन्दर्य इनकी लोक धर्मी चेतना से

 पथरीले यथार्थ की जमीन पर अल्पना सजाने जैसा है| जिनके मन की अटारी खाली हो वह उसे

 भरने की कोशिश अवश्य करता है|प्रेम की झीनी चदरिया बुनने की कोशिशें करने वाले सजग

 रचनाकार ही मनुष्यता को भटकाव से बचा सकते हैं|किसी बड़े आलाप- विलाप पक्ष -विपक्ष के

 बिना, सहज ढंग से रचे गए मालिनी गौतम के ये नवगीत नई सदी की नवगीत सर्जना का नया

 प्रस्थान बिंदु प्रतीत होते हैं|अंतत: कवयित्री के इस पहले नवगीत संग्रह का मैं ह्रदय से स्वागत

 करता हूँ| बोधि प्रकाशन को भी इस सुन्दर प्रस्तुति के लिए बधाई|








 लगी हुई है अर्जी

झूठ दौड़ता पहन जूतियाँ
अफ़वाहों की ।
बातें करतीं
कानाफूसी
घर-घर जाकर
छल की भाषा
शोर मचाती
मौका पाकर
भटक रही हैं आवाज़ें
सच की आहों की ।
नकली रंगों ने
मल डाले
मुँह मौसम के
सहमी चिड़िया
ढूँढ रही है
सुर पंचम के
ऊँचे ताड़ बाँटते हैं
छाया चाहों की
।
सुविधा के
दलदल में
सच के चिंतन मरते
उजियारों में
चमगादड़
अँधियारा भरते
लगी हुई है अर्जी
भरमाती राहों की ।




विज्ञापन झूम रहा है
चेहरा एक मुखौटा पहने
घूम रहा है ।
गालों पर पड़ते है
लाचारी के चाँटें
खुशियों के दामन में
विपदाओं के काँटें
मन ही मन चुप्पी का
एक हुजुम रहा है।
आश्वासन के भोजपत्र
आमंत्रण लिखते
सुविधाओं की जूठन पर
जनमत हैं बिकते
आयातित धुन पर
विज्ञापन झूम रहा है ।
गमगीनी के घट भरतीं
आँखें बेचारी
मुस्कानों के नाम
हुए हैं फ़तवे ज़ारी
सच कोहरे में लिपटा
धोखा चूम रहा है ।






छल मुस्काता

परिचय खुद का
खुद से ही तो हुआ नहीं है ।
संवेदन का
पहन मुखौटा
छल मुस्काता
तान चंदोवा
खालीपन का
मन हर्षाता

सहमी नींदों ने ख़्वाबों को
छुआ नहीं है ।

फ़ुटपाथों के
प्रेक्षागृह में
दुख का नर्तन
कोलाहल का
सन्नाटों में
स्वर परिवर्तन
उम्मीदों के चूल्हों में अब
धुँआ नहीं है।


खुशियों वाली
लिपि चिट्ठियाँ
पढ़ नहीं पाती
सुख के
दरबारों में
दु:ख की ठकुर सुहाती
पत्थर-सी पीड़ा को
चुभता सुआ नहीं है ।




धूप झरी

सिकुड़े तट पर बित्ता-भर
फिर धूप झरी ।
तलछट में पसरी है
सपनों की आहट
सीपों के दरवाज़ों पर
विपदा के घट
ख़ामोशी बहने को आतुर
भरी-भरी ।

उम्मीदों की रेती
आँखों में लगती
लहरों की छाती में
इच्छा है जगती
नदी टाँकती
फंतासी की गोट-जरी ।

चुप्पी की छतरी
होठों पर तनी रही
चाहों में चुटकी-भर
दूरी बनी रही
यादों के सरवर में
प्यासी आस मरी ।









 हत्या का अभियोग

बरगद के सायों पर लगता
 हत्या का अभियोग ।
सुख के पौधे
पनप न पाये
अँधियारों में
धूप रोकते
दुख के जाले
गलियारों में
इच्छाओं की अमर बेल पर
सूखेपन का रोग ।

मोर-मुकुट
चिंता के जब
खुशियों ने पहने
आहत मुस्कानों
पर थे
चुप्पी के गहने
चाहत की उजड़ी मज़ार पर
 लाचारी के भोग।

दहशत के
बेताल टँगे
मन की डाली पर
आशंका की
बेल चढ़ी
सच की जाली पर
अनुबन्धों के भी सूली पर
चढ़ने के संजोग ।



झीनी चदरिया

प्रीत की झीनी चदरिया
बुन रही हूँ।

मौसमों की पीठ पर
कुछ ख़त लिखे थे
पत्थरों में चाह के
वर्तुल दिखे थे
शोर में भी इक नदी को
सुन रही हूँ ।

रात के आगोश में है
इक चिरैया
भोर के तट पर बँधी है
प्रेम-नैया
विरह के इन अश्रुओं को
चुन रही हूँ।

रेत सीने में दबाये
जागती है
इक नदी सूने किनारे
बाँचती है
चुप्पियों के अर्थ अब तक
गुन रही हूँ।






 मन हुए कसैले
खाली हुई अटारी मन की
कैसे भर दूँ 
सहमे-सहमे
सपनों के
मन हुए कसैले
खाली-खाली हैं
कब से
खुशियों के थैले
धूप-दीप विपदाओं की
चौखट पर धर दूँ ।
मटमैली यादों ने
जब-जब
पाँव पसारे
 चाहों ने
चुप्पी में लिपटे
ज़ख्म बुहारे
गूँगे शब्दों को कुछ
 तुतलाते-से स्वर दूँ ।

मानपत्र ने
पढ़े कसीदे
 छलनाओं के
 परचे कैद हुए
तालों में
इच्छाओं के
सूखी हुई सियाही को
 सच  के आखर दूँ ।




 छाये जाल घनेरे

धूप न आयी बित्ता भर
आँगन में मेरे

उजियारों ने
हवन किये
मन की धरती पर
समिधा में
डाले अँधियारे
झोली भरकर

कृष्ण्पक्ष के फिर भी छाये
जाल घनेरे ।

ओस बिंदु-सी
खुशियाँ  उड़कर
भाप हो गईं
चिंताओं का
ओढ़ दुशाला
कहीं सो गईं

सूने घर में कब होंगे
किरणों के फेरे ।

रातों की
गलियों में
सूरज के हरकारे
लिये रौशनी
के घट फिरते
मारे-मारे

दिन की चौखट पर
मिट जाते हैं बहुतेरे ।







 कुछ पैबन्द लगा दूँ

ऊसर धरती पर
चाहत के बीज उगा दूँ ।

एक उदासी
खाट डालकर
कब से सोई
खाली कोनों में
खुशियों की
चिड़िया रोई

खालीपन को झाड़-पोंछ्कर
आज सजा दूँ ।

मुँह फेरे
बिस्तर के
कोने पर बैठे हैं
रिश्ते कुछ
उलझे-उलझे
ऐंठे-ऐंठे हैं

फटे हुए रिश्तों में
कुछ पैबन्द लगा दूँ ।

संवादों के पुल
चुप्पी से
जूझ रहे हैं
बातचीत के
बंद सिरों को
बूझ रहे हैं

धुले-धुले शब्दों का
इक तोरण लटका दूँ।





नींद अब आती नहीं है

झील कोई गीत
अब गाती नहीं है ।

कँवल अब खिलते
नहीं हैं चाहतों के
मेघ भी बरसे
नहीं हैं राहतों के

इक नदी को नींद
अब आती नहीं है ।

दे रहा चेतावनी
यह मन-ठठेरा
बस्तियों में
चील-गिद्धों का बसेरा

रात की तकदीर में
बाती नहीं है ।

जब उदासी चोट खाकर
मुस्कराती
बेख़याली प्रीत के
घुँघरू बजाती
राह पीड़ा की कहीं
जाती नहीं है।





 रोज आता दिन
आस की गठरी उठाए
रोज़ आता दिन।
रात के उलझे सिरों को
ढूँढता-सा
कुछ जटिल प्रश्नों के उत्तर
बूझता-सा

नींद को भी राग बैरागी
सुनाता दिन ।

हो रही हैं जर्जरित
संवेदनाएँ
मौन सदियों ने सहीं
कितनी व्यथाएँ

बीज खुशियों के दुखों में
रोप जाता दिन ।

साज़िशों की जब
फ़सल उगने लगी हो
उत्सवों की लाश भी
बिछने लगी हो

पत्थरों पर दूब-सा फ़िर
लहलहाता दिन ।




घायल हैं साये
मुखपृष्ठों के हुए नहीं
किरदार अभी हम

जाल रेशमी
धूप बुन रही है
खिड़की पर
सीली इच्छा
तोड़ रही दम
मन के भीतर

खोलें मन की गाँठ
नहीं हैं इतने सक्षम ।

दुख के सिल-बट्टे
पर पिसते
सुख के अवसर
अंध-कुओं से
कैसे फूटें
पानी के स्वर

लोक-लाज का ओढ़ कफ़न
करते हम मातम ।

क़दम-क़दम पर
अपनों ने ही
जाल बिछाये
अफ़वाहों  के
मौसम में
घायल हैं साये

चीख-चीखकर हुए
हाशिये भी हैं बेदम ।




डॉ मालिनी गौतम 




परिचय
 


नाम     मालिनी गौतम
जन्म    20 फरवरी 1972 को झाबुआ (मध्यप्रदेश) में
शिक्षा    एम.ए., पी-एच. डी. (अंग्रेजी)
लेखन विधाएँ     मुक्तछन्द कविता,ग़ज़ल,गीत,दोहा, अनुवाद इत्यादि

कृतियाँ                         
1 बूँद-बूँद अहसास (कविता-संग्रह) 
2 दर्द का कारवाँ ( ग़ज़ल-संग्रह)
3  एक नदी जामुनी-सी ( कविता-संग्रह)
4 गीत अष्टक तृतीय ( साझा गीत संकलन )
 5 काव्यशाला ( साझा कविता-संग्रह)
 6 कविता अनवरत ( साझा कविता-संग्रह )
                                                           
सम्मान                       
1  आगमन साहित्य सम्मान -2014, दिल्ली
                              
2  परम्परा ऋतुराज सम्मान-2015, दिल्ली
3  आशा साहित्य सम्मान-2015, भोपाल (म. प्र.)
4 अस्मिता साहित्य सम्मान-2016,बड़ौदा (गुजरात)
5  भारतीय साहित्य सेवा सम्मान-2016, अखिल  भारतीय    साहित्य परिषद, इन्दौर

संप्रति                         
एसोसिएट प्रोफेसर (अंग्रेजी), कला एवं वाणिज्य
महाविद्यालय, संतरामपुर (गुजरात)                               
संपर्क          
ई मेल - malini.gautam@yahoo.in
                            

















Thursday, May 31, 2018

मदारीपुर जंक्शन:बालेन्‍दु द्विवेदी


व्यंग्यात्मक उपन्यासों की कड़ी में एक और सशक्त किस्सागोई
ओम निश्चल

 ओम निश्चल
कभी ‘राग दरबारी’  आया था तो लगा कि यह एक अलग सी दुनिया है। श्रीलाल शुक्‍ल ने ब्‍यूरोक्रेसी का हिस्‍सा होते हुए उसे लिखा और उसके लिए निंदित भी हुए पर जो यथार्थ उनके व्‍यंग्‍यविदग्‍ध विट से निकला, वह आज भी अटूट है; गांव-देहात के तमाम किरदार आज भी उसी गतानुगतिकता में सांस लेते हुए मिल जाएंगे। तब से कोई सतयुग तो आया नही है बल्‍कि घोर कलियुग का दौर है । इसलिए न भ्रष्‍टाचार पर लगाम लगी, न भाई भतीजावाद, न कदाचार पर , न कुर्सी के लिए दूसरों की जान लेने की जिद कम हुई। इसलिए आज भी देखिए तो हर जगह ‘राग दरबारी’ का राग चल रहा है। कहीं द्रुत-कहीं विलंबित । लगभग इसी नक्‍शेकदम पर चलने का साहस युवा कथाकार बालेन्‍दु द्विवेदी का उपन्‍यास '' मदारीपुर जंक्‍शन'' करता है। मदारीपुर जंक्‍शन जो न गांव रहा न कस्‍बा बन पाया। जहां हर तरह के लोग हैं जुआरी, भंगेडी, गंजेड़ी, लंतरानीबाज, मुतफन्‍नी, ऐसे-ऐसे नरकट जीव कि सुबह भेंट हो जाए तो भोजन नसीब न हो।

मदारीपुर पट्टियों में बँटा है। अठन्‍नी, चवन्‍नी और भुरकुस आदि पट्टियों में। यहां लोगों की आदत है हर अच्‍छे काम में एक दूसरे की टांग अड़ाना। लतखोर मिजाज और दैहिक शास्‍त्रार्थ में यहां के लोग पारंगत हैं। गांव है तो पास में ताल भी है जो जुआरियों का अड्डा है। पास ही मंदिर है जहां गांजा क्रांति के उदभावक पाए जाते हैं। एक बार इस मंदिर के पुजारी भालू बाबा  की ढीली लंगोट व नंगई देख कर औरतों ने पनही-औषधि से ऐसा उपचार किया कि फिर वे जीवन की मुख्‍य धारा में लौट नहीं पाए। याद आए काशीनाथ सिंह रचित ‘रेहन पर रग्‍घू’  के ठाकुर साहब जिनका हश्र कुछ ऐसा ही हुआ। हर उपन्‍यास की एक केंद्रीय समस्‍या होती है। जैसे हर काव्‍य का कोई न कोई प्रयोजन । हम सामाजिक और राजनीतिक यथार्थ की ज़मीन पर ‘मैला आंचल’ पढ चुके हैं,  राजकृष्ण मिश्र का ‘दारुलसफा’ व ‘सचिवालय’ पढ़ चुके हैं, विभाजन की ज़मीन पर ‘आधा गांव’ पढ चुके हैं।  गांव और कस्‍बे जहां जहां सियासत के पांव पड़े हैं, ग्राम प्रधानी,ब्‍लाक प्रमुखी और विधायकी के चुनावों के बिगुल बजते ही हिंसा व जोड तोड शुरु हो जाती है। हर चुनाव में गांव रक्तरंजित पृष्ठभूमि में बदल जाते हैं। इसलिए कि परधानी में लाखों का बजट है, पैसा है, लूट है। सो मदारीपुर जंक्‍शन के भी केंद्र में परधानी का चुनाव है।

परधानी का चुनाव मुद्दा है तो अवधी कवि विजय बहादुर सिंह अक्‍खड़ याद हो आए –'कब तक बुद्धू बनके रहबै अब हमहूँ चतुर सयान होब। हमहूं अबकी परधान होब।'

एक कवि ने लिखा है, ‘नहर गांव भर की पानी परधान का।‘ सो इस गांव में भी भूतपूर्व प्रधान छेदी बाबू, वर्तमान प्रधान रमई, परधानी का ख्‍वाब लिये बैरागी बाबू, उनकी सहायता में लगे वैद जी, दलित वोट काटने में छेदी बाबू के खड़े किये चइता, केवटोले कें भगेलूराम, छेदी बाबू के भतीजे बिजई ---सब अपनी अपनी जोड तोड में होते हैं। ऐसे वक्‍त गांव में जो रात रात भर जगहर होती है, दुरभिसंधियां चलती हैं, तरह तरह के मसल और कहावतें बांची जाती हैं वे पूरे गांव की सामाजिकी के छिन्‍न-भिन्‍न होते ताने बाने के रेशे-रेशे उधेडती चलती हैं। श्रीलाल शुक्‍ल ने ‘रागदरबारी’ में कहा था---'यहां से भारतीय  देहात का महासागर शुरु होता है ।' यह उसी देहात की बटलोई का एक चावल है।

कभी समाजशास्‍त्री पी सी जोशी ने कहा था कि ‘रागदरबारी’ या ‘मैला आंचल’ जैसे उपन्यासों को समाजशास्‍त्रीय अध्‍ययन के लिहाज से क्‍यों नही पढा जाना चाहिए?आजादी के मोहभंग से बहुत सारा लेखन उपजा है। ‘राग दरबारी’ भी,मैला आंचल भी,विभाजन के हालात पर केंद्रित ‘आधा गांव’ भी।बालेन्दु का मदारीपुर भी गंगोली गांव, शिवपालगंज या मेरीगंज से बहुत अलग नहीं है ।इसलिए यह कहा जा सकता है कि समाजशास्त्रीय अध्ययन के लिए मदारीपुर जंक्शन भी एक सहयोगी उपन्यास हो सकता है।


विमर्शों के लिहाज से देखें तो दलित विमर्श, स्‍त्री विमर्श दोनों मदारीपुर में  नजर आते हैं। एक सबाल्‍टर्न विमर्श भी है कि आज भी सवर्ण समाज की दुरभिसंधियां आसानी से दलितों को सत्‍ता नही सौंपना चाहतीं, लिहाजा वह उनके वोट किधर जाएं, कैसे कटें, इसके कुलाबे भिड़ाता रहता है। यहां परधानी के चुनाव में बुनियादी तौर से दो दल हैं एक छेदी बाबू का दूसरा बैरागी बाबू का। पर चुनाव के वोटों के समीकरण से दलित वर्ग का चइता भी परधानी का ख्‍वाब देखता है और भगेलू भी। पर दोनों छेदी और बैरागी के दांव के आगे चित हो जाते हैं। चइता को छेदी के भतीजे ने मार डाला तो बेटे पर बदलू शुकुल की लडकी को भगाने के आरोप में भगेलू को नीचा देखना पड़ा ।पर राह के रोड़े चइता व भगेलू के हट जाने पर भी परधानी की राह आसान नहीं। हरिजन टोले के लोग चइता की औरत मेघिया को चुनाव में खड़ा कर देते हैं । दलित चेतना की आंच सुलगने नहीं बल्‍कि दहकने लगती है जिसे सवर्ण जातियां बुझाने की जुगत में रहती हैं।--- और संयोग देखिए कि वह दो वोट से चुनाव जीत जाती है। पर चइता की मौत की ही तरह उसका अंत भी बहुत ही दारुण होता है। लिहाजा जब जीत की घोषणा सुन कर पिछवाड़े पति की समाधि पर पहुंचती है पर  जीत कर भी हरिजन टोले के सौभाग्‍य और स्‍वाभिमानी पीढ़ी को देखने के लिए जिन्‍दा नही रहती। शायद आज का कठोर यथार्थ यही है।


कहना यह कि सत्‍ता की लड़ाई में दलितों की राह आज भी आसान नहीं।  वे आज भी सवर्णों की लड़ाई में यज्ञ का हविष्‍य ही बन रहे हैं।आज गांव किस हालात से गुजर रहे हैं,यह उपन्यास इसका जबर्दस्त जायज़ा लेता है। बालेन्‍दु द्विवेदी गंवई और कस्‍बाई बोली में पारंगत हैं। गांव के मुहावरे लोकोक्‍तियों सबमें उनकी जबर्दस्‍त पैठ है। चरित्र चित्रण का तो कहना ही क्‍या। पढ़ते हुए कहीं श्रीलाल शुक्‍ल याद आते हैं, कहीं ज्ञान चतुर्वेदी तो कहीं परसाई भी । कहावतें तो क्‍या ही उम्‍दा हैं :'घर मा भूंजी भांग नहीं ससुरारी देइहैं न्‍योता।'


कुल मिला कर दुरभिसंधियों में डूबे गांवों के रूपक के रुप में मदारीपुर जंक्‍शन इस अर्थ में याद किया जाने वाला उपन्‍यास है कि दलित चेतना को आज भी सवर्णवादी प्रवृत्‍तियों से ही हांका जा रहा है।सबाल्‍टर्न और वर्गीय चेतना भी आजादी के तीन थके हुए रंगों की तरह विवर्ण हो रही है। गांवों को सियासत ने बदला जरूर है पर गरीब दलित के आंसुओं की कोई कीमत नहीं।बालेन्‍दु द्विवेदी ने यहां लाचार आंसुओं को अपने भाल पर सहेजने की कोशिश बड़ी ही पटु भाषा में की है,इसमें संदेह नहीं।





उपन्यास अंश

मंदिर के ठीक सामने एक गहरा तालाब स्थित था जिसके बारे में यह कहा जाता था कि यह इतना गहरा था कि इसमें सात हाथियों की 'थाह' भी न मिले.बहरहाल इसकी ख्याति दूसरे कारण से थी.किंवदंती थी कि एक बार कोई राजा,जो पुरानी और लगभग असाध्य कोढ़ का शिकार था,लड़ाई के मैदान से विजय प्राप्त कर वापस लौट रहा था.रास्ते में उसे पाख़ाना लगा.राजा ने पहले तो इसे अपने स्तर पर ही रोकने की कोशिश की;फिर बेसब्र होने पर अपने इस 'दीर्घ और तीव्र आवेग' के बारे में मंत्री आदि से मंत्रणा की.मंत्री ने राजा को सुझाया -
 'मान्यवर..!!आपकी धोती से बड़ी है आपकी इज्ज़त! और वह मुख़्तसर इसी धोती के संरक्षण में है.अगर एक बार वह प्रजा के बीच में खुल गई तो आपका और आपके राज्य का सारा वैभव जाता रहेगा.इसलिए सरकार! धोती भले ही ख़राब हो जाए पर उसे यूँ सरेआम खोलना युद्ध में पराजय स्वीकार करने जैसा और कदाचित उससे भी विनाशकारी सिद्ध होगा.'






राजा अपने मंत्री की बात पर अमल तो करना चाहता था,पर उसकी आंतें उसे निरंतर किसी नए विध्वंश की ओर धकेल रही थीं. जब तक राजा को मंत्री की बात समझ में आती,उसके पहले ही यह तालाब दिखाई पड़ा.राजा के पास अपने को हल्का करने के अलावा और कोई चारा नहीं था.मल-त्याग के बाद राजा ने जब पानी-छूने के लिए हाथ तालाब में डाले तो उसके हाथों की कोढ़ अचानक से सूखने लगी.राजा हतप्रभ रह गया.उसने झट अपने मंत्री को यह बात बताई और फिर खुश होकर,एक योगी साधक  को यहाँ की ज़मींदारी दे दी.बस यहीं से मदारीपुर के वैभव की शुरुआत मानी गई थी.

तहसील की खतौनी में दर्ज़ इन्द्राज़ के मुताबिक़ शिवमंदिर चवन्नी पट्टी की संपत्ति मानी जाती थी.इसलिए इस मंदिर-परिसर में लगे पेड़ों से टपकने वाले एक-एक आम से लेकर खर-पतवार बीनने आने वाली कन्याओं तक पर पहला अधिकार इसी पट्टी का बनता था.ऐसे तमाम अन्य अघोषित 'प्रशासनिक अधिकार' भी फिलहाल इसी पट्टी के पास सुरक्षित थे.मसलन पट्टी के युवा इस चीज़ की जानकारी प्राप्त में लगे रहते थे कि कौन सी कन्या ने सोलह बरस का आँकड़ा पार कर लिया है;कौन फिलहाल कौमार्य-भंगापेक्षिणी है;किसे अरहर की खेतों में उन्मुक्त अठखेलियाँ करने का शौक है;किसके गवने की तारीख़ नज़दीक आ गई है;कौन अभी-अभी अपने साजन के पास से लौटी है-आदि-आदि.'अज्ञात के प्रति जिज्ञासा' रूपी इस शोध और संधान के मूल में अपने निजी भावनाओं की तृप्ति के साथ-साथ संभवत: विदा के कगार पर खड़े चवन्नी पट्टी के पुरुषों की अंतिम इच्छा के पूरे किये जाने का सद्प्रयास भी सम्मिलित था.


सड़क कहे जाने वाले इन मार्गों का एक अतिरिक्त लाभ यह भी था कि यदि इनसे होकर इलाके की किसी गर्भवती स्त्री को प्रसव हेतु अस्पताल ले जाया जाता तो वह अस्पताल पहुँचाने से पहले ही बच्चा जन देती थी.इस प्रकार ये सड़कें अघो षित तौर पर न केवल डॉक्टर-वार्डब्वाय- अस्पताल की सामूहिक जिम्मेदारी निभाती थीं बल्कि सरकारी मुलाज़िमों को 'अनावश्यक के सिरदर्द' से मुक्त रखने की कोशिश भी करती थीं.'संसार के आठवें आश्चर्य' के रूप में घोषित होने की अपेक्षा लिए ये सड़कें फिलहाल सरकारी अभिलेखों में राजमार्ग का दर्ज़ा धारण किये हुए थीं और इस ऐतिहासिक राजमार्ग से होकर जब भारी सामानों से लदा हुआ कोई वाहन गुज़रता था तो मदारीपुर और आस-पास  के तमाम गाँवों  के निवासी उस वाहन के बोझ को हल्का करने का कोई अवसर नहीं चूकते थे.


एक बार ऐसा वाक़या हुआ बताते हैं कि एक रात को इस रास्ते से गुज़रते हुए काजू-किशमिश-बादाम से लदे एक ट्रक के पहियों ने थक-हारकर और आगे चलने में असमर्थ होकर,बीच-सड़क में अपने हाथ खड़े कर दिए.फिर क्या था! इलाके के लोगों ने इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाने की नीयत से वाहन के ड्राइवर-क्लीनर के ऊपर सामूहिक हल्ला बोल दिया और इस आपसी-प्रतिस्पर्धा में लग गए कि कौन शख्स कम-से-कम समय में,ज्यादा-से-ज्यादा माल पार कर सकता है..!हालांकि अमावस की रात के घुप्प अँधेरे की वजह से इस प्रतिस्पर्धा के वास्तविक विजेताओं के सम्बन्ध में अंतिम निर्णय तो नहीं हो सका किन्तु इतना जरूर हुआ कि इलाके की मज़दूर और मेहनतकश कही जाने वाली महिलाओं ने अपने पतियों-बेटों के साथ मिलकर उनके इस पवित्र कर्म में जमकर हाथ बँटाया.कुछ महिलाओं ने तो बोरों और झोलों के अभाव में अंत:वस्त्र कहे जाने वाले अपने ‘पेटीकोट’ के मुँह को एक ओर से बंद कर तात्कालिक तौर पर न केवल झोलों का विकल्प प्रस्तुत किया बल्कि उसमें काजू-किशमिश-बादाम ठूँस-ठूँसकर और सिर पर लादकर अपने घर ले आयीं.इस अभूतपूर्व और अविस्मरणीय आंदोलन का क्रांतिकारी परिणाम यह हुआ कि इलाके के जिन घरों में अनाज के अभाव में कई दिनों तक चूल्हा तक नहीं जलता था;उन घरों के बच्चे अब आठों पहर काजू-किशमिश-बादाम का सेवन करने लगे और  इलाके की कुपोषण की समस्या रातों-रात उड़न-छू हो गई.यही नहीं,दिन भर कटोरे लेकर सड़कों पर घूमने वाले छोटे बच्चों से लेकर भीख माँगने वाले बूढ़े-महीनों तक अपने घर से नहीं निकले और चोरी की घटनाओं में भी गिरावट देखी गई.दरअसल कुछ ही समय के लिए ही सही,पूरे इलाके के कोलाहल भरे वातावरण में अचानक से 'सम्पन्नता का छद्म सन्नाटा' सा छा गया था.लोगों के इस छोटे से सद्प्रास का एक प्रभाव यह भी हुआ कि देखते-ही-देखते यह इलाका अब जिले के सबसे समृद्ध इलाके के रूप में गिना जाने लगा था और सबसे बढ़कर सरकार के मुलाजिमों ने हमेशा की तरह इस बार भी इस बदलाव को अपने दिन-रात के संघर्ष का परिणाम बताना नहीं छोड़ा.





डॉक्टर साहब अभी ऑपरेशन थियेटर में थे और संभवत: गाँव के ही  केवटोली के मोहन नामक किसी युवा मरीज़ के गंभीर ऑपरेशन में व्यस्त थे.ऑपरेशन थियेटर को बाहर से देखने पर यह अपने नाम को चिढ़ाता हुआ ही लगता था.दरअसल इसमें थियेटर जैसा कुछ भी न था.डॉक्टर साहब के कमरे के भीतर ही एक कोने में एक सरकारी चारपाई डाल दी गई थी और एक सफ़ेद चादर को बगल के दीवार की खिड़की के सहारे से एक आड़ का रूप दे दिया गया था.सफ़ेद कहे जाने वाले चादर पर खून के इतने धब्बे थे कि कई बार उसके रंगीन होने का भ्रम हो जाता था और फैली हुई चादर में इतने छेद थे कि यदि वह हटा भी दी जाती तो भी वस्तुस्थिति में कोई ख़ास अंतर नहीं आता! लेकिन इसे बनाए रखना भी एक प्रकार की पेशेगत-मजबूरी थी.

ऑपरेशन थियेटर के भीतर चार-पाँच मुस्टंड आदमी,मरीज़ के हाथ और पैरों को इस कदर कसकर पकडे हुए थे जैसे किसी 'बलि के बकरे' को हलाल करने के पहले पकड़ा जाता होगा.कायदे से वे सभी बेहोशी की दवा का मुकम्मल विकल्प प्रस्तुत कर रहे थे. 'बेड' कहे जाने वाले बिस्तर पर 'मोहन' नामक  मरीज़ लेटा हुआ था और निरंतर चिल्ला रहा था.इस क्रम में उन सभी मुस्टंडों के बाप-दादाओं का बारी-बारी से नाम लेता जाता था.साथ ही उनके साथ देशी गालियाँ अभिधान के रूप में जोड़ता जाता था और कई बार वह मुस्टंडों और उनके पुरखों के आपसी रिश्ते को भी गड्ड-मड्ड कर दे रहा था,जैसे-'हरे सारे! सुकुलवा के दमाद..!','का रे फोफियाs..!','तोहरे महतारी केs..!' आदि-आदि.पर मुस्टंडे भी जैसे इस प्रकार के  अवसरों के लिए अभ्यस्त थे और शायद सहनशीलता जैसे भावों को कब का आत्मसात कर चुके थे.इसलिए ज्यों ही मरीज़ कोई ऐसा उदगार व्यक्त करता था,सभी एक-दूसरे को देखकर मुस्कुरा देते थे.इस पर मरीज़ का तेवर और उच्चारण का स्वर और अधिक आक्रामक हो जाता.लगभग दस मिनट के रगड़-घस्स के बाद डॉक्टर साहब के द्वारा ऑपरेशन की सफलता की घोषणा की गई.मरीज़ चिल्ला-चिल्ला कर पस्त हो चुका था.अब जाकर उसने डॉक्टर की ओर थोड़ा संकोच की नज़र से देखा. डॉक्टर ने आँखों-ही-आँखों में उसे नीचे पड़े बाल्टी की ओर देखने को कहा, मानो कहना चाहते हों कि-'मोहन बेटा..!जब थैले में ढाई पसर मवाद लेकर घूमोगे तो ऑपरेशन तो कराना ही पड़ेगा!फिर चाहे जितना चिल्लाओ..!!'



 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने