Friday, January 13, 2017

 शहंशाहों ने बनवायी मुहब्बत में मज़ारे और
 गरीबो ने वहां बांधे कई धागे मुहब्बत में


ये कहना है हमारे समूह के साथी भवेश दिलशाद जी का । आज हम लोग दिलशाद साहब के चंद अशआर और ग़ज़ल पढ़ेंगे और उस पर चर्चा करते हुए अपने अपने मन की बात रखेंगे ।
दिलशाद जी का काव्य अपने समय को मुखरित करता हुआ काव्य है जो अपने कहन में  बड़ी साफगोई से अपने शब्दों को पाठक तक समीचीन तरह से प्रस्तुत करते है   । इस प्रस्तुतिकरण में कवि भाषा की बंदिशें नही स्वीकारता ,वह काव्य में एक ऐसा कहन देता है जो पाठक तक अपनी बात सरल और चुटीले अंदाज़ में सम्प्रेषित होता रहे । कही कही उनके अंदाज़ में निदा फ़ाज़ली साहब का प्रभाव भी देखा जा सकता है । जो उनकी शायरी को अद्यतम रूप देता है । क्या वाकई उनका इशारा महीन है ? ये आप लोग बताये तफसील से...
           
                    --   सुरेन
==============================================
परिचयात्मक लेख - आकांक्षा
परिचय - भवेश दिलशाद
ग़ज़ल के पर्यायवाची, दोहों सी सार्वभौमिकता, काव्य रगों में, साहित्य का मर्म और नज़्मों सा जीवन... भवेश दिलशाद की सम्पूर्ण व्याख्या।
15 बरस से ज़्यादा समय से साहित्यिक पत्रकारिता, प्रमुख हिन्दी अखबारों में सेवाएं, साहित्य के सम्पादन-प्रकाशन, हिन्दी में स्नातकोत्तर और अंग्रेज़ी में स्नातक और सीखने की तत्परता अब भी...
शिवपुरी में जन्मे, भोपाल में पले-बढ़े, परिवार में बड़े बेटे, बड़े भाई का प्यार, भरोसा और साथ देने का वादा निभाते हुए आगे बढ़े...
ज़िद्दी दिल, समझौता न करता हुआ दिमाग, बहुत गहरी सोच और संतुलित समझ भवेश हैं। भवेश एक चिन्तक हैं। विश्व को देखने का उनका अपना एक दृष्टिकोण है जो शुद्ध है, पवित्र है, छलरहित है। शान्त स्वभाव के दिखने वाले भवेश अगर आपसे ज़्यादा बात कर रहे हैं तो समझ लीजिएकि आपकी सोच उनसे कहीं मिल रही है। वक़्त गुज़ारना, बिताना या व्यर्थ गंवाना उन्हें कतई पसंद नहीं आता...
शेर जब 'हो रहे' होते हैं तो उनके माथे पर एक चंचलता, आंखों में स्थिरता और खालीपन और शरीर की शिथिलता देखना एक अनुभव होता है। शेर या ग़ज़ल होने की प्रक्रिया उनके सामने बैठकर देखना एक रोमांच है। भवेश एक ऐसे पुरुष हैं जिन्होंने मेरे कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपने व्यवसाय में तब्दीलियां कीं, स्थान बदले, मेरी बात परिवार व समाज के सामने सम्मान व दृढ़ता के साथ रखने में संकोच नहीं किया और... मुझे खुशी है कि मैं ऐसे पुरुष के साथ ज़िन्दगी निवेश कर रही हूं।



भवेश दिलशाद के चन्द अशआर -
***************************

ख़्वाहिशें सब ख़त्म ख़ाली दिल ख़ला हो जाएगा
सूफ़ियों से मत मिला कर बावरा हो जाएगा।
-----
और कुछ दिन देखता जा देखता रह जाएगा
सूख जाएगी नदी ये पुल खड़ा रह जाएगा।

गोलमेज़ें जब उठेंगी बात करके प्यास पर
बिसलरी की बोतलों का मुंह खुला रह जाएगा।
-----
शहंशाहों ने बनवायीं मुहब्बत में मज़ारें और
ग़रीबों ने वहां बांधे कई धागे मुहब्बत में।

न मन्नत मांगते हैं अब न करते हैं दुआ कोई
निकल आये हैं हम दोनों बहुत आगे मुहब्बत में।
-----
मंदिर नहीं मियां किसी पनघट का दो पता
सदियों के प्यासे लोग हैं भटकाओ मत हमें।

हम भूल हैं या दाग़ हैं उजले वरक़ नहीं
इतिहास की कसम तुम्हें दुहराओ मत हमें।

🔹🔹🔹🔹🔹🔹🔹🔹

कुछ ग़ज़लें
➖➖➖➖➖
 ग़ज़ल - 1
कभी तो सामने आ बेलिबास होकर भी
अभी तो दूर बहुत है तू पास होकर भी।

तेरे गले लगूं कब तक यूं एहतियातन मैं
लिपट जा मुझसे कभी बदहवास होकर भी।

तू एक प्यास है दरिया के भेस में जानां
मगर मैं एक समन्दर हूं प्यास होकर भी।

तमाम अहले-नज़र सिर्फ़ ढूंढ़ते ही रहे
मुझे दिखायी दिया सूरदास होकर भी।

मुझे ही छूके उठायी थी आग ने ये कसम
कि नाउमीद न होगी उदास होकर भी।



🔵 ग़ज़ल - 2
➖➖➖➖

कहां पहुंचेगा वो कहना ज़रा मुश्किल सा लगता है
मगर उसका सफ़र देखो तो खुद मंज़िल सा लगता है।

नहीं सुन पाओगे तुम भी ख़मोशी शोर में उसकी
उसे तनहाई में सुनना भरी महफ़िल सा लगता है।

बुझा भी है वो बिखरा भी कई टुकड़ों में तनहा भी
वो सूरत से किसी आशिक़ के टूटे दिल सा लगता है।

वो सपना सा है साया सा वो मुझमें मोह माया सा
वो इक दिन छूट जाना है अभी हासिल सा लगता है।

ये लगता है उस इक पल में कि मैं और तू नहीं हैं दो
वो पल जिसमें मुझे माज़ी ही मुस्तक़बिल सा लगता है।

वो बस अपनी ही कहता है किसी की कुछ नहीं सुनता
वो बहसों में कभी जाहिल कभी बुज़दिल सा लगता है।

न पंछी को दिये दाने न पौधों को दिया पानी
वो ज़िन्दा है नहीं, बाहिर से ज़िन्दादिल सा लगता है।

उसे तुम ग़ौर से देखोगे तो दिलशाद समझोगे
वो कहने को है इक शायर मगर नॉविल सा लगता है।

 ग़ज़ल - 3
➖➖➖➖

बहुत बरदाश्त कर ली है मियां ये दुनियादारी क्या
जुनूं दिल में कफ़न सिर पर सफ़र की है तयारी क्या।

कोई नमक़ीन ख़्वाहिश क्या कोई मीठी कटारी क्या
समय के कड़वे सच हैं हम किसी की हमसे यारी क्या।

यहीं पर लेनदारी देनदारी सब निबट जाये
वो जब तौले तो चकराये कि हल्का क्या है भारी क्या।

जियूं ये क़श्मक़श कब तक निभाउं ज़िंदगी कितनी
रहेगी यूं ही क़िरदारों की मुझमें जंग जारी क्या।

जवानी हुस्न शोख़ी लोच जलवे सब बहुत दिलक़श
मगर है कोई औरत इस जहां में मां से प्यारी क्या।

  ग़ज़ल - 4
➖➖➖➖➖

यूं तो ज़िंदगी भर हम बनते हैं संवरते हैं
कितने हैं जो आख़िर में क़ायदे से मरते हैं।

बजता रहता है भीतर एक तानपूरा सा
सुर नहीं मिलाते क्यूं इतना शोर करते हैं।

देखें तुम भी कितने हो और कितना मारोगे
देखें हम भी कितने हैं हम भी कितने मरते हैं।

आईनों से कितने और अक़्स मांगें अपने हम
आओ अब तो जैसे हैं वैसे ही उभरते हैं।

आसमान काला और इस कदर है ज़हरीला
उड़ के थोड़ा सा पंछी अपने पर कतरते हैं।

सच के हाथ क्या आया बेवफ़ाई मायूसी
न्याय कर नहीं पाये आप जज बशर्ते हैं।

 ग़ज़ल -5
➖➖➖➖

वो सुना है ज़हीन है, हां है
फिर भी वो नुक़्ताचीन है? हां है।

आख़िरश दिलख़राश निकली, हां
अब भी वो दिलनशीन है? हां है।

अब भी है ऐतबार ख़ुद ने? नहीं
अच्छा उस पर यक़ीन है? हां है।

पड़ गये काले गड्ढे आंख तले
अब भी लेकिन हसीन है, हां है।

आसमां तो हुआ है मटमैला
आसमानी ज़मीन है? हां है।

देखते हैं कहां-कहां तक हम
फ़न कोई दूरबीन है? हां है।

लहजा दिलशाद का है ख़ूब मगर
क्या इशारा महीन है? हां है।


        - भवेश दिलशाद

◼◻◼◻◼◻◼◻◼◻    



भवेश जी से कुछ सवाल -जवाब साहित्य की बाबत अनीता  मंडा के द्वारा 


प्र०....1 अपने जीवन के प्रारंभिक संघर्ष के बारे में कुछ बताइये?

उ०.....- बात है साहित्यिक जीवन की। शायद 14 बरस की उम्र की थ्ज्ञी जब काव्य और शायरी लिखने के प्रति रुझान हुआ। पढ़ना तो बचपन से ही था क्योंकि पिताश्री भी कवि थे। तो लिखना शुरू हुआ। ग़ज़ल ने शायद तभी आकर्षित कर लिया था। शुरुआत में ग़ज़ल को लेकर कम या भ्रामक जानकारियां हाथ लगीं। उनके हिसाब से कहा। तीन-चार साल बाद आदरणीय बशीर बद्र साहब से नियमित मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। सबसे पहले यह पता चला कि पिछले कुछ सालों में जो लिखा है वो ग़ज़ल नहीं है। फॉर्म की तकनीक सीखने के लिए बशीर साहब के पीछे तीन-चार साल लगा रहा लेकिन वो उर्दू और मैं हिंदी बैकग्राउंड से थे इसलिए बहुत सी बातें मैं समझ नहीं सका, कुछ वो समझा नहीं सके।

फिर उस्ताद मरहूम स्वामी श्यामानंद जी से पहली मुलाकात हुई। उन्होंने मेरे ग़ज़ल के सफ़र को नयी और सही दिशा दी। बशीर साहब और स्वामीजी दोनों ने जब कह दिया कि 14 बरस की उम्र से अब तक जो मैंने लिखा वो ग़ज़लें नहीं थीं, तब एक दिन उन 300 रचनाओं को जला दिया और नये जोश के साथ आगे बढ़ा। 2002 में स्वामी जी ने दिलशाद नाम अता किया और अगले 12-13 सालों में उनसे बहुत कुछ सीखा। आज भी सीख रहा हूं।

प्र०.... 2 आपकी पढाई लिखाई कहाँ तक हुई?

उ०....- एमए तक। हिंदी में। पीएचडी करना चाहता था, लगभग आधी थीसिस लिख भी चुका था, ग़ज़ल पर ही लेकिन सही समझ और व्यवहार का गाइड न मिलने और पीएचडी करवाये जाने के कुचक्र को समझते ही इसका इरादा छोड़ दिया। वैसे पढ़ना तो अब भी जारी है, बस अब किसी परीक्षा के लिए नहीं पढ़ता हूं।


प्र०....3 ग़ज़ल  से क्यों और कैसे, कब जुड़ना हुआ?
यही विधा क्यों अपनाई?
उ०....- कुछ तो पहले कह चुका हूं, कुछ ऐसा है कि ग़ज़ल ने ही मुझे अपनाया। विधा बनकर नहीं बल्कि हस्ती बनकर। रग-रग में घुल गयी। सांस-सांस में रम गयी। अन्य विधाओं में कभी-कभी कुछ कहता हूं लेकिन वो कभी सार्वजनिक नहीं किया। मेरा इश्क़, मेरी जान ग़ज़ल ही है।

प्र०,,,,4 शायरी आपके लिए क्या है?
उ०....- शायरी मेरे लिए मेरी हस्ती है, मेरा वजूद है। अगर मुझमें से शायरी निकाल दें शायद मैं कुछ नहीं बचूंगा, कोई पहचान नहीं, कोई वजूद नहीं। एक फ़नकार की हैसियत से कहूं तो शायरी मेरे लिए आवाज़ है, जिसका कोई नाम या चेहरा नहीं बस आवाज़ है, बिना मज़हब की, बिना सरहद की... ये आवाज़ मेरे लिए ज़रूरी है, और मैं मानता हूं जो मेरे लिए ज़रूरी है, वो इस क़ायनात में बहुतों के लिए ज़रूरी है।

प्र०......5 पसंदीदा साहत्यिक व्यक्ति कौन-कौन?
उ०......- ये फेहरिस्त तो बहुत बड़ी है। बहुतों ने अपने समय को अपने शब्दों में बखूबी दर्ज किया है। बहुतों ने समय की सीमाओं से परे जाकर शब्द रचे हैं, वो सभी मेरे पसंदीदा हैं। कुछ नाम लेता हूं, लेकिन जो नाम नहीं ले रहा हूं वो भी उतने ही अज़ीज़ हैं - ख़ुसरो, कबीर, सूर, मीरा, गोरख, वारिस शाह, बुल्ला, मीर, ग़ालिब, मोमिन, ज़ौक़, भारतेंदु, प्रेमचंद, प्रसाद, निराला, फ़िराक़, फ़ैज़, साहिर, अज्ञेय, मुक्तिबोध आदि-आदि।


प्र०....6 आगे क्या करना चाहते हैं साहित्य में?
उ०....- और बेहतर और बेहतर, और ज़रूरी, और कालजयी रचना चाहता हूं। कुछ योजनाएं हैं साहित्यिक सेवाओं के लिए। देखें क्या-क्या कर पाता हूं।


प्र०,,,,,7 ग़ज़ल में नवांकुरों को कोई सन्देश आपका?
उ०.....- बुज़ुर्ग नहीं हूं इसलिए इस तरह का सवाल बहुत जल्दी है फिर भी मुझसे करीब 15 साल जवान पीढ़ी साहित्य में आ रही है इसलिए पहली बात तो यही कि पढ़ना, सीखना कभी न छोड़ें बल्कि जल्दी सीखने की सलाहियत पैदा करें। दूसरी, बाज़ार और सत्ता के पैरोकार बिल्कुल न बनें। तीसरी, अपने आप को खोजने का हुनर तराशते रहें, बस अभी इतना ही।

प्र०......8 साहित्य में ग़ज़ल स्थिति पर विचार?
उ०..- साहित्य में बहुत सी धाराओं, विचारों, खेमों के लोग है। ग़ज़ल अपनी रवानी से जगह बना रही है। हर विधा की तरह इसमें भी बहुत कुछ ऐसा आ रहा है जो नहीं आना चाहिए। बावजूद इसके, ग़ज़ल के सामने बहुत चुनौतियां हैं। कई प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्थाएं, पत्रिकाएं ग़ज़लों को समुचित स्थान नहीं दे रही हैं। ग़ज़ल पर बहुत से इल्ज़ाम भी लगाये जा रहे हैं और एक वर्ग विशिष्ट ग़ज़ल के व्याकरण व शिल्प को लेकर नित नूतन शिगूफ़े पैदा कर रहा है। फिर भी, कुल मिलाकर अपनी चुनौतियों से जूझते हुए ग़ज़ल बहुत कुछ महत्वपूर्ण कह रही है और उसमें हर स्तर की बात कहने का हुनर है, मेरे ख़याल से। यह भी एक पहलू है कि बड़े-बड़े मंचों से गैर साहित्यिक व्यक्तित्वों द्वारा अपने वक्तव्यों में जितनी संख्या में शेर कोट किये जाते हैं, उतने किसी और विधा के अंश नहीं। मैं ग़ज़ल की सामर्थ्य, संभावना एवं भविष्य को लेकर तनिक भी सशंकित नहीं हूं।


प्र०......9 एक सवाल कुछ अलग सा
कई लोगों का कहना है कि ग़ज़ल ने इश्क़ मुहब्बत पर बहुत वक़्त बर्बाद कियाए अतः अब इस तरह की ग़ज़ल को बीते हुए समय की मान लेना चाहिए।
दूसरा वर्ग यह कहता है कि इश्क़ मुहब्ब्त के बिना ग़ज़ल भी रूखी और अरूचिकर हो जायेगी ।  जैसे अदम गोंडवी साहब की ग़ज़ल में समकालीन समस्याओं पर खूब लिखा गयाए लेकिन 5.7 ग़ज़ल पढ़ने के बाद कहन सामग्री की पुनरावर्ती होती मालूम होती है।
आपका क्या कहना है।
क्या समकालीन सामाजिक विद्रूपताओं को लिखना और समस्याओं को आवाज देना ही साहित्य है
उ......- पहले आख़िरी पंक्तियों पर बात करते हैं। सबसे पहले तो यह मान लें सबका अपना-अपना मानना है। संभवतः सभी सही भी हो सकते हैं। मेरा ख़याल यूं है केवल विद्रूपताओं या समस्याओं को ही बयान करना साहित्य नहीं है। प्रेमचंद ने कहा था कि साहित्य समाज और सत्ता के आगे चलने वाली मशाल की तरह है। साहित्य अगर रोशनी नहीं देता, राह नहीं दिखाता तो वह समस्याओं को बयान करे या किसी और बात को, वह सजग नहीं कहा जाएगा। इसी तरह द्विवेदी जी ने कहा था कि साहित्य समाज का आईना है। बहुत बातें हुईं, संवाद-प्रतिवाद भी हुए लेकिन इस वाक्य का अर्थ भी प्रेरित करना ही है। आईना आपको अगर कुरूप चेहरा दिखाये तो आपको उसे बदलने की प्रेरणा मिलना चाहिए।

कुल मिलाकर साहित्यकार को सजग और चैतन्य रहना चाहिए। अब बात ग़ज़ल की - देखिए ऐसा कहते हैं कि दुष्यंत ने ग़ज़ल को वो आवाज़ दी जिसमें समस्या या विद्रूपता या व्यंग्य प्रधान हो गया। इससे पहले भी ऐसा हुआ। दुष्यंत के बाद उनकी लकीर पर चलने वालों की भीड़ लग गयी। अदम गोंडवी को छोड़ दें तो उस लकीर पर कोई जनप्रिय नाम सामने नहीं आता। अदम के तेवरों को भी हम कुछ अलग कह सकते हैं। केवल वही उस लकीर को बड़ा करने में सफल रहे, बाकी तो वही लकीर पीटते दिखे।

ग़ज़ल का मौज़ूं कुछ भी हो, समाज, राजनीति, समस्या या इश्क़, दर्द और दिल, वह अपने निहित सृजन, संवेदना और दृष्टि के कारण ही स्थान बना पाता है। प्यार और दर्द सर्वकालिक विषय हैं इसलिए ये मौज़ूं पुराने नहीं हो सकते लेकिन इन पर इतनी बारीक़ी से इतना कुछ कहा जा चुका है कि अब शायर कुछ कह रहे हैं तो बड़ी चुनौती का काम है कि कोई नयी या नये ढंग की बात पैदा कर सकें। बहुत कुछ रिपिटेशन होने के कारण यह कहा जाता है जो आपने कहा।

शायर का कनविक्शन और शायर का फ़न ग़ज़ल को बड़े मक़ाम पर ले जा सकते हैं, फिर वो किसी भी मौज़ूं पर हो। फिर भी, यह विषय बहुत बड़ा है, इसके कई पहलू हैं, जिन पर बहुत सी बातें की जा सकती हैं। फ़िलहाल इतना ही।

बहुत शुक्रिया।


प्र०,.....10आज आपकी रचनाएँ सा की बा पटल की शोभा बढ़ा रही हैं। सा की बा के बारे में क्या विचार हैं आपके ?

उ०.......-सबसे पहले तो मम्नून हूं सा की बा का कि मुझे इस तरह नवाज़ा। तरह तरह के समूहों के बीच इस समूह की विशिष्ट पहचान व छवि है। यहां संभवतः हर सदस्य के पास कुछ ग्रहण करने का मौका है, यदि वह सुपात्र है। मुझ जैसे कमअक़्ल और कमइल्म को तो बहुत कुछ मिलता रहता है, जानने समझने को। मेरे लिए एक अच्छा पहलू यह है कि यहां रहते हुए मैं ग़ज़ल के इलावा बहुत सी विधाओं के प्रासंगिक व समकालीन रचनाकर्म से रूबरू हो पाता हूं। बहुत से सार्थक विमर्शों का लाभ ले पाता हूं। अक्सर चुप रहता हूं इसकी वजह यही है कि मैं खुद को उस विमर्श के लायक नहीं समझता। लेकिन, यकीन मानें एक पाठक है जो सब कुछ पढ़ रहा है।

कुछ दिनों पहले माया मृग जी के रचनासंसार के साथ ही उनसे हुई बातचीत मेरे लिए इस पटल से जुड़े रहने का अतिरिक्त लाभ सिद्ध हुई। कथाओं, कविताओं के साथ ही मधु जी द्वारा प्रवर्तित बहसें भी काफी सारगर्भित सिद्ध होती रही हैं। साहित्यिक ऊर्जा का लगातार संचार करने वाले इस समूह के लिए मेरी जानिब से अशेष शुभकामनाएं और दुआ यही कि यह सिलसिला चलता रहे बिना विघ्न-बाधाओं के।
धन्यवाद।                                        
================================================

वाट्स अप समूह साहित्य की बात , जिसके संचालक श्री ब्रज श्री वास्तव जी है  . वहाँ पोस्ट हुई भवेश दिलशाद    की गजलों पर पाठकों की त्वरित प्रतिक्रियायें   
         
 Anita Manda: वाह !!  वाह !!  और वाह!!
इतने उम्दा अशआर पढ़ कर जबदस्ती वाह कहना नहीं पड़ रहा, खुद ब खुद वाह कहलवा रही है शायरी। बहुत पहुँचे हुए अशआर हैं, क्या सूफ़ियाना रंग है, आत्मा का परमात्मा से बिछोह ओर मिलन की प्यास वाह क्या खूबसूरत कहा है-
मंदिर नहीं मियां किसी पनघट का दो पता
सदियों के प्यासे लोग हैं भटकाओ मत हमें।
ईश से लगन में सूफियों की सत्संग की भूमिका पर और इससे बनी मन की हालत को बयाँ करता ये शेर कहन में कितना उम्दा है, उफ़्फ़्फ़ !!
ख़्वाहिशें सब ख़त्म ख़ाली दिल ख़ला हो जाएगा
सूफ़ियों से मत मिला कर बावरा हो जाएगा।
शायर की पहुँच बहुत दूर  तक है ।
कहन का नया अंदाज ओर जमीन लिए भवेश जी की ग़ज़लें सहजता से ध्यान खिंच लेती हैं।
साहित्य में वक्रोक्ति का अहम स्थान है, कोई बात सीधी साधी उतना असर नहीं रखती जितनी वक्रोक्ति में, और गज़ल में तो यह सबसे उम्दा अलंकार है, कहन में विरोधाभास बात की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देता है।
तू एक प्यास है दरिया के भेस में जानां
मगर मैं एक समन्दर हूं प्यास होकर भी।
तमाम अहले-नज़र सिर्फ़ ढूंढ़ते ही रहे
मुझे दिखायी दिया सूरदास होकर भी।
आह !! सूरदास होकर भी दिखाई देना, क्या बात है।
दूसरी ग़ज़ल  की बात करें तो मतला ही कितना सुंदर कहा है, ' उसका सफ़र भी मंजिल लगता है'  सही ही तो है , जो मज़ा सफ़र में है मंजिल में कहाँ ?
एक नया प्रयोग यहाँ भी क्या खूब हुआ है-
"वो कहने को है इक शायर मगर नॉविल सा लगता है।"
तीसरी ग़ज़ल के बगावती तेवरों का क्या कहना।
कबीर याद आ जाते हैं पढ़ते पढ़ते।
"जवानी हुस्न शोख़ी लोच जलवे सब बहुत दिलक़श
मगर है कोई औरत इस जहां में मां से प्यारी क्या।"
औरत का सबसे खूबसूरत रूप है माँ, और उतना ही शानदार हुआ है शेर। इस पर मैं यूं कहती हूँ-
लिखा है खूबसूरत यूँ तो औरत को बहुत सबने
मगर ये बात पहले भी किसी ने ऐसे लिक्खी क्या?
चौथी गज़ल का आगाज़ ही बहुत बड़ी बात से हुआ है, कायदे से मरना माने जीने का सलीका आना, बहुत बड़ी बात है अपने आप में।
यूं तो ज़िंदगी भर हम बनते हैं संवरते हैं
कितने हैं जो आख़िर में क़ायदे से मरते हैं।
इसी गज़ल के एक शेर में छल छद्मों से दूर कितना बड़ा सच कहा है
आओ अब तो जैसे हैं वैसे ही उभरते हैं।
देश की न्याय कानून व्यवस्था पर एक व्यंग्य खूब हुआ है इस शेर में
सच के हाथ क्या आया बेवफ़ाई मायूसी
न्याय कर नहीं पाये आप जज बशर्ते हैं।
पाँचवीं गज़ल बिलकुल अलग तरह के रदीफ़ के साथ है, इस तरह के रदीफ़ को निभाते हुए बड़ा शेर निकाल लेना कम चुनोती पूर्ण नहीं, पर कहना पड़ेगा भवेश जी इसे निभा गए, इसी ग़ज़ल के शेर से दाद देना चाहूँगी
लहजा दिलशाद का है ख़ूब मगर
क्या इशारा महीन है? हां है।

 Braj Shivastav: अनेक शेर, ऐसे हैं जिन्हें याद कर लेने का मन हो रहा है, बस यही ताकत है इन गजलों की. हमारी कामना है कि इनके मयार के मुताबिक इन्हें खूब विस्तार मिले. विजय वाते जी के पाठ में बहुत असर है, दूसरा पाठ भी दमदार है.                      

संध्या कुलकर्णी  भवेश की ग़ज़लों से शेरों से पुराना परिचय है ...इन्हें सामने बैठकर सुनने का आनंद भी इस नाचीज़ ने उठाया है इनकी ग़ज़ल की कहन का अलहदा और नया अंदाज़ है लेकिन ख़ास यूँ भी है कि ये उनकी पारंपरिक गढ़त को बरकरार रखते हैं और  दोनों भाषाओं की नाज़ुक शब्दावली का सुनियोजित प्रयोग करते हैं ।अभी एक ग़ज़ल जो पहले कभी fb पर साझा की थी और बहुत बढ़िया लगी थी पेश है ----
ना करीब आ ना तू दूर जा ,जो भी फासला है ये ठीक है
ना गुज़र हदों से ,न हद बता ,ये जो दायरा है वो ठीक है !

न तो आशना ,न ही अजनबी ,ना कोई बदन है न रूह ही ,
यही ज़िंदगी का है फलसफा ,ये जो फलसफा हैये ठीक है !

ये ज़रूरतों का ही रिश्ता है ,ये ज़रूरी रिश्ता तो है नहीं,
ये ज़रूरतें ही ज़रूरी हैं , ये जो वास्ता है ये ठीक है !

मेरी मुश्किलों से तुझे है क्या ,तेरी उलझनों से  मुझे है क्या ,
ये तकल्लुफ़ात से मिलने का, जो   सिलसिला है ये  ठीक है !

हम अलग अलग हुये हैं मगर , अभी कपकपाती है ये नज़र ,
अभी अपने बीच है काफी कुछ ,जो भी रह गया है ये ठीक है !

मेरी फ़ितरतों मे ही कुफ्र है ,मेरी आदतों मे उज्र है ,
बिना सोचे मैं कहूँ किस तरह ,जो लिखा हुआ है ये ठीक है !


Akhilesh: देखते हैं कहां-कहां तक हम
फ़न कोई दूरबीन है? हां है।
फ़न दूरबीन है..वाह
भवेश के पास दृष्टि है वो इस दूरबीन का प्रयोग बखूबी कर पायेंगे ।इस कम्बिनेशन का वितान बहुत दूर तक है ।
बड़ी शागिर्दी से आती है ऐसी शायरी ।                      

श्रद्धा : भवेश दिलशाद जी का लहजा..हाँ है बेहद खूबसूरत .  

Rekha Dube: वाह,भवेश भाई अति सुंदर अशआर

चंद्रशेखर जी ..वाह वाह भवेश जी।
अपनी अलग शैली की शानदार ग़ज़लें,
एक से बढ़ कर एक शे'र..
मगर ये तो सबा-सेर है भाई
न मन्नत मांगते हैं अब न करते हैं दुआ कोई.......    
 निकल आये हैं हम दोनों बहुत आगे मुहब्बत में
बहुत बधाई आपको।
सुरेन जी आभार।


जतिन अरोरा.. गोलमेज़ें जब उठेंगी बात करके प्यास पर
बिसलरी की बोतलों का मुँह खुला रह जाएगा
उसे तन्हाई में सुनना भरी महफिल सा लगता है
आसमान काला और इस कदर है ज़हरीला
उड़ के थोड़ा सा पंछी अपने पर कतरते हैं
भवेश भाई कितनी लंबी खुखरी जिगर में उतार दिए.
न भारी भरकम शब्द
 न उलझन कोई
आम आदमी की कलम
बड़ी आसानी से सब शीशे में उतार दिया।
बहुत बहुत बधाई


सुधीर देश पाण्डे... जहेनशीन जहेनशीन भवेश।
तुम्हारी गजल है या कि है वो आग का शोला।
Jyotsana Pradeep: कभी - कभी कुछ पढ़कर लगता है आपका नसीब बहुत अच्छा है जो नायाब चीज़ आपको भी पढ़नें को मिली।
कमाल की  ग़ज़लें है !! एक अलग ही अंदाज़, लहज़ा और उस पर खूबसूरत बेबाकी..हर ग़ज़ल एक खूबसूरत  महल की तरह!!!
किस किस की तारीफ़ करूँ ...कुछ भी छूटा तो नाइंसाफी होगी..
भावेश  जी को बहुत - बहुत बधाई!
सुरेन जी का बहुत शुक्रिया
ऐसी पोस्ट को सलाम !!!!                      
Avinash Tivari: भवेश दिलशाद जी की छै शानदार गजलों का तोहफा आज.मिला।सभी बहुत अच्छीं एक से बढ़कर एक सुरीली हैं इन्होंने भीतर के तानपुरे को झनझना दिया है।संध्याजी ने भी एक गजल नरीब आ न दूर जा का जिक्र किया है भवेश जी से सस्वर पेश करने की गुजारिश है।आज का दिन खुशनुमा करने के लिये भवेश जी एडमिनजी संचालक जी सुरेन्द्र जी का शुक्रिया।👍👌💐🙏🎤                      

Uday Dholi: उस्तादाना कलाम है दिलशाद साहब का,बेहतरीन अश्आ़र से बज़्म रोशन हो गयी आज।
 वाह वाह 🙏🏻🌹🙏🏻🌹  
                  
राखी तिवारी : भावेश जी को बधाई.....
बेहतरीन गज़लो के लिए।
संचालन के लिए आभार, सुरेन जी।                      
 HarGovind Maithil Ji ...आज प्रस्तुत बेहतरीन गज़लों के लिए भावेश दिलशाद जी को बधाई और एडमिन  सुरेन जी का आभार ।

मीना शर्मा    एक शानदार शायर की उम्दा शाइरी के दिलफ़रेब अंदाज़ से रूबरू होना, यानि भवेश जी के रूबरू होना ।
बेहतरीन अन्दाज़े बयाँ, हर शेर पर वाह कहने का दिल करे.....*शहंशाहों ने बनवायी मुहब्बत में मज़ारें और
गरीबों ने वहाँबाँधे कई धागे मुहब्बत में *
दिलशाद जी को पढ़ना जैसे सीखना ग़ज़ल की महीन ,बारीकियाँ ।
मुबारकें......
चश्मेबद्दूर ।
शुक्रिया सुरैन जी , बेहतरीन प्रस्तुति के लिए| !

मनोज  जैन मधुर  ..साकीबा ने आज एक हीरे को प्रस्तुत किया है
भवेश जी मानसर के राज हंस हैं उनकी कहिन का मैं सदैव कायल रहा हूँ वे स्तर से समझौता नहीं करते वे अल्प और मीत भाषी है उनके स्वभाव का पता उनकी ग़ज़लें देती हैं।
भवेश जी के अनेक रूप इन प्रस्तुत ग़ज़लों में देखने को मिलते हैं कहीं दार्शनिक तो कहीं चिंतक एक बात और भवेश दाद की फ़िक्र नहीं करते उन्हें पढ़ने या सुनने के बाद उनके लिए दुआएं दिल से निकलती हैं।


Dinesh Mishra Ji: भवेश जी
बहुत उमदा ग़ज़लें
कई दिनों के बाद जैसे ताज़ा हवा का झोंका आया हो।
मुबारकबाद                      
 Komal Somrwaal: वाह भवेश जी की गजले एक से बढकर एक..👏🏼👏🏼👏🏼
खुद को बार बार पढने से नहीं रोक पा रही.. कुछ शेर तो वाकई इतने उम्दा है कि आने वाले समय में इन्ही के शेरों से हाजिर जवाबी की जायेगी..
गोलमजे जब उठेगी बात कर के प्यास पर
बिसलरी की बोतलों का मुंह खुला रह जाएगा।
वाह वाह शानदार.. 👌🏻👌🏻
हर शेर का अंदाज ए बयां माशल्लाह.. अंतिम शेर खुद ब खुद सब कह जाता है..
लहजा दिलशाद का है खूब मगर
क्या इशारा महीन है? हाँ है..
बेशक है, बकायदा है..पटल हर रोज रचनाओं से सज्जित होता है किन्तु आज की बात तो कुछ और ही है..आपके गजल कहने के अंदाज और चीजों को देखने के नजरिये के हम कायल हुए.. बार बार हजारों बार आपको पढना चाहेंगे.. पटल का बहुत बहुत आभार.. 💐💐  
 गजलों में अर्थों की अभिगम्यता कितनी महत्वपूर्ण है??
क्या पाठक को अर्थ तक पहुँचने के लिए मेहनत करनी चाहिए?? यदि हाँ तो क्यूँ और नहीं तो भी क्यूँ??             भवेश जी आपसे जिज्ञासा का समाधान करने का अनुरोध 🙏🏼                      

Bhavesh Dilshaad: संप्रेषित होना साहित्य की हर विधा का कर्तव्य है। मेरा ख़याल है कि ग़ज़ल में तहदारी होती है, यानी जिसे हम अच्छी कहते हैं। एक सामान्य अर्थ के पीछे भी कुछ होता है, उसके लिए यानी between the lines के लिए पाठक को पहुंचना चाहिए। साहित्य प्रेमचंद के हिसाब से समाज व सत्ता के आगे चलने वाली मशाल है। रोशनी वही दिखाएगा जो ज़्यादा रोशन होगा। उस् ही दिखाएगा जिससे ज़्यादा रोशन है।          

आरती तिवारी...ग़ज़ल को समझना यूँ तो आसान नहीं,.इनकी तकनीकी समझ मुझे नहीं किन्तु दिलशाद भावेश की ग़ज़लें बहुत बारीकी से खुद बयां होती हैं,.वो सुना है ज़हीन है
 फिर भी वो नुक्ताचीन है👌🏼👌🏼इन ग़ज़लों में सूफ़ियाना अंदाज चुम्बक सा खेंचने की ताक़त रखता है। लगता है एक अरसा लगाया उनकी ग़ज़लों ने ये मुक़ाम हासिल करने में हर ग़ज़ल मुक़म्मल है👏🏼👏🏼 आफ़रीन🌹🌹😊
आरती तिवारी             
Manjusha Man: आज भवेश जी की ग़ज़लें पढ़ी बहुत ही अच्छी ग़ज़लें हैं, ऐसी की सीधी दिल में उतर जतिन हैं और जुबान पर चढ़ जातीं हैं। इन ग़जलों का खास कहन है जो प्रभावी है।
भवेश जी को हार्दिक शुभकामनायें एवं बधाई                      
सईद अय्यूब ...आपके अ'शार और ग़ज़लों के बारे में क्या कहूँ सिवाय इसके कि वे इतनी दिलफ़रेब और ख़ूबसूरत हैं कि मुझपर अब यह लाज़िम है कि मैं एक दिन उन्हें चुराकर अपने नाम से शाया करवा लूँ। 😊😊 
मैं ख़ुशनसीब हूँ कि हमारे अहद में शायरी की बागडोर आप जैसे शायर के हाथों में है।

 मधु सक्सेना ...मैं ग़ज़ल के बारे में कुछ नहीं जानती ।आपकी ग़ज़लें पढ़ कर यूँ लगा मानो कोई अनजान अचानक आत्मीय बन कर मेरे साथ चल पड़ा ..
शब्दों और भावों का कारवां मेरे जेहन में बस गया  और मैं सोचती रही यूं भी लिखा जा सकता है ? कितने नज़दीक से जीवन को देखा होगा और उसे समझा होगा आपने, आज समझ आ रहा ।
आपके द्वारा आपकी रचनाएँ नष्ट करने वाली बात मुझे पता थी तब से ही सोचती थी अब कहन कितनी दृढ़ता आ गई होगी । बहुत दिनों से इच्छा थी आपको पढ़ने की अब रूबरू सुनना भी चाहती हूँ ।
18 जनवरी से 24तक भोपाल में हूँ ।आपका कोई कार्यक्रम हो तो बताइयेगा ।
आज आपकी ग़ज़लों में कबीर, खुसरो ग़ालिब आदि सभी आ गए हो मानो ।
एक एक शेर वज़नदार और दिलकश ।
सहज भाषा में इतना सुंदर लेखन आसान तो नहीं पर आपने मुमकिन कर दिखाया ।बहुत बधाई और शुभकामनाएं ।

आभार सुरेन ।
               

Tuesday, January 10, 2017

 
अँधेरा ,जिससे सब डरते है ,दूर भागते है ...दोड़ते है प्रकाश की ओर |यदि अंधकार रात बन कर  न आया  होता तो सूरज का अस्तित्व क्या होता ,सोचने वाली बात है | जब भी इंसान प्रकाश में चला अंधकार उसके साये के रूप में साथ चला |जब दीपक ने उजास किया ,अंधकार उसके तल में जा बैठा |खुशियों के उजास में भी कभी कभी उदासी का अँधेरा मन में आकर बैठ जाता है |किसी न किसी रूप में अंधकार हमारे आस -पास ही रहा |अंधकार को सबसे धिक्कार मिला ,प्रतिक बनाया उसे बुराई का |
क्या वाकई अँधेरा इतना बुरा  है, इसमें कोई गुण ही  नहीं है ,क्या इसे समाप्त करना ही एक मात्र  ध्येय  होना चाहिए .....
यही विचार लेकर साहित्य की बात समूह पर ,समुहधिकारी श्री ब्रज श्रीवास्तव जी ने कविता लिखने को प्रेरित किया |त्वरित लिखी गई कविताओं में कवियों ने अँधेरे को भिन्न-भिन्न  द्रष्टि देखा और काव्य संरचना की |
रचना प्रवेश पर प्रस्तुत है अँधेरे पर लिखी गई कविताएं ....

अँधेरे पर विशेष नोट समूह के सदस्य श्री ब्रजेश कानूनगो जी द्वारा 
अंधेरों के खिलाफ

आज अपनी बात विख्यात शायर जनाब राहत इंदौरी जी के एक शेर से कर  रहा हूँ।

जुगनुओं को साथ लेकर रात रोशन कीजिये
रास्ता सूरज का देखा तो सहर हो जायेगी।।

अन्धकार है तो कहीं न कहीं जरूर रात घिर आई होती है। अन्धेरा क्या सचमुच इतना बुरा है? उजाले क्या हमेशा अच्छे ही होते हैं।अँधेरे के भी कुछ उजले पक्ष होते हैं,तो उजाला भी कई अंधेरों को लेकर आता है।

अँधेरा,उजाला व्यक्ति सापेक्ष भी हो सकता है और समय सापेक्ष भी।तुम्हारा उजाला मेरा अँधेरा बन सकता है।उसका अंधेरा तुम्हारे लिये रौशनी लेकर आ सकता है।

कितने हैं जो दूसरों के अंधेरों में मोमबत्तियां लेकर पहुँचते है? ज्यादातर लोग किसी अन्य के इन्तजार में अपने उजालों की अय्याशी में मस्त रहते है।कोई सूरज निकलेगा और सुबह होगी तो उजियारा बिखरेगा।
अंधियारा मिटाना किसी और की जिम्मेदारी समझ हर कोई हाथ बांधे खड़ा रहता है।

राहत इंदौरी जी का शेर दिशा देता है।जुगनुओं को साथ लेकर अँधेरे की दीवार को भेदना चाहता है। इसमें सामूहिकता और कमजोर की एकजुटता की ताकत को रेखांकित किया गया है।

ये अँधेरा क्यों समाप्त करना चाहता है कवि? कहीं न कहीं इसके पीछे अँधेरे के खिलाफ प्रतिरोध की भावना समाहित है।प्रतिबद्धता और उसकी पक्षधरता के दर्शन का पता चलता है।

कवि के शब्द वे अश्म बन जाते हैं जो कविता में रगड़  से छोटी सी चिंगारी का सबब बनते हैं। समाज में उजाले के संचार का वातावरण निर्मित करते हैं।

आज 'अंधियारा' शीर्षक से यहां लिखी गईं कुछ कविताओं में थोड़ी सी ऐसी चमक दिखाई देती  है,लेकिन तिमिर की मजबूत दीवार भेदने के लिए ये कोशिशें नाकाफी ही है।
कुछ और गंभीर प्रयास अभी किये जाने शायद बाकी हैं।
इस टिप्पणी के उजाले में साथी अपनी कविताओं के अंधेरे तलाशने की कोशिश स्वयं करेंगें तो वह कवि को बेहतर बनाने का निश्चित ही एक सार्थक उपक्रम होगा।
जरूरी नहीं कि मैं सब कुछ ठीक ही कह रहा। अपने अंधेरों से खुद भी लड़ना होता है,मैं भी संघर्षरत ही हूँ।

शुभकामनाओं सहित।

ब्रजेश कानूनगो
=============================


समूह के सदस्य श्री सुरेन  सिंह  द्वारा  प्रस्तुत की गई दो कविताये कवि लीलाधर जगूड़ी  जी की 
*अँधेरा-उजाला-१*
➖➖➖➖➖➖ 

अँधेरे के भी किसी गुण की तारीफ़ क्यों न की जाए
उजाला होते ही, बिना नष्ट हुए भी
तत्काल अपने नष्ट होने से हिचकिचाता नहीं
और पक्का इतना कि उजाला बुझते ही, तुरंत जन्म ले लेता है

अँधेरे की प्रशंसा को ग़ाली मानते हैं लोग
ढेर सारा अँधेर और अँधेरा फैलाए हुए लोग
वे अँधेरी और हवाओं से जूझते हुए
अकेले जलते दिये की प्रशंसा करते हैं
जबकि अँधेरे का ईंधन भी तेल-बाती के साथ
चुप-चाप जलता रहता है

यह अँधेरे की सिफ़त है कि वह कभी ख़त्म नहीं होता
पर कभी भी उजाले का गला नहीं घोंटता
और अंत में अँधेरा ही मित्रवत् उसे
अपनी काली आभा के कफ़न से ढक देता है

*अँधेरा-उजाला-2*
➖➖➖➖➖➖ 

छोटे दीयों की तरह चाँद-तारों को निस्तेज करते हुए
सुनहरी हवा से उस काले कफ़न को उठा देता है सूर्य
अँधेरों की छायाएँ दिन भर के लिए जी उठती हैं

सब छायाएँ मिलकर फैला देती हैं
पहाड़ों और समुद्रों तक फैली एक विशाल रात

मेरी ही परछाई में दुबका हुआ है सृष्टि का सारा अँधेरा
अपनी अनुपस्थिति का नाम उजाला सुनने के लिए

न कोई कोशिश न कोई सफलता-असफलता
बस उजाले की कमी इतना बड़ा अँधेरा बना लेती है ख़ुद को।
        
       ➖➖ *लीलाधर जगूड़ी*


1.. अंधकार
अंधेरा नहीं रोशनी है
साफ झकास रोशनी
यह वह रोशनी है 
जिसमें आँखे भटकती नहीं है
यही वह रोशनी है जिसके.बिना
सूरज का कोई अस्तित्व.नहीं हो.सकता
यही वह रोशनी है जिसमें
जीवन आकार लेता है
यही है जिसमें 
हम सपने देखते हैं
सपनों के बिना जीवन की.कल्पना नहीं .....
आँखें अपनी.थकान इसी.रोशनी में
उतारती हैं
करती हैं तैयार
सूरज की तपिश.को.सहने के.लिये
अंधकार ठंडक है
रोशनी तपिश है
यह वह रोशनी है जिसके लिये
न सूरज की जरूरत है
न चाँद तारों.की
अंधकार निर्हेतुक रोशनी है...
इसे अपने होने में दीपक की भी
जरुरत नहीं..
यह स्वयंभू शाश्वत रोशनी है
इसे बंद आँखों से भी देख सकते हैं
यह संसार का हेतू है
जीवन का सृजन है.....
अंधकार..।

संजीव जैन 
=========================
2....
सर्बिया की तरह भावनाओं की तहों के तले
बहती थी मुझमें जुनून की खौलती नदी
जहाँ अब सूखा पड़ा है और अवसाद के
अम्ल से झुलसा गयी है मछलियाँ सारी जिजीविषा की..

आधी रात को सहमे बच्चे की तरह
नफरत की खरखराहट सुन
पलंग के नीचे घुटने मोड़े मेरे ख्वाब
अपने ख़्वाबों के ख्वाब में रोते रोते खो जाते है..

वो पारस सी छुअन जो मेरी ऊँगलियों में डूबी रहती थी
अब बेरुखी से ख़ुश्क  होकर चट्टानी कंकड़ के आकार में
अक्सर लहूलुहान कर देता है सैंकड़ों टुकड़ों में हर मुझे छूने वाले को..

मेरी खुशमिजाजी की चमक जो गारे में घुलकर
इमारत के कंगूरे से लोगों की आँखें चौंधिया रही थी

अनजाने अँधेरों के डर से 
सिमट गयी है फिर से औकात में अपनी.. 

वो नदी,वो ख्वाब,वो छुअन, वो खुशमिजाजी और वो अस्तित्व अपना
मैंने शायद खो दिया है खुद को भी तेरे साथ साथ..

-कोमल सोमरवाल
=======================================
3- Devilal Patidar Ji 
 हर एक अपने को रोशन दिमाग यहा  बताता हे
अंधकार फिर क्यो हर जगह नजर आता हे .

=============================================
4... मेरे अँधेरे 

तुम मेरे अंधरे देखना सीख लो मेरी सुबह
तुम्हारा उजाला और मेरा अँधेरा दोनो कायनात का हिस्सा हैं

मैं तुमको प्यार करूँगा तो दिन बन जायूँगा
मेरा अंधेरा कही दूर किसी गर्त में पड़ा होगा
तुम पूरी दुनिया को खुली आँखों से देखती हो
तुम जानती हो हर चीज की काली परछाई 
ओ मेरी प्यार
मुझसे क्यों कहती हो में अपना अंधियारा छोड़ कर आऊँ
कितना सुन्दर है ये अँधियारा जो तुम छुपाए हो 
रौशनी के स्कार्फ में काले बालों की तरह
तुम्हारे बालों के अंधियारे में ही रखता हूँ मैं तुम में सृजन के बीज
 
ओ मेरी सुबह तुमको प्यार करूँगा
अपने अंधियारों से बनाऊंगा सितारों से भरी विशाल रजाई तुमको सुला लूँगा और 
दिप दिपते तुम्हारे सोंदर्य को सहेज लूँगा 

ओ मेरी सुबह 
अब में तुममें जन्म लूँगा तुम मुझ में जन्म लोगी
आज में तुममें से गुजर रहा हूँ 
शाम् को तुम मुझ में से गुजर जाना|

रविन्द्र स्वप्निल 
=============================================


जिसकी तमाम उम्र अंधेरा निगल गया
उसकी चिता जली तो बहुत रोशनी हुई।
- महेश अनघ
=======================================

5....
इस अँधियारे में
डुबोकर कलम
कोई लिखता है 
सुबह 
सुबह
सुबह
तो कोई डुबोता है अपना ब्रश
और कैनवास पर 
उभर आता है
सूरज 
यह और बात 
कि थोड़ा सा अँधेरा
चिपका रहता है
उनकी उँगलियों से 
ताउम्र ... 
#मणि मोहन
==========================================

6...अनायास नहीं होता


अनायास नहीं होता कि 
टकराते हैं अश्म और   
ध्वस्त हो जाती है 
तिमिर की दीवार
 
खंडित हो जाती है 
जंगल की खामोशी 
रगड़ के मद्दिम स्वरों से

विचारों के बियाबान में
एक अकेला कवि 
जब सुनना चाहता है 
निविड अन्धकार में
रोशनी की कतरा आवाज   

चकमक 
बन जाते हैं अक्षर  
फूट पड़ती है चिंगारी   
कविता के भीतर से

अनायास 
नहीं जला करती
प्रतिरोध की मशालें.  

ब्रजेश कानूनगो जी 
===================================
7....
ओ! मन के चकमक पत्थर
क्यों पड़े हो अँधेरे कोने में
अपना ही मोल नहीं जानते

जागो! उठो!
पहचानो स्वयं को
तुम में है शक्ति
आग पैदा करने की,
तपन जाने की
तुम जगमगा सकते हो सारी दुनिया...

तब कहो तो ज़रा
क्या डरा सकता है तुम्हें
की अँधियारा...

अरे बात मानो..
ये अँधियारा खुद ही डरता है
तुम्हारे जाग जाने से...

तभी तो यह अँधियारा 
चाहता है तुम्हारा भूले रहना
तुम्हारा खोये रहना...

ओ! मन के चकमक पत्थर
जागो! जागो! जागो!

मंजूषा मन

========================================
8.. अंधियारा

पाटी और खड़िया से 
लिखना शुरू किया 
'अ' से अनार ,लिखे अक्षर
'अ 'से अपने पाये भी 
'अ 'से अंकुरण में देखा सृजन
और 
'अ 'से अन्धकार भी देखा  प्रतिदिन 
सूरज के ढल जाने पर 

सजग हुए दीपक 
सूरज के बन साथी 
चाँद तारे भी हुए शामिल
अक्षेम से बचाने सबको 

मन में जाने कब और कहाँ से 
जमा हो गए 
सबक,
बन अन्धकार के प्रहरी || 

प्रवेश सोनी 
=========================================
9... || अँधियारा ||

निरापद नहीं है
अपने होने में पूरा है
जैसे साँस में प्राण
और जीवन में एक ज़रूरी पड़ाव


आवाहन करता है सूरज का
और उसी की प्रतीक्षा में
डटा रहता है,अपना साम्राज्य फैलाये
तान देता है एक चादर नींद की
कि उसके साये में,दुबके रहते हैं
कितने ही ग़म,आँसू और निराशाएं
दिन की मथानी में बिलोया दुःख
छाछ बनके नीचे पड़ा हो जैसे
और उस पर तैरते हैं मक्खन से सपने

एक जैविक क्रिया है अँधियारा
कैसे पायेंगे हम इसके बिना
जीवन की खिचड़ी को स्वादिष्ट बनाने को जरूरी 
मक्खन का सत्व

आरती तिवारी
====================================
10... ।। होना था ।।

यहां वह कंधा होना था
जहां मेरा हाथ खाली
झूल गया है हवा में

कि जिस पर रखता सर
और आंखें बंद कर लेता
मुझे राहत चाहिए
ऐसी कि भूल जाऊं
लौटने के लिए मैं दूर जाऊं हर बार

मुझे आंखों से देखो पूरा
कि रह न जाऊं
मुझे ऐसे भूलो
कि मैं याद करता रहूं

मेरे लिए दरवाज़ा खोलो
मेरी दस्तक से पहले

मुझे पहचानो
कि शीशे में अभी मेरा चेहरा नहीं उभरा
कि मैं अभी
तुम्हारे सपनों के बाहर
टहलता हूं सड़क पर अकेला

यहां वह कंधा होना था
जहां अंधकार की पीठ पर मेरा हाथ
कांपता है बेपनाह !

कोई जन्म होगा कभी
मैं जब
तुमसे कहूंगा
तुम्हारे वृत्त में नाचूंगा
रहूंगा।

     - नवीन सागर

========================================
11...
 हर मौसम में 
साथ मेरे अंधेरा होता है 
औढ लेती हूं इसे 
कभी ज्जबातों की रजाई बनाकर 
सर्द मौसम में

उस वक्त......
रस ,गंध, स्पर्श के न होते हुए भी
एक ऐसी सच्चाई होती है 
जो सारे आवरण को हटा देती है

उस वक्त ….
मुझे सिर्फ और सिर्फ
अपनी कमियों के अंधियारे  ही नजर आते  है 
भीड़ से अलग ,खुद को पहचानती हूं इनमें 

उस वक्त 
इन्हें स्वीकार करने का साहस होता है 
जिंदगी की सच्ची इबारत लिखते हुये ,
अँधेरे में ,
खुद से मिलना सुहाता है ।

राखी तिवारी
========================================
12... || अँधियारा ||

अजीब दहशत सी है जब
अपने शहर के आने पर झाँकता हूँ बाहर ट्रेन से
वहाँ घुप्प अँधेरा है भय का उदगम है ये अँधकार न जाने क्या चीज़ किस चीज़ से टकरा जाए बुरी तरह यह वह अँधियारा है जिसे सूरज छोड़ गया अपने आने तक जो घर की छत से चिपका है नदी किनारे रेत के कणों के बीच में और गहरा गया है ये दुनिया के बनने के पहले दिन से है अस्तित्व में इसका होना देर तक, अखरता है हमें हम डरे हुए हैं दरअसल अपनी बनाई चीज़ के मौजूद न होने पर अँधियारा इसीलिए हुआ है भयानक आज क्योंकि हमने कल तक इसे अलग करके नहीं देखा रोशनी से.... *ब्रज श्रीवास्तव*
===============================
13... दीपशिखा 
लेकर नन्ही दीपशिखा 
मैं तम हरण चली थी,
आलोकित हो मन अंधियारा
मैं बाती बन जली थी। 

देकर दर्प का आत्मोतसरग,
मैं कणकण बिखर गई थी,
नीरवता को बना संगिनी,
आत्मवेदन से निखर गई थी।

दिव्य दरस के अभिसार संग
अनंत प्रेम मे लीन थी,
बन पाती मै जोगन तेरी 
बजी रागिनी बिन बीन थी। 

न जान सकी न पा  सकी
मैं चिर विरहन अधीर थी,
व्यर्थ रहा, मेरा विषपान
मै बिन बदरी की नीर थी। 

छूने चली नभ के तेज को
अंतर तक बावरी थी,
 बस जली अंत तक 
मैं राख ही राख धरी थी।. 

ई. अर्चना नायडू 😊
=====================================
14... अंधेरा
------
अंधेरा कभी भी
अपने अंधकार से
नष्ट नहीं करता
कुछ भी

बीजों का अंकुरण अंधेरे में होता है

अंधेरे में
एक बूंद चुपके से
पंखुड़ियों पर आ बैठती है
अंधेरा चांद तारों को अस्तित्व देता है दिन के उजाले में खो चुकी बहुत सी आवाजों का पता है अंधेरा अंधकार की भी अपनी नैतिकता होती है । ।। भावना सिन्हा ।।
===========================================
15...
 अंधेरा रोज होता है , 
सवेरा रोज होता है , 
अंधेरा डराया करता है , 
सबेरा उसे हराया करता है , 
अक्सर महसूस किया है मैंने , 
किंतु जबसे माँ , पिता को खोया है , 
अंधेरा खूब समझ पाया है , 
जीवन में सिर्फ अंधेरा ही नजर आया है ...

पीयूष तिवारी 
=========================================
16... दो किनारे....
दो किनारे थे हम,मैंइधर तुम उधर 
लहर आती रही,दिल मिलाती रही
छिपके"अँधियारा"नज़रें चुराता रहा
चाँदनी एक मधुर गीत गाती रही !

जो सुनाए मुझे,वे नवल छंद थे
जिनमें भँवरे छिपे वे कँवल बंद थे
फिर महक रातरानी लुटाती रही
कोई धुन दिल की धड़कन सुनाती रही !

मधुमयी रात में खुशबुओं के तले
कँपकँपाते अधर अब मिले,अब मिले
साँस की लय उमंगें बढ़ाती रही
गूँज शहनाइयों की लुभाती रही !!
              मीना शर्मा 
========================================
17...
रोशनी के साथ 
जन्मा था
एक टुकड़ा 
अँधेरे का !

उजाले का साया 
बन चलता
धीरे धीरे लील गया
उजाले को ही।

- अनिता मंडा 
==================================
18...
 ये नींद 
कभी चाँदनी
तो कभी
अँधेरी रात की ही है सौगात 
पर ....
सबको सुलानें वाली क्यों
जागी है रात ???

ज्योत्स्ना प्रदीप
================================
19... अंधियारा : 

ईश्वर के सिरहाने उजास रहता है
दिप्त वलय के रूप में ।
पा जाता है अक्षौणिक सेना 
गज,रथ ,अश्व सब ।
बस अकेले निहत्थे ईश्वर 
उजियार के विरुद्ध है 

वो प्रकाश का हिंसा प्रेम समझते है 
अंधियारा शांति का दूत है
उसके आते ही गांडीव तक कमान
ढीली कर देता है 
अश्व अस्तबल में लौट जाते है ।

कुरुक्षेत्र में प्रकाश की पहली किरण 
मौत के लाखो लिफाफे बाटती है। 
अंधियार के पास शुभकामना पत्र है 
जयद्रथ का दिया हुआ ।

अंधियार है तो
चांद है उसकी पूर्णिमा है
झिलमिल सितारो के आंगन तले
विश्राम की उत्कट इच्छा है ।

मानव सबसे सुन्दर व मौलिक रचना है 
इस रचना के सृजन हेतु
ईश्वर ने अंधकार को चुना 
प्रकाश में वह सिर्फ अनुवाद करता है ।

अखिलेश
=============================
20...
अँधेरे की खामोशी बीती रात
मेरे दिल से करती रही बातें
अंधेरा समृद्ध शाली हो गया
उजाले ने अपने पैर सुकोड़े
मैं उस अँधेरे में ही जीती रही
उजाले की कशिश बकरार रही
बहु मंजिला इमारतों के बीच
खामोशियों के बाजार में
लोगों को जानना मुश्किल था
मुस्कराहटों पर पाबन्दियाँ
गले लगा 
गुबार निकलना मुश्किल था
सो सलाखों के महल मैं
अँधेरे संग बातें करती रही

रेखा दुबे 
=================================



सभी कविताओ पर समूह की सह एडमिन सुश्री मधु सक्सेना का  समीक्षक प्रतिक्रियात्मक नोट 

 सबकी कविताओं पर क्या लिखू ।बड़ा कठिन काम सौंप दिया ब्रज जी ने ।फिर भी कोशिश करती हूँ ।
अँधेरे पर लिखना याने रौशनी के साथ होना ...
अँधेरा शाश्वत सत्य और रौशनी अल्प समय की ....
बहुत बढ़िया विषय दिया ....

बृजेश जी की कविता की शुरुआत आखिरी पंक्ति से शुरू होती है ...जब वो कहते है कि ' अनायास नही जला करती 
प्रतिशोध की मशालें ' 
इन पंक्तियों में दुःख ,त्रासदी और तिल तिल जलने की कहानी छुपी हुई है ।कविता ही है जो रौशनी को खोजती है और दिशा देती है ।अक्षर का प्रकाश ही 
चेतना को जागृत करता है ।
बहुत सुंदर बात और सुंदर तरीके से रखी बृजेश जी ने ।भाषा सहज है और  पाठक को अपने साथ ले चलती है ।
बधाई बृजेश जी ....

मञ्जूषा ने भी चकमक पत्थर की बात की ।अँधेरे के खिलाफ साथ देने वाला पहला हथियार है ये ।वीर रस की ये कविता ललकारती है पुकारती है और साहस जगाती है ।चट्टान पर मानों कोंपल उग आई हो ।अपने छोटे से वजूद को विशालता में परिवर्तित करने की शक्ति का आह्वान करती है । " ओ ! मन के चकमक पत्थर ..,जागो " कह कर मञ्जूषा आत्म बल की शक्ति को उजागर करती है ।
सहज भाषा इतनी की बच्चा भी समझ जाए ।कहीं कोई दुविधा नही, सीधी बात की मञ्जूषा ने ।
बधाई मञ्जूषा ..

प्रवेश की कविता पढ़ कर एक गजल की पंक्तियाँ याद आ गई ..'सुर्खरू होता है इंसान ठोकरे खाने के बाद , रंग लाती है हिना पत्थर पे पीस जाने के बाद '
संधर्ष ही इंसान को शक्ति देता है ।अन्याय ही विरोध का स्वर मुखर करता है ।
प्रवेश की आशावादी कविता उसकी मेहनत और लगन को दर्शा रही है ।आत्मा की आवाज़ होती है कविता और शब्द जिजीविषा । मन के उजाले को जो पायेगा उसका सारा अन्धकार मिट जाएगा ।
कविता की शुरुआत बहुत अच्छी है ।बचपन से शुरू होकर आज तक की बात करती है ।अन्धेरा होगा तभी तो रौशनी की चाह होगी ।जीवन का सन्देश करती बढ़िया कविता के लिए बधाई प्रवेश ।

आरती ने  अन्धकार  को जरूरी बताया ।
जीवन का फलसफा सुख और दुःख का मिश्रण है ..पूरक है अँधेरे उजाले की तरह ।जीवन को पूर्णतः स्वीकारोक्ति आरती को सहज बनाती है ।प्रतीक और विम्ब का प्रयोग बढ़िया किया ...अंतिम पंक्तियों में पूरी कविता का मन मुखरित होता है ।कविता की गम्भीरता प्रभावित करती है ।बधाई आरती ।


राखी की कविता अँधेरे की सार्थकता बयान करती है ।'खुद से मिलना सुहाता है ' कह कर खुद को उसी तरह स्वीकार करती हैं जैसी वो हैं ।खुद से प्यार और स्वीकारोक्ति जीवन जीने की कला है ।
छोटी सी कविता में बड़ी सी बात ।बधाई ।

ब्रज जी अपनी बात भय से शुरू करते है जो अन्धकार से उपजा है ।नदी आशा है पर किनारे की रेत निराशा है बस उसे पार करने की बात है ...नदी को पाने रेत को पार करना ही होगा ।
अंतिम पंक्तियों में मूल बात पर आते है ।अन्धेरा उजाले से अलग नही ..उसकी जरूरत है । अंधकार ही रौशनी देगा ।यानी अँधेरे के कारण ही रौशनी का निर्माण हुआ और हम रौशनी के बिना रहने की सोच भी नहीं पाते ।
बहुत बढ़िया ब्रज जी ।बधाई ।

सभी कविताओं में अँधेरे की सार्थकता की बात आई है किसी न किसी रूप में ।ये सत्य स्वीकाने का साहस है ।बधाई सभी को ।
आभार ब्रज जी ।
मैं आप सबकी कविताओँ की तह में जा पाई या नही या सही कह पाई या नही मैं नही जानती ।आप सब बताये मैं कितनी सफल हुई ।
धन्यवाद और आभार ब्रज जी ।



प्रयुक्त फ़ोटो ,सोजन्य से  श्री शरद कोकास 
========================================================












Saturday, December 17, 2016


डायरी अंग्रेजी भाषा से लिया गया शब्द है |प्राचीन भारत साहित्य में इसे लिखने की प्रथा दिखाई नहीं देती |हमारी सभ्यता में भी इसका कोई साक्ष्य नहीं है |क्योंकि गंगा-जमुना संस्कृति में इसका चलन नहीं था। और अगर किसी लेखक ने स्वयं के साथ-साथ तत्कालीन समाज पर कुछ लिखा भी है तो उसका रूप, स्वरूप व विधा भिन्न थी।
लेकिन आज डायरी लेखन को  भी एक साहित्यिक विधा के रूप में स्वीकार किया जा चूका है |
कहा जाता है कि जो बात किसी से भी नहीं कही जा सकती वो डायरी में लिखी जा सकती है। डायरी अंतरंग, विशिष्ट व भरोसे का मित्र है। यह अंतर्मन की अभिव्यक्ति है।स्वयं से साक्षात्कार है ,एक सच्चे मित्र की तरह है जो गलत काम करने पर आत्मग्लानिरूपी दण्डऔर अच्छा काम करने पर आत्मसम्मान रूपी पुरस्कार देती है |
डायरी लेखन का मूल स्वभाव गोपनीयता है  इसलिए इसमें मन की कोमल भावनाओं को उंडेला जा सकता है। अपनी बेबाक टिप्पणी, राय व विचार बेधड़क होकर लिखे जा सकते हैं। यह तभी तक सत्य व संभव है जब तक इसे बिना किसी उद्देश्य के लिखा जाए। प्रकाशित करने के लिए लिखे जाने पर इसकी सत्यता, मौलिकता व पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग सकता है। क्योंकि डायरी लेखक संभावित प्रतिक्रिया के डर से या किसी मोह में फंसकर उसमें आवश्यकतानुसार उलट-फेर जरूर करता है। बस यहीं से शुरू होती है मिलावट। दिल की जगह दिमाग का खेल प्रारंभ हो जाता है। 

ओम नागर ---------------------- जन्म: 20 नवम्बर, 1980, अन्ताना, तह. अटरु, जि. बाँरा (राज.) शिक्षा: एम. ए. (हिन्दी एवं राजस्थानी) पीएचडी, बी.जे.एम.सी. प्रकाशन: 1. ‘‘छियांपताई’’, 2. ‘‘प्रीत’’, 3. ‘‘जद बी मांडबा बैठूं छूँ कविता’’ (राजस्थानी काव्य संग्रह), 4. ‘‘देखना एक दिन’’ (हिन्दी कविता संग्रह) 5 . "विज्ञप्ति भर बारिश "(हिंदी कविता संग्रह ) 6."निब के चीरे से" ( कथेत्तर गद्य-डायरी) राजस्थानी अनुवाद - ‘‘जनता बावळी हो’गी’’ (रंगकर्मी व लेखक शिवराम के जननाटक), ‘‘कोई ऐक जीवतो छै’’ कवि श्री लीलाधर जगूड़ी के कविता संग्रह ‘‘अनुभव के आकाश में चांद’’ और ‘‘दो ओळ्यां बीचै’’ श्री राजेश जोशी के कविता संग्रह ‘‘दो पंक्तियों के बीच’’ साहित्य अकादमी द्वारा अनुवाद योजना के अन्तर्गत प्रकाशित। प्रकाशन व प्रसारण: देश की प्रमुख हिन्दी व राजस्थानी पत्र पत्रिकाओं में रचनाएॅ प्रकाशित। आकाशवाणी कोटा, जयपुर और जयपुर दूरदर्शन से समय-समय पर प्रसारण। रचना अनुदित: पंजाबी, गुजराती, नेपाली, संस्कृत और कोंकणी। वागर्थ, परिकथा, संवदिया के युवा कविता विशेषांक व राजस्थानी युवा कविता संग्रह ‘मंडाण’ में कविताओं का अनुवाद। संपादन: राजस्थानी-गंगा (हाड़ौती अंचल विशेषांक) पुरस्कार व सम्मान: 01 . कथेतर गद्य की पांडुलिपी "निब के चीरे से " के लिए भारतीय ज्ञानपीठ का नवलेखन पुरस्कार -2015 02 . केन्द्रीय साहित्य अकादमी नई दिल्ली द्वारा राजस्थानी कविता संग्रह ‘‘जद बी मांडबा बैठू छूँ कविता’’ पर ‘‘युवा पुरस्कार-2012’’ 03 . राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर द्वारा हिन्दी कविता संग्रह ‘देखना, एक दिन’ पर सुमनेश जोशी पुरस्कार, 2010-11 04 . राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर द्वारा शिवराम के जननाटक ‘‘जनता पागल हो गई है’’ के राजस्थानी अनुवाद ‘‘जनता बावळी होगी’’ पर ‘‘बावजी चतरसिंह’’ अनुवाद पुरस्कार- 2011-12 05 . प्रतिष्ठित साहित्य पत्रिका "पाखी " द्वारा "गांव में दंगा " कविता के लिए "शब्द साधक युवा सम्मान 06 . राजस्थान सरकार जिला प्रशासन बारां व कोटा, काव्य मधुबन, साहित्य परिषद, आर्यवर्त साहित्य समिति, शिक्षक रचनाकार मंच, धाकड़ समाज पंचायत सहित कई साहित्यिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा सम्मानित। सदस्य: राजस्थानी भाषा परामर्श मण्डल, केन्द्रीय साहित्य अकादमी, नई दिल्ली। संप्रति: लेखन एवं पत्रकारिता पता: 3-ए-26, महावीर नगर तृतीय, कोटा - 324005(राज.) मोबाइल-9460677638 -- ओम नागर मोबा: 09460677638 ई-मेल: omnagaretv@gmail.com

निब के चीरे से ...संग्रह जिसके लेखक ओम नागर और प्रकाशन भारतीय ज्ञानपीठ है ,जिसे ज्ञानपीठ से २०१५ का नवलेखन  पुरस्कार भी मिला है ..डायरी की शक्ल में आत्मकथ्य है |गद्य और पद्य का समुहचीत संग्रह ।
कड़ाके की ठण्ड में नव वर्ष के आगमन की ख़ुशी और हर्ष के बीच बरसती मावठ लेखक को शहर के अभिजात्य  उल्लास से निकाल कर ,गाँव  में खेतों की चिंता में डुबो देता है ।
जमीं से जुड़ा लेखक जिसकी कलम में खेतों और गावों की मिठ्ठी की  खुशबु महकती है ,वो उनके सुख दुख को अपने सिरहाने रख कर सोता और जागता है । इस संग्रह में  लेखक की कविताओं के साथ उन कवियों की कविताओं की पंक्तिया भी सुशोभित है ,जिनका कवित्व और व्यक्तित्व लेखक की प्रेरणा रही है ।
हाडौती की आँचलिक बोली में लेखक का अपने मित्रों ,परिचितों से संवाद करना अपनी माँ बोली के रस में डुबो देता है ।आज की पीढ़ी जिस भाषा के अमृत से अनभिज्ञ है ,उस अमृत का रसपान  कर पाठक  तृप्त सा होता है ।संग्रह में अधिकांश विवरण गांव की जीवनशैली का मिलता है जहाँ लेखक शहर में रहते हुए भी ,फिर फिर लौटता है ।प्रकृति के मौसमों  का चित्रण इस तरह से किया है कि प्रतिक बने शब्द  लेखन कौशल को सुगन्धित कर देते है ।"आकाश हँसता है बारिश की हँसी"  जिसके साथ संपूर्ण वातावरण मुस्करा उठता है ,हां कभी यह हँसी धरती पुत्र के लिए सहज सुलभ होकर जीवन दान दे देती है और कभी दुर्लभ होकर उसके प्राण भी हर लेती है ।कृषि जीवन पूर्णता वर्षा पर ही निर्भर है ।
"डरी हुई रात की हँसती हुई सुबह "  भय जो अफवाहों के पैर से चलकर एक मुहँ से सहस मुखं पर स्थापित हो जाता है ,इसी भय की कहानी लिखी लेखक ने ।आधुनिक युग में भी मृत्यु का भय  या अनहोनी घटित हो जाने का पूर्वानुमान देती अफवाएं क्या नही करवा लेती है इंसान से ।बड़ा रोचक लगा इसे पढ़ना ।
जुलेहा ,टर्की की मित्र  कला साहित्य प्रेमी .. एक समान रूचियां हमें कहाँ ज़े कहाँ ले जाती है और किस किस से जुड़ जाती है रिश्तों की डोरी ,जुलेहा  से मिलना और पुनः सारोला हॉउस में मिलना अच्छा लगा ।
विद्धार्थी जीवन में गुरूजनों का सम्मान और उनका स्मृति में बने रहना ,लेखक का आज की शिक्षा नीति और अपने काल के  शिक्षक और विद्धार्थी के रिश्तों  की तुलना पाठक को भी सोचने पर मजबूर करती है ।आज की शिक्षा   बच्चों को तकनीकी ज्ञान की अधिकता से मशीनी बना रही है ,नैतिक शिक्षा की अभिवृद्धि करने वाले किस्से सुनाने वाले अध्यापक अब कहाँ ।
संग्रह में डूब कर पाठक अपने उस जीवन की झलक पाता है जिसका जिक्र उसके सपनो में कही न कही तो अवश्य था ।
प्रवेश सोनी


रचना प्रक्रिया को किसी भी परिभाषा की परिधि में बाँध देना आसान नहीं होता |भीतर की कोई आग जिसे निरंतर जलते रहना है ,भीतर का कोई तरल जिसे इंसान की आँख की नमी बनाए रखनी है ,भीतर का कोई ठोस जिसे इस्पात होने तक तपते रहना है |यह कहना है  संग्रह के लेखक का |

लेखन का आगाज़  1 जनवरी २०१५ से किया 
जिसमे लेखक की आसपास की दुनिया के रंग बिखरे है |लेकिन इसमें कवि व्यष्टि से समष्टि की यात्रा करता दिखता है |उसमे संतोषी नगर चौराहे पर सैलून चलाने वाले कविमित्र मनोज मोरवाल और पान की दूकान वाले के फक्कड़पनकी चर्चा है तो तेजाजी गायन को रेखांकित करते हुए जीवन शैली में आये बदलाव भी उनकी सोच के विषय है ,वहीँ कवि ने इस बात को भी महीन उदासी के साथ रेखांकित किया है कि शहरो में नयी पीढ़ी का मायड भाषा से जुड़ाव कम होता जा रहा है 
यह डायरी कोटा शहर के अतरंग जीवन समाज का कोलाज है |जिसमे साधारण ,अतिसाधारण अपरिचित ,अल्पपरिचित लोगों की व्यथा पर रौशनी है लेखक की निगाह उधर अधिक गई है जहां शोषित ,प्रवंचित के जीवन में अँधेरा है |अंधेरेमे बारीक़ प्रकाश रेखा के उल्लास को भी उनकी नज़र अचूक ढंग से पकडती है 
यह डायरी अपने शहर और शहर के लोगों के कारण अपना मकाम बनाती है ,जिसमे अपने परिवार से अधिक  किसान ,मजदुर और साधारण जन की व्यथा अभिव्यक्त होती है |
                                                                       अतुल कनक 


कुछ पंक्तियाँ संग्रह की 

दुःख ही तो है जो स्रष्टि को अपूर्ण रखता है |

किसान की मौत अंतहीन बहस छोड़ जाती है |

मौसम में ठहराव की कमी खलती है ,और मन की भी |

किसी की खींची गई लकीर को मिटाने के कौतुक रचने की बजाय ,हमें उस लकीर के बगल में लम्बी लकीर खीचने की कोशिश करनी चाहिए |

गावं में भले ही सुख का परिचय कम होता हो लेकिन दुःख का प्रसार अधिक होता है |गाँव की यह सनातन संवेदनशीलता होती है |



ओम नागर की कुछ कवितायें

पिता की वर्णमाला
--- ---  ---------///--                           
पिता के लिए
काला अक्षर भैंस बराबर।
पिता नहीं गए कभी स्कूल
जो सीख पाते दुनिया की वर्णमाला
पिता ने कभी नहीं किया
काली स्लेट पर
जोड़-बाकी, गुणा-भाग
पिता आज भी नहीं उलझना चाहते
किसी भी गणितीय आंकड़े में।
किसी भी वर्णमाला का कोई अक्षर कभी
घर बैठे परेशान करने नहीं आया
पिता को।
पिता
बचपन से बोते आ रहे हैं
हल चलाते हुए
स्याह धरती की कोख में शब्द बीज
जीवन में कई बार देखी है पिता ने
खेत में उगती हुई पंक्तिबद्ध वर्णमाला।
पिता की बारखड़ी
आषाढ़ के आगमन से होती है शुरू
चैत्र के चुकतारे के बाद
चंद बोरियों या बंडे में भरी पड़ी रहती है
शेष बची हुई वर्णमाला
साल भर इसी वर्णमाला के शब्दबीज
भरते आ रहे है हमारा पेट।
पिता ने कभी नहीं बोई गणित
वरना हर साल यूं ही
आखा-तीज के आस-पास
साहूकार की बही पर अंगूठा चस्पा कर
अनमने से कभी घर नहीं लौटते पिता।
आज भी पिता के लिए
काला अक्षर भैंस बराबर ही है
मेरी सारी कविताओं के शब्दयुग्म
नहीं बांध सकतें पिता की सादगी।
पिता आज भी बो रहे है शब्दबीज
पिता आज भी काट रहे है वर्णमाला
बारखड़ी आज भी खड़ी है
हाथ बांधे
पिता के समक्ष।



भूख का अधिनियम: तीन कविताएं
 -------------------///------ --------                                  
                             (एक)                
शायद किसी भी भाषा के शब्द कोश में
अपनी पूरी भयावहता के साथ
मौजूद रहने वाला शब्द है भूख
जीवन में कई-कई बार
पूर्ण विराम की तलाश में
कौमाओं के अवरोध नही फलांग पाती भूख।
पूरे विस्मय के साथ
समय के कंठ में
अर्द्धचन्द्राकार झूलती रहती है
कभी न उतारे जा सकने वाले गहनों की तरह।
छोटी-बड़ी मात्राओं से उकताई
भूख की बारहखड़ी


हर पल गढ़ती है जीवन का व्याकरण।

आखिरी सांस तक फड़फड़ातें है
भूख के पंख
कठफोड़े की लहूलुहान सख्त चांेच
अनथक टीचती रहती है
समय का काठ।
भूख के पंजों में जकड़ी यह पृथ्वी
अपनी ही परिधि में
सरकती हुई 

लौट आती है आरंभ पर
जहां भूख की बदौलत
बह रही होती है
एक नदी।
(दो)

एक दिन
भूख के भूकंप से
थरथरा उठेंगी धरा
इस थरथराहट में
तुम्हारी कंपकंपाहट का
कितना योगदान
यह शायद तुम भी नहीं जानते
तनें के वजूद को कायम रखने के लिए
पत्त्तियों की मौजूदगी की
दरकार का रहस्य
जंगलों ने भरा है अग्नि का पेट।
भूख ने हमेशा से बनायें रखा
पेट और पीठ के दरमियां
एक फासला


पेट के लिए पीठ ने ढोया
दुनिया भर का बोझा
पेट की तलवार का हर वार सहा
पीठ की ढाल ने।

भूख के विलोम की तलाश में निकले लोग
आज तलक नही तलाश सकें
प्रर्याय के भंवर में डूबती रही
भूख का समाधान।
(तीन)
इन दिनों
जितनी लंबी फेहरिस्त है
भूख को
भूखों मारने वालों की
उससे कई गुना भूखे पेट
फुटपाथ पर बदल रहें होते है करवटें।
इसी दरमियां
भूख से बेकल एक कुतिया
निगल चुकी होती है अपनी ही संतानें
घीसू बेच चुका होता है कफन
काल कोठरी से निकल आती है बूढ़ी काकी
इरोम शर्मिला चानू पूरा कर चुकी होती है
भूख का एक दशक।
यहां हजारों लोग भूख काटकर
देह की ज्यामिति को साधने में जुटें रहते हैं अठोपहर
वहां लाखों लोग पेट काटकर
नीड़ों में सहमें चूजों के हलक में
डाल रहे होते है दाना।
एक दिन भूख का बवंडर उड़ा ले जायेगा अपने साथ
तुम्हारें चमचमातें नीड़
अट्टालिकाओं पर फड़फड़ाती झंडियाँ
हो जायेगी लीर-लीर
फिर भूख स्वयं गढ़ेगी अपना अधिनियम।



===============================================================
 

 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने