Thursday, October 13, 2016


इतिहास की कोख से साहित्य में कभी कभी ऐसा लिखा जाता है जिसे पढ़ते हुए रूह भी कांप उठती है । यह लेखन की वीभत्सता नहीं है ,कुछ ऐसे सच  गुजरे है इतिहास की राहो से जिन्होने  इंसानी क्रूरता का चरम दर्ज किया ।  कई सवाल छोड़े है जिनके उत्तर आज भी अपना युद्ध लड़ रहे है । 
क्या कोई धर्म मानवता की हत्या करके अपना अस्तित्व कायम रखता  है.... ? नहीं ,यह सिर्फ उन्माद होता है जिसे धर्म के आवरण में लपेट कर रखा जाता है । मानवता की चीत्कार सुनता है कवी ह्रदय ,और अपनी संवेदनाओ की स्याही कलम में उड़ेल कर लिखता है उस क्रूरता भरे उन्माद को | 

शरद कोकास ने अपनी तीन कविताओ में ऐसा ही सच लिखा है । जिसे  वात्सअप के समूह विश्व मैत्री मंच पर प्रस्तुत किया है सुश्री मधु सक्सेना ने ।  इस समूह की एडमिन है सुश्री संतोष श्रीवास्ताव् जिन्होंने इसी विषय पर अपनी एक कहानी लिखी है "अंकुश की बेटियाँ "

======================================================

परिचय 
📕📕📕

❇ शरद कोकास का परिचय ❇

                                                                      
🛂वैज्ञानिक दृष्टिकोण और इतिहास बोध पर लिखी चर्चित लम्बी कविता पुरातत्ववेत्ता के लिए प्रसिद्ध कवि शरद कोकास का जन्म बैतूल मध्यप्रदेश में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भंडारा महाराष्ट्र में हुई और क्षेत्रीय शिक्षा महाविद्यालय भोपाल से स्नातक तथा विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से प्राचीन भारतीय इतिहास संस्कृति एवं पुरातत्व में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की । 

📙लम्बी कविता पुस्तिका “ पुरातत्ववेत्ता “ का प्रकाशन प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका पहल  द्वारा, 2005 में किया गया, इससे पूर्व उनका कविता संग्रह गुनगुनी धूप में बैठकर 1994 में प्रकाशित हुआ तथा हमसे तो बेहतर हैं रंग  2014 में  दखल प्रकाशन दिल्ली से प्रकाशित हुआ 


📕 सभी महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में कविता,कहानी ,समीक्षा और कालम के प्रकाशन के अतिरिक्त नवसाक्षरों हेतु तीन कहानी पुस्तिकायें ,चिठ्ठियों की एक किताब कोकास परिवार की चिठ्ठियाँ भी उनकी प्रकाशित है ।                         





कौसर बानो का अजन्मा बेटा – एक

पृथ्वी पर मनुष्य के जन्म लेने की घटना 
इतनी साधारण है अपनी परम्परा में 
कि संवेदना में कहीं कोई हस्तक्षेप नहीं करती 

इसके निहितार्थ में है इसकी असामान्यता 
जो ठीक उस तरह शुरू हुई
जैसे कि एक जीवन के अस्तित्व में आने की शुरुआत होती है 

अपनी देह के पूर्ण होने के शिल्प में 
जीवन के लिये आवश्यक जीवद्रव्य लिए 
बस कुछ ही दिनों बाद बाहर आना था उसे 
अपनी माँ कौसर बानो की देह से 
और सृष्टि की इस परम्परा में 
अपनी भूमिका का निर्वाह करना था  
छोटे - छोटे ऊनी मोज़ों व दस्तानों के साथ
बुना जा रहा था उसका भविष्य 
पकते हुए गुड़ में सोंठ के लड्डुओं के स्वप्न तैर रहे थे

गर्भवती कौसर बानो की तरह 
इठलाती हुई चल रही थी बसंती हवा 
उसमें घुसपैठ करने की कोशिश में थीं कुछ अफवाहें 
भौतिक रूप से जिन अफवाहों में
कुछ जली हुई लाशों की गन्ध थी 
रेल के थमते  हुए पहियों से
एक चीख निकलकर आसमान तक पहुंची थी 
जिसमें दब कर रह गए थे पीर-पैगम्बरों के सन्देश 
और सृष्टि के कल्याण के लिए रचे गये मंत्र 

विवेकशून्य भीड़ के मंच पर मंचित 
नृशंसता के प्रदर्शन से बेख़बर कौसर बानो
इमली की खटाई चखते हुए 
गर्भ में करवट लेते बेटे से 
एक तरफा बातें करने में मशग़ूल थी 
पृथ्वी पर चल रही इस हलचल से अधिक 
उसे परवाह थी 
अपने जिस्म पर उग आई इस पृथ्वी की 
वहीं बृह्मांड में कीड़े-मकोड़ों की तरह रेंगने वाले जीव 
इस पृथ्वी को कई हिस्सों में बाँट देने के लिये बेताब थे

मातृत्व की गरिमा और 
मानवता के इतिहास की अवमानना करते हुए 
उन्माद की एक लहर उठी 
दया , रहम , भीख जैसे शब्दों की धज्जियाँ उड़ाते हुए
हवा में एक तलवार लहराई 
और क्रूरता का यह अध्याय लिख दिया गया 
अगले ही क्षण लपटों के हवाले था 
पृथ्वी , जल ,तेज , वायु और आकाश में लिथड़ा
आदम और हव्वा के जिगर का वह टुकड़ा 

यह हमारी नियति है कि 
कल्पना से परे ऐसे दृश्यों को देखने के लिए 
हम जीवित हैं इस संसार में 
कौसर बानो के उस बेटे की नियति यही थी 
कि यह सब देखने के लिए
उसने इस संसार में जन्म नहीं लिया ।

                     




कौसर बानो का अजन्मा बेटा – दो

कौसर बानो का अजन्मा बेटा 
हमारा ही कोई रिश्तेदार था दूर का 
वह भी उसी माँ का बेटा था 
जिसकी आदिमाता 
हज़ारों साल पहले 
आफ्रिका के जंगलों से आई थी 
उसके भीतर भी था 
वही माइटोकोंड्रिया जीन 
जो उस आदिमाता से होते हुए
उसकी माँ कौसर बानो तक पहुंचा था 

आदिमानव से आधुनिक कहलाने की यात्रा में  
बेटियों  की भ्रूण हत्या पर गर्व करने वाली  
मनुष्य प्रजाति के लिये यह बात 
भले ही गले से न उतरे 
भले ही वह इसे जायज़ सिद्ध करने के लिए 
बदला , अपमान , प्रतिक्रिया जैसे शब्द चुन ले 
कौसर बानो के अजन्मे बच्चे की हत्या के लिए 
उसे क्षमा नहीं किया जा सकता 

अपना अपराध बोध कम करने के लिये 
कहा जा सकता है कि अच्छा हुआ
जो उसने पाप के बोझ से दबी
इस धरा पर जन्म नहीं लिया 
वरन वह क्या देखता 
चिता की तरह राख हो चुकी बस्तियाँ 
जले हुए बाज़ारों 
टूटे हुए मन्दिरों- मस्जिदों ,विहारों और मज़ारों के सिवा 

अपनी आँख खुलते ही उसे दिखाई देते 
कीचड़ से अटे घरों के खंडहर
जिनमें पानी भरकर करंट प्रवाहित किया गया था 
ढूँढा गया था एक नायाब तरीका 
इंसान की नस्ल खत्म करने का 

वह किस चाची या मौसी की गोद में खेलता 
खोल दिए गए थे जिनके जिस्म 
सीपियों की मानिन्द 
और स्त्रीत्व का मोती लूटकर 
जिन्हें चकनाचूर कर दिया गया था 

शायद ही नसीब होता उसे
अपने बदनसीब चाचा का कंधा
जिसकी नज़रों के सामने 
उसकी बारह साल की बच्ची की योनि में 
सरिया घुसेड़ दिया गया 

बस बहुत हो चुका कहकर 
कान बन्द कर लेने वाले सज्जनों 
कविता में वीभत्स रस या अश्लीलता पर 
नाक-भौं सिकोड़ने वाले रसिक जनों 
इस आख्यान को पूर्वाग्रह से ग्रस्त न समझें 
सिर्फ एक बार कौसर बानो की जगह 
अपनी बहन या बेटी को रखें और महसूस करें 
अतिशयोक्तियों से भरी हुई नहीं है   
कौसर बानो के अजन्मे बेटे की दास्तान 

यह कदापि सम्भव नहीं है फिर भी 
क्रिया और प्रतिक्रिया की इस दुनिया से दूर 
फिर कहीं जन्म लेने की कोशिश में होगा 
वह अजन्मा देवशिशु 
देवकी की सातवीं बेटी की तरह 
कंस के हाथों से निकल कर 
आकाश में अट्टहास कर रहा होगा 
या जन्म मरण के तथाकथित बन्धन से मुक्त होकर 
देख रहा होगा अपनी उन बहनों को 
जो अभी भी टूटे घर के किसी कोने में 
डर से छुपी बैठी होंगी 
अपनी गीली शलवारों में 
पेशाब के ढेर के बीच 

अभी भी बिखरे होंगे जूते -चप्पल गलियों में 
पिघली हुई दूध की बोतलें और खिलौने 
जली हुई साइकिलें और औज़ार 
खंडहर के ढेर पर खड़े अभी हँस रहे होंगे 
हिटलर के मानस  पुत्र

वहीं कहीं अभी समय कसमसा रहा होगा 
एक दु:स्वप्न से जागने की तैयारी में 


धर्म की परिभाषा को 
विकृत करने वाली इस सदी में 
समय सबक ले रहा होगा मनुष्यों से 
अभी फिर कहीं किसी कौसरबानो के गर्भ में 
पल रहा होगा कोई अभिमन्यु 
अन्याय को इतिहास में दर्ज करने की अपेक्षा में 
इस दुष्चक्रव्यूह को 
अंतिम बार ध्वस्त करने की प्रतिज्ञा करता हुआ ।






बुरे वक़्त में जन्मी बेटियाँ


बेटियाँ जो कभी जन्मीं ही नहीं
वे मृत्यु के दुख से मुक्त रहीं 
जन्म लिया जिन्होंने इस नश्वर संसार में 
उन्हें गुजरना पड़ा इस मरणांतक प्रक्रिया से 

अस्तित्व में आने से लेकर 
अस्तित्वहीन हो जाने की इस लघु अवधि में 
एक पूरी सदी उनकी देह से गुज़र गई 
किसी को पता ही नहीं चला और वे  
दाखिल हो गईं समय के इस अमूर्त चित्र में

शायद ही आ पातीं वे कभी समकालीन कविता में 
यदि उनके जिस्म से एक एक कपड़ा नोचकर 
जलते टायरों की माला उन्हें न पहनाई गई होती 

शायद ही वे आ पाती कभी राष्ट्रीय समाचारों में 
अगर उनकी मृत देहों से स्तन अलग करने और 
उन पर जुगुप्सा भरा वीर्यपात करने की 
बदतमीज़ियाँ नहीं की जातीं 
अफसोस कि उनमें  
भारतीय सैनिकों की लाशों के साथ 
बदसलूकी पर आक्रोश जताने वाले लोग भी थे 

पुरुषों के पजामे उतरवाकर धर्म जानने 
और उनकी ज़िन्दगी का फैसला करने का तरीका 
वे पीछे छोड़ चुके थे 
इस नरसंहार में इस बात की कोई दरकार न थी 
कि जिसे मारा जाना है उसका धर्म क्या है 

उनका सबसे प्रिय शिकार थीं 
पीठ पर ज़िम्मेदारी का बोझ लिए  
स्कूल जाने वाली नन्हीं नन्हीं बच्चियाँ
नरपिशाचों की नज़र पड़ते ही 
जो औरतों में तब्दील हो गईं 
कैलेंडर से अलग होती तारीखों के ढेर में 
गुम हो गईं वे बच्चियाँ
और खुद पर हुए ज़ुल्म के बारे में 
बयान देने के लिये जीवित नहीं बचीं

धर्म के तानाशाहों द्वारा 
उनके नग्न शरीरों पर खड़े होकर किए गए अट्टहास
अभी थमे नहीं हैं 
भय का भयावह दैत्य 
फिलहाल राहत का मुखौटा धारण किये हुए है 

अभी आयोगों के पालने में 
न्यायिक प्रक्रिया अंगूठा चूस रही है 
ईश्वर की अदालत में प्रस्तुत करने के लिये 
तर्क जुटाये जा रहे हैं 
मनु से लेकर न्यूटन तक तमाम ऋषि
मुगलों व अंग्रेज़ों की बसाई दिल्ली में 
फिर किसी राज्याभिषेक की तैयारी में हैं 

अभी राजनीति की बिसात पर 
अगले कई दशकों की चालें सोची जा चुकी हैं 
अभी कई मोहरे दाँव पर लगे हैं
धर्मप्राण राजाओं और वज़ीरों को बचाने के लिए 
वहीं तुलसी की क्षेपक कविता 
ढोल गँवार शूद्र पशु नारी 
चरितार्थ की जा रही है 

ताड़ना के अंतिम बिन्दु पर स्थापित 
इस आधी दुनिया के लिये 
बहुत दुख से कह रही हैं प्राध्यापिका रंजना अपनी छात्राओं से 
तुम्हे तो पढ़ने-लिखने का मौका मिल गया मेरी बच्चियों 
शायद तुम्हारी बेटियों या पोतियों को न मिल पाये 

बावज़ूद इसके कि जनतंत्र की इस विशाल खाई में 
जहाँ नैतिकता , ईमान , सद्भावना और समानता की लाशें 
अंगभंग की अवस्था में बिखरी पड़ी हैं 
गिद्धों की नज़र से बचती कुछ बेटियाँ 
धीरे धीरे बड़ी हो रही हैं ।

🔲 शरद कोकास 🔲
==================================================



कविताओं पर कवि के मन की बात 

विश्व मैत्री मंच के सभी मित्रों को मेरा नमस्कार 
सामान्यतः किसी मंच से कवि अपनी बात कविता में ही कहता है .कविता पाठ के बाद कुछ कहने की गुंजाईश भी नहीं होती . और कोई मंच होता तो शायद मैं भी एक औपचारिक सा आभार मित्रों के प्रति प्रकट कर अपनी ज़िम्मेदारी पूरी कर लेता लेकिन यहाँ आज आप सबको संवेदना के स्तर पर इन कविताओं के साथ जुड़ता हुआ देखकर मेरा कुछ कहने का मन हो रहा है . 

किसी कवि से पूछिये उसे अपनी रचना अच्छी ही लगेगी ,तुलसीदास जी ने कहा भी है ' निज कवित्त कही लाग न नीका' .मुझे भी मेरी कविताएँ अच्छी लगती हैं , स्वयं उन्हें पढ़ता हूँ मित्रों को सुनाता हूँ , उन पर बात होती है तो अच्छा लगता है . 

लेकिन कभी कभी कोई कविता ऐसी हो जाती है जो कवि को सुख नहीं देती बल्कि उसे पढ़ते हुए उसे लगता है कि वह अंगारों पर चल रहा है . यह तीनों कविताएँ मेरे लिए कुछ ऐसी ही हैं . 2002 में यह कविताएँ लिखी गईं थीं और इनका पहला पाठ मैंने शायद उसके अगले  साल स्थानीय शासकीय कन्या महाविद्यालय में किया था .. 
कौसर बानो की दास्तान सब जानते थे ,गोधरा , बेकरी , नरोडा पाटिया अभी ताज़े ताज़े शब्द थे जो भारतीय जनमानस के शब्द कोश में जुड़े थे . मैंने कविता पाठ शुरू किया और पहला भाग ख़त्म ही हुआ था कि हाल से सिसकियों की आवाज़ आने लगी .. बमुश्किल मैं तीसरी कविता पूरी कर पाया .. 
सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की कविता याद आ रही थी " अगर किसी कमरे में लाश पड़ी हो तो क्या आप गा सकते हैं " 
कविता पढ़ते हुए मुझे वे समस्त लाशें दिखाई दे  रही थीं जिनकी देह पर दरिन्दगी के निशान थे .. मुन्नी, बबली , गुड्डी, पिंकी , फातिमा, नूर , 
शायद ऐसा पहली बार हुआ कि कविता पाठ के बाद मुझे तेज़ बुखार चढ़ गया  
इसके बाद एक बार बुद्धिजीवियों के बीच भी इसका पाठ किया ,उस बार बुखार तो नहीं चढ़ा लेकिन गुस्सा भीतर ही भीतर पलता रहा , उस गुस्से और आक्रोश से अभी भी मुक्त नहीं हुआ हूँ मैं . डॉ निरुपमा ठीक कह रही हैं , इन कविताओं को पढ़कर निशब्द नहीं हुआ जा सकता . 


गुजरात को घटित हुए लगभग डेढ़ दशक होने जा रहा है ..एक पीढ़ी समाप्त हो गई है दूसरी पीढ़ी आ गई है , अदालतों में कुछ मुकदमे ख़त्म हो गए हैं कुछ अभी भी चल रहे हैं . जिन पर अत्याचार हुए उनमे से बहुत कम लोग शेष बचे हैं , कुछ लोग समझौते कर चुके हैं कुछ लोग विस्मृति ओढ़ चुके हैं . कौसरबानों के लिए भी एक डॉ ने गवाही देते हुए कहा है कि उसका पेट नहीं फाड़ा गया था वह तो शॉक से मर गई थी .  

प्रश्न केवल एक शहर , एक घटना, एक समय या एक मनुष्य  का नहीं है , क्रूरता तो तब भी होती है जब एक माँ की कोख में पल रहे स्त्री भ्रूण को चिकित्सकों की यह पढ़ी लिखी जमात चुपके से मार देती है . एक स्त्री प्रतिमाह हारमोंस के बदलते चक्र में किस यातना से गुजरती है इस पर कौन ध्यान देता है . 

कौसरबानों न हिन्दू है न मुसलमान , वह तो एक माँ है उसका क्या धर्म .. माँ है वह उसी तरह जैसे मेरी माँ आपकी माँ ..इन कविताओं को लिखते हुए मैं जिस यातना से गुजरा हूँ शायद आपसे नहीं बता सकता .. यह कल्पना भी नहीं थी जो मैं खुद को सांत्वना दे  देता , सहमत द्वारा जारी तमाम रिपोर्ट्स , गुजरात के मित्रों के फोन , डॉ रंजना अरगड़े से बात , सब कुछ चीख चीख कर कह रहा था ऐसा हुआ है .. 

कई साल गुजर गए इन कविताओं को लिखे हुए लेकिन जब भी देश में ऐसा कुछ घटता है ऐसा लगता है ज़ख्म से पपड़ी उधेड़ दी गई है बस में उस बच्ची निर्भया के साथ जो घटित हुआ उसका समाचार अखबार और टी वी वाले जब दे  रहे थे मुझे लग रहा था कहाँ हूँ मैं कौन हूँ मैं ....  , क्या मैं सचमुच इसी मनुष्य जाति में जन्मा हूँ जो करोड़ों वर्षो का सफ़र तय करके इस सभ्यता के शिखर पर पहुंची है ..  
आप सभी इन कविताओं को पढ़ते हुए मेरी संवेदनाओं के साथ जुड़े आभारी हूँ आपका .. बहुत बहुत .. कोशिश करता हूँ ..अगली टिप्पणी में आप सबके नामोल्लेख सहित आपसे संवाद कर सकूँ .. फिलहाल इतना ही ..


शरद कोकास

===========================================
प्रतिक्रियाएं 

सुषमा सिंह 
दिल दहला दिया है, रौंगटे खड़े कर दिए हैं ,आंखों में बेतहाशा आँसू भर दिए हैं, लिखना भी मुश्किल हो रहा है। भीतर तक हिला कर रख दिया है शरद जी की कविता ने, चेतना को बुरी तरह झकझोर दिया हैं। सारे सवाल मस्तिष्क को कौंच रहे हैं और हम निरुत्तर बैठे हैं, अवसन्न !अमानवीयता के इस क्रूर अट्टहास को कैसे प्यार भरी लोरियों में बदला जाए? वहशीपन को कैसे करुणा का पाठ पढ़ाया जाए? कैसे प्रणय, वात्सल्य, मैत्री और अपनेपन की बरसात की जाए कि इतिहास के उस काले पन्ने की स्याही धुल जाए? बस यही समझ में आता है कि काश हम सबके हृदय में प्यार और इंसानियत अंकुराए, फूले-फले और एक आज़ाद खयाली का ,भाईचारे का चमन गुलज़ार हो। आमीन !

Varhsa Raval: शरद जी की ये रचनाएँ पहले भी पढ़ चुकी हूँ , दिल में टीस सी उठती है, मन व्यथित हो जाता है । जवाब की चाह चाहे जितना मन्थन कर ले , विवश हो जाता है , बेबस हो जाता है, असहाय हो जाता है........🙏                         
प्रतिमा अखिलेश :
 सच कहा सुषमा दी  वर्षा दी ठीक मेरी भी यही स्थिति है।
परन्तु एक बात समझ नही आती हम पढ़े लिखे लोग तो ये सब पढ़ लेते हैं समझ लेते हैं और इस हिंसा के खिलाफ भी हैं 
पर वे लोग जो ये स्थितियां उत्पन्न करते हैं वे तो जाहिल अनपढ़ और अपने आप में हिंसा पर उतारू मगन रहने वाले लोग हैं
वे कैसे इन परिस्थितियों को समझेंगे जिनके लिए काला अक्षर भैंस बराबर।
हम उन तक कैसे ये बात पहुंचा सकते हैं उनकी आत्मा कैसे झंझोड़ सकते हैं।
बस हम पढ़कर उफ़ करके रह जाएँ क्या

बहुत विचलित होता है मन

कोई ऐसी कलम का अविष्यकार होना चाहिए जो इन अमानवीय प्रवृति के लोगों की आत्मा पर खरोंच खरोंच कर  कौसर बानो के दर्द को लिख दे जिससे वे तड़प उठें हथियार डाल दें  और उसके आजन्मे बेटे के गम में फूट फूट कर रो पड़ें।
इस व्यथा को उन जिम्मेवार लोगों तक कैसे पहुँचाया जाए
उन्हें कैसे पिघलाया जाए
शब्दों की आंच आत्मा को कुंदन बना सकती है।
पर उन्हें कैसे तपाये।
जो इस संवेदना से दूर हैं।
मैं शुरू से यही सोचती रही हूँ
शरद सर में आत्मा हिला देने वाली कलम की ताकत है
ये ताकत हमे सही जगह इस्तेमाल करनी होगी।
कुछ तो असर दिखेगा🌺🌺🌺🌺
प्रतिमा अखिलेश



महेश दुबे 
: बेहद संवेदनशील मुद्दे को उठाती शरद कोकास जी की यह कविता बेहद प्रभावी लगती है । मनुष्य के दानव होने की अनेक कहानियों में से एक। लेकिन अनेक दूसरे बुद्धिजीवियों की तरह केवल बहुसंख्यक वर्ग को अपराधी ठहराने की मानसिकता केवल एक नाम रख देने से सिद्ध हुई।  क्या यहाँ कौसर बानो नाम रखना जरुरी था ? केवल इस एक नाम से समूची बहुसंख्य बिरादरी कटघरे में आती है । और अगर कौसर बानो नाम रखा गया तब एक भयानक भूल तब सामने आती है जब गर्भ में मार दिए गए बच्चे के पुनर्जन्म की कल्पना की जाए जो इस्लाम में मान्य ही नहीं है । हर रचनाकार और मैं भी किसी भी किस्म की पाशविकता के विरोध में न हों तो रचनाकार हैं ही नहीं । मैंने पाकिस्तानी स्कूल पर हुए हमले पर जो करुण कविता लिखी थी वह वहाँ भी सराही गई क्यों कि मैं किसी हिंदूवादी संघटन का सदस्य नहीं हूँ । हर तरह के अत्याचार का विरोध होना चाहिए । पर कवि साहित्यकार अगर किसी एक विशेष नाम का उल्लेख करें तो दृष्टि एकांगी समझी जायेगी । एक नाम के उल्लेख से कविता संकुचित हो जाती है जो नाम न रखने पर विराट हो सकती थी । वैसे कविता हृदयस्पर्शी है । शरद जी की लौह लेखनी को नमन ! 
                        
जय श्री शर्मा 
 कौसर बनो का अजन्मा बेटा
मन मस्तिस्क को झकझोर देने। वाली रचना है
जिसमे आधुनिक मनुष्य की संवेदन। शून्यता परिलक्षित हो रही है

आडम्बर से बहुत दूर  ह्रदयग्राही
बेबाकी से लिी गई यह रचना                         
प्रभाव शाली है                         
 Madhu Saksena: महेश जी ...कौसरबानो किसी वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं कर रही ।अजन्मे बच्चे की दुर्दशा की चश्मदीद गवाह और चीत्कार है ।और अगले जन्म की बात  कवि अपनी  तरफ से कर रहे हैं । कविता में कवि की मंशा स्पष्ट है उसे संकुचित रूप में लेना ठीक नहीं ।
आपकी कविता सराही गई ।बधाई ।
आपने कविता के मर्म को समझ कर अपने विचार रखे ।मंच समृद्ध हुआ ।  
                       
मल्लिका मुखर्जी 
 शरद जी कि यह कविताओं ने बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम की याद दिला दी। ऐसी अनगिनत घटनाएँ उस वक्त घटी थी। मेरे बहुत सारे रिश्तेदार अब भी  वहाँ रहते हैं । तब अत्याचार करनेवालों ने किसी भी धर्म की महिलाओं को नहीं बक्शा था। हैवानियत जब सवार होती है तब मानव राक्षस बन जाता है। 
जब भी मैं ऐसी कवितायेँ पढ़ती हूँ निःशब्द हो जाती हूँ। आंसू पलकों पर आकर जैसे जम जाते हैं बर्फ की तरह।                         
महेश दुबे 
आदरणीया मधु जी ! 
आपकी बातें समझ में नहीं आई । क्या यह कविता आपने लिखी है ? या शरद जी ने आपको बताया कि कौसर बानो किसी वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं कर रही ? और यह नाम हिन्दू क्रिश्चियन सबमें मान्य है । अगले जन्म की बात कवि अपने मन से कर रहे हैं तो बाकी बातें क्या किसी और से लेकर की गई हैं ? जो बात तर्क की कसौटी पर गलत है उसे केवल डंडे के जोर पर सही कहेंगी आप ? आपने अगर ऐसा भी हो सकता है का प्रयोग किया होता तो मैं समझता पर आप इतने निश्चयपूर्वक कह रही हैं कि ऐसा ही हुआ है तो शायद कवि ने आपको बताया होगा । मैं हास्य व्यंग्य का बहुत छोटा सा कवि हूँ और गंभीर विषयों पर अधिक नहीं बोल सकता पर जो बात खटकी वह कही । अगर आपको बुरा लगा है तो क्षमा करें ।   

शरद कोकास 
महेश जी , साहित्य के इतिहास में जो कुछ भी साहित्य रचा गया है वह केवल काल्पनिक चरित्रों को लेकर नहीं रचा गया है । मनुष्य की दानवी प्रवृत्ति का शिकार भी किसी धर्म विशेष के स्त्री, पुरुष या बच्चे नही रहे हैं । 
क्रूरताएँ इतिहास में घटित होती रहीं और पात्रों के नाम बदलते रहे । कहीं वह घर से निकाल दी गई सीता है, कहीं पत्थर बना दी गई अहिल्या , कहीं वह देवकी जिसके सात बच्चे मार डाले गए , कहीं बिनब्याही माँ मरियम, कहीं स्पार्टकस की प्रेमिका वारिनिया, कहीं मोहम्मद की बेटी फातिमा , कहीं छह माह का बच्चा अली असगर जिसकी गर्दन पर तीन नोक वाला तीर मारा गया , तेरा साल का कासिम जिसे घोड़ों की टापों से रौंदा गया और अरब की वे तमाम बच्चियां जिन्हें ज़िंदा गाड़ दिया गया ।
क्रूरता का अध्याय समाप्त कहाँ हुआ है अभी भी निर्भया की चीख गूंज रही है , सोनी सोढ़ी जिसके गुप्तांगों में पत्थर डाले गए कराह रही है और भी तमाम बेटियां । 


इनकी कथा मैंने इस श्रृंखला की तीसरी कविता बुरे वक्त में जन्मी बेटियां में दी है । उसे भी नरोदा पाटिया में नूरानी मस्जिद के पास रहने वाली  कौसरबानो की इस गाथा के साथ पढ़ें ।
क्रूरता को अंजाम देने वाले न बहुसंख्यक होते हैं न अल्पसंख्यक ,  किसी धर्म के क्या वे तो मनुष्य भी नहीं होते । 

आपका दूसरा प्रश्न कौसरबानो के बच्चे के पुनर्जन्म के बारे में है । कविता में यह स्थूल अर्थ में नही है । अभिमन्यु का बिम्ब  यहाँ अत्यचार और क्रूरता के खिलाफ विद्रोह के रूप में आया है । विचार मस्तिष्क में भ्रूण की तरह ही होता है । 
बेसिकली यह कविता समस्त मानव जाति पर हो रही क्रूरता के खिलाफ है ।इसलिए नामो को लेकर भ्रमित न हों। 
सादर - शरद कोकास    

दिनेश गौतम 
आज इस मंच पर शरद कोकास की दो कविताएँ - 'कौसर बानो का अजन्मा बेटा - एक" और " कौसर बानो का अजन्मा बेटा -दो " देकर आपने मुझे अपने इस मित्र और उसके सृजन पर कहने का एक अच्छा अवसर उपलब्ध करवा  दिया है। शरद मेरे उन दोस्तों में से है जिन पर मैं सबसे ज़्यादा फख्र करता हूँ। यूँ शरद नियमित रूप से अपनी कविताएँ मुझे भेजते रहते हैं पर शरद की कविताएँ उनसे ही  सुनना भी एक  बहुत अच्छा अनुभव होता है। इस मंच के पटल पर रखी गई इन दो कविताओं में शरद ने दंगे की शिकार एक गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे के बहाने संवेदनहीन और नृशंस होती जा रही दुनिया और मनुष्यता पर छाए संकट से सचेत करने का काम बख़ूबी किया है। कविता की संवेदना हमें उद्वेलित करती है। कविता में शरद की चिंता इस बात को लेकर है कि समाज में कुछ क्रूर और उन्मादी लोगों की पाशविकता का जैसे  परकाया प्रवेश मनुष्यता में हो गया है ।मैं शरद की  बहुत नम संवेदनशीलता और उसकी विलक्षण कथन भंगिमा   का क़ायल रहा हूँ और यह बात उनसे भी कहता भी रहा हूँ। शरद हमारे समय के सर्वाधिक संवेदनशील और इतिहास दृष्टि सम्पन्न कवियों में से एक हैं।
                 यूँ शरद की लगभग सभी कविताएँ हमें मनुष्यता की प्रक्रिया में शामिल करती हैं। पुरातत्ववेत्ता को ही लें, आप शरद की प्रशंसा इस बात के लिए किए बिना नहीं रहेंगे कि उनके पास अपनी इतिहास दृष्टि है जो बहुत प्रभावित करती है। इतिहासकार मनुष्य का इतिहास लिखते हैं पर शरद मनुष्यता का इतिहास लिखते दिखते हैं। शरद की कविता दुनिया की बनावट और बुनावट में हो रहे बदलाव की साक्षी है। 'कौसर बानो का अजन्मा बेटा' की घटना यह सिद्ध करती है कि कुछ खास विचारधाराओं और कृत्यों के चलते मनुष्यता की मूलभूत अवधारणा ही खतरे में पड़ गई है और यह ख़तरा काल्पनिक नहीं वास्तविक है। मनुष्य विरोधी विचारधाराएँ दुर्भाग्य से और भी हृदयहीन और सर्वव्यापी होती जा रही हैं।  
         हम एक ऐसे समाज में जी रहे हैं जहाँ आज बहुत सी  विचारधाराएँ  अपने को ही सत्य माने जाने का तीव्र और अतार्किक दुराग्रह पाले हुए हैं। ये सभी विचारधाराएँ अपने सत्य का प्रचार बड़ी तत्परता से करती दिखती हैं ताकि उनका सत्य सभी का सामान्य सत्य हो जाए। शरद की  कविताओं से झलकता उनका सर्जनात्मक चिंतन मनुष्यता के मूल्यों को बचाए, बनाए रखने के लिए है और उन मूल्यों की बढ़ोत्तरी में अपना योगदान करने वाला है। वस्तुतः शरद की लगभग सभी रचनाएँ मनुष्यता को अभिव्यक्ति देने का उपकरण बन गई हैं। इसीलिए मैं उन्हें हमारे बीच उपस्थित हमारे समय का अति महत्वपूर्ण कवि मानता हूँ।
         शरद के पास बहुत अच्छी भाषा है, आप देखें , विज्ञान , भूगोल,  नृतत्वशास्त्र,  इतिहास सभी की ख़ास शब्दावलियाँ उनके पास मौजूद है । उनकी विलक्षण कथन भंगिमा  भी उन्हें विशेष बना देती है। क्या आपने उनकी कविता ' झील से प्यार करते हुए ' पढ़ी है ? --

" बादलों के कहकहे  
मेरे भीतर जन्म  दे रहे हैं
एक नमकीन झील को
आश्चर्य नहीं यदि मैं
किसी एक दिन
नमक के एक बड़े पहाड़ में
तब्दील हो जाऊँ।"

या शहर में शाम की ये पंक्तियाँ-

"घर लौटते मजदूरों के साथ
ख़ाली टिफ़िन में बैठकर
लौटती है शाम"
उनकी कविता - 'बीच का आदमी ' पेट के लिए पंछी, चींटियों ,कीट पतंगों, छिपकलियों के संघर्ष की तरह  रिक्शे वाले के संघर्ष को बताते हुए वह भी दिखा देती है जो हमें नहीं दिखता। 

  उनकी कविता की व्याप्ति में  लगभग सारा का सारा विश्व है। मनुष्य की वेदना, दुर्भाग्य और दरिद्रता,  मनुष्य के तनाव और संकट  सभी को आप उनमें देख सकते हैं।  मूर्त से अमूर्त की यात्रा करवाती हैं शरद की कविताएँ। शरद की कविताएँ हमारी संस्कृति की और सही मायनों में मूल्य बोध की  कविताएँ हैं ।अपनी कविताओं के माध्यम से मानवीय गौरव की स्थापना में जुटे इस बहुत ख़ास कवि और मेरे  बहुत खास दोस्त को सबसे मिलवाने के लिए आपका आभार।

रुपिंदर 
शरद जी की कविता सत्य के तथ्यों पर आधारित होती हैं।जातिधर्म से उठ कर विचारने को विवश करती हैं।भले ही पात्र धर्म विशेष का है किन्तु पाश्विकता का एक ही धर्म होता है अमानुषिकता।पृथ्वी सत्य पर टिकी है,घटनाएं किसी एक के साथ घटती है किन्तु प्रभावित समस्त मानव जाति होती है।शिशु के जन्म की कल्पना अति सुखद होती है।
अप्रकृतिक हिंसा मनुष्य की बर्बरता का उदाहरण।कितना भी सभ्य हो प्रवृत्ति सदैव पाश्विक ।
सच है केवल भाग्य को दोष नहीं दिया जा सकता क्योंकि यहाँ तो भाग्य भी जन्म ही नहीं ले पाता।

स्तब्ध करती आपकी कविता यथार्थ का वीभत्स रुप दर्शाती है।सच उगलती कलम को नमन शरद जी।🙏

डॉ मंजुला श्रीवास्तव 
सर्वप्रथम मैं शरद कोकास जी की तलम को नमन करती हूँ
मैं सुबह से कई बार पढ़ चुकी पर अभी भी मेरे पास लिखने  के लिए शब्द नहीं है
    दर्द का सैलाब, फूट गया है

सागर से भी गहरे भावों के अनगिनत थपेड़ों के बाद ,जन्मी कविता ,कवि व कलम की गहरी पैठ को सलाम

लेखा सिंह 
माननीय शरद जी की कवितायें बहुत ही संवेदना लिये हुए हैं.... अमानवीय कृत्यों को उजागर करती हुईं..... और...और.... एकदम जड़वत करती सच्चाई..... झकझोर देने वाली कड़वी सच्चाई का वीभत्स रूप..... उफ़्फ़....
भावनाओं को व्यक्त करने के लिये जैसे शब्दों का अकाल छा गया हो..... 
शरद जी, आपकी लेखनी को नमन....🙏🏼....


       लेखा.....

आशा रावत 
शरद जी की तीनों कविताएँ बहुत स्तरीय और सशक्त हैं।एकदम सहज तरीके से अभिव्यक्त हुईं पंक्तियाँ समूचे मस्तिष्क को झिंझोड़ डालती हैं।मानव जन्म की एक साधारण सी घटना कितनी असाधारण हो सकती है और किन किन असामान्य परिस्थियों से होकर गुजर सकती हैं, यह उन्होंने प्रभावशाली ढंग से बताया है।


प्रवेश सोनी 
शरद जी की ये तीनों कवितायेँ जब भी पढ़ी रूह में कम्पन हुआ ।
सच्चाई इतनी वीभत्स हो सकती है ,यह कहना आसान नही ।

मैं इन कविताओं के एक एक शब्द और पंक्ति में मनुष्यता की मृत्यु देखती हूँ।



😒😔😥
ज्योति गजभिये 
: शरद कोकास की कविताओं पर कुछ कहने से पहले नि:शब्द हो गई, मन ही मन प्रार्थनायें करने लगी ईश्वर कहीं से कहीं  से तू मानवता को बचा ले पर उसे ईश्वर नहीं मनुष्य ही बचा सकता है, जिस तरह मानवता का कोई धर्म नहीं होता, आतंकवाद का भी कोई धर्म नहीं होता
धर्मान्धता का जहर मानवता की देह गलाने में कोई कसर नहीं छोड़ता.
कौसर जान को सपने देखने का हक नहीं देना चाहता है यह समाज, वह अपनी कोख केे पुत्र को इन आधुनिक कंसों से बचा नहीं पाई, 
अजन्मी बेटियाँ को मार डालने का क्रूर कार्य वे कर रहे हैं जिन्हें हम बुद्धिजीवी कहते हैं , काश......मनुष्य को ऐसी वीभत्स बुद्धि ही न प्राप्त होती, 
दोनों कविताओं के पश्चात जो तीसरी कविता लगाई है वह भी बेहद मार्मिक है,
गिद्धों की नजर से बचकर बड़ी हो रही हैं बेटियाँ......अपने बड़ेे होने का साधारण सा हक वे मुश्किल से पाती हैं.
कौसर बानो की कोख में अभिमन्यु की कल्पना कर हिंदू -मुस्लिम को जोड़ने की बात कही है शरद जी ने,
वैसे भी खून से लथपथ मरता हुआ व्यक्ति यदि कोई उसकी मदद करना चाहे तो जात-धर्म नहीं देखता, खून मुसलमान का हो या हिंदू का लाल ही होता है, इस बात पर किसी ने कहा था-खून तो पशुओं का भी लाल होता है , वाह रे मनुष्य इतना ही शेष रह गया था, खुद की पशुओं से तुलना, शेर भी पेट भरने के बाद शिकार नहीं करता पर इंसान का तो पेट ही भरता नहीं,
शरद जी की जागरूक कविताओं के लिये उन्हें नमन,
मधु जी में गुस्ताखी नहीं करूँगी, तीर कमान आपके हाथ में है,
धन्यवाद !                         

कृप्या कोख के पुत्र के स्थान पर कोख के शिशु पढ़ें

सुधीर 
 शरद जी अपने समय, विगत और भविष्य की नब्ज टटोलने वाले कवि हैं। वे मिथकों में समकालीनता की सांस को महसूस लेते हैं। 
मैं हमारे समय के बहुत ही महत्वपूर्ण कवि के रूप में उन्हें पढ़ता हूं, वे कविता के राष्ट्रीय मानचित्र में छत्तीसगढ़ को प्रकट करते हैं । पुरातत्ववेत्ता जैसी उनकी लंबी कविता मुझे बेहद प्रिय है।                         
 बावज़ूद इसके कि जनतंत्र की इस विशाल खाई में 
जहाँ नैतिकता , ईमान , सद्भावना और समानता की लाशें 
अंगभंग की अवस्था में बिखरी पड़ी हैं 
गिद्धों की नज़र से बचती कुछ बेटियाँ 
धीरे धीरे बड़ी हो रही हैं

रत्ना पाण्डे
शरद जी की कहानी  पढकर  बंटवारे  का दर्द  दंगो  का दृश्य सब कुछ तैरता रह दिन भर आँखों के सामने 
युद्ध  विभाजन उपद्रव   कारण कुछ  भी हो पर औरतों के हिस्से में अक्सर  आता है शारीरिक यातना  और  मानसिक वेदना की अंतहीन  यात्रा  जो  मृत्यु पर्यंत चलती है  
ऐसा भयावह दृश्य  दुनिया के किसी भी हिस्से में कभी न दुहराया जाए यही कामना है  

मधु  जी  का हमेशा की तरह उत्तम संचालन  पर आज हार आंख नम है   यही शायद  एक लेखक के रूप में शरद जी की सफलता भी है   और जैसा कि सुधीर जी ने कहा  वे छत्तीसगढ का  गौरव हैं     एक दिन भारत का भी गौरव बनेगे   
दिल  बहुत भारी है  अब कुछ नहीं लिख पाऊँगी 


रत्ना पाँडेय

डॉ निरुपमा वर्मा 
शरद जी की कविता पढ़ कर मैं निःशब्द नहीं हूँ  । मौन किसी प्रश्न का उत्तर नहीं है । 
भारतीय मानस में स्त्री हिंसा को लेकर किसी भी  घटना के बाद कोई परिमार्जन हुआ हो, ऐसा भी नहीं जान पड़ता, पर प्रश्न उससे कहीं बड़े हैं। क्या हिंसा (शारीरिक, मानसिक, वाचिक) जैसे विघटनवादी तत्त्व का उन्मूलन संभव है? क्या हम वास्तव में सहमति की अवहेलना को लेकर तत्पर और उत्सुक हैं? क्या अहिंसा परमोधर्म: गाने वाला यह समाज अपने धर्म की चिंतन मनन और सुधारवादी परिधि से बाहर जा चुका है? ऐसे में ही शायद महाभारत की धर्म संबंधी अवधारणा सनातन प्रतीत होती है कि जब जब धर्म का विनाश होगा, उसकी पुनर्स्थापना उस हर युग में होगी, क्योंकि युग की जरूरतें और स्वरूप बदलेगा और तदनुसार उस अमुक युग का धर्म दुष्टों का विनाश करके सज्जनों की रक्षा के लिए जन्म लेगा।
यहां युधिष्ठिर के एक यक्ष प्रश्न का उत्तर बेहद समीचीन जान पड़ता है- ‘इस लोक में परमधर्म क्या है?’ का जवाब युधिष्ठिर ‘अनृशंस्यं परो धर्म:’ कह कर देते हैं, यानी जो धर्म नृशंसता के निषेध में हो। उस अजन्मे बेटे की मां की असहायता, गुहार, संतान का इंतजार, कुछ नहीं दिख रहा, क्योंकि हम नृशंसता के आदी हो चुके हैं। भीड़ नृशंसता के, सामजिक नृशंसता के, समाज उसे अबाध्य ‘मर्दानगी’ पढ़ा कर बड़ा तो कर पाई, पर अपने ही पैदावार के लिए आज न्यायसम्मत रिहाई की कोई कीमत नहीं, कोई उत्तर भी नहीं।  सिवा ‘मर्द’ होने के कोई और मायने नहीं समझाया। उससे हम किसी पश्चाताप की, हृदय परिवर्तन की और स्वयं पर किसी भी अतिरेक से बचने की कोई बाध्यता, कोई अंकुश नहीं लगा पा रहे।
क्या हमारा धर्म यही कहता है? अगर धर्म, जो हृदय को सर्वोपरि मानता हो, की अवधारणा हम आजतक कुशलता पूर्वक समाज के आचरण से संप्रेषित करने में सफल हुए रहते तो अजन्मे बेटे की कविता  महज एक कांड के तौर पर हमारे सामने नहीं आती और न ही क्रमश: राजनीतिक, न्यायिक प्रतिबिंबों में सिर्फ एक ऐसा अध्याय बन कर रह जाती, जो बार-बार सिर्फ हिंसा के नए-नए अध्याय और पुनरावृत्ति की संभावना पैदा करती और हिंसा, नृशंस हिंसा सिर्फ एक मिथक बनती जाती, जिसे जब चाहा अपने अनुसार परिभाषित कर दिया।
ऐसे में हिंसा के इन रोज उत्पन्न होते मिथकों को तोड़ने के लिए इस युग का एक धर्म निर्धारण करना होगा, मानव धर्म। स्त्री अपने आप महज असुरक्षा के बिंब से निकलने को स्वतंत्र हो जाएगी, आखिरकार स्त्री के प्रश्न और भी हैं।
 शरद कोकास जी ने कलम से नहीं तलवार से लिखी है ये कविता । इस लिए इतनी धार है उनके शब्दों में । 

   बधाई स्वीकार करें शरद जी ।












⁠

Monday, October 3, 2016

सुमित्रानंदन पन्त ने कहा था 
वियोगी होगा पहला कवि 
आह से उपजा होगा गान

उमड़कर आँखों से चुपचाप
वही होगी कविता अनजान

साहित्य संवेदना की आधारशिला पर अपना भवन निर्माण करता है। काव्य का प्रथम गुण ही संवेदनशील होना है। यही संवेदना साधारणीकरण को पूर्णता प्रदान कर उच्चतम शिखर तक प्रेषित करती है।

आज काव्य-बगिया में से कुछ पुष्प चुने हैं। ये पुष्प मधु की भीनी खुश्बू से युक्त हैं।
 मधु सक्सेना की कवितायेँ हृदयंगम होने के लिए प्रस्तुत हैं।



वाट्सअप  समूह  "साहित्य की बात "पर ,जिसके संचालक है श्री ब्रज श्री वास्तव और इन कविताओं को प्रस्तुत किया है सह संचालक सुश्री डॉ पदमा शर्मा ने |इनके सोजन्य से यह कविताये और इन पर हुई समीक्षक प्रतिक्रियाये रचना प्रवेश पर प्रस्तुत है 

♻ कविता  ♻
 *आ ही जाना *


मत आना.....
मेरे हाथों में मेहँदी का रंग बनकर
कितना भी पिसु ...भीगूँ ..
कुछ भी रचाऊं ~
देसी ,अरेबियन .
बतासा ..सिंघाड़ा या मुठिया बनूं
चले ही जाओगे उसके रंग की तरह ...

तुम आना ......
हाथों की रेखाएं बनकर
कभी हृदय ,कभी मस्तिष्क
कभी भाग्य या कभी जीवन रेखा बन कर

बन जाना कभी पर्वत
वहीं से चमकना मंगल बन कर
बुध की हंसी या गुरु का गुरुर बन कर
या शनि की तरह घेर लेना
बन जाना साढेसाती का अढ़ैया
या शुक्र की तरह
प्रेम के बीज रोपना ....

उँगलियों के पौर पर उकरे
शंख और पदम थाम कर
निकल पड़ना  दूर यात्रा पर
सागर से सीपियाँ उठा कर
बो देगें पहाड़ों पर

आ जाना ...
बस आ ही जाना
न जाने के लिए ....
         

         
♻कविता ♻
*उम्र का हिसाब *

कोई क्यों काटने लगता है
पल -पल , क्षण क्षण
ये ज़िस्म उधार का लगता है
बन गया चिन्दी चिन्दी ये मन
आत्मा क्या होती है ..?
उम्र अपने गुज़रने का हिसाब मांगती है

ये उम्र का गणित कैसे पढूं
कैसे समझूँ ..
कोई गुरु ,कोई किताब हो
सब कुछ रचना होगा
नए सिरे से ...
खुद को समिधा बना
अपनी ही आग में स्वाहा का
लयबद्ध उच्चारण
और नए वेदों का सृजन ...

बैठाने होंगे नए समीकरण
अहसासों के शून्य से शुरू कर
'पाई के मान 'के बीच से गुज़र कर
प्रमेय के अंतिम सिद्धांत तक ....

 कोष्ठक से कोष्ठक तक
डायरी के अंतिम पन्ने तक
शायद ये उम्र हिसाब पा जाए
और उत्तर पृष्ठ पर आकर
ठहर जाए ......नए सवालों के साथ ....


                      
 ♻ कविता ♻
*मौन  की आवाज़ *


कहाँ से आ रही बांसुरी की धुन
कोयल की कूक ,पपीहे की हूक
लहरों का गान ,मोती की मुस्कान
गूंजने लगी डमरू की घोषणा
और शंखनाद का आरोह ...

ये कौन है
जो मेरी गीली मिट्टी सी छाती को
घुंघरू बंधे पैरों से पार कर गया
सहेज लिए गीली मिट्टी में
पावों के निशान ..सूरज की तपिश बन कर
पौर पौर से ये कौन सा संगीत फूटा
की आसमान में टँग गई
नई जोगिया सुनहरी चादर ...

धरती ठिठकी ,पर रुकी नहीं
धूमती रही ..घूमती रही ...
प्रेम परिभाषित नहीं हुआ
बस , आ गया यूँही ..
एक कठोरता भरी भावुकता
सहलाती रही रात भर
मेरी मौन की आवाज़ को ..
           

   
♻ कविता-♻
* स्मृतियों के पन्ने *


सारी स्मृतियों को रात के हाथों सौंप कर
मुस्कारा देती हूँ सूरज के सामने
धूप और हवा  को गले लगाकर गुनगुनाती हूँ
सूरज खुश हो जाता
समझ ही नहीं पाता
इस गुनगुनाहट में छुपे
विरह गीत  के अक्षर
स्मृतियों के पन्नों से ही तो चुने हैं ।

       

♻ कविता ♻
 * बेढब रात *


ये रात भी अजीब है
मेरे बिस्तर में जाने के पहले ही
बेतरतीब से बिखेर देती है स्मर्तियों के पन्ने
बेढब रात ........
कब सीखेगी सुघड़ता
इतनी तो जगह दे कि
एक नींद ले सकूँ .......  


                   
♻कविता- ♻
*वजह -बेवज़ह *


कोई वजह नहीं होती खुश होने की
जैसे की कोई वजह नहीं होती दुखी होने की
बस, बेवज़ह जिए जाता है आदमी
वजह ढूंढते हुए .....
वजह को बेवज़ह बनाते हुए
और बेवज़ह को वजह बनाते हुए ।


🌀🌀🌀🌀🌀🌀


✴कवयित्री का
 आत्म कथ्य ........✴

मन की गीली धरती पर सम्वेदनाओं के बीज  गिरे,  जो अंकुरण हुआ वो आपके सामने है ।ये  कविता है या नहीं ये भी नहीं बता सकती ...कोई गूंज सुनाई देती है... कुछ शब्द बहते हुए महसूस करती हूँ कभी थाम पाती हूँ तो समेट के रख लेती हूँ कई बह जाते  कितना भी पुकारो नहीं आते ....ब्रह्माण्ड के हर  ग्रह नक्षत्र की तरह चलायमान हवा की तरह बहते शब्द और भाव  कई बार आकर हमे खुद चुन लेते है ..अपने आने जरिया बनाते है । कविता खुद उतनी ही नहीं जितनी दिखती है ज्यादा तो छुपा ही है ....जो भी है .. आपकी आलोचना और प्रशंसा दौनों प्रिय रहेगी ...

🌀✴🌀✴🌀✴🌀


☸परिचय☸


नाम - श्रीमती मधु सक्सेना

जन्म -24 अगस्त
जन्म स्थान  -खांचरोद जिला उज्जैन (mp)
शिक्षा - कला , विधि और पत्रकारिता में स्नातक ।हिंदी साहित्य में विशारद ।
प्रकाशन - ' मन माटी के अंकुर ' (काव्य सन्ग्रह ).....विभीन्न पत्र पत्रिकाओं में रचनाओं का प्रकाशन ।
सम्मान ~( 1) नव लेखन ( 2)शब्द माधुरी (3) रंजन कलश शिव सम्मान।
अन्य - आकाशवाणी से रचनाओं का प्रसारण , बस्तर और सरगुजा में साहित्यिक संस्थाओं की स्थापना ।
कई हिंदी सम्मेलनों में भागीदारी ।
मोबाइल- 9425513161
पता - सचिन सक्सेना
H-3,   व्ही .आई .पी.  सिटी
उरकुरा रोड - सड्डू
रायपुर ( छत्तीसगढ़ )
पिन ..492 001
मेल- ..saxenamadhu24gmail.com


______________________________________________________

प्रतिक्रियायें

सुधीर देश पांडे ..
आज मधुजीजी को पटल पर देखकर अच्छा लगा। साहित्य की बात के कवियों के बारे में एक लाइन तो बनती है कि वे दुरूह कवियों में शामिल नही है। अपने मन की बात बेलाग और अपनी बोली बानी में अपने प्रतीकों और शिल्प के साथ करते हैं। यह लोकाभिमुख दृष्टिकोण है। अब मधुजीजी की कविताओं पर।
आ ही जाना प्रेम की पराकाष्ठा है, समर्पण का भाव इतना कि शनि की अढैया तक की स्थिति भी हो तो मान्य है। अच्छा भाव। कविता तो खैर।
उम्र का हिसाब में दर्शन की शक्ल में है वे सवाल जिनसे हम दो चार होते ही रहते है। ये तो गणित की कविता भी है। 😊
मौन की आवाज में प्रेम की कोमलता अपनी पूरी उदात्तता से परिभाषित हुई है।  
स्मृतियों के पन्ने बडी कोमलकांत अनुभूति है। बेढब रात भी स्मृतियों की अव्यवस्थित आवाजाही पर मन के नियंत्रण न होने का चित्रण बखूबी प्रस्तुत करती है। जब वजहें खोजी जा रही हो हर बात की तब बेवजह कोई कैसे जी सकता है। सच है हम बेवजह को वजह बना कर ही तो जी रहे हैं।
कवियत्री की कविताओं का गठन प्रवाहमय है। अच्छी कविताएं। बधाई जीजी, आभार पद्माजी।

 Avinash Tivari: 
आज साकीबा में पद्मा जी ने कई समूहों में हरदिल अज़ीज मधु सक्सेना जी की कविताओं का उपहार दिया है।मधु न केवल बेहतरीन साहित्यकार हैं बल्कि एक अच्छी टीकाकार भी हैं।सभी रचनाओं को पढ़ा।
कविता 1 ..बस आ ही जाना न जाने के लिये मेंहदी हसन की गज़ल रंजिश ही सही की याद दिलाती है इस कविता मेें मधु ने प्रेम को ज्योतिषीय झरोखे से.देखा है।प्रेम कभी भाग्य रेखा तो कभी साढ़ेसाती बन कर आता है साढ़ेसाती भले ही जीवन में दुख देती है परन्तु अपने किसी एक चरण में भरपूर सुख भी देती है। मेंहदी  भी शीतलता रंग और प्रेम की सुगंध का अहसास देती है जो रंग उतरने के बाद भी स्मृति में बना रहता है। ऐसे प्रतीकों का प्रयोग मधु बखूबी करतीं हैं।
उम्र का हिसाब अच्छी कविता है।खाली समय में अपने आपको देखना बातें करना क्या खोया क्या पाया और बाकी क्या रहा है।ज्यामितीय प्रमेयों से जीवन के गणित को हल करने का बहुत अच्छा प्रयास किया है मधुजीने।अगली कविता मौन की आवाज--                         
 मौन की आवाज ..ये कौन है जो मेरी गीली मिट्टी----मन को छूने वाली अभिव्यक्ति है। मौन की आवाज तन्हाई में बजता जैसे एक साज है।बेढब रात पहले भी पढी हैबहुत प्रभावित करती है।। स्मृतियों के पन्नों का बिस्तर पर इस तरह बिखरना कि नींद के लिये कोई जगह न बचे करवटें स्मृति के पन्नों सी बदलती रहती है और रात भीगती गठरी सी भारी होती जाती है।
बहुत अच्छी कविताऐं हैं सभी मधुजी हमेशा की तरह बधाई आभार शुभकामनाऐ ।

पद्माजी ब्रज जी आभार बहुत बधाई।।

प्रवेश सोनी 
आ ही जाना ,न जाने के लिए ...प्रेम को बना कर हाथ की रेखायें और ग्रहों की चाल में पुकारना कभी न जाने के लिए ।
बहुत खूब प्रतिक लिए इस कविता में मधु ने ।वो जानती है मेंहन्दी कितनी भी गाढी रचे लेकिन उसके रंग सा पिया एक दिन जरूर  छोड़ देगा साथ जैसे छूट ही जाता है मेंहदी का रंग ।वो तो हथेली और पाँव की रेखाओं की मानिंद चाहती है प्रिय का साथ जो कभी जुदा होये ही नही ।गज़ब अभिव्यक्ति है ।
मधु की कविताओं के कोमल अहसासों को जब भी छूती हूँ एक अजब ही सुगंध भर जाती है ।
लेकिन जब जीवन की गणित को समझने की कोशिश में रखती हूँ पाई का मान तब वैचारिकता के मापदंड   परिचय देते है जीवन  को समझने की परिपक्वता का ।
मौन  की आवाज़ तो गज़ब की अभिव्यक्ति है 
इस कविता के बिम्ब जैसे प्रेम रस से भरे हो ....टपक रहा है मधु ,मधुर मधुरतम 
बेढब रात से एक नींद की गुहार 
वजह और बेवजह की जद्दोजहद को भी खूब उकेरा ।
यही कहूँगी कुछ कवितायेँ हमेशा के लिए मन से बस जाती है मधु की कलम  ऐसी ही कवितायेँ  रचती है ।


शुभकामनाएं मधु और आज की प्रस्तोता डॉ पदमा को दिन भर साथ रहने के लिए धन्यवाद ,मुबारकवाद एक सफल दिन साकीबा को देने के लिए ।


 राजेन्द्र श्रीवास्तव 
  मधु जी की गुनगुनाती कविताएँ हृदय स्पर्शी हैं। अलग अलग रंगो को उकेरती हैं। नेह ,अपनत्व,वेदना-संवेदना सब कुछ अपने अंदाज में व्यक्त करती हुई।बिम्बों का अनूठापन कविता को आयाम देते हुये। कुछ कहा-कुछ अनकहा जैसा ।मधु जीआपकी रचना धर्मिता को प्रणाम व आपको बधाई ।

मधु जी की कविताओं से सा की बा को सुवासित किया ,पद्मा जी बहुत धन्यवाद ।


+91 96876 94020‬: मधु सक्सेना जी की 'आ ही जाना' जैसी कविताएं स्थायी सौन्दर्य व जिजीविषा की बोली बोलती कविताएं है ।वो क्षणिक सौन्दर्य की हामी नही है चाहे वो मेंहदी के रंग जैसा अतिलुभावन ही क्यों न हो । मेंहदी प्रेम का प्रतीक तो है पर वह प्रेम में संतुलन का प्रतीक नही है वह स्मृति मे बसे, स्वपन मे बसे  या फिर एक तरफा प्रेम के भावनाओं का वाहक हो सकती है पर उनकी स्त्री चेतना मे यह प्रेम स्वीकार्य नही है वो प्रेम के साकार रूप की जो स्वपन मे नही साक्षात् साथ रहकर वास्तविक जीवन की
कठिन दिनो मे जरूरत पडने पर पत्थर तोडने का सामर्थ्य दिखाने वाले हाथो मे लकीर बन रहने वाली प्रेम की प्रतीक्षा मे है ।
यह प्रेम के आभासी या प्रेम मे स्त्री के

अकेले रह जाने के प्रति सचेत करती कविताएं है यह रचने के लिए उन्हें बधाई ।

आरती तिवारी 
 मधु जी की कविताओं में शब्द शब्द स्त्रीत्व है एक नाजुक एहसास लिए हुए ये कवितायेँ बरबस बाँध लेती हैं। किसी भी बौद्धिक चमत्कार का गणित बिठाये बिना कवितायेँ बो दी हैं एक नम ज़मीन की सुखद हरियाली के लिए मुझे उनकी एक और कविता याद आ रही है शायद अ से ज्ञ वाली बहुत सहज सरल तरल अभिव्यक्ति एक व्यक्ति और एक स्त्री के तौर भी एक कवियत्री से अलग होकर भी उनका व्यक्तित्व गरिमामय है।
समूह में उनकी सक्रियता,सहभागिता और साथी सदस्यों की रचनाओं पर उनकी आत्मीय और त्वरित टिप्पणियाँ हर बात मुझे उनका प्रशंसक बनाती है।

मैंने इन कविताओं में ह्रदय देखा सहज ह्रदय और इन्हें पढ़ना सफल रहा। हालांकि बहुत देर से पोस्ट पर आ पाई🙏

मुकेश सिन्हा 
दिल्ली: मधु जी के लिए क्या कहीं, टीचर जैसी दोस्त हैं, मेरी बहुत से कविताओं की पहली पाठिका !! जिन्होंने आपको सराहा, उनको उलट कर कहो, बेहतरीन लिखते हो, तो बात बनती नहीं है ! हाँ ये सच है, एक बेहद संवेदनशील शख्सियत हैं, और मुझे फख्र है, इन्होने  मुझे हर समय एक बेहतरीन मित्र के तरह मान दिया, तभी तो इनके माध्यम से ही अपने हलके फुल्के कविताओं के साथ साकीबा  जैसे मंच पर पहुँच पाया ! मधु जी की कविताओं में खुबसूरत भाव हैं, शिल्प है, बेहद सुन्दर गठी हुई है, और चाहिए क्या ! अलग अलग बिम्बों का प्रयोग कर ये भी बता पाने में सक्षम हैं कि इनके तरकस में कितने तरह के तीर हैं !! प्यारे से मनुहार के साथ पहली कविता में कहती हैं - तुम आना .........हाथो की रखायें बन कर !!

अनुमा आचार्य 
आ ही जाना" प्रेम के क्षणिक भाव से परे (धुल जाने वाली मेंहदी आदि) प्रेम के स्थायित्व के भाव और अविरलता (निरंतरता) की बात लगती है. स्टेबिलिटी प्रभावित करती है 

अनीता मंडा
 गहन अनुभतियों की महक़ समाहित किये मधु दी की कविताएँ देर तक मन में चलती रहती हैं, लगता है अरे ये तो हमारे मन की ही बात है, जिस तरह बीज का विस्तार पेड़ है उसी तरह इन कविताओं में भी सीमित शब्दो में कही बात बहुत गहन अर्थ, भाव संवेदना रखती है, अपनी अनुभूती को पूर्णता से अभिव्यक्त करना हो तो ये कविताएं आदर्श हैं, मधु दी से बहुत सीखना है, उनकी रचनाएँ आगे भी मिलती रहेंगी इस आशा के साथ बहुत बहुत शुभकामनाएँ , बधाई🙏

दिनेश मिश्र 

सारी कविताएँ अहसास से ताल्लुक़ रखती हैं , यादों की कितनी दखलंदाज़ी हमारी ज़िन्दगी से लेकर हमारी नींदों तक में है, ये हम सब महसूसते हैं, पर असरदार ढंग से मधु जी की कविताएं इसे व्यक्त करती हैं, बधाई मधु जी।


मीना शर्मा 
: मधुजी की संवेदना से लबालब कविताएँ.किसी प्रिय गीत की तरह हृदय को स्पर्श कर धीमें से रस घोलती प्रेम का ,और मन केभाव भरे आँगन में आ ठहरती काग़ज़
पर.. ...!
आ ही जानाउस रूप में ही सही,शनि की साढ़ेसाती बनकर....क्या बात है ! प्रेम का ऐसा बिरवा मैंने नहीं देखा !  
उम्र के गुज़रने का हिसाब,नये समीकरण के साथ  ,बहुत खूबसूरत !
मौन की आवाज़ !  ये कौन है,जो 
मेरी गीली मिट्टी सी छाती को,
घुँघरू बँधे पाँवों से पार कर गया...गीत की लय लेकर प्रेम का साज़ बजाती मौन की आवाज ,सीधे दिल में उतरने का हुनर जानती है. 
स्मृतियों के पन्ने , मासूमियत के आवरण में विरह का गीत गुनगुना लेनीा आसान नहीं है. 
बेढब रात , वजह-बेवजह  ....बेवजह जिये जाता है आदमी
वजह ढूढते हुए..एक -कविता 
शीर्षक सी ,जो अनेक पंक्तियाँ रचे  और फिर लम्बी कविताओं का रूप ले.
सीधी सरल भाषा ,संवेदना में ढले शब्द,निरंतर प्रवाह,संयोग वियोग 
और प्रेम की भाषा से सभी कविताएँ रागात्मक संवेदना का इंद्रधनुष लेकर मन मोहती हैं ! 
बधाई मधु बेहतरीन कविताओं के लिये !

चयन और प्रस्तुतिकरण बहुत सुंदर, डॉ. पद्मा जी आभार !

उदय ढोली 
 "वाक्यं रसात्मकं काव्यं"

 कसौटी पर खरी कविताएँ इनकी संप्रेषणीयता ही इन्हें विशिष्ट बनाती है ।


मुक्ता श्रीवास्तव: 
कविता का मतलब होता है रसयुक्त वाक्य ,कविता का मतलब होता है अपने मन के साथ साथ कुछ औरों के मन की भी बात.कविता का मतलब यह भी होता है कि निर्बाध संप्रेषण.ये सभी चीजें तो हैं मधु जी की कविताओं में.कहाँ थीं अब तक ये कविताएँ..एसी खोज का श्रेय पदमा जी को जाता है,जिन्हें इस बात का भी श्रेय जाता है कि उन्होंने साकीबा को साकीबा नाम दिया.

अर्चना नायडू
 मधु दीदी की कविताओं से आज पटल गुलजार हो रहा है। मुद्दत से इंतजार था,  उनकी परिपक्व सोच और    गहन मनन से उपजी  हर कविता बेमिसाल है।   कवि मन से तरल और  अपने अंतर्मन सकितना  संवेदनशील है यह उनके   शब्दों से बयाँ हो जाता है। ।  मुझे हर कविता  मे गहराई  नजर आई। दीदी,    आप लिखते रहिये,  हम सीखते रहेंगे 😊🤗👏


आभा बोधित्सव 
 कविताएँ मधु जी के सहज सोच  को व्यक्त करती हुई आगे बढ़ती गईं  हैं । 'स्मृतियों के पन्ने' मुझे ज्यादा पसंद आई । साधुवाद मधु जी ।

भावना सिन्हा 
 संवेदना से परिपूर्ण सुखद  कविताएँ । आ ही जाना और स्मृतियों के पन्ने इतनी आत्मीय  हैं जैसे अपने मन की ही बात सुन रही हूं ।  कुछ बिंब  बहुत ही अच्छे  लगे। 

पदमा जी का आभार उन्होंने इन कविताओं को  साझा किया । मधु जी को  बहुत बधाई ।

ब्रजेश कानूनगो 
 मधु जी की कविताएं,स्त्री संवेदनाओं से भरी हैं।कविता में कवि स्वयं से वार्तालाप करता है।इस बातचीत के मर्म तक वे पाठक बहुत सहजता से पहुँच जाते हैं जो अपने भीतर थोड़ा अधिक कोमल मन लिए होते हैं।कवितायेँ स्त्री जीवन की अनुभूतियों और संस्कारों से रंगी हुई पाठक तक पहुंचने में बहुत हद तक सफल होती हैं। 
बहुत बधाई और शुभकामनाएं,इससे आगे के सृजन के लिए।💐💐


अनुमा आचार्य 
 जैसे स्वयं पर बीता हुआ, और उससे प्रेरित विचार.....विन्यास....न कि भुगता हुआ.....

अलकनन्दा साने 
: मधु जी की कविताएं संभवत:पहली बार पढ़ रही हूँ.पहली ही कविता हाथ पकड़कर रोक लेती है.अपने प्रिय केलिए अलग अलग प्रतिमान देकर , बुलाने और रोके रखने का जतन एकदम नया है.'' *उम्र का हिसाब '' कविता की अंतिम पंक्ति बेहद सकारात्मक है.हर उम्र की अपनी चुनौतियाँ होती हैं और कवयित्री उन्हें स्वीकार करती हैं.'पाई के मान 'के बीच से और 'कोष्ठक से कोष्ठक तक' जैसे नए बिम्ब कविता को एक नया आयाम देते हैं.तीसरी कविता ''मौन  की आवाज़'' में गीली मिट्टी सी छाती समझ में नहीं आया.यदि ये पुरुष से सम्बंधित है तो पुरुष की छाती वज्र की , लौह की मानी जाती है और यदि यह स्त्री की है तो वह गीली मिटटी की तरह अपने वक्ष से कोई सृजन नहीं करती, बल्कि जो सृजित है उसका पोषण करती है.घुंघरू बंधे पैर भी अर्थ स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं.''स्मृतियों के पन्ने'' बढ़िया है. सचमुच दिनभर हम जो मुखौटा लगे घूमते हैं, वह रात को अपने असली रूप में आ जाता है और सूरज के साथ साथ दिन के उजाले में कोई भी हमारी असलियत नहीं जान पाता है.शेष दो ने ज्यादा प्रभावित नहीं किया.


एक लम्बे समय के बाद पूरे मनोयोग से  मैंने आज इतनी विस्तृत  टिप्पणी लिखी है.मधु जी शुभकामनाएं..


दीप्ती कुशवाह 
 मृदु भावनाओं की तरंगें जो हृदय तक पैठ बनाती हैं... मधु जी की चित्तहरिणी कविताओं में अविस्मरणीय सुधियाँ हैं, मनोरम भोर है, दारुण विरह है, धैर्या धरा है, भीगी माटी है, प्रेम का अनुभूति है, बाँसुरी... पपीहे की कूक...घुंघरुओं की खनक है...शंख...सीपियाँ हैं....
सुख के लिए भला और क्या चाहिए !!
रविन्द्र स्वप्निल 
 ऐसी कवितायेँ कोई नहीं लिख सकता जबतक विदग्धता न हो। बहुत ही छु लेने वाली कवितायेँ। बधाई हो।
 ये कवितायेँ 3 से चार हजार की संख्या में हों तो यानि इतने भाव हो तो ये प्रेम का एक नया युग रच क्र विश्व साहित्य की थाती बन सकती हैं।
जतिन 
 वजह बेवजह हर जिंदगी का हिस्सा है .मालूम ही नहीं चलता कब वजह बेवजह में घुल जाती है जिंदगी ..

रात नहीं सुधरने वाली...एक ही पल में बरसों के चिट्ठे
खोल देती है..नींद में घुसपैठ करती है..

हर आम की कविताएं है...हर साँस से जुड़ी....मैं तो रोज गुजरता हूँ ...रोज रोज की पीड़ा को  सुंदर शब्दों में पिरोने के लिए धन्यवाद पद्मा जी.




ब्रज श्रीवास्तव 
 सबसे पहले तो पदमा जी को धन्यवाद, कि उन्होंने हमारी सह एडमिन मधु जी की कविताओं को पोस्ट किया, दरअसल मधु जी कोमल और भाव भरी कविताएं लिखने में सिद्धहस्त हैं |उनकी संवेदनाएं जैसे दिन रात जागती रहती हैं |उनका बायोडाटा बताता है कि वह अपने रोजमर्रा मे`भी साहित्य के लिए जगह बना लेती है और वह जगह भी सामान्य नहीं होती भले ही उनकी कविताएं नितांत समकालीन शैली को पूरी तरह से नहीं अपनाती, लेकिन उनकी शैली अपने आप में पर्याप्त है, यह शैली भी पाठकों तक अपनी मन की बात कविता के लहजे में पहुंचाने में कामयाब होती है,, हम जब उनकी पहली   कविता यहां पढ़ते हैं तो देखते हैं कि कैसे वह एक ही प्रिय को अलग-अलग तरह की मनुहार से पुकारती हैं, उम्र का हिसाब तो गजब की कविता है हम देखते हैं कि वहां गणित के शब्दों के द्वारा जीवन की अन्य अन्य बातें बहुत प्रभावशील तरीके से व्यक्त की गई हैं उसी तरह से, मौन की आवाजकविता में जब वह कहती हैं, कहां से आ रही है बांसुरी की धुनयहीं से ही हमारी जो पाठकीय समझ है उसे पंख मिलते हैं और हम कवि की कल्पना की क्षमता पर चकित होने लगते हैं हालांकि यह एक छायावाद के जैसी आशावादी कविता है लेकिन यह उन कविताओं को जवाब भी है जो बौद्धिक होते हुए कहीं भी नहीं पहुंच पातीं मैं देखता हूं की इन कविताओं में कोई बहुत बड़ा वैचारिक दोष भी नहीं है उसकी वजह है कि ये सभी कविताएं हमारी अपनी कविताएं हैं, अपने अंतः करण की कविताएं हैं, इन सारी कविताओं के लिए मैं मधु जी को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं और मित्रों से आग्रह करता हूं इन पर जी भर कर चर्चा करें.. |
|सादर||>ब्रज श्रीवास्तव




मणि मोहन मेहता 
: स्मृति और सम्वेदनाओं की तनी हुई रस्सी पर नृत्य करती ये बहुत आत्मीय कविताएं हैं । कुछ नए प्रतीक भी मन को भाये .. मधु जी बधाई ।पदमा जी ने बहुत उम्दा से इन्हें प्रस्तुत किया ।उन्हें भी बधाई ।

नरेश अग्रवाल 
: मधुजी का गहन अनुभव और किसी भी तरह का जीवन अविचलित होते हुए जीने का साहस उनकी कविता "आ ही जाना में झलकता है"।  इतना अधिक साहस की साढ़ेसाती को भी आकर   ना जाने को कह डालती हैं । वे जीवन की जटिलता से घबराती नहीं है बल्कि उसे कच्चे माल की तरह अपनी रचनाओं में ढाल लेना चाहती हैं।

 वे महसूस करती हैं यह शरीर उधार का है इसे किस तरह से जिया है, इसका हिसाब उन्हें अपने अंतकरण को देना होगा,  इसलिए दुविधा में हैं  और साथ ही चिंता में कि किस तरह से नित प्रतिदिन जीवन को सुधारा जाए ताकि मन में कोई दुख न रहे और डायरी के अंतिम पन्नों में लिख सकें कि "जीवन सर्वश्रेष्ठ रहा"।

 उनकी संवेदना इतनी अत्यधिक है कि वे मिट्टी से भी मन की आवाज सुन लेती हैं और मोती की मुस्कान को अपने कानों से सुनती हैं बजाया आंखों से देखने के। वे एक योगी की तरह संसार की प्रत्येक चीज से संवेदित है, हर चीज में उन्हें दिव्य्  ध्वनियाँ, प्रेम, नृत्य और लय नजर आती है । प्रेम के लिए उनके द्वारा सदैव खुले हैं चाहे वह आए या नहीं,  उसके स्वागत के लिए वे सदैव आतुर हैं। 

सच है कि किसी की भी स्मृतियों के पन्ने अबूझ होते हैं, आदमी उन्हें खुद ही नहीं समझ पाता तो भला सूरज क्या समझेगा इस गाथा को। वह तो बस देखता रहता है कि कोई प्रेमी उसकी धूप को गले लगा कर, हवा के सहारे उड़ उड़ कर द्वार द्वार विरह के गीत गाता हुआ अपनी स्मृतियों के पन्ने बांट रहा होता है अपने दुख हल्का करता  हुआ। 

 बेढब रात से सभी परेशान रहते हैं जो केवल थकान को जगह देना जानती है। लेकिन थकान के साथ चिंता हो तो उसे नकार देती है। लेकिन लेखक के लिए नींद से अधिक महत्वपूर्ण तो उसके विचार हैं, वह उनके बिना सोये कैसे? फिर इस बेवकूफ़ रात को  यह समझाएगा कौन ?यह एक बड़ा प्रश्न उभरकर सामने आता है इस कविता में ।

मधु जी की अंतिम कविता में यह संदेश बेहद महत्वपूर्ण है कि जीना है  "वजह को बेवजह बनाते हुए और बेवजह को वजह  बनाते हुए।" 


अंत में मधु जी को बहुत-बहुत बधाई बहुत सारी अच्छी अच्छी कविताएं लिखने के लिए।



Saturday, September 24, 2016

कविता क्या है, इस सवाल के उतने ही उत्तर हैं, जितने मनो मष्तिष्क हैं, इसकी परिभाषा सब के लिए अलग ही हैं। यह केवल आनंद की अनुभूति की अभिव्यक्ति ही नहीं, हर संवेद की बयानी है,

यह सुरेन जी की कविताएँ पेश करते हुए इसलिये लिखा जा रहा है कि सुरेन जी अपने अनुभव जनित विचारों की कोमलता को कविता में ढालने में सिद्ध हैं। एक बारीक से एहसास को ठीक ठीक शाब्दिक जामा पहना पाना मुश्किल तो होता है, पर सुरेन  जी इन अभिव्यक्तियों के ज़रिए पाठकों तक पहुंच पाते हैं।

आइये पढ़ते हैं यहाँ उनकी कुछ छोटी कविताएँ जिन्हें हमने टिप्पणी सहित लिया है, वाटस एप समूह साहित्य की बात से। जिसके संस्थापक एडमिन हैं ब्रज श्रीवास्तव।

सुरेन्द्र सिंह ,(सुरेन ) निवासी मथुरा
 जन्म 16 फरवरी 1973 
 1994 में बी०एस०सी० और 1996 में दर्शन शास्त्र में एम०ए० 
 1998 के उ०प्र० लोकसेवा आयोग के बैच से सलेक्ट होकर वर्तमान में बरेली के निकट श्रम अधिकारी के पद पर कार्यरत



नमस्कार दोस्तो. 
आज गुरुवार को हम समूह के सदस्य की कविताएँ प्रस्तुत करते हैं, इस क्रम में आज प्रस्तुत हैं ऐसे कवि की कविताएँ जो अवचेतन के धुंधले चित्रों की साज सज्जा कर कविता की चौखट में जमाने की  कोशिश में अक्सर सफल होता है, जिसकी कल्पना का वितान आकर्षक है, 
वहाँ, स्वप्न, प्रेम, मौसम, संबंध, संशय, अधीरता, और न जाने क्या क्या, कवि की दुनिया का अक्स दिखाते हैं, जिनके बारे में, अब आप लोग ही टिप्पणी कर परस्पर अर्थ अन्वय करेंगे. 





1⃣➖

सपना चलता है,

रात भर

मैंने कहा...

चला आऊंगा तुम्हारे अवचेतन में,

जो यूँ रात में उनींदे बात करोगे,

मुझसे, मैं जानता हूँ,

तुम्हारे चेतन मैं कोई जगह नहीं शायद मेरे लिए

तुम्हारी तस्वीर एक छोटा-सा बिंदु है, मन में कही छिपा,

जहाँ से मैंने कई त्रिज्याए नापी है

अपने होने में एक सार्थकता की तलाश में।




2⃣➖

प्रिय, जैसा कि तुम जानते हो

मौसमजिसे फागुन कहते है

तुमने साल भर जो चोटियाँ

बाँधी है, वे एक साथ खुल-खुल जाती है

यूँ रह -रह कर खुलते केशों से

किसी भी पत्ते का पर्ण हरित

लह लहा के मेरी ओर

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करता है

ऐसे में तुम्हे प्यार ना करने की जिद

और तुम्हे जहन से हटाने की सारी कोशिशे

तुमसे कहना नहीं चाहता

और न ही जताना।



3⃣➖

तुम्हे यूँ बार बार लिखना

फिर बार बार मिटाना।

कभी, यूँही रात में

आकाश ताकना तुम

एक इबारत जो —

केवल तुम पढ़ सकते हो

को कभी देख पाओ

तो बस मुस्कुराना भर

क्योंकि कुछ भी - कह देना

दरअसल दरक जाना है

उस हवा का जो

तुम तक पहुंचती है

मेरे चश्मे पर चढ़े

नम धुंधलके को लेकर।


4⃣➖

सब छूट जाता है...धीरे धीरे...

जो जिज्ञासाएं हम बढ़ाते आ रहे थे अभी तक

और जो हमारी जिजीविषा को गति देती थी

एक दिन पता चलता है कि

हम एक खाली बक्सा ढो रहे है

वो कब रीत गया पता ही न चला

लेकिन फिर भी...

जिजीविषा जाने कहाँ से अपना सूत्र पकडती है

चीज़े यूँही बेलौस-सी दूरियां तय करती रहती है।



5⃣➖

सलाहकारी पिता को...

बदलते देखना।

और केवल आँखों से सब कुछ कहते...

ये अनुभव जाने क्यों

हर उस लड़के को छू जाता है

जो अभी कुछ दिन पहले तक,

निर्भरता की सीढ़ी उन पर टिका कर,

आखिरी सोपान पर पहुंचा है।

जहाँ पड़ती तेज रौशनी से...

बचने को उनकी छाया

बस तीन -चार सोपान नीचे दिखती है।




6⃣➖

मैं..., जो संगतराश ना हो सका

तुम्हे गढ़ने की चाहत

फिर भी मरती नहीं...



7⃣➖

किन्ही पलों में तुम्हारा होना और उन्ही जैसे पलों में तुम्हारा न होना

यूँ तो जन्म से मृत्यु का सफर पूरा हो ही जायेगा

पर बीच -बीच के पड़ावो पर तेरा होना और फिर न होना

यही सौगात लिए फिरते है और सम्हाले हुए कागजो पर

फिर फिर लिखते है तेरा होना और न होना

पीले पड़ चुके कागजो की एक एक सलवटों पर

उँगलियों की हरकत ठहर ठहर जाती है

कि टपकी हुई बूंदों से धुन्धलाये हुए हर्फ़

तेरे होने और न होने पर कसमसाते हुए तैरते है



8⃣➖

तुम्हे माफ करने की कोशिश कभी मन से नहीं कर पाता

जी भर के जीना चाहता हूँ तुम्हे, खुद से सुलह ना करके



9⃣➖

कि यादों के इस बियावान में

तुम एक हरी घास की चादर-सी बिछी

मेरे पाँव रखते ही

सिमट जाने के उपक्रम में

सब नमी उलीच जाती हो।


10⃣➖

छले जाने के पड़ाव...

हर पड़ाव पर...

यूँ, ठिठकना...

और उत्सुक मन में...

गाढ़ी होती अधीरता से...

टपकती बूंदों के निशाँ पर

पॉव रख चलना...

और पीछे मुड मुड...निहारना...

क्या अदभुत संयोजन है...

ठहरे पानी में...लहर पैदा करने का।



11⃣➖

एक शहर...

जो मेरे कंधे पर बैठा रहता है

एक तितली की तरह नहीं

ना ही किसी चमकते तमगे की तरह

झिलमिलाता है

स्पोन्डलीटिस के शुरूआती दर्द सा

जो हरकत करने पर

कबूतर बन जाता है।

फुर्र...होने के लिए

और जरा-सा आराम पाकर

टीसने लगता है।



12⃣➖

तुम्हारे बिल्कुल करीब आके

बीच की गुजरती हवा में भी

साँसों को ठेलती गर्मी

सिर्फ हथेलियों को पसीजती है

लेकिन मन पसीज कर भी

नम और मुलायम होकर भी

मुझे सांत्वना नहीं देता।



___________________________________________________________


प्रतिक्रियायें

Ravindra Swapnil: बहुत सुंदर कवितायेँ है, भाव और अर्थ के स्तर पर, भाषा में भी काव्य है, कंधे पर शहर का बेठना, आदि।
सपने का चलना लेकिन निबंधित नहीं हो रही कवितायेँ। अभिवियक्ति को साधना, उसे परिवेश देना और अंत की और ले जाना बड़ी प्रोसेस का हिस्सा है।

 इस स्तर पर ये अ ज्ञात कवि को सुझाव दिया जा सकता है।

 Mani Mohan Ji: उम्दा कविताएं हैं, खासकर पिता को लेकर जो रची गई है।तनिक आमूर्तन से बचा जाए तो सोने पर सुहागा।

 Anita Karnetkar: सापॅनडिलाइसिस के दर्द की तरह, सर्वथा नई उपमा है, ऐसे प्रयोग न केवल अभिव्यक्ति को विशेष बनाते है बल्कि भाषा की अभिव्यक्ति को भी संपन्न करते हैं।

Avinash Tivari: बहुत खूबसूरत क्षणिकाऐ आसपास के परिवेश से आत्मीय रिश्तों को चित्रित करतीं॥


 Dipti Kushwaha: उम्दा कविताएँ!

भाव, मन को छूते हैं और बिम्ब भी आकर्षक।

फिर भी,

कहीं कुछ है, छूटता सा...इन कविताओं में।

मुझे यह (...) अर्थात् बिन्दुओं के अत्यधिक प्रयोग का औचित्य समझ नहीं आता!

कवि से माफ़ी!

‪+91 80850 96010‬: पिता और शहर कविता को छोड़कर बाक़ी सभी कविताएँ लगभग एक ही भाव की हैं। बिना शक ये भावनाप्रधान कविताएँ हैं। इनमे कुछ है जो मन को छू रहा है। पर एक बात जो मुझे खटकी वह ये कि जिस नर्म, नफासत की भाषा का प्रयोग कविताओं में किया है उसी में पढ़ते हुए अचानक (साँसों में ठेलती गर्मी) जैसा प्रयोग कुछ कंकर जैसा लगा। वैसे कवि कुछ सोच के ही लिखे होंगे। अंतिम राय कि कविताएँ सुन्दर और सराहनीय हैं। बधाई कवि को।

+91 96876 94020‬: प्रथम कविता टीप मारने की सामर्थ्य रखती हैं सपना में आना औऱ जाग्रत में आऊगां का भरोसा दिलाना पूरे काल चक्र में जुड़े होने का अप्रतिम आशा देती है जो लीन हो जाने का संकेत हैं।कवि प्रेम कर सकने में सक्षम हुआ है पर फिर भी प्रेम की पराकाष्ठा पाने की चेष्टा उसने नहीं कि है अवचेतन में आने का वादा इस प्रेम की रूई वाली भाषा को यथार्थ का छल देता है यही पर यह कविता प्रेम के समकालीन संकलन से जुडती है औऱ अति नहीं लगती।

कविता बेहतरीन है पर भुला दी जायेगी कयोकी इस लघु में भी कम से कम तीन पंक्तियाँ औऱ वांछित थी जिससे इस कविता का रूझान साफ हो पाता औऱ यह विमर्श संदर्भ में उदाहरण बन पाती।

एक अच्छी कविता पढवाने के लिए धन्यवाद।

बाकी कविता पर बाद मे।

 Dushynt Tiwari: कविताओ के विषय बहुत अलग नहीं हैं मगर मुझे इनमे metaphors और denotations का उपयोग बहुत अच्छा लगा जिसके कारण आम से विषय भी रोचक लग रहे हैं।निर्भरता की सीढ़ी, पीले पड़े कागज़, लिखने वाले की भाषा पर बहुत अच्छी पकड़ है॥ बढ़िया कविताएँ॥

Sazid Premi Ji: बहुत खूबसूरत कविताएँ। 💐💐💐

+91 96876 94020‬: दसवीं कविता अद्भुत प्रेम रेशो से बुनी है औऱ इतनी मजबूत है कि प्रेम पर हाहाकार मचाते किसी भी कविता को सोटा लगा सकती है।
 पिता पर लिखी कविता सुंदर है एक दोहा याद आ गया।
पिता पुत्र के रिश्ते में जंगल का संवेग।
वृद्ध चक्षु धरती धसे, शावक चक्षु आवेग॥

 ‪+91 98272 49964‬: माँ पर तो बहुत लिखा गया है। पिता जैसे अछूते व्यक्तित्व पर काव्य में अपनी भावना लिखना... वास्तव में जय हो

 Arunesh Shukla: विरह की कविताएँ।पर प्रेम में मिलन-सा रोमांस लिए.अच्छी हैं।सघन हैं।प्रेम कविता य कहानी लिखना लेखक का लिटमस टेस्ट है।बधाई.

Abha Bodhisatva: अपने जीवन के अलग -अलग अनुभवों को सरल भाषा में कवि ने सहजता से व्यक्त किया जहाँ उसे बहुत भारी भरकम बिम्ब विधान ढूँढने और बैचेन होने की ज़रूरत नहीं महसूस हुई. यही खूबी है कवि की ककविताओं में। सुंदर -सहज।

 Arunesh Shukla: भाषा पर थोड़ा और काम की ज़रूरत इस क्रम में अगर कविता लंबी भी हो जाये थोड़ा तो चलता है।दूसरी बात प्रेम एक highly पॉलिटिकल चीज़ भी।उसको समसामयिक चीजों से जोड़ना भी ज़रूरी होता।दस में एकाध तो हों ऐसी.बाकी पिता पर ageya जी याद आते।बहुत दूर जाना होता पिता से पिता जैसा बनने के लिए.मैं क्या कहु।अच्छी कविता है।बस कविताओं में कई का वाक्य विन्यास खटकता।

 Arti Tivari: छोटी सुंदर कवितायेँ, ।जैसे कवि ने अपने अंदर का सत्व उड़ेल दिया हो इनके ज़रिये, ...वेदनात्मक चेतना काव्य का केन्द्रबिन्दु है, ।जो उद्वेलित करता है। क्रमांक 6 8 9 10 11 मुझे ऐसी ही लगीं।
सबसे अच्छी तीसरी कविता लगी।
अभिव्यक्ति को साधना जैसे ऊपर स्वप्निल जी ने कहा, ।कुछ पंक्तियाँ को और जोड़कर मुझे अच्छी लगीं कवितायेँ, ।👍🏼🍀🌹

अनाम कवि को बधाई साकीबा का आभार 🙏1⃣➖


 Sandhya Kulkarni: पहली कविता में कवि प्रेमिका के अवचेतन में जाना चाहता है चेतन अवचेतन का द्वंद्व उसे बेचैन करता है,और अपने होने की  सार्थकता तलाश रहा है कवि मनोविज्ञान का माहिर ज्ञाता भी है ।
बहुत सुन्दर कविता 🌻 

दूसरी कविता में कवि अपने अबोलेपन में भी प्रेमिका को फागुन के विभिन्न रंगों से जोड़ कर खुली लटों से स्वयं को आबद्ध कर लेना चाहता है और एक इंटेंस भाव प्रकट करता है ।
बहुत उत्कट रचना 🌻

तीसरी कविता में अपनी प्रेमिका की स्मृति से आप्लावित कवि इतना भाव विभोर हो गया है कि उसका नाम लिखता है मिटाता है और इसकी पीछे यहाँ भी उसका मनोवैज्ञानिक द्वंद्व द्रष्टव्य हो रहा है वो वह चाहता भी है कि प्रेमिका जिसे वो इबारत कह रहा है स्वयं को पढ़े और वो इसी बहाने स्वयं को भी पढ़वाना चाहता है।
थोड़ी सी अस्पष्ट लेकिन अपने गंतव्य में सहल कविता 🌻

चौथी कविता में कवि अपने दर्शन को लिख रहा है दार्शनिक अंदाज़ में साक्षी भाव् से स्वयं का दृष्टा बना है ,कवि अपने जीवन की मीमांसा करता हुआ अपनी जिज्ञासाएँ जो दर्शन से जुडी है जो एक जीजिविषा से जोड़ती हैं उसे उस पर बात कर रहा है वो शुरू से जानता है "सब कुछ छूट जाता है "इसकी संतृप्ता और निर्लिपता को पा जाता हैऔर पुन: अपनी जीजिविषा को पकड़ लेता है सकारात्मकता इनका ख़ास भाव है कवि दर्शन का भी ख़ास ज्ञाता है ।
कविता पाठ को संलग्नता से जोड़ती है 
सुन्दर कुछ जल्दबाज़ कविता🌻

पांचवी कविता पितृ पक्ष में एक कृतज्ञ भाव से भर देती है ,माँ के लिए तो सभी भावुक दिखते हैं पिता के लिए कवि का भावुक होना ह्रदय को छू जाता है ।
हृदयस्पर्शी कविता🌻

छटवीं कविता में कवि की इच्छा पूरी हो ये सदा अपने "डॉ हिंगिस" के स्वरुप को बनाये रखें 
खूबसूरत कविता🌻

कवि अपनी सातवीं कविता में अपने भावों को चरम पर अनुभूत कर रहा 
है ,वो जहाँ एक और वृथा जीवन और जीजिविषा से जुड़ा है वहीं दूसरी ओर 
स्मृतियों का अभेद्य कवच लिए भी घूम रहा है और इतना भावुक हो उठा है कि,अपनी कविताओं की सौगात में ढूंढ कर टपकी हुईं अश्रु बूंदों में होने और न होने को निहारता है 
कवि का अतिभावुक होना आशा जगाता है ।
सुन्दर भावुक रचना 🌻

आठवी कविता में कवि अपनी नामाफी टाँक देना चाहता है,और स्वयं को भी बरी नहीं होने देना चाहता ,इस तरह जीने की उत्कट इच्छा से भर जाता है जिजीविषा यहाँ जीवंत होकर दिखाई देती है ।
जीवंत कविता🌻

नोउवीं कविता में कवि फिर से प्रेमिका की स्मृति में प्रविष्ट हो जाते हैं उसे हरी घाँस सा याद करते है ये इसमे भी इतनी नाज़ुक चाल से प्रविष्ट होते हैं कि, उसके सिमटने और स्वयं के उलीचने को बड़े ही कलात्मक तरीके से व्यक्त करते हैं यहाँ कवि "अशोक वाजपेयी"प्रभाव से स्वयं को बचा नहीं पाते ।
मनभावन कविता 🌻

दसवीं कविता में कवि अपने चलने रुकने और अपने उद्वेग को स्पष्ट करना चाहता है,बूंदों  और लहरों के माध्यम से वह यहां अपने शिल्प में अपनी चिर परिचित सांकेतिक शैली का उपयोग करता है और स्वयं के उद्वेलन से चकित भी ।
अद्भुत कविता 🌻

कवि ग्यारहवीं कविता में अपनी सम्बद्धता जो इनके शहर के प्रति है उसे बता रहा है लेकिन स्वयं को बिना जोड़े इसे भी व्यक्त नहीं कर पाता ,इसे ये स्पांडेलाइटिस के ठहरे दर्द सा पाते हैं, हरकत होते ही एक्टिव हो उठता
 है उसे ये तितली या तमगे से भी परिभाषित नहीं करना चाहते,साथ ही इसे एक कभी आराम न पाने वाले दर्द से घिरा पाते हैं ।

बेहतरीन कविता 🌻


बारवीं और अंतिम कविता में कवि सम्भवत: ग्रीष्म ऋतु में प्रेमिका से अपने मिलन की असंतृप्तता और असंतुष्ट होने की पीड़ा बयान कर रहा है, कुछ और विस्तार मांगती है ।

लाजवाब कविता 🌻

कवि एक अनंत संभावनाओं के स्वामी हैं मनोविज्ञान और दर्शन पर इनकी विशद पकड़ इनकी कविताओं में परिलक्षित है ,कहीं कहीं अपने प्रिय कवियों के प्रभाव से भरे हुए प्रतीत होते हैं ,जिनमे अशोक वाजपेयी और गीत चतुर्वेदी का प्रभाव स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है इन पर लेकिन बावजूद इसके ये स्वयं को अलग रखने में सफल रहे हैं ।
प्रेम कविताओं के सिद्धहस्त कवि हैं 
इन्हें अन्य विषय भी छूना चाहिए इनकी अन्य कविताओं का इंतज़ार रहेगा ,कवि की कविताओं में प्रेम की बेचैनी और दर्शन और मनोवैज्ञानिक विषय की विशेषज्ञता सुस्पष्ट है जिन में ये निष्णात हैं इन विषयों पर लिखी गयी कविताये अपेक्षित हैं ।
इनके काव्य की उज्जवल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ 🌻🌻
 Meena Sharma: सार्थकता की तलाश में त्रिज्याएं नापते कवि कीका प्रेम दूसरी कविता में
में अंतर से छलकता जान पड़ता 
है !कहना और अनकहा रहना .दोनों चित्र साकार हैं ! तुम्हें बार-
बार लिखना , फिर-फिर मिटान

                 .
एक शहर / जो मेरे कंधे पर  बैठा रहता है ...में स्पोंडिलाइटिस
के दर्द के लिये कबूतर का प्रयेग
नयापन लिये हुये है, सुनदर भाव भरी कविताएँ, सुन्दर अभिव्यक्ति हैं !
छोटी कविताएँ.अपनी सीमा में बहुत कछ कह गईं,किन्तु कुछ खोया-खोया सा रहा,क्या ..यह कवि ही
कह सकेंगे. ! 
सुन्दर काव्यात्मक लय है !
बधाई कुछ परिचित से कवि को !
नाम आने पर शायद लगे कि मैने भी  अँदाज में यही नाम रखा था !
शुभकामनाएँ ..
आभार ब्रज जी अनाम कवि से मिलवाने के लिये  !                ा...
मन की इबारत को ,नई दृष्टि देने का प्रयत्न है !
HarGovind Maithil देखने में छोटी - छोटी  किन्तु बहुत सुंदर भाव और संवेदनाओ से परिपूर्ण कवितायें ।
अ नाम कवि को बधाई और एडमिन जी का आभार ।

अपर्णा: इन कविताओं को पढ़कर स्पष्ट है कि इनका स्वर आत्मिय है। इतना कि संभवतः ये स्वंय के लिए लिखी गई हैं। ये स्वंय को कुरेदती, प्रश्न करती, उत्तर देती और सहलाती हैं। 'मैं' हर कविता का केंद्र है। 

लगभग सभी प्रेम कविताएँ हैं। पर यहाँ प्रेम को बड़ी परिपक्वता से बरता गया है। जैसे कि स्वंय को ही एक दूरी से देख रहा हो कोई। प्रेम वर्तमान हो या भूत, कवि एकदम से snap नहीं कर पाता है जुड़ाव। स्मृति और 'काश' का भाव बार बार उभरता है जिसे वो पड़ाव कह रहा है। 

पिता और शहर की कविताएँ ही संभवतः प्रेम से इतर हैं इस काव्य गुच्छ में। और दोनों को एक यूनीक ट्रीटमेंट से नवाज़ा है। यहाँ अति संवेदनशीलता से लबरेज़ अभिव्यक्ति न होकर एक बार फिर वही परिपक्वता दिखती है। दोंनो ही कविताएँ बहुत अच्छी लगीं। 

मनोवैज्ञानिक और दार्शनिक भाव के कारण विषय पर लिखते हुए भी एक डिटैच्मेंट एक दूरी दिखती है। 

बिंब प्रकृति से हों या आस पास के बहुत सटीक और नए हैं अपने संदर्भों में। 

भाषा कहीं कहीं बिखरती दिखती है। कहीं कहीं बस। बोलचाल की भाषा है। सहज और सरल। कोई साहित्यिक कलाबाजी नहीं दिखती। 

प्रथम कुछ पाठ में कविताएँ किंचित अमूर्त और दुरूह लगीं। स्वर गंभीर है तो ये प्रभाव और सघन हुआ है। फिर अपनी समझ भर खोल लीं मैंने। नहीं पता कितनी सफल रही। 

और ये भी लगा कि कभी कभी ये नियंत्रित अमूर्तता भी एक काव्य सौंदर्य बन कर उभरती है। 

ये मेरा नितांत निजी मत और पाठकीय प्रतिक्रिया मात्र है। 



 Aanand Krishn: भाव की दृष्टि से समृद्ध कवितायें, शिल्प पर अधिक ध्यान देने की ज़रुरत है । 

"सार्थकता की तलाश में त्रिज्याएं नापते कवि…......"
मीना जी की अद्भुत टिप्पणी, जिसमें समग्र रचनाकर्म की सार्थकता जीवंत हो उठी है ।
Aalknanda Sane: अच्छी कविताएं हैं, पर यकायक वाह नहीं निकला , लेकिन इन्हें खारिज भी नहीं किया जा सकता । कवि/यत्री विज्ञान के छात्र/त्रा रहे हैं, इतना समझ में आता है । बाकी बहुत सारा लिखा जा चुका है और मेहनत तो हमेशा करना ही पड़ती है, यदि इन कविताओं पर दोबारा की जाय तो बेहतरीन कविताएं निकलकर आ सकती हैं । कुछ तो है जो ठीक ठीक बाहर नहीं आ पाया है । शुभकामनाएं ।
Hanumant Ji: ये कवितायें सम्वेदनाएँ और स्मॄति के बुलबुलों की तरह है....क्षुद्र कहे अविशेष क्षणों की भी यहाँ विशेष प्रतिष्ठा है गोया वे लघुता का गौरव गान हों 
लहरों के साथ बुलबुलों का भी अपना सौंदर्य है....एक कविता मे कवि स्वयम बूँद और लहर के बिंब मे बात करता है ...मै इन कविताओं को जब तक चीन्ह पाता हूँ वे समाप्त हो जाती है...
वे मानो अपनी मर्जी से अधूरा रहना चाहती हो...उन्हे पूर्ण होने से ही वैराग्य हो मानो....हालाँकि अपनी अपूर्णता मे भी वे अनुभूति की पूर्णता को जन्म दे जाती है जैसे दूसरी कविता मे फागुन को चोटीयों की तरह खुलते देखना या हर्फ़ के धुंधलके और  टपकती बूँदों को साथ रखकर याद करना...कई स्थलों पर ऐसी चमकदार बिम्ब रश्मि बिखरी है...यहाँ वे उस तरह से ही है  जैसे छोटा बच्चा चमकदार कंचे बहूमूल्य समझकर जेब मे भर लेता है

11 वी कविता बहुत कुछ पूर्ण है और मेरे करीब भी इस कविता मे मै स्वयम को और अपने को पाता हूँ....
मै चाहता हूँ कि आगे वो और उस तरह से लिखे जो मुझे दुख मे मुसीबत मे याद आये 
कविता की संगत के बाद अब दुर्दिन और दुख मे मुझे कविता ही याद आती है.....
 Dr Dipti Johri: भावपूर्ण कविताओं पर कविताओं से भी खूबसूरत भावपूर्ण टिप्पड़ियाँ.. 

खूबसूरती एक प्राथमिक भाव है ,फिर चाहें तार्किकता पीछे छुटे, कवितायेँ मन को नम तो कर ही जाती हैं ,    

फिर भी मेरे तार्किक मन को जो सबसे ज्यादा भायी वो है " मैं जो संगतराश न हो सका ...."   कम शब्दो में गहरी बात कह जाने की सलाहियत जो कमोबेश हर छोटी कविता में परिलक्षित हो रही है , कहना होगा ये उसमे सबसे उम्दा है।
        हर मनुष्य की एक अनचीन्ही और अमर्त्य चाहत अपने साथी को अपने अनुसार ढालने की रहती ही है। कभी कभी जिंदगी तमाम हो जाती है ,और संगतराश होने का भ्रम लिए ही जीवन का सफर तमाम हो जाता है ।

 वैसे भी सभी कवितायेँ अपने कहन में मनोवैज्ञानिक है भ्रमों,संभ्रमो,चेतन ,अवचेतन , चोटियां(गुत्थियाँ) आदि आदि में ।जिनके पाठक अपनी अपनी दृष्टि से पाठ कर सकते है जैसे साल भर की चोटियों का खुलना किसी एक मौसम के इंतज़ार में या कहें एक विशिष्ट समय में गुथियों का खुलना और जीवन की जीवंतता का क्लोरोफिल जब अनायास ही अपनी गिरफ्त में लेता है तो कवि मन अपने साथ साथ पाठक को भी मदनोत्सव में डुबो देता है।
     पिता के साए/सरंक्षण/सुरक्षा/सरपरस्ती आदि से अभी अभी निकला ,एक नौजवान उस दहलीज पर कैसा महसूस करता होगा जहाँ से उसे दो दृश्य एक साथ दीखते है  ..एक जिसमे वो गा रहा होता है 'तू (पिता)मेरा सरमाया है '  और दूसरे दृश्य में वह खुद इस सरमायेदारी के आसन पे बैठने का उपक्रम करता दीखता है ...तो उस दहलीज या थ्रेशहोल्ड को काव्य में जिस तरह उतारा गया है वह उस मनःस्थिति को बखूबी बयां करता है।
Dr Mohan Nagar: सुबह से चार पांच बार पढ़ने की कोशिश की पर एक आपरेशन और मरीजों के बीच व्यस्तता ज्यादा ही रही और ये कविताएँ ठहर कर पढ़े जाने का आग्रह कर रही हैं  । कविताओं में प्रतीक और बिंबो का प्रयोग लगभग हर कविता में है और एक टिप्पणी से सहमत भी कि ये अशोक बाजपेयी जी के लेखन की झलक देती हैं .. पर मेरा सोचना है कि उनसे बेहतर .. क्योंकि अशोक बाजपेयी जी का ज्यादातर लिखा मेरे तो सिर के ऊपर ही गया है आज तक माफ करें .. ये कविताएँ उस केडर की भी हैं तो उनसे बेहतर क्योंकि विषयवस्तु अबूझ नहीं  । शेष .. और इत्मीनान से पाठन के बाद
 Dr Mohan Nagar: शहर ने तो चमत्क्रत ही कर दिया। सुरेन जी यहाँ शब्द संशोधित करें बस .. सही शब्द है। - स्पॅान्डिलाइटिस .. हिन्दी उच्चारण में भी  ।
: वैसे बस यही कविता है जिससे संतुष्ट नहीं .. स्पॅान्डिलाइटिस का दर्द .. आराम करने पर ठीक रहता है / दबा रहता है .. और हरकत पर उभरता है .. यदि इसे प्रतीक लिया है आपने तो इस पर इस लिहाज से सोचें जरुर  👏
Suren: मोहन जी ,यह स्पोन्डलायटिस के शुरूआती लक्षण मेरे स्वयं के है 8 ,10 वर्ष पूर्व के । जब तक चलता फिरता रहता था ,किसी मुवेबिल काम में लगा रहता था तो कुछ पता नही चलता था पर जब आराम की मुद्रा में आता था तो हल्का हल्का टीसता था । तो उसी को यहाँ उपयोगित किया है ।
पाठ कर चुका .. अभी भी पढ़ ही रहा था
 काम करते समय दर्द का पता न चलना .. ध्यान हटना है
 उसे समग्रता में नहीं लिया जा सकता
मैंने तो सर अपना भोगा हुआ ही लिखा इसमें ,ये ठीक बात है कि संज्ञान का स्तर काम के समय डाइवर्ट ही जाता होगा ।
 Dr Mohan Nagar: दरअसल इसमें दोनों बातें .. हरकत पर फुर्र होना और आराम पर टीसना .. एक ही बात कह रहे हैं और कविता का प्रतीक भी बिगड़ रहा है .. यहाँ मुझे यह लग रहा है कि आप लिखना चाहते थे कि शहर एक आदमी को धमकाता सा है कि चुपचाप जियो .. हरकत की तो तकलीफ में जाओगे
प्रतीक भी अद्भुत लिया आपने बिला शक .. इसलिए जता बैठा कि वैज्ञानिकता के लिहाज से सोचें या प्रतीक के लिहाज से .. ये दोनों चीजें थोड़े से संशोधन से लाई जा सकती है
 कुछ ऐसा कि .. चुपचाप बिना हिले पड़ा रहूँ तो  दबा रहता है पर जरा सी हरकत पर ही उभर आता है 👏  मेरा सोचना है ये .. जरुरी नहीं सही ही हो .. न हो तो क्रपया खारिज करें 👏
 Suren: नही मोहन सर , मैं एक साधारण सी बात को काव्य में कहना चाहता था कि हम अपने ,अपने शहर के ,अपने अपने नॉस्टेल्जिया के कई सारे बिंदु जहन में लिए फिरते है । जिनसे हमारी आत्मीयता और एक अजीब सा बाँडेज होता है ,जिसे हमारी प्रवृत्तियों की पुनरावृत्तिया और उसकी बायप्रोडक्ट के रूप में काम करती कंडीशनिंग के गहराने से उपजे भाव जब हम दुनियादारी में सलग्न रहते है तो तलछट में बैठे रहते है और जरा फुर्सत पाते है तो कंधे पर सवार हो टीसने लगते है । 

हाँ , ये  संभव है कि जो कहना चाह रहा हूँ वो उभर कर  काव्य में न आ पाया हो ।
 Dr Mohan Nagar: आपने जो कहा मैंने उसे पूरी तरह समझा सुरेन जी यकीन मानिए .. मैं बस इतना ही चाहता हूँ कि हम घर के सदस्यों की तरह हैं .. यहाँ कोई भी बात / सुझाव बेहतरी के लिए हमें एक दूसरे को इसलिए देना चाहिए कि हम बेहतर से सर्वश्रेष्ठ की ओर जाऐं .. ये न हो कि बाहर की दुनिया में जब हमारा लिखा जाए और कोई सच्चा आलोचक / समीक्षक हमारी रचना की कमतरियों पर बात करे तो हम निशब्द रह जाऐं .. बस इसलिए 👏
 Madhu Saksena: हाँ सन्ध्या ....आज सबकी प्रतिक्रिया का आनन्द ले रही थी ।बहुत ही बढ़िया सबकी ।तुमने भी बड़े मनोयोग से सब कविताओ को स्पष्ट किया ।
कुछ कविताएँ यूँ धस जाती है दिल दिमाग में की मौन कर देती है ।उनमे विचरण करके उसके सारतत्व की खोज चलती रहती है ।और हर खोज के बाद लगता है अभी भी छूटा छूटा  सा है तो फिर वही प्रक्रिया ।सोच में उनमे डूब जाते है ।पढ़ते ही सनझ गई थी मेरे प्रिय कवि की कविताएँ है ये मुझे डुबा कर ही मानेगी ।फिर समझ नहीं आता क्या लिखूं ?
आप सबकी प्रतिक्रियाएं पढ़ कर सीख रही थी की ऐसा भी लिखा जा सकता है ।
बधाई सुरेन ।
आभार एडमिन जी ।
Dr Mohan Nagar: ये बहुत बहुत अद्भुत कविता है .. इसलिए तो वार्ता में है .. हमें प्रतीकों में लिखने की छूट है .. लिखना चाहिए .. पर अवैज्ञानिकता से बचते हुए  । और बहुत गहराई से पाठ कर लगा कि ये बेहतरीन है पर इसका सर्वश्रेष्ठ होना शेष है अभी
 Rajendr Shivastav Ji: मेरी ओर से भी  बधाई स्वीकारें सुरेन जी।
पहली बार आपकी कविताएँ पढ़ने का अवसर पाया है।
मेरी समझ और सोच की पहुँच से तीन पायदान ऊपर।
किंतु कुछ कविता से कुछ प्रतिक्रियाओं से भाव समझने में सफल सा हुआ।
निसंदेह बिम्ब अनोखे अनछुए और कविता को पूर्णता दे रहे हैं। 
'समझदार को इशारा काफी '
जैसा कुछ कहती, भावपूर्ण कविताएँ ।
ब्रज आज के लिये धन्यवाद ।
Manjusha Man: बहुत सुंदर छोटी छोटी कविताएं। कवी ने इन कविताओं में भावों का पूरा सागर उड़ेल दिया लगता है।
जीवन का हर रंग देखने मिला इन कविताओं में, हर एहसास है इन में।भाषा सरल सहज है। 

कवि को शुभकामनाएं एवं बधाई
Dinesh Mishra Ji: बहुत अच्छी भावपूर्ण कविताएं
सिर्फ़ वही कहा गया
जो ज़रूरी था।
 Naresh Agrawal Sakiba: माफ कीजिएगा मुझे यह सारी कविताएं प्रयोगवाद   से  प्रेरित लगी और अभी  प्रयोग की सफलता की ओर बढ़ती हुई। हलांकि यह दूरी अभी लंबी है। 

 मैं सदैव प्रयोगवाद का पक्षधर रहा हूं और यही प्रयास लोगों के सामने कुछ नया ला सकता है ।

 महाकवि को बधाई नये प्रयोग करने के  लिए, साथ ही शुभकामनाएं भी।

भाई मैं कोई  समीक्षक तो नहीं  हूँ लेकिन जो समझ आया वही लिखा और है वह भी बार बार पढ़ने के बाद।
 Jyotsana Pradeep: आद. सुरेन जी ..आपकी रचनाये पढ़ी, बहुत  अच्छी लगी ,सहज और सरल भाषा में गंभीर भावों को समेंटे है । पिता पर लिखी कविता बहुत बढ़िया लगी साथ ही 10 वी कविता 
छले जाने का के पड़ाव..........

अनोखी!!!

शुभकामनाओं के साथ🙏

 Chandrashekhar Ji: सुने-पढ़े विषयों पर मौलिक शैली की होने से विशिष्ट कवितायेँ हैं सुरेन जी की। उनकी विश्लेषण क्षमता से समूह परिचित है ही, कुछ संकेत कविताओं में हैं जो कवि को इंगित कर रहे थे, कवि का नाम पता चलने के मुझे ऐसा लगा। सुरेन जी बधाई🌷





 [

 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने