Wednesday, May 11, 2016


कहानी :---ठंडा गोष्त
लेखक :--- सआदत हसन मंटो 




आज ११ मई को प्रख्यात उर्दू के लेखक ,श्रेष्ठ कथाओं खोल दो ,काली  सलवार ,बू ,तोबा टेकसिंह आदि के रचियता के जन्म दिन पर उनकी एक प्रसिद्द कहानी "ठंडा गोष्ट " आपके लिए 




ईश्वरसिंह ज्यों ही होटल के कमरे में दांखिला हुआ, कुलवन्त कौर पलंग पर से उठी। अपनी तेज-तेज आँखों से उसकी तरफ घूरकर देखा और दरवाजे की चिटखनी बन्द कर दी। रात के बारह बज चुके थे। शहर का वातावरण एक अजीब रहस्यमयी खामोशी में गर्क था।
कुलवन्त कौर पलंग पर आलथी-पालथी मारकर बैठ गयी। ईशरसिंह, जो शायद अपने समस्यापूर्ण विचारों के उलझे हुए धागे खोल रहा था, हाथ में किरपान लेकर उस कोने में खड़ा था। कुछ क्षण इसी तरह खामोशी में बीत गये। कुलवन्त कौर को थोड़ी देर के बाद अपना आसन पसन्द न आया और दोनों टाँगें पलंग के नीचे लटकाकर उन्हें हिलाने लगी। ईशरसिंह फिर भी कुछ न बोला।
कुलवन्त कौर भरे-भरे हाथ-पैरों वाली औरत थी। चौड़े-चकले कूल्हे थुल-थुल करने वाले गोश्त से भरपूर। कुछ बहुत ही ज्यादा ऊपर को उठा हुआ सीना, तेज आँखें, ऊपरी होंठ पर सुरमई गुबार, ठोड़ी की बनावट से पता चलता था कि बड़े धड़ल्ले की औरत है।
ईशरसिंह सिर नीचा किये एक कोने में चुपचाप खड़ा था। सिर पर उसके कसकर बाँधी हुई पगड़ी ढीली हो रही थी। उसने हाथ में जो किरपान थामी हुई थी,उसमें थोड़ी-थोड़ी कम्पन थी, उसके आकार-प्रकार और डील-डौल से पता चलता था कि वह कुलवन्त कौर जैसी औरत के लिए सबसे उपयुक्त मर्द है।
कुछ क्षण जब इसी तरह खामोशी में बीत गये तो कुलवन्त कौर छलक पड़ी, लेकिन तेज-तेज आँखों को नचाकर वह सिर्फ इस कदर कह सकी—''ईशरसियाँ!''
ईशरसिंह ने गर्दन उठाकर कुलवन्त कौर की तरफ देखा, मगर उसकी निगाहों की गोलियों की ताब न लाकर मुँह दूसरी तरफ मोड लिया।
कुलवन्त कौर चिल्लायी—''ईशरसिंह!'' लेकिन फौरन ही आवांज भींच ली, पलंग पर से उठकर उसकी तरफ होती हुई बोली—''कहाँ गायब रहे तुम इतने दिन?''
ईशरसिंह ने खुश्क होठों पर जबान फेरी, ''मुझे मालूम नहीं।''
कुलवन्त कौर भन्ना गयी, ''यह भी कोई माइयावाँ जवाब है!''
ईशरसिंह ने किरपान एक तरफ फेंक दी और पलंग पर लेट गया। ऐसा मालूम होता था, वह कई दिनों का बीमार है। कुलवन्त कौर ने पलंग की तरफ देखा,जो अब ईशरसिंह से लबालब भरा था और उसके दिल में हमदर्दी की भावना पैदा हो गयी। चुनांचे उसके माथे पर हाथ रखकर उसने बड़े प्यार से पूछा—''जानी, क्या हुआ तुम्हें?''
ईशरसिंह छत की तरफ देख रहा था। उससे निगाहें हटाकर उसने कुलवन्त कौर ने परिचित चेहरे की टटोलना शुरू किया—''कुलवन्त।''
आवांज में दर्द था। कुलवन्त कौर सारी-की-सारी सिमटकर अपने ऊपरी होंठ में आ गयी, ''हाँ, जानी।'' कहकर वह उसको दाँतों से काटने लगी।
ईशरसिंह ने पगड़ी उतार दी। कुलवन्त कौर की तरफ सहारा लेनेवाली निगाहों से देखा। उसके गोश्त भरे कुल्हे पर जोर से थप्पा मारा और सिर को झटका देकर अपने-आपसे कहा, ''इस कुड़ी दा दिमांग ही खराब है।''
झटके देने से उसके केश खुल गये। कुलवन्त अँगुलियों से उनमें कंघी करने लगी। ऐसा करते हुए उसने बड़े प्यार से पूछा, ''ईशरसियाँ, कहाँ रहे तुम इतने दिन?''
''बुरे की मां के घर।'' ईशरसिंह ने कुलवन्त कौर को घूरकर देखा और फौरन दोनों हाथों से उसके उभरे हुए सीने को मसलने लगा—''कसम वाहे गुरु की, बड़ी जानदार औरत हो!''
कुलवन्त कौर ने एक अदा के साथ ईशरसिंह के हाथ एक तरफ झटक दिये और पूछा, ''तुम्हें मेरी कसम, बताओ कहाँ रहे?—शहर गये थे?''
ईशरसिंह ने एक ही लपेट में अपने बालों का जूड़ा बनाते हुए जवाब दिया, ''नहीं।''
कुलवन्त कौर चिढ़ गयी, ''नहीं, तुम जरूर शहर गये थे—और तुमने बहुत-सा रुपया लूटा है, जो मुझसे छुपा रहे हो।''
''वह अपने बाप का तुख्म न हो, जो तुमसे झूठ बोले।''
कुलवन्त कौर थोड़ी देर के लिए खामोश हो गयी, लेकिन फौरन ही भड़क उठी, ''लेकिन मेरी समझ में नहीं आता उस रात तुम्हें हुआ क्या?—अच्छे-भले मेरे साथ लेटे थे। मुझे तुमने वे तमाम गहने पहना रखे थे, जो तुम शहर से लूटकर लाए थे। मेरी पप्पियाँ ले रहे थे। पर जाने एकदम तुम्हें क्या हुआ, उठे और कपड़े पहनकर बाहर निकल गये।''
ईशरसिंह का रंग जर्द हो गया। कुलवन्त ने यह तबदीली देखते ही कहा, ''देखा, कैसे रंग पीला पड़ गया ईशरसियाँ, कसम वाहे गुरु की, जरूर कुछ दाल में काला है।''
''तेरी जान कसम, कुछ भी नहीं!''
ईशरसिंह की आवांज बेजान थी। कुलवन्ता कौर का शुबहा और ज्यादा मजबूत हो गया। ऊपरी होंठ भींचकर उसने एक-एक शब्द पर जोर देते हुए कहा, ''ईशरसियाँ, क्या बात है, तुम वह नहीं हो, जो आज से आठ रोज पहले थे।''
ईशरसिंह एकदम उठ बैठा, जैसे किसी ने उस पर हमला किया था। कुलवन्त कौर को अपने मजबूत बाजुओं में समेटकर उसने पूरी ताकत के साथ झ्रझोड़ना शुरू कर दिया, ''जानी, मैं वहीं हूं—घुट-घुट कर पा जफ्फियाँ, तेरी निकले हड्डाँ दी गर्मी।''
कुलवन्त कौर ने कोई बाधा न दी, लेकिन वह शिकायत करती रही, ''तुम्हें उस रात €या हो गया था?''
''बुरे की मां का वह हो गया था!''
''बताओगे नहीं?''
''कोई बात हो तो बताऊँ।''
''मुझे अपने हाथों से जलाओ, अगर झूठ बोलो।''
ईशरसिंह ने अपने बाजू उसकी गर्दन में डाल दिये और होंठ उसके होंठ पर गड़ा दिए। मूँछों के बाल कुलवन्त कौर के नथूनों में घुसे, तो उसे छींक आ गयी। ईशरसिंह ने अपनी सरदी उतार दी और कुलवन्त कौर को वासनामयी नंजरों से देखकर कहा, ''आओ जानी, एक बाजी ताश की हो जाए।''
कुलवन्त कौर के ऊपरी होंठ पर पसीने की नन्ही-नन्ही बूंदें फूट आयीं। एक अदा के साथ उसने अपनी आँखों की पुतलियाँ घुमायीं और कहा, ''चल, दफा हो।''
ईशरसिंह ने उसके भरे हुए कूल्हे पर जोर से चुटकी भरी। कुलवन्त कौर तड़पकर एक तरफ हट गयी, ''न कर ईशरसियाँ, मेरे दर्द होता है!''
ईशरसिंह ने आगे बढ़कर कुलवन्त कौर की ऊपरी होंठ अपने दाँतों तले दबा लिया और कचकचाने लगा। कुलवन्त कौर बिलकुल पिघल गयी। ईशरसिंह ने अपना कुर्ता उतारकर फेंक दिया और कहा, ''तो फिर हो जाए तुरप चाल।''
कुलवन्त कौर का ऊपरी होंठ कँपकँपाने लगा। ईशरसिंह ने दोनों हाथों से कुलवन्त कौर की कमींज का बेरा पकड़ा और जिस तरह बकरे की खाल उतारते हैं,उसी तरह उसको उतारकर एक तरफ रख दिया। फिर उसने घूरकर उसके नंगे बदन को देखा और जोर से उसके बाजू पर चुटकी भरते हुए कहा—''कुलवन्त,कसम वाहे गुरु की! बड़ी करारी औरत हो तुम।''
कुलवन्त कौर अपने बाजू पर उभरते हुए धŽबे को देखने लगी। ''बड़ा जालिम है तू ईशरसियाँ।''
ईशरसिंह अपनी घनी काली मूँछों में मुस्काया, ''होने दे आज जालिम।'' और यह कहकर उसने और जुल्म ढाने शुरू किये। कुलवन्त कौन का ऊपरी होंठ दाँतों तले किचकिचाया, कान की लवों को काटा, उभरे हुए सीने को भँभोडा, भरे हुए कूल्हों पर आवांज पैदा करने वाले चाँटे मारे, गालों के मुंह भर-भरकर बोसे लिये, चूस-चूसकर उसका सीना थूकों से लथेड़ दिया। कुलवन्त कौर तेंज आँच पर चढ़ी हुई हांड़ी की तरह उबलने लगी। लेकिन ईशरसिंह उन तमाम हीलों के बावजूद खुद में हरकत पैदा न कर सका। जितने गुर और जितने दाँव उसे याद थे, सबके-सब उसने पिट जाने वाले पहलवान की तरह इस्तेमाल कर दिये,परन्तु कोई कारगर न हुआ। कुलवन्त कौर के सारे बदन के तार तनकर खुद-ब-खुद बज रहे थे, गैरजरूरी छेड़-छाड़ से तंग आकर कहा, ''ईश्वरसियाँ, काफी फेंट चुका है, अब पत्ता फेंक !''
यह सुनते ही ईशरसिंह के हाथ से जैसे ताश की सारी गड्डी नीचे फिसल गयी। हाँफता हुआ वह कुलवन्त के पहलू में लेट गया और उसके माथे पर सर्द पसीने के लेप होने लगे।
कुलवन्त कौर ने उसे गरमाने की बहुत कोशिश की, मगर नाकाम रही। अब तक सब कुछ मुंह से कहे बगैर होता रहा था, लेकिन जब कुलवन्त कौर के क्रियापेक्षी अंगों को सख्त निराशा हुई तो वह झल्लाकर पलंग से उतर गयी। सामने खूँटी पर चादर पड़ी थी, उसे उतारकर उसने जल्दी-जल्दी ओढ़कर और नथुने फुलाकर बिफरे हुए लहजे में कहा, ''ईशरसियाँ, वह कौन हरामजादी है, जिसके पास तू इतने दिन रहकर आया है और जिसने तुझे निचोड़ डाला है?''
कुलवन्त कौर गुस्से से उबलने लगी, ''मैं पूछती हूं, कौन है वह चड्डो—है वह उल्फती, कौन है वह चोर-पत्ता?''
ईशरसिंह ने थके हुए लहजे में कहा, ''कोई भी नहीं कुलवन्त, कोई भी नहीं।''
कुलवन्त कौर ने अपने उभरे हुए कूल्हों पर हाथ रखकर एक दृढ़ता के साथ कहा—''ईशरसियाँ! मैं आज झूठ-सच जानकर रहूँगी—खा वाहे गुरु जी की कसम—इसकी तह में कोई औरत नहीं?''
ईशरसिंह ने कुछ कहना चाहा, मगर कुलवन्त कौर ने इसकी इजाजत न दी,
''कसम खाने से पहले सोच ले कि मैं भी सरदार निहालसिंह की बेटी हूं तक्का-बोटी कर दूँगी अगर तूने झूठ बोला—ले, अब खा वाहे गुरु जी की कसम—इसकी तह में कोई औरत नहीं?''
ईशरसिंह ने बड़े दु:ख के साथ हाँ में सिर हिलाया। कुलवन्त कौर बिलकुल दीवानी हो गयी। लपककर कोने में से किरपान उठायी। म्यान को केले के छिलके की तरह उतारकर एक तरफ फेंका और ईशरसिंह पर वार कर दिया।
आन-की-आन में लहू के फव्वारे छूट पड़े। कुलवन्त कौर को इससे भी तसल्ली न हुई तो उसने वहशी बिल्लियों की तरह ईशरसिंह के केश नोचने शुरू कर दिये। साथ-ही-साथ वह अपनी नामालूम सौत को मोटी-मोटी गालियाँ देती रही। ईशरसिंह ने थोड़ी देर बाद दुबली आवांज में विनती की, ''जाने दे अब कुलवन्त, जाने दे।''
आवांज में बला का दर्द था। कुलवन्त कौर पीछे हट गयी।
खून ईशरसिंह के गले में उड़-उड़ कर उसकी मूँछों पर गिर रहा था। उसने अपने काँपते होंठ खोले और कुलवन्त कौर की तरफ शुक्रियों और शिकायतों की मिली-जुली निगाहों से देखा।
''मेरी जान, तुमने बहुत जल्दी की—लेकिन जो हुआ, ठीक है।''
कुलवन्त कौर कीर् ईष्या फिर भड़की, ''मगर वह कौन है, तेरी मां?''
लहू ईशरसिंह की जबान तक पहुँच गया। जब उसने उसका स्वाद चखा तो उसके बदले में झुरझुरी-सी दौड़ गयी।
''और मैं...और मैं भेनी या छ: आदमियों को कत्ल कर चुका हूं—इसी किरपान से।''
कुलवन्त कौर के दिमाग में दूसरी औरत थी—''मैं पूछती हूं कौन है वह हरामजादी?''
ईशरसिंह की आँखें धुँधला रही थीं। एक हल्की-सी चमक उनमें पैदा हुई और उसने कुलवन्त कौर से कहा, ''गाली न दे उस भड़वी को।''
कुलवन्त कौर चिल्लायी, ''मैं पूछती हूं, वह कौन?''
ईशरसिंह के गले में आवांज रुँध गयी—''बताता हूं,'' कहकर उसने अपनी गर्दन पर हाथ फेरा और उस पर अपनी जीता-जीता खून देखकर मुस्कराया, ''इनसान माइयाँ भी एक अजीब चीज है।''
कुलवन्त कौर उसके जवाब का इन्तजार कर रही थी, ''ईशरसिंह, तू मतलब की बात कर।''
ईशरसिंह की मुस्कराहट उसकी लहू भरी मूँछों में और ज्यादा फैल गयी, ''मतलब ही की बात कर रहा हूं—गला चिरा हुआ है माइयाँ मेरा—अब धीरे-धीरे ही सारी बात बताऊँगा।''
और जब वह बताने लगा तो उसके माथे पर ठंडे पसीने के लेप होने लगे, ''कुलवन्त ! मेरी जान—मैं तुम्हें नहीं बता सकता, मेरे साथ क्या हुआ?—इनसान कुड़िया भी एक अजीब चीज है—शहर में लूट मची तो सबकी तरह मैंने भी इसमें हिस्सा लिया—गहने-पाते और रुपये-पैसे जो भी हाथ लगे, वे मैंने तुम्हें दे दिये—लेकिन एक बात तुम्हें न बतायी?''
ईशरसिंह ने घाव में दर्द महसूस किया और कराहने लगा। कुलवन्त कौन ने उसकी तरफ तवज्जह न दी और बड़ी बेरहमी से पूछा, ''कौन-सी बात?'' ईशरसिंह ने मूँछों पर जमे हुए जरिए उड़ाते हुए कहा, ''जिस मकान पर...मैंने धावा बोला था...उसमें सात...उसमें सात आदमी थे—छ: मैंने कत्ल कर दिये...इसी किरपान से, जिससे तूने मुझे...छोड़ इसे...सुन...एक लड़की थी, बहुत ही सुन्दर, उसको उठाकर मैं अपने साथ ले आया।''
कुलवन्त कौर खामोश सुनती रही। ईशरसिंह ने एक बार फिर फूँक मारकर मूँछों पर से लहू उड़ाया—कुलवन्ती जानी, मैं तुमसे क्या कहूँ, कितनी सुन्दर थी—मैं उसे भी मार डालता, पर मैंने कहा, ''नहीं ईशरसियाँ, कुलवन्त कौर ते हर रोज मजे लेता है, यह मेवा भी चखकर देख!''
कुलवन्त कौर ने सिर्फ इस कदर कहा, ''हूं।''
''और मैं उसे कन्धे पर डालकर चला दिया...रास्ते में...क़्या कह रहा था मैं...हाँ, रास्ते में...नहर की पटरी के पास, थूहड़ की झाड़ियों तले मैंने उसे लिटा दिया—पहले सोचा कि फेंटूँ, फिर खयाल आया कि नहीं...'' यह कहते-कहते ईशरसिंह की जबान सूख गयी।
कुलवन्त ने थूक निकलकर हलक तर किया और पूछा, ''फिर क्या हुआ?''
ईशरसिंह के हलक से मुश्किल से ये शब्द निकले, ''मैंने...मैंने पत्ता फेंका...लेकिन...लेकिन...।''
उसकी आवांज डूब गयी।
कुलवन्त कौर ने उसे झिंझोड़ा, ''फिर क्या हुआ?''
ईशरसिंह ने अपनी बन्द होती आँखें खोलीं और कुलवन्त कौर के जिस्म की तरफ देखा, जिसकी बोटी-बोटी थिरक रही थी—''वह...वह मरी हुई थी...लाश थी...बिलकुल ठंडा गोश्त...जानी, मुझे अपना हाथ दे...!''
कुलवन्त कौर ने अपना हाथ ईशरसिंह के हाथ पर रखा जो बर्फ से भी ज्यादा ठंडा था।

Thursday, May 5, 2016



आज वाटसअप  के "साहित्य की बात समूह"मुख्य एडमिन श्री ब्रज श्रीवास्तव  से , सुरेन्द्र रघुवंशी जी की कविताये ली  गई| जिनकी विशद चर्चा यहाँ प्रस्तुत है |









 पिरामिड में हम


पिरामिड के आधार पर हम हैं
अधिसंख्य कीड़े मकोड़ों की तरह लावारिश
रेंगते और टकराते हुए परस्पर अर्धमूर्छित से

दिशाहीन और कानों के कच्चे  सीधे- सच्चे
भूमि पुत्र हम धूल धूसरित अर्धनग्न तन
और महोदय आप हवा के पैरोकार हो
पिरामिड के शीर्ष पर गिने चुने
साफ़ सुथरे , उजले चिकने धुले पुछे

देश की बैंकों को लूटकर दिन दहाड़े
 नौं हज़ार करोड़ के डाके की रकम लेकर
हवाई जहाज में बैठकर भाग जाते हो विदेश
और हम घर और खेत की बिजली का बिल भी
न भर पायें तो जेल जाएँ अपराधी बनकर

हवा से तुम्हारा पुराना रिश्ता है
तुम आसमान में उड़ने वाले हवापुत्र हो
तुम सम्मानित और समरथ हो
दोषरहित तुम हम ही दोषी
जय हो जय हो जय हो

व्यवस्था के गठजोड़ से आनन्द विभोर हो
तुम मूतते हो पिरामिड के शीर्ष से
और खारेपन के उन छींटों को
ज़रूरी बताया जाता है हमारे उद्धार के लिए



                 बरगद आदमी

कहानी  बीजांकुरण से शुरू होती है
और इसे शुरूआत इसलिए कहेंगे
कि अपने अंकुरण के लिए बीज ने  वर्षों तक
तपती धूल में दबे रहकर भी
हारकर मरे बिना बरसात की प्रतीक्षा की है

फिर  संकल्प की धरती पर
बारिश को तो  होनी ही होती है देर सवेर
बीजांकुरण पौधे से मज़बूत पेड़ तक का
सफर  तय  करता है

आदमी बरगद है
जो दुनिया की धरती पर निरंतर फैलता है
समय के आकाश के नीचे
पल्लवित ,शाखाओं में विभक्त और विशाल

जर्जर होकर कहीं से ख़त्म होता है बरगद
पर ठीक उसी वक़्त होता है पुनर्जीवित भी
अपने तनों की लड़ियों को
पत्तियों के संसार से धरती की यात्रा कराता है
फिर समानांतर  कई तने विकसित करता है
यही स्वनिर्मित दुनियावी सहारे हैं
और अन्ततः यही हमें बचाते हैं

आदमी बरगद है
न रोपा जाता किसी बगीचे में
न सम्हाला जाता मालियों द्वारा
और न ही सुरक्षित रखने के लिए
किसी सुनियोजित  और चर्चित जल तंत्र  द्वारा
सींचा जाता उसे

पर वह स्थानांतरित होता है
एक तने से दूसरे तने में
एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में
और तना रूपांतरित होता है जड़ों में

यह ख़ुशी का चमकदार विषय है
कि आदमी बरगद है
बरगद है बिल्कुल आम और साधारण आदमी
इस हद तक बरगद
कि व्यवस्था की  तूफानों से
 गठबंधन कर चुकी षड्यंत्रकारी आँधी भी
उसको ध्वस्त नहीं कर सकती।


                 🅾 जब हिलते हैं पेड़


एक पैर पर खड़े होकर दिन- रात जागते हैं पेड़
वे रेंगते हैं धरती के भीतर अपनी जड़ों से
दौड़ते हैं बूँद-बूँद पानी  के पीछे
और ऊपर  आकाश से थमे रहने की अपील करते हैं

सोते नहीं हैं पेड़ कभी
कि हारे-थके पंक्षी लौट रहे हैं उड़ान से
जिनके लिए पेड़ों के पास मज़बूत कंधे हैं

पेड़ अनगिनित आँखों से देखते समय की क्रूरता
और धिक्कार में झरा देते हैं पीली पत्तियां

वे अपने फूल, फलों और छँव तक
सबको पहुंचने की आज़ादी देते हैं
और इसीलिए खड़े हैं खुले आसमान के नीचे

पतझड़ में खड़े रहते हैं दिगम्बर और  सूखे
पर समन्दर से पानी मांगने नहीं जाते
हाँ अपने स्वाभाविक हक़ के लिए
वे निसंकोच ललकारते हैं बादलों को

जब हिलती है धरती
तो सबसे पहले काँपकर आगाह कर देते हैं पेड़
और जब हिलते हुए झुकते हैं पेड़ एक कोंण से ज्यादा
तब आ जाता है भूकम्प
             

           

            🍀 शहर से बहिष्कृत


मेरा आगमन शहर की छाती पर
अतिक्रमण के पॉव थे
शहर की अनिच्छा जिसे असंगत बताती रही

काँच सी चिकनी सड़कें
मुझे इन्द्रपुरी की कथा की याद दिलाती थीं यहीं आकर सार्थक हो रहे थे
सफाई के विविध  नारे

मेरी मन की निर्मल झील को अनदेखा कर
फटी पुरानी कमीज़ को इंगित कर
लोग मुझे गन्दा कहे जा रहे थे

आँखों के द्रव्य को देखने वाली  दृष्टि
मर गई थी अल्पायु में ही
और लोग दृष्टि सम्पन्नता का पुरस्कार पा रहे थे

मैं शहर के स्वप्न लोक के
आकर्षक किस्से सुनकर
अपने खेत छोड़कर चला आया शहर मे
पर शहर खड़ा था तराजू लेकर
और मेरे पास कोई बजनी बाँट नहीं था

शहर मुझे धकिया रहा था
गरिया रहा था नाक भौहें सिकोड़कर
मैं भी शहर  से बाहर निकलने का रास्ता
तलाश रहा था  चौन्धयायी आँखों से
पर वह मुझे मिल नहीं पा रहा था|
               


🔴 तुमसे मिलते हुए


तुम्हें देखकर लगता है
कि दुनिया की चमक अभी कम नहीं हुई है
घिसे नहीँ हैं अभी भी विश्वास के सभी वर्तन
कि ख़ुशी होती है पर्वतों से भी ऊँची

हर बार तुम्हारी आँखों में उगते दिखाई देते हैं
उम्मीदों के अनन्त सूरज
जिनके साथ विचारों के सिन्दूरी आसमान में
तुम्हारी मुस्कुराहट का विस्तार है

तुम्हारे आगमन की खबर
खुशियों की नदी में बदल जाती है
तुमसे मिलना किसी साम्राज्य को प्राप्त कर लेना है

तुम्हारे मुलायम सुन्दर हाथों के स्पर्श से
हजारों अश्व शक्ति की ऊर्जा का संचार होता है
आभाव के गड्ढों को कौन देखता है
प्रेम में दौड़ते हुए लक्ष्य विहीन

विभाजन की दीवारों को ढहाते हुए
तुम गाती हो समता और सरसता के गीत
इस कोलाहल भरे विरुद्ध समय में
कानों को जिनकी सबसे ज्यादा ज़रूरत है
                     - सुरेन्द्र रघुवंशी



***********************************

प्रतिक्रियाये ::

[09:10, 5/5/2016] Aanand Krishn Ji: सुरेन्द्र जी की कविताएँ समय के साथ संवाद करती मुखर कवितायेँ हैं । पहली कविता पिरामिड में हम समकालीन घटनाओं के माध्यम से सर्वहारा की सर्वकालिक स्थितियों का ईमानदारी से चित्रण करती है । इस तरह यह कविता अपने समय का इतिहास भी है । 

दूसरी कविता "बरगद आदमी" चमत्कारी कविता है । ये कविता, कविता की अनंत संभावनाओं का क्षितिज खोलती है । आशा और अस्तित्व को नया बिम्ब देने में कवि सफल रहे हैं, "यह ख़ुशी का समझदार विषय है ।"

तीसरी कविता "जब हिलते हैं पेड़" पेड़ों के लिए एक जीवंत मन का अभिनन्दन पत्र है । ये कविता तो पाठ्यक्रम में होना चाहिए ।
[09:10, 5/5/2016] Aanand Krishn Ji: चौथी कविता एक धोखा खाये हुए सरल आदमी की पीड़ा है । इसे पढ़ते हुए एक शेर याद आया :

अब मैं राशन की दूकानों में नज़र आता हूँ ।
अपने खेतों से बिछड़ने की सज़ा पाता हूँ । 

पांचवीं कविता "तुमसे मिलते हुए" एक बेहतरीन प्रेम कविता है जिसमें नए प्रतीकों और रूपकों का सफलता पूर्वक प्रयोग हुआ है । बार बार पढ़ने योग्य कविता । 

सुरेन्द्र जी को बधाई । एडमिन जी के प्रति आभार ।



शरद कोकास
सुप्रभात मित्रों , आज कार्ल मार्क्स की जन्मजयन्ती पर आप सबको क्रन्तिकारी सलाम . संजीव ने बहुत अच्छे उद्धरणों से आज के दिन की शुरुआत की और रवीन्द्र ने बात आगे बढ़ाई , जैसा कि एडमिन महोदय ने कहा है हम इन पर रविवार को चर्चा करेंगे . आज साप्ताहिकी के अंतर्गत कॉमरेड सुरेन्द्र रघुवंशी की कविताओं पर बात की जाए . 

सुरेन्द्र की कविताओं में मनुष्य की चिंता के साथ परिवर्तन की चाह उभरकर आती है ,कला पक्ष गौण होने के बावजूद इनमे विचार अपनी पूरी ताकत के साथ आते हैं . बरगद का बिम्ब जिसे वर्ग विभाजन के अंतर्गत अब तक समर्थ और समृद्ध के सन्दर्भ में इस्तेमाल किया जाता था वे आम आदमी के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं . इस बात में विरोधाभास हो सकते हैं लेकिन बिम्बों को नए अर्थों में प्रस्तुत करना भी एक काव्यकला है . 
जब हिलते हैं पेड़ में उन्होंने पेड़ों को सजीव की तरह ही देखा है और इनमे भी नए बिम्ब इस्तेमाल करते है . गति सजीव का लक्षण है लेकिन दर्शन में इसे सजीव और निर्जीव की तरह समाज के सन्दर्भ में भी  परिभाषित किया गया है. कविता की अंतिम पंक्तियों में फिर विरोधाभास है .



[17:32, 5/5/2016] Saksena Madhu: पिरामिड में हम ..... कुछ दिन पहले हुई एक घटना को लेकर उसके मूल में पहुंच कर सियासी वरदहस्त पाये लोगों की खुल कर बात करती है ये कविता ....यही इसकी खासियत है ।अपने पुरे तल्खी पन  के साथ उन पर थप्पड़ मारती है जो इसमें शामिल हैं ..
. बरगद ... साधारण और आम आदमी की शक्ति का बयान करती है .बरगद और आम आदमी की तुलना बहुत बढ़िया तरीके से की ।
जब हिलते हैं  पेड़ .... पेड़ कवि का महत्वपूर्ण विषय है ..कई कविताएँ है उनकी ..प्रकृति प्रेम स्पष्ट है और उनके किसान परिवार का होने का सबूत भी ।हर कविता में वे उपमा उपमान और उपमेय के आधार पर आम आदमी की आवाज़ बन कर उभरते है ।
शहर से बहिष्कृत ..गांव से शहर की और पलायन और फिर पछतावा ... पर फिर भी जारी है पलायन ।वहां के आकर्षण से कोई बरी नहीं ।एक किसान की व्यथा ।
तुमसे मिलते हुए .... ऊपर की कठोर कविताओं के विपरीत प्रेम कविता  .. असल में तीखी कविताओं के मूल में भी प्रेम ही होता है और उसकी ऊर्जा भी ।
 सुरेन्द्र की कविताएँ विशवास और साहस से अपनी बात कहती है ।समग्र का विकास और गलत को गलत कहने के साहस के साथ मज़बूती से विरोध को स्वर देती है  । बधाई सुरेन्द्र ।
आभार एडमिन जी ।

[18:41, 5/5/2016] Chandrashekhar Ji: सुरेन्द्र जी की कविताओं में एक एक्टिविस्ट का  चिंतन स्पष्ट रूप से नज़र आता है। जब हिलते हैं पेड़ कमाल की कविता है।पिरामिड में खारे छींटे बहुत कड़वा सच है।सुरेन्द्र भाई को बहुत बधाई।

[18:58, 5/5/2016] +91 94240 74638: टुकडों में पढ़ पायी आज की कविताएँ ।पर अब बार बार पढ़ने को जी चाह रहा है । पहली कविता तो हाल ही में लिखी लगती है ,आज मार्क्स के जन्मदिन पर और सामयिक लगती है। दूसरी कविता आशावादी कविता है जो विश्वास को और मजबूत करती है , पेड़ पर लिखी कविता में बड़े ही खूबसूरत बिम्ब हैं साथ ही तंज भी ,अगली कविता आबदाना ढूंढते हर आम आदमी का सच है अंतिम कविता बहुत अच्छी है जो प्रेम की ताकत और उसकी महक को बखूबी पेश करती है।इस कविता को सहेज कर रखूंगी । वाह

[19:11, 5/5/2016] Archana Naidu: हर कविता अपना आसमान खुद ही बना लेता है,  सुरेश जी की रचनाओं ने   पेड़, पिरामिड, आदमी, तुमसे मिलते हुए,  जैसे आलंबनो  से  कविताओं की  आत्मा को रचा है,  सार्थक  प्रयास हेतु साधुवाद 😊

[20:31, 5/5/2016] +91 97820 45060: सुरेन्द्र जी की कवितायेँ एक आग्रह है बदलाव का ,वो ललकार भी बन जाती हैपेड़ के हिलने मात्र से । चेताती है की जब  तक पेड़ है धरा भी स्थिर है , प्रकृति के प्रेम को दर्शाती खूबसूरत कवितायेँ ।
शहर में बहिष्कृत है आज  धरती पुत्र क्या कुसूर उसका ,यही न की उसने अपने खेत  बिसराये और शहरी शिकंजे में फस गया ।बहुत ही मार्मिक विवेचन है इस कविता में गाँव और शहर की व्यवस्था का ।
बरगद है आदमी ,गहरे अर्थ है इसमें ,कविता वह लेजाती है जहाँ जाकर आदमी  अपने  यथार्थ से परिचय पाता है ,अद्भुद बिम्ब है इस कविता में ।
तुमसे मिलते हुए ,..कवि अपने प्रेमिल मन  के भावों को इस तरह की सरसता देता है की लगता ही नही की यही कवि पिरामिड जेसी कविता लिखकर आहत है ।
कवि का मन भावों का समन्दर होता है ,कब कोनसी लहर आकर उसे तट पर पछिट देती है की लो यह भाव साथ बहा लाइ अपने गहरे तल से  ,अब लिखों इस पर अपनी कविता ।
हमारे आज के कवि महोदय ऐसे ही सागर को समेटे रहते है अपने मन में ।और ऊपर से सहज,सरल व्यक्तित्व की आभा लिए हुए ।
शुभकामनाएं सुरेन्द्र जी 
🙏🌷
[20:41, 5/5/2016] Premchand Gandhi: सुरेन्द्र जी की प्रतिबद्धता जगज़ाहिर है और वह इन कविताओं में पूरी तरह से मुखरित हो रही है। बधाई।

[20:46, 5/5/2016] +91 97085 19884: आम आदमी , प्रकृति ,  प्रेम जैसे विषयों पर लिखी कविताएँ सामयिक  होने के साथ  इस निराश समय में आशावादी  कविता हैं।  सभी कविताएंड अपने आप मे  व्यापक अर्थ लिए है।  ऊर्जा और उम्मीद से लबरेज कविताओं के लिए सुरेन्द्र जी को बधाई  ।
साकीबा का आभार ।

[21:02, 5/5/2016] Suren: सुरेन्द्र जी की कवितायेँ  आग्रह की कवितायेँ है । इन कविताओं में कवि की जन पक्षधरता का आग्रह स्पष्ट है । कविताओ में एक विचारधारा विशेष का  वर्चस्व बढ़ चढ़ कर बोलता है ।  इस वैचारिक आग्रह के लिए कवि काव्य की तरलता और लोच को तिलांजलि देने के लिए भी तत्परता से प्रस्तुत रहता प्रतीत रहता है और सपाट बयानी से स्वयम को बवह नहीं पाता और ऐसा कोई प्रयास करने को भी उद्धत  होता प्रतीत नहीं होता ।   ....एक दो बात और , बरगद कविता में जब आदमी बरगद है तो वह अन्य बरगदो को अंततः कैसे बचाते है ,स्पष्ट नहीं हुआ । पेड़ कविता का अंतिम पैरा , क्या बाकि कविता के मोटिव से रेसेम्बलेंस करता है ? ये स्पष्ट नहीं हो पा रहा  । ओवरऑल अच्छी है कविताये  । बधाई सुरेन्द्र जी ,शुक्रिया ब्रज सर

[21:05, 5/5/2016] Suren: *प्रतीत होता है  । #स्वयं को बचा नहीं



 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने