Saturday, June 11, 2016

“हंस अकेला रोया “

सिनीवाली का कहानी संग्रह ,


 प्रकाशक... बोधि प्रकाशन
************************

आठ कहानियों का संग्रह ,जिसमे सभी कहानियां आंचलिक भाषा बोली और ग्रामीण परिवेश से सहज ही पाठकों को मोह लेती है |मूलतः बिहार की  ग्रामीण पृष्ठभूमि पर लिखी गई ये कहानियां वहाँ के सामान्य जनजीवन के मर्म अहसास का सटीक चित्रण है |
संग्रह की प्रतिनिधि कहानी “हंस अकेला रोया “ आर्थिक लाचारी से ग्रसित पुत्र का पिता के अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म के लिए अपनी जमीं को बेच देना , लोकाचार और परिपाटियों के द्वन्द में विवशता का चरम है |
जमीं बेचना ,बेटी बेचना  ....दोनों बराबर ही तो होता है |
जमीं की मिटटी से आती जलती हुई लाश की बदबू ...जैसे विपिन के अरमानो की लाश उस मिटटी में जल रही हो | विपिन की  बेबस मनस्थिति का बखूबी चित्रण  किया लेखिका ने इस कहानी में |
इसी कहानी में  रिश्तेंदारो के  अहं के छल  -दल का भी खूब विवरण किया गया |सहानुभूति के चन्द आँसू देकर वो कैसे  सामने वाले का विवेक कब्ज़ा लेते है ,शायद यही पर उनके असली चरित्र का परिचय मिलता है |


' हंस अकेला रोया ' की समीक्षा शेखर सावंत जी के द्वारा 
Shekhar Sawant जी की नजर में ' हंस अकेला रोया '
जुलमिया काका , सगुनिया काकी और ढिबरिया जैसे लोकप्रिय व्यंग्य-पात्रोंके माध्यम से सामाजिक विद्रूपताओं की कलई खोलनेवाली तथा संवेदना के स्तर पर मनुष्यता की पड़ताल करनेवाली भावप्रवण आंचलिक कहानियों की कथाकार सिनीवाली अब किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं ।
कुछ ही दिनों पहले आया उनका कथा-संग्रह
" हंस अकेला रोया " अभी चर्चा में है । वर्तमान में जब अधिकांश कथाकारों की कहानियाँ शहरी पृष्टभूमि पर आधारित होती हैं सिनीवाली अपनी कहानियाँ ग्राम्य-जीवन के लोकमानस से उठाती हैं । इसलिए उनकी कहानियों में आंचलिक शब्दावली की भरमार है । यही आंचलिकता उनकी कहानियों को महत्वपूर्ण बनाती है । इस संग्रह में आठ कहानियाँ हैं जिन्हें पढ़ते हुए अनायास आंचलिक कथा-सम्राट रेणु याद आते हैं और साथ ही याद आते हैं खेतों-खलिहानों-किसानों पर कविताएँ लिखनेवाले महान कवि केदारनाथ अग्रवाल जी ।
संग्रह की पहली कहानी " उस पार " एक ऐसे मामूली किसान बदरी बाबू के घर की कहानी है जहाँ उनकी पतोहू पड़ोस की महिलाओं के चढ़ाने-बढ़ाने पर घर में कलह करते हुए घर के माहौल को विषाक्त कर देती है ।
दूसरी कहानी " सिकड़ी " स्त्री के और जेवर-प्रेम पर आधारित कहानी है जिसे बहुत ही कुशलता के साथ कथाकार सिनीवाली ने दर्शाया है । कहानी अंत तक उत्सुकता से भरी रहती है ।
तीसरी कहानी " हंस अकेला रोया " संग्रह की सबसे महत्वपूर्ण कहानी कही जा सकती है । ग्राम्य-परिवेश में रचित इस कहानी में कथाकार ने श्राद्ध-भोज जैसी खोखली परंपरा की विद्रूपताओं की कलई खोली है ।
एक तरफ कथाकार ने डोम , नाई , धोबिन , कुम्हार , पंडित , महापात्र आदि की अनुचित मांगों को दर्शाया है दूसरी तरफ गांववालों की शातिराना सलाहों की ओर भी इंगित किया है । यह कहानी अपनी कथावस्तु और संवेदनात्मक बुनावट के कारण हिंदी कथा-संसार में मील का पत्थर साबित होगी ।
चौथी कहानी " आँखों देखा हाल " क्रिकेट के खेल से पगलाए-बौराए देश में एक गांव के क्रिकेट प्रेमी किशोरों की कहानी है जो एक परती खेत को खेल का मैदान बनाते हैं । ईंट का विकेट , लकड़ी का बैट और मौजे को गोलिया कर बनाये गए गेंद से क्रिकेट खेला जाता है । पडोसी गांव से मैच के दौरान जमकर मारपीट होती है । इस कहानी में सिनीवाली का
' सेंस ऑफ ह्यूमर ' देखते ही बनता है ।
पांचवीं कहानी " नियति " एक भ्रष्ट और चरित्रहीन ससुर राधेश्याम पंडित की कहानी है जो अपनी बहु पर बुरी नज़र रखता है । एक रात ससुर के बलात्कार के कारण वह गर्भवती हो जाती है । सास को इस घटना का उतना दुःख नहीं है जितना यह जानकर कि बहु के गर्भ में पल रहा बच्चा लड़की है । सास को भी वंश चलाने के लिए एक लड़का चाहिए । सास बहु का पेट गिराना चाहती है लेकिन बहु पाप के इस फल को इसलिए जन्म देना चाहती है कि वह लड़की है ।
अजीब कश्मकश की कहानी है यह । कथाकार सिनीवाली ने इस कहानी का चित्रांकर बहुत ही सम्हलकर किया है और सफल रही हैं ।
छठी कहानी " घर एक आत्मकथा " घर की महत्ता दर्शाने वाली कहानी है ।
सातवीं कहानी " विसर्जन " ग्रामीण परिवेश में धार्मिक आयोजनों की आड़ में विभिन्न टोलों के बीच वर्चस्व की लड़ाई की कहानी है ।
आठवीं कहानी " चलिए अब " को कथावस्तु और चित्रांकन के आधार पर मैं संग्रह की दूसरी महत्वपूर्ण कहानी मानता हूँ । कहानी एक ऐसे सज्जन पुरुष परमानन्द बाबू की है जिनकी एकमात्र बेटी दुर्घटना में मर चुकी है तत्पश्चात पत्नी भी स्वर्ग सिधार गयी है । अब वे अकेले हैं और उनकी संपत्ति पर घर के अन्य सदस्यों की नज़र है जिनमें मुख्य रूप से उनकी शादीशुदा भतीजी जो मायके में ही रहती है तथा छोटे भाई की पत्नी शामिल है । दोनों संपत्ति के लोभ में उनकी सेवा करना चाहती है । एक किरदार उनका नौकर दामोदर है जो निःस्वार्थ भाव से उनकी सेवा करता आया है । लेकिन अब वह नौकरी छोड़ चुका है और यदा-कदा उनसे मिलने आता है । दामोदर उनकी दयनीय स्थिति देखकर उन्हें अपने घर लेकर चला जाता है । यह कहानी पढ़ते-पढ़ते गला रुंध जाता है । इस कहानी में कथाकार ने मनुष्य के अंतहीन लोभ-लालच को बहुत ही सफलतापूर्वक दर्शाया है ।
कथाकार सिनीवाली की कहानियाँ कथावस्तु , शिल्प और भाषिक-संरचना की दृष्टि से सर्वोत्कृष्ट कहानियाँ हैं । आशा है वे ऐसी ही उच्च कोटि की कहानियों से हम पाठक को रूबरू कराती रहेंगी ।
मैं सिनीवाली के उज्जवल साहित्यिक भविष्य की कामना करता हूँ और उनकी पुस्तक " हंस अकेला रोया " के लिए उन्हें बधाई देता हूँ ।

*****************************************************


उस पार ,सिकड़ी ,आँखों देखा हाल ,नियति ,घर : एक आत्म कथा ,विसर्जन ,चलिए अब ....
सभी कहानिया बिना रुके अपने को पढवाने की क्षमता रखती है ,यही कहानी की सफलता है |


संग्रह की एक कहानी यहाँ प्रस्तुत है ...
“विसर्जन “

***********

आज की रात -----आज की रात, बजरंग कला परिषद की ओर से एक महान सामाजिक नाटक का आयोजन होने जा रहा है। भाइयों और बहनों -----हजारों हजार की संख्या में आकर इस नाटक को सफल बनावें। आज की रात -----आज की रात------देखना न भूलें-----ये आवाज आज दोपहर से ही गाँव में लाउडस्पीकर से गूँज रही है। इस एनाउंसमेंट के साथ खूब धूम-धड़ाके वाला फिल्मी गाना बजने लगता है, जिससे गाँव का माहौल और भी मेलामय    हो गया है।
आज दीघापुर गाँव में दशहरा के नवमी के दिन मेला के साथ साथ नाटक हो रहा है।" कलयुग के देवता " की आवाज पूरे गाँव में गूँज रही है। हर गली, चौराहे से गुजरती हुई आवाज घर-घर तक जा रही है।
भाइयों और बहनों, आज की रात -----देखना न भूलें ------कलजुग का देवता -----। लाउडस्पीकर से और जोर जोर से एनाउंसमेंट होने लगा। मोहन दा------मोहन दा, आप जहाँ कहीं भी हों, जल्द से जल्द ग्रीन रुम में आने का कष्ट करें। फिर सलाम-ए-इश्क गाना बजने लगता। गाने की आवाज कम करके दूसरी घोषणा गूँजने लगती, राकेश, राकेश तुम जहाँ कहीं भी हो, जल्द से जल्द ग्रीन रुम में आने का कष्ट करो, अब नाटक कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। पर सभी अंदाजा लगा रहे थे कि नाटक शुरू होने में अभी देरी है। ऐसा एनाउंसमेंट बहुत पहले से ही होने लगता है ताकि नाटक का माहौल बनाया जा सके।
स्टेज के आगे बड़े से मैदान में नाटक देखने वालों की भीड़ लग चुकी थी और मेले में मिठाइयों की दुकान, पान की दुकान, चाट-पकौड़ी, गुपचुप और मीना बाजार यानी श्रृंगार की दुकानों से भीड़ खिसक कर नाटक के स्टेज के पास जमा हो गई।
नाटक देखने वाले दर्शक भी तरह-तरह के होते हैं। कुछ लड़के जो नाटक देखने के बहाने केवल लड़कियां देखने आते हैं। उनकी नजर नाटक पर कम, इधर-उधर ज्यादा रहती है। कुछ लड़के सिर्फ हुड़दंग मचाने ही आते हैं। बहुत कम ही लोग केवल नाटक देखने आते हैं। कुछ लोग इसलिए भी आते हैं क्योंकि उनके यार दोस्त नाटक में पार्ट कर रहे होते हैं। बड़े बुजुर्ग तो खैर कम ही होते हैं नाटक देखने वालों में। और हाँ, महिलाएं भी नाटक देखने आती हैं पर उनकी रुचि नाटक में कम गप्प मारने में ज्यादा होती है। कुछ महिलाएं तो बजाप्ता अपनी आस पड़ोस के गाँव वाले  संबंधियों को बुलावा भेज कर इस अवसर का सदुपयोग मिलने जुलने और संबंधों को तरोताजा करने के लिए करती हैं। पर दर्शकों में अधिकांश लड़के लड़कियां ही होती हैं।
वो लड़कियां जो कॅालेज से नया नया फैशन सीखकर आई हैं, उन्हें आजमाने का अच्छा मौका मिल जाता है और जो लड़कियां गाँव में ही रह गई होती हैं वो उन्हें कोसती और भीतर ही भीतर उनसे ईर्ष्या करती हुई दुखी होती हैं कि शहर जाकर टटका फैशन नहीं सीख पाई।
सभी अपना जगह लेकर बैठ गए, तो बहुत लोग खड़े भी रह गए। जगह मिलना आसान नहीं होता, जरूरत पड़ने पर हील हुज्जत भी करना पड़ता है। कोई ईंट लेकर बैठा। कोई कई माथों के बीच से किसी तरह अपना माथा घुसा कर तो कई लोग एड़ियों पर ऊचक ऊचक कर तो कई ठेलमठेल करके भी नाटक देखने को तैयार हैं।
स्टेज रौशनी से जगमगाने लगा। नीले रंग के किनारे वाला लाल परदा स्टेज पर गिर गया है। परदे के पीछे से थोड़ी थोड़ी देर में नाटक के करता धरता बाहर निकल कर भीड़ देख लेते और माईक से इतना जरूर बोल देते, आप लोग शांति बनाए रखें-----नाटक बस शुरू ही होने वाला है। इसी बहाने ये लोग जता देते कि वे मामूली नहीं हैं, बल्कि संचालक मंडल के महत्वपूर्ण सदस्य हैं।
लाउडस्पीकर में रह रह कर कोई पुराना गाना बज रहा है। उसकी धुन पर कुछ दर्शक अपने माथे से तो कुछ सशरीर थिरक रहे हैं।
हेलोजन लाइट भी स्टेज के आगे ऐसे रखा गया है कि इसके लाइट से नाटक और प्रभावशाली हो जाए। लाइट में लाल, पीला, हरा, बुल्लू पन्नी लगा दिया गया है जो नाटक में तो काम करेगा ही पर डांस शुरू होते ही लाइट अपना असली काम करेगा।
नाटक अब बस शुरू ही होने वाला है। इसके पहले बस इतना बताना चाहेंगे कि ये नाटक पूर्वी टोला वाले करा रहे हैं। ये गाँव तीन टोले में बँटा है। पूर्वी टोला दशहरा में तीन दिन चलने वाले मेला और नाटक की जिम्मेदारी लेता है। पश्चिम टोला वाले दिवाली में लक्ष्मी जी की मूर्ति बैठाने की जिम्मेदारी लेता है और गद्दी टोला छठ पूजा में सूर्य भगवान की मूर्ति बैठाने के साथ घाटों के सजाने और व्यवस्था करने की।
ये पूर्वी टोला का आयोजन था। इस टोले वालों की छाती पहले से ही चौड़ी हुई जा रही थी कि इस बार नाटक के साथ ऐसा डांस होगा कि पूरा गाँव देखता रह जाएगा। पर संचालक लोग इस बात को लेकर भी सचेत थे कि पिछले साल की तरह इस बार भी कोई तमाशा न हो, किसी भी हाल में नाटक संपन्न हो जाए। इसलिए पिछली बार जिसने मंच संभाला था उसकी जगह दूसरे संचालक रखे गए जो अपनी बात सबके सामने अच्छे ढंग से रख सकें।
आखिर नाटक शुरू हो गया। सबसे पहले पात्र परिचय दिया गया फिर सीटी बजने के साथ ही परदा गिर गया। फिर नाटक का पहला सीन परदे के उठने के साथ ही शुरू हो गया। नाटक, देख तो सभी रहे थे पर सबको नाटक के बीच बीच में होने वाले डांस का इंतजार था। सुना है इस बार बहुत खरचा किया गया है डांस पर, बंगाल से डांसरों को लाया गया है। नाटक के दो दृश्य के बाद ही डांस शुरू हो गया, एकदम नयका गाने पर---चिकनी चमेली। लाल पीली हरी लाइट भी भुकभुकाने लगी--जगमगाने लगी, कभी रौशनी गोल गोल घूमती तो कभी पानी का भ्रम पैदा करती, कभी तेजी से तो कभी स्थिर हो अपना रुप बदल लेती। हल्ला होने लगा तालियां बजने लगी, सीटी बजने लगी, सब झूमने लगे।
कुछ कच्ची उम्र के लड़के खड़े होकर नाचने भी लगे। इस समय दर्शक थोड़ी देर के लिए अपने आप को हीरो और हीरोइन से कम नहीं समझते। डांस खूब जमा और उसके खत्म होते ही तालियों की गड़गड़ाहट ये बता रही थी कि दर्शकों को डांस का ये आइटम खूब पसंद आया।
संचालक महोदय ने सबका धन्यवाद किया और शांति बनाए रखने की अपील की। इस बीच उन्होंने शेरोशायरी का भी दर्शकों को रसास्वादन करवाया। भीड़ से फरमाइशी गाने पर डांस का चिट्ठा आया। संचालक महोदय ने चिट्ठे को गौर से देखा फिर डांस की अनुमति दे दी।
फिर तो जोर जोर से तालियां बजने लगी और लगातार दूसरे गाने पर डांस हुआ। गाना खत्म होते ही पश्चिमी टोले के एक लड़के ने भीड़ के बीच से उठकर फरमाइशी डांस का कागज दिया। संचालक महोदय ने इसे बड़े गौर से देखा। पर इस बार डांस के लिए हाँ नहीं कहा क्योंकि कागज में द्विअर्थी भोजपुरी गाने की फरमाइश थी। माँ बहनों के बीच इस तरह के गानों पर नाच करना उचित नहीं था और इससे नाटक मंडली का स्तर भी गिरता। इसलिए संचालक महोदय ने कहा, हम ये फरमाइश पूरी नहीं कर सकते हाँ कोई और गाना है तो -----।
बात पूरी होने के पहले ही भीड़ से उठकर पश्चिमी टोले के एक दूसरे लड़के ने गरजना शुरू कर दिया, अच्छा  तुम्हारे टोला वाला बोला तो तुरंत नचा दिया-----हम कह रहे हैं तो बहाने बना रहे हो। उसके पास बैठा रमेश भी ताव में आकर बोलने लगा, क्या हम किसी से कम चंदा देते हैं-----फिर हमारे साथ ऐसा क्यों-----क्या हमारा कोई भैलू नहीं है-----खाली तुम्हीं लोगों का भैलू है, काहे की तुम लोग नाटक करा रहे हो।
इस बीच एक तीसरे लड़के ने भी हल्ला करना शुरू कर दिया, साले, हमको इगनोर मारते हो----- बहुत भचर भचर करते हो-----इसीलिए तो पिछले साल नाटक पूरा नहीं कर पाए।
ये सब सुनकर पूर्वी टोला वाले लड़कों का खून गरम होने लगा। इनमें से एक ने  हल्ला करने वाले लोगों के पास जाकर बोला, साले देखना है तो मुँह बंद कर के देखो नहीं तो अभी बता देंगे।
पश्चिमी टोले वाले पूरे दल बल के साथ नाटक देखने आए थे। लंबे चौड़े कद काठी वाले कई लड़के थे। सब का खून खौलने लगा। दोनों के बीच गरमा गरमी बढ़ने लगी।
पूर्वी टोला वाले राकेश ने रमेश का कॅालर पकड़ कर कहा, क्या बोला रे-----क्या दिखा देगा-----लगता है मुझे पहचानते नहीं हो। रमेश अपना कॅालर छुड़ाते हुए बोला, हाँ-----हाँ-----खूब पहचानते हैं-----कितना दम है, ये भी जानते हैं। अपनी उंगली दिखाते हुए बोला, जो भी करना है कर लेना। इतना सुनते ही राकेश ने उसे दो चार तमाचे खींच दिया। फिर तो शुरू हो गया, ले लात कि दे लात, घुस्सा-मुक्का, उठा पटक और माय बहन, किसी भी गाली की कमी नहीं रही।
संचालक समिति के बात संभालने के पहले ही बात हाथ से निकल गई और नाट्य स्थल, युद्ध स्थल में बदल गया। लाउडस्पीकर से शांत रहने की अपील होती रही पर इस भगदड़ में कौन सुनता। लड़कियां और औरतें, बच्चे सभी इस अकस्मात घटना से घबड़ा कर  घर जाने लगे।
इधर नाटक मंडली ने आनन फानन में  अंतिम दृश्य की घोषणा कर दी क्योंकि उन्हें भी पता था कि अब कितने दर्शक बचे रहेंगे। बस नाटक के नाम पर खानापूर्ती हो जानी चाहिए।
इस तरह इस साल भी पिछले साल की तरह नाटक पूरा नहीं हो पाया।
पूर्वी टोला वालों का गर्व से माथा ऊँचा कर घूमने का मौका हाथ आते आते निकल गया, पिछले बरस की तरह।
सुबह होकर पूर्वी टोला वाले जो नाटक से जुड़े थे उनका मीटिंग हुआ, बंद कमरे में। जो कल रात ग्रीन रुम था आज मीटिंग रुम बन गया। जिन्होंने लगातार कई महीनों से रिहलसल किया था वो अपनी कला सबको नहीं दिखा पाए, अपने हुनर का लोहा नहीं मनवा पाए, तालियां बटोरने की आस अधूरी रह गई, वो भीतरे भीतर कितने गुस्से में फनफना रहे होंगे, इसका अंदाज पाठक आसानी से लगा सकते हैं।
जो तैयारी करवा रहे थे, कई महीनों से नाटक से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रुप से जुड़े थे, गुस्सा तो सबको था कि एक तो मेहनत गई और दूसरा पूरे गाँव में सालभर माथा ऊँचा करके चलने का मौका हाथ से चला गया।
राकेश सबके बीच से उठकर बोला, कुछ नहीं मोहन दा, ये सब साजिश है पश्चिम टोले वालों का-----नाटक के बीच में ही लड़ाई लाद देंगे ताकि नाटक पूरा ही नहीं हो और उनका लक्ष्मी पूजा वाला परोगराम हमसे अच्छा हो जाए।
कुर्सी पर बैठे बैठे बनवारी दा बोले, हाँ--जगहंसाई कराना ही इनका काम है, तभी तो भोजपुरी गानों की फरमाइश की जो हम नहीं बजा सकते। दर्शकों में बाल बच्चे, जनानी भी तो रहते हैं, उनका  ध्यान भी तो रखना पड़ता है। सभी अपने अपने विचार दे रहे थे। कम उमर वाले जो लड़के थे, उन लोगों का कहना था कि उन लोगों की ऐसी मरम्मत की जाए कि इ हरकत इस जन्म में तो क्या अगले जन्म में भी नहीं करेगा।
नया खून निर्णय लेने से पहले अधिक सोचता नहीं, वो बस किसी भी हाल में जल्दी से निर्णय कर देना चाहता है।
इस नाटक मंडली के सर्वेसर्वा त्रिलोचन बाबू अपनी सूझबूझ के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सबको यह कहकर समझाया कि जब रास्ता दूसरा भी है सबक सिखाने का तो फिर अपने माथे पर कलंक क्यों लिया जाए। सब आश्चर्य से उनका मुँह ताकने लगे और सोचने लगे कि ये कैसे हो सकता है कि साँप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे। बबलू, जो नाटक में लड़की बनने वाला था, उसकी बदले की भावना और बलवती हो गई, बोला, काका, इनको लतियाने का और कौन सा तरीका है ?
त्रिलोचन बाबू इन सब बातों से असहमत होते हुए बोले, जब भगवान ही रास्ता बना रहे हैं तो फिर------
त्रिलोचन बाबू के आँखों की चमक और तिरछी मुस्कुराहट का अर्थ अब सब समझ रहे थे।

➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕

दशहरा खत्म होने के कुछ दिन बाद ही दिवाली आ गई। अभी तक वातावरण में दुर्गा पाठ और रामायण पाठ का असर बचा ही था कि दीयों की जगमगाहट से घर द्वार गाँव झिलमिलाने के लिए तैयार हो गया।
प्रकाश और समृद्धि का पर्व दिवाली पश्चिमी टोला वाले खूब बढ़ चढ़ कर मनाते हैं। इस बार भी उन लोगों ने खूब हुमच कर चंदा किया। जो कमी रही अपनी जेब से भी लगाकर धूमधाम से लक्ष्मी जी और गणेश जी की मूर्ति बैठाई। एकदम बड़का पंडाल लगाया। गाँव घुसते ही दूर से ही सजावट दिखाई दे रही थी। सड़क के किनारे किनारे रंग बिरंगा जुगनू बल्ब, जो सांझ होते ही भुक भाक भुक करने लगता। लाउडस्पीकर पर भोर को भजन और उसके बाद दिन भर, आधी रात तक फिल्मी गाने, बज रहा था। सजावट में कहीं कोई कसर नहीं छोड़ी, क्योंकि पूरे गाँव में ये आयोजन इनके इज्जत की बात थी। महीनों तक कहा जाएगा कि मूर्ति बैठाया तो पश्चिम टोला वालों ने। इसके आगे सबका आयोजन फीका, ये सोच कर ही कितना अच्छा लगता है जब तुलना करते हुए विपक्षी उन्नीस और हम बीस साबित होने लगते हैं। बीस साबित होने के लिए लक्ष्मी पूजा समीति वालों ने लड्डू भी खुले हाथों से खूब बाँटा। जो भी मूर्ति के दर्शन करने आता, घूम घूम कर सजावट देखता और फिर खुले दिल से बड़ाई भी करता।
पंडाल के पास पूरा गाँव आ रहा था तो पूर्वी टोला वाले भी और नाटक मंडली के सदस्यों को भी आना ही था। राकेश भी अपने एक दोस्त के साथ गया। राकेश मन ही मन सोच रहा था कि यदि वह नहीं जाता तो लोग समझते कि डर के कारण वह नहीं आया। राकेश के आते ही लक्ष्मी पूजा समीति वाले लड़कों ने उसे बड़े प्यार से अपने साथ बैठा लिया।
सबके साथ बैठ कर राकेश धीरे धीरे सहज हो गया। बातों ही बातों में उसने मनोज से जो बहुत बढ़चढ़ कर लक्ष्मी पूजा में भाग ले रहा था, कहा, यार--बड़े धूमधाम से पूजा कर रहे हो-----लगता ही नहीं कि हम ये सब अपने गाँव में देख रहे हैं-----ये तो शहर को भी मात कर रहा है। ये सुन कर मनोज की छाती और चौड़ी हो गई। उसने राकेश को तिरछी नजर से देखते हुए बोला, क्या यार-----हम चंदा का पैसा नहीं मारते -----कम बेसी होने पर अपने घर से भी लगा देते हैं। कनखी मारते हुए फिर वो बोला, ये सबके बस की बात नहीं है। बोलते बोलते अंतिम शब्द को आधा मुँह के भीतर ही रख लिया। ऐसे शब्द और अधिक शक्तिशाली हो जाते हैं, द्विअर्थी, त्रिअर्थी, और न जाने कितने अर्थ हो जाते हैं।
राकेश तो ये कटाक्ष समझ गया। उसका खून खौलने लगा पर वह चुप रहा। मुँह तक गालियों की बौछार आई, नसें फड़फड़ाई, फिर भी इस हालत में उसकी चुप्पी ही अधिक बलवती निकली।
पूरे गाँव में चर्चा का विषय बन कर ये आयोजन पूरा हो गया। अब विसर्जन की तैयारी होने लगी। बहुत नामी आर्केस्ट्रा आ रहा है। यहाँ भी खूब जमकर डांस होगा। किस गाने पर कौन अच्छा नाचता है  ? बीच गाँव में जहाँ भीड़ अधिक रहती है वहाँ किस गाने पर नाचना है ? जहाँ भीड़ कम होती है वहाँ तो नागिन डांस से भी काम चल जाएगा। पर सबसे ज्यादा जरूरी बात, जिस घर में सुंदर और संख्या में लड़कियां हैं, वहाँ तो सबसे अच्छा डांस तो होना ही चाहिए। पर मंडली में इस बात की सभी को ताकीद कर दी गई कि दारु कोई भी नहीं पीयेगा, हाँ रात में जिसका जितना जी चाहे, अध्धा, पौआ सब मिलेगा पर दिन में नहीं। समिति की बदनामी का डर था। जब सब कुछ इतना अच्छा से हो रहा है तो अंत में गुड़ गोबर नहीं होना चाहिए न और सब ने अपनी हाँ में अपनी सहमति दे दी।
तैयारी पूरी हो गई जो एक गाँव में हो सकता था पर शनिचर आ जाने से विसर्जन टल गया।

➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕➕

और उसी दिन छठ पूजा शुरू हो गई।
गद्दी टोला इस पूजा का सर्वेसर्वा था। उन्हीं के जिम्मे सूर्य भगवान की मूर्ति बैठाने की और चार दिनों के आयोजन का था। हर साल की तरह तैयारी तो इन्होंने भी की थी। सूर्य भगवान और सात घोड़ों की मूर्ति, लक्ष्मी जी और गणेश जी की मूर्ति से मुट्ठी भर बड़ा ही था क्योंकि देखने वाले मूर्ति की भी तुलना करते हैं। जितना संभव हुआ सजावट भी किया। पताका और चायनीज बल्ब से इन्होंने भी सजाया सड़क पर से ही।
पर समस्या ये थी कि लक्ष्मी पूजा वाला रौनक इनसे पार नहीं लग रहा था। एक कारण ये भी था कि दशहरा और दिवाली चंदा और पर्व त्योहार में खर्चा हो जाने से गाँव वालों का हाथ छठ पूजा  के चंदा में थोड़ा कसा गया और चंदा कम होने से आयोजन में तो असर पड़ता ही है।
छठ पूजा वाले मन ही मन लक्ष्मी पूजा वालों से अपनी तुलना कर रहे थे। हालांकि वो ये पता नहीं लगने दे रहे थे पर अपने आप को कमतर तो महसूस कर ही रहे थे।
इस भावना को त्रिलोचन बाबू अच्छी तरह से समझ रहे थे या इसी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वो भी पता नहीं लगने देना चाह रहे थे कि वो इस बात को भाँप रहे हैं।
आज छठ का पहला दिन था। त्रिलोचन बाबू नहा धोकर गद्दी टोला के सूर्य नारायण की मूर्ति के दर्शन करने के लिये आए।
चहलपहल थी, वहाँ लोग आ जा रहे थे। रास्ते में मिलने वाले उन्हें प्रणाम करते, वो भी प्रणाम करके सबका हालचाल पूछ लेते। मूर्ति से थोड़ा हटकर चन्दर बाबू भी घूम घूम कर व्यवस्था देख रहे थे कि सामने मिलते ही त्रिलोचन बाबू को उन्होंने प्रणाम किया। त्रिलोचन बाबू भी बड़ी आत्मीयता से मिले। हालचाल पूछा, कुछ इधर उधर की बातें की और बड़ी ही सावधानी से वो बात कह दी, जो कहने आए थे, कि हद हो गई-----अब पूजा पाठ लोग भगवान के लिए नहीं अपने लिए करते हैं और अपनी इज्जत प्रतिष्ठा से जोड़ देते हैं।
तुलना करते करते और अपने को कम आंकते आंकते चन्दर बाबू क्षुब्ध तो थे ही, आशंकित भी थे। त्रिलोचन बाबू के मुँह से ये सुनते ही उनकी आशंका तेजी के साथ बाहर झाँकने लगी और घबड़ा कर पूछने लगे, कुछ हुआ क्या  ? फिर अपनी हालत उनके सामने जाहिर न हो जाए इसलिए अपने को संभालते हुए बोले, हाँ भाई-----अब पहले वाला जमाना नहीं रहा-----थोड़ा सा----- लोग कुछ कर लेते हैं और देह ऐंठ कर चलने लगते हैं-----अपने आगे तो रत्तीभर भी किसी को कुछ नहीं समझते।
त्रिलोचन बाबू को भी लगा कि तीर ठीक निशाने पर लगा है तो वो भी हाँ में हाँ मिलाकर बोलने लगे, वही तो मैं कह रहा था। सुना है आज लक्ष्मी जी का विसर्जन वो लोग कर रहे हैं। अच्छी बात है पर-----कुछ क्षण चुप रह कर फिर बोले, शायद इसी रास्ते ले जाएंगे। अपनी छाती पर हाथ रखते हुए बोले, मैंने कहलवाया भी कि छठ पूजा का सजावट जो इतना भव्य हुआ है उससे डीजे या कुछ और टकरा कर सजावट खराब कर सकता है, पर अपने घमंड में चूर कोई सुने, तब ना-----। सजावट को  बड़े गौर से देखते हुए त्रिलोचन बाबू बोले, वैसे आपने भी कम खर्च नहीं किया है-----पिछले साल तो सड़क किनारे ही सजावट था पर इस बार तो ऊपर भी खूब सजाया है, बहुत सुंदर -----बहुत अच्छा। ऊपर की ओर थोड़ी देर हवा में हिलते डुलते पताका और बल्ब को वो देखते रहे।
कुछ देर तक विषय बदल कर कुछ और बातचीत हुई। फिर त्रिलोचन बाबू वहाँ से चले गए। पर असली बात जो चन्दर बाबू के दिमाग में देने आये थे, वो देकर गए। इस तरह चन्दर बाबू के साथ  समीति से जुड़े अन्य सदस्यों का ध्यान अपनी पूजा के आयोजन से हटकर लक्ष्मी जी के विसर्जन पर चला गया।
उधर राकेश को छोड़कर बजरंग कला परिषद के अन्य सदस्य विसर्जन से पहले अपनी अपनी भूमिका निभाने चले गये। राकेश को इसलिए बाहर रखा गया कि  बार बार राकेश के जाने से शक की संभावना थी, पर वो दूर से ही अपनी नजर रखे था।
विसर्जन के दिन त्रिलोचन बाबू के छठ पूजा  के पंडाल से लौटने के बाद निर्धारित योजना के अनुसार खंजन,  राजकुमार और दो लड़के लक्ष्मी पूजा के पंडाल की ओर चले गए। किशन, जो की लक्ष्मी पूजा समीति का सक्रिय सदस्य था, उम्र यही कोई २०-२२ बरस के आसपास होगी, वो जोर जोर से मोबाइल पर डीजे के आने का समय पता कर रहा था। ये भी कह रहा था कि किसी भी हाल में १ से २ बजे के बीच आ जाना चाहिए। पलट कर देखा तो खंजन, राजकुमार खड़े थे।
किशन ने भी मौके का फायदा उठाते हुए विसर्जन के समय होने वाली भव्य तैयारी की चर्चा शुरू कर दी, साथ ही अपने को खास दिखाने के लिए अपनी व्यस्तता भी दर्शाने लगा। यार, क्या बताऊँ-----दम मारने तक का टैम नहीं है-----व्यवस्था संभालना बच्चों का खेल नहीं है-----एक एक चीज का इंतजाम करना पड़ता है-----कितनी मुश्किल से ये डीजे मिला है। मुँह पर चमक लाते हुए, हाँ थोड़ा खर्चा अधिक करना पड़ा-----पर हम लक्ष्मी जी के नाम पर कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते।
किशन आगे कुछ और बोलने ही वाला था कि खंजन पंडाल के चारों ओर नजर घुमाते हुए बोला, ठीक कह रहे हो यार-----कसर तो कुछ भी नहीं छोड़ी-----विसर्जन भी धूमधाम से कर रहे हो-----देखने वाले तो आँखें फाड़कर देखते ही रह जाएंगे।
राजकुमार किशन के कंधे पर हाथ रखते हुए बोला, अरे कितने बजे चलना है-----बताना-----हम भी चलेंगे-----चलेंगे क्या-----हमारे घर के रास्ते से ही तो जाओगे-----वहीं साथ हो लेंगे।
खंजन ने सही समय पर बात छेड़ी, क्यों-----क्या हनुमान जी के मंदिर वाले रास्ते से नहीं जाओगे-----गंगा जी तो उधर से ही नजदीक हैं।
राजकुमार ने बात मरोड़ी, कैसे जाएगा उधर से-----छठ पूजा वालों ने मना जो कर दिया है। ऐलान कर रखा है उनलोगों ने कि अगर इस रास्ते से विसर्जन हुआ और सजावट में थोड़ा सा भी इधर-उधर हुआ तो छोड़ेंगे नहीं-----वहीं पर सबको गाड़ देंगे।
एक तो ऐलान शब्द अपने आप में ही युद्ध की घोषणा करने वाला शब्द है, ऊपर से वहीं गाड़ देंगे-----ये सुनकर तो किशन तमतमाने लगा। राजकुमार और खंजन ने बातों का पेट्रोल भी खूब अच्छी तरह से डाला और आग भभक पड़ी।
किशन को तमतमाया देख आसपास विसर्जन की तैयारी में लगे लोग सब काम छोड़कर इकट्ठे होने लगे। किशन गरज रहा था, क्या कर लेगा छठ पूजा वाला-----जान से मार देगा, अरे हम किशोरबा, नवीनमा सबको चीन्हते हैं-----एक एक को जानते हैं-----गीदड़भभकी, किसको दे रहा है-----हमको। फिर जमा भीड़ को देखकर बोला, हमसे भिड़ेगा-----हमसे-----साले पर सनीचर चढ़ गया है-----जानता नहीं है, हमारे ही मामू के साले यहाँ दरोगा हैं-----सबको भीतर करवा देंगे।
अब तो सबके अंदर क्रोध और लड़ाई की जो भी जरूरी भावनाएं होती हैं, सबके खून के अंदर जोर मारने लगी।
सबसे बड़ी बात थी कि पूरे गाँव में लक्ष्मी पूजा से जो इस टोला का शान बढ़ा था अगर गद्दी टोला वालों के सामने झुक गए तो सब गोबर में मिल जाता। तुरंत मीटिंग बुलाई गई और ये तय किया गया कि चाहे जो हो, मूर्ति उसी रास्ते जाएगी-----मार हो जाए तो हो जाए।
अब विसर्जन की तैयारी से अधिक लड़ाई की तैयारी होने लगी। सभी को कह दिया गया कि तैयारी का समय तो बहुत कम बचा है पर इंतजाम में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जिसके घर लाठी पैना, हॅाकी स्टीक है तुरंत लाने को कहा गया। इन सबके अलावा ईंट पत्थर और हथियार ट्रैक्टर पर मूर्ति के पीछे रखा जाने लगा। सब सदस्य इस बीच लक्ष्मी जी की सौगंध खाकर एक दूसरे को उत्साहित कर रहे थे।
गद्दी टोला वालों को खबर मिल गई कि पश्चिमी टोला वाले इस बार लक्ष्मी पूजा में कुछ ज्यादा ही उमता गए हैं। इतना भी सोचने को तैयार नहीं हैं कि इस रास्ते से आऐंगे तो हमारा नुकसान हो सकता है। इसका तो साफ मतलब है कि जानबूझकर ही हमसे पंगा लेना चाहते हैं। सुरेश तैश में आते हुए बोला, हाँ सूरो, उ लोग चाहता है-----हमारे पूजा में विघ्न खड़ा करना-----एक पूजा क्या कर लिया, पूरे गाँव को अपना बपौती समझ लिया है। सूरो भी गरमाते हुए बोला, आने दो सालों को-----यहीं सबका विसर्जन कर देंगे-----परमानेंटे भूल जाएगा पूजा करना।
अरे मोतिया, दिनेशवा, हिरवा सबको तैयार करो। उन लोगों के आने से पहले लाठी, डंडा, स्टिक-----जो भी मिले-----जमा करके रखो-----आते ही सबका होश ठिकाने लगा देंगे।
तैयारी तो दोनों ओर से पूरी हो गई। विसर्जन में क्या होगा, इसका अनुमान तो पूर्वी टोला वाले भी लगा रहे थे। पर इतनी जल्दी कुरुक्षेत्र का मैदान तैयार हो जाएगा, इसका अंदाजा नहीं था। त्रिलोचन बाबू ने राकेश से कहा, कहीं बात बहुत बढ़ न जाए -----किसी की जान न चली जाए-----इसलिए पुलिस को खबर कर देते हैं-----वो संभाल लेगी। राकेश बोला, काका, अब कुछ नहीं हो सकता-----पुलिस को अभी खबर करियेगा तो वो सांझ तक आएगी -----पुलिस पर भरोसा करते हैं-----वो कब समय पर पहुँचती है-----तब तक तो जो होना है वो तो हो ही जाएगा।
पश्चिम टोला वाले बाजे गाजे और डीजे के साथ विसर्जन करने निकल गए। जो इन बातों से अनजान थे वो खूब नाच रहे थे, बच्चे भी देह धुनकर नाच में मगन थे। और जो लड़ाई की तैयारी में थे वो चौकन्ने थे पर बाहर वालों को ये बात पता नहीं लगने दे रहे थे।
नाचते नाचते लक्ष्मी पूजा वाले छठ पूजा के सड़क पर आ पहुँचे-----डीजे जोर जोर से गा रहा था, आ देखें जरा, किसमें कितना है दम ।
शेर की तरह वे छठ पूजा के सजावट वाले सड़क में जानबूझकर घुस गए। छठ पूजा वालों ने भी मोर्चा संभाल लिया कि जैसे ही कोई नुकसान हुआ कि ------
योजनानुसार लक्ष्मी पूजा वालों का डीजे लटक रहे झूमर से टकराया, उसके बाद लगातार सड़क के ऊपर में लटके बल्ब, तार, रोलेक्स सब को समेटने लगा। और सब टूट टूट कर गिरने लगा। लाइट टूटते तो सबने देखा पर गिरते बहुत कम ने। क्योंकि सबका ध्यान टूटने पर ही लगा था कि ऐसा कुछ भी होते ही मार शुरू कर दिया जाएगा।

फिर क्या था, छठ पूजा वालों की जोरदार आवाज आई, मारो सालों को। पर ये आवाज डीजे के शोर में कुछ दब सी गई।
नाचने वाले नाच रहे थे और मार शुरू हो गया। कुछ ट्रैक्टर पर उछल कर चढ़ गए। दोनों तरफ से मारामारी चालू हो गया। खींच कर, दौड़ कर, पटक कर, सब कुछ फिल्म के क्लाइमेक्स की तरह हो रहा था। अंत में भगदड़ मच गई। किसी का हाथ टूटा तो किसी का पैर तो किसी का माथा फूटा।
और अगले दिन अखबार में खबर छपी, दीघापुर में वर्चस्व की लड़ाई में ------
 *****************************************
लेखिका :- सिनीवाली शर्मा

परिचय :-

मनोविज्ञान से स्नातकोत्तर, इग्नू से रेडियो प्रसारण में पी जी डी आर पी कोर्स
बचपन से गाँव के साथ साथ विभिन्न शहरों में प्रवास
अभी अभी कहानी संग्रह ' हंस अकेला रोया ' प्रकाशित
परिकथा के 2016 के नवलेखन अंक के लिए चयनित
प्रतिलिपि कथा सम्मान से सम्मानित 
परिकथा, लमही, गाथांतर, दैनिक भास्कर, करुणावती, बिंदिया, आदि पत्र पत्रिकाओं में कहानियाँ प्रकाशित
स्त्रीकाल, लोकविमर्श, लिटरेचर प्वाइंट आदि ब्लॉग पर भी कहानियाँ प्रकाशित
सार्थक इ पत्रिका में कहानी प्रकाशित
अट्टहास एवं विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में व्यंग्य प्रकाशित
नोटनल पर इ बुक प्रकाशित, ' सगुनिया काकी की खरी खरी '
सगुनिया काकी नामक श्रृंखला फेसबुक पर लोकप्रिय 
कहानी संग्रह ' हंस अकेला रोया ' की कहानियों का देशी विदेशी भाषाओं में अनुवाद 
संपर्क सूत्र 
siniwalis@gmail.com
मोबाइल 08083790738

Tuesday, May 31, 2016



उपन्यास अंश 


जयश्री राय  के उपन्यास "दर्द्जा "के कुछ अंश ही दिल को दहलाने की काबिलियत रखते है | सम्पूर्ण उपन्यास एक दस्तावेज है  विशेष जातीय समुदाय में स्त्री पर हो रहे क्रूर  कृत्य का जिसे एक रस्म के नाम से नवाज़ा  गया है |जहां आज स्त्री के कदम अन्तरिक्ष में दस्तक दे चुके है ,वहाँ  स्त्री अभी भी अपने क़दमों  को अमानवीयता की जंजीर से छुड़ाने की जद्दोजहद में लगी हुई है |





दर्दजा
=========
- जयश्री रॉय 



जयश्री रॉय की कृति ‘दर्दजा’ के पृष्ठों पर एक ऐसे संघर्ष की ख़ून और तकलीफ़ में डूबी हुई गाथा दर्ज है जो अफ़्रीका के 28 देशों के साथ-साथ मध्य-पूर्व के कुछ देशों और मध्य व दक्षिण अमेरिका के कुछ जातीय समुदायों की करोड़ों स्त्रियों द्वारा फ़ीमेल जेनिटल म्यूटिलेशन (एफ़जीएम या औरतों की सुन्नत) की कुप्रथा के ख़िलाफ़ किया जा रहा है। स्त्री की सुन्नत का मतलब है उसके यौनांग के बाहरी हिस्से (भगनासा समेत उसके बाहरी ओष्ठ) को काट कर सिल देना, ताकि उसकी नैसर्गिक कामेच्छा को पूरी तरह से नियंत्रित करके उसे महज़ बच्चा पैदा करने वाली मशीन में बदला जा सके। धर्म, परम्परा और सेक्शुअलिटी के जटिल धरातल पर चल रही इस लड़ाई में विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनेस्को जैसी विश्व-संस्थाओं की सक्रिय हिस्सेदारी तो है ही, सत्तर के दशक में प्रकाशित होस्किन रिपोर्ट के बाद से नारीवादी आंदोलन और उसके रैडिकल विमर्श ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है।
                                                                       अपनी समाज-वैज्ञानिक विषय-वस्तु के बावजूद प्रथम पुरुष में रची गयी जयश्री रॉय की कलात्मक आख्यानधर्मिता ने स्त्री की इस जद्दोजहद को प्रकृति के ऊपर किये जा रहे अत्याचार के विरुद्ध विद्रोह का रूप दे दिया है। सुन्नत की भीषण यातना से गुज़र चुकी माहरा अपनी बेटी मासा को उसी तरह की त्रासदी से बचाने के लिये पितृसत्ता द्वारा थोपी गयी सभी सीमाओं का उल्लंघन करती है। अफ़्रीका के जंगलों और रेगिस्तानों की बेरहम ज़मीन पर सदियों से दौड़ते हुए माहरा और मासा के अवज्ञाकारी क़दम अपने पीछे मुक्ति के निशान छोड़ते चले जाते हैं। माहरा की बग़ावती चीख़ एक बेलिबास रूह के क़लाम की तरह है। हमारे कानों में गूँजते हुए वह एक ऐसे समय तक पहुँचने का उपक्रम करती है जिसमें कैक्टस अपने खिलने के लिए माक़ूल मौसम का मोहताज़ नहीं रहता।


अभय कुमार दुबे
          निदेशक, भारतीय भाषा कार्यक्रम, विकासशील समाज अध्ययन पीठ (सीएसडीएस), दिल्ली
************************************************************



दूसरे दिन रात के अंतिम पहर मैं एक बार फिर अनगढ़ पत्थरों के उस स्याह टीले के पास अपनी मां के साथ खड़ी थी और वह कुरुप और डरावनी बंजारन अपनी कालीन के टुकड़ों की पैबंद लगी झोली से तरह-तरह के औज़ार और भोंथरे-नुकीले हथियार निकाल-निकालकर ज़मीन पर तरतीव से रख रही थी. आज हमारे साथ पड़ोस की सामोआ आपा भी थीं. आपा और मां ने मेरे दोनो हाथ दो तरफ से पकड़ रखे थे और मेरे घुटनों में धीरे-धीरे कंपन हो रहा था. पेट के नीचले हिस्से में कुछ घुलाता हुआ. मैं बड़ी मुश्क़िल से सीधी खड़ी रह पा रही थी.

तेज़ी से फैलती रोशनी में मैंने चाकुओं और दूसरे हथियारों पर जमे हुये काले खून के धब्बों को देखा था जिन्हें वह बंजारन औरत जिसे मां जाबरा कहकर सम्बोधित कर रही थीं, अपनी थूक से गीला कर लहंगे से पोंछ रही थी. उसके दोनों हाथ की बड़ी और बीचवाली उंगलियों के नाखून बहुत लंबे थे, मुर्गे के चंगुल की तरह आगे से झुके हुये. उन्हें देखकर मेरे पूरे शरीर में बार-बार झुरझुरी-सी दौड़ जा रही थी.

एक समय के बाद जाबरा ने अपना चेहरा उठा कर मां की ओर अजीब ढंग से देखा था, जैसे कुछ आंखों ही आंखों में कह रही हो और इससे पहले की मैं कुछ समझती या करती, मां और आपा ने मुझे जबरन खींच कर ज़मीन पर लिटा दिया था. मां ने बैठ कर मेरे सर को अपने सीने से लगा लिया था तथा आपा ने मेरे पैरों को दोनों तरफ फैला कर उनपर मां के पैर चढ़ा दिये थे. मां ने भी झट पूरी ताक़त से मेरे पांव अपनी हड़ियल जांघों से चांप दिये थे. इस बीच आपा ने पीठ की तरफ से मेरी दोनों बांहों को मोड़ कर सख़्ती से पीछे की तरफ से पकड़ लिया था. अब मां ने फिर कल जैसी ठंडी आवाज़ में कहा था- "माहरा! ज़रा बर्दास्त करना, सब जल्दी हो जायेगा!"

मैं बिना कुछ कहे अपनी विस्फारित आंखों से जाबरा को देखती रही थी जो मेरे फैली हुयी टांगों के बीच बैठी ठंडी आंखों से मेरा मुआयना कर रही थी. फिर मैंने देखा था उसके हाथ में ब्लेड का वह टुकड़ा जो दूसरे ही पल मेरी नर्म त्वचा में जाने कहां तक उतर गई थी. मेरी आंखों के आगे अचानक बिजली के नीले-पीले फूल-सा कुछ कौंधा था और मैं हलक फाड़ कर चिल्लाती चली गई थी! दर्द का ऐसा भीषण अनुभव मुझे पहले कभी नहीं हुआ था. मैं ईद-बकरीद के मौकों पर जानवरों को हलाल होते हुये देखती आई थी. अब्बू या कोई और जानवरों के मुंह काबा की तरफ करके उनके गले में ढाई दफा चाकू रेत कर छोड़ देते. उसके बाद वे जानवर देर तक तड़प-तड़प कर अपनी जान देते. उनकी उबली हुई आंखें, खुला हुआ मुंह, गले से भल-भल बहता खून, उनकी छटपटाह्ट के साथ चारों तरफ उड़ते खून के छींटे.... यह सब आमतौर पर हमारे लिये मनोरंजन के दृश्य हुआ करते थे, मगर आज एक तरह से मुझे भी ज़िन्दा ही जिबह किया जा रहा था. जाबरा के उठते-गिरते हाथ के साथ मेरे शरीर में तेज़ पीड़ा की लहरें उठ रही थीं, बिस्फोट-से हो रहे थे. कभी जाबरा के हाथ में चाकू होता, कभी पत्थर के टुकड़े तो कभी ब्लेड... भय, पीड़ा से अवश होते हुये मैंने देखा था, उसने अपने दोनों गंदे हाथों के लम्बे नाखूनों को मेरे भीतर खुबा दिये थे. दर्द के अथाह समुद्र में डूबते हुये मैंने महसूस किया था, वह अपने नाखूनों से मुझे नोंच-खसोट रही है, चीर-फाड़ रही है, कुतर रही है! उस समय आग़ की सलाइयां-सी मेरे जांघों के बीच चल रही थी. लग रहा था, ढेर सारी जंगली, विषैली चिंटियां मेरे अंदर घुस गई हैं और मुझे खोद-खोद कर खा रही हैं! या फिर कोई बिच्छु लगातर डंक मार रहा है. तेज़ जलन हो रही है. मेरे दोनों पैर बुरी तरह थरथरा रहे हैं, पूरा शरीर पसीने से भीग गया है. चिल्ला-चिल्ला कर गला फट गया है. मां का चेहरा मुझ पर झुका हुआ है और उन्होंने मुझे बुरी तरह जकड़ रखा है. उनकी आंखों में इस समय अजीब-सी चमक और मुग्धता हैं! जैसे कोई धार्मिक अनुष्ठान देखते हुये लोगों की आंखों में अक़्सर होती है. मेरे मुड़े हुये हाथ शायद टूट गये हैं और कमर से नीचे का शरीर शून्य पड़ गया है. मुझ से और चिल्लाया नहीं जाता... मेरे गले से घुटी-घुटी आवाज़ें निकल रही हैं. एक समय के बाद खून के बहाव को रोकने के लिये जाबरा मेरे जख़्म पर जानवरों की लीद और मिट्टी डालने लगती है. ऊपर आकाश फटकर धीरे-धीरे सफ़ेद पड़ रहा है... पास ही कहीं सियार हुंक रहा है, ताड़ के नंगे माथे पर एक गिद्ध बैठा है. उसकी नंगी, रोमहीन गर्दन, खून में डूबी पलकहीन आंखें, विशाल डैनों की झपट... सब धीरे-धीरे आपस में गडमड हो जाता है और फिर वह काली, बड़ी चादर आकाश के जिस्म से खिसक कर जाने कब मेरे ईर्द-गिर्द फैल जाती है और मैं उसके तरल, सुखद अंधकार में डूब जाती हूं... आह! मृत्यु... यह इस जघन्य पीड़ा, इस नरक से कहीं बेहतर है. उस क्षण मैं सचमुच मर जाना चाहती थी. यह एक बेहतर विकल्प था. उस ठंडी, काली, निविड़ शून्यता को मैंने किस आवेग से स्वयं में निर्बाध उतरने दिया था...


ना जाने कितनी देर बाद मेरी आंखें खुली थीं. मैं मरी नहीं थी, जिन्दा थी... ओह! यह प्रतीति कितनी भयावह थी मेरे लिये! जीवन यानी पीड़ा और... पीड़ा! मेरे कमर से नीचे का हिस्सा नरक बन गया है. एक धधकता हुआ कुंड! ऐसे जल रहा है कि जैसे किसी ने ताज़े ज़ख़्म पर नमक छिड़क दिया है. अंदर कुछ धप-धप कर रहा है. सारी शिरायें सुलग रही हैं. एक चीरता हुआ दर्द बिच्छु के डंक की तरह रह-रह्कर लहर उठता है...
मेरा चेहरा सूखे हुये आंसुओं से चिटचिटा रहा है, होंठों पर पपड़ियां जम गयी हैं. किसी तरह सर उठा कर मैं अपने आसपास देखने की क़ोशिश करती हूं. मां हाथ में एक सूखी लकड़ी लेकर आस पास झपटते हुये गिद्धों को भगाने की क़ोशिश कर रही हैं. गिद्ध हड़बड़ा कर थोड़ा उड़ते हैं, फिर वापस लौट आते हैं. चारों तरफ अजीब-सी बदबू है. दूर सूखे नाले के पास दो लकड़बग्घे अपनी लम्बी जीभ निकालकर हांफ रहे हैं... गिद्धों की कर्कश चीख, डैनों की झपट, साथ लकड़बग्घों की डरावनी आवाज़- जैसे कई चुड़ैलें नकिया कर एक साथ हंस रही हों!
मैंने सिहर कर उस तरफ से अपनी आंखें फेर ली थी और दायीं तरफ देखा था. सामने पत्थरों और झाडियों में मेरे शरीर के छोटे-छोटे टुकड़े- चमड़ी, बोटी- बिखरे पड़े थे! धूप में सूख कर काला पड़ते हुये... चारों तरफ खून के छींटे, धब्बे... जैसे अक़्सर किसी वध स्थल में होता है! मांस के कतलों पर नीली मक्खियां भिनभिना रही थीं. एक कौआ मेरे देखते ही देखते चमड़ी का एक टुकड़ा उठा कर टीले के ऊपर जा बैठा. देखकर मेरे अंदर घुलाने लगता है. मुंह में उल्टी से पहले जैसा पानी भर आता है. अपनी ऊबकाई रोकते हुये मैं देखती हूं, मेरे पैरों के पास जाबरा अपने सामने कैकसिया पेड़ के बड़े-बड़े कांटों की ढेर लगाये बैठी थी. उसके हाथ में सफ़ेद धागे का बंडल था. उसके इशारे पर मां और मौसी एक बार फिर मेरे आस पास घिर आई थीं.

इस बार मैंने कोई प्रतिरोध नहीं किया था. मुझ में कोई ताक़त भी नहीं बची थी इसके लिये. पूरा बदन अवश हो चुका था. सीने के दायीं तरफ असहनीय दर्द था, कलाइयां झनझना रही थीं. जांघ टूट-सी गयी थीं. मुझे पकड़ते हुये मौसी ने मां से फुसफुसा कर कहा था - "इसकी दायीं तरफ की दो पसलियां टूट गयी हैं... कलाई में भी मोच है!" सुनकर मां ने उसे चुप रहने का इशारा किया था. जाबरा मेरे कटे हुये जिस्म को कांटे और मोटे धागे से सी रही थी. ताज़े कटे हुये मांस में कांटे से छेदकर उसमे धागा डालती और उसे कसकर सी देती... मेरा गला पूरी तरह से बैठ चुका था. थोड़ी देर गोंगिया कर मैं फिर से अचेत हो गई थी. अचेत होते हुये मैंने प्रार्थना की थी कि इस बार मैं सचमुच मर जाऊं.



इसके बाद एक महीना मैंने उस वीरान जगह में एक घास-फुस की झोपड़ी में अपने दिन बिताये थे. यह छोटी-सी झोपड़ी मां ने मेरे लिये अपने हाथों से बनायी थी. सूखे पत्ते, घास, प्लास्टीक के टुकड़े और जाने क्या-क्या से. बचपन से मां को अकाल यानी घर बनाते हुये देखा है. जानवरों को लेकर हम घास और चारा की तलाश में एक जगह से दूसरी जगह भटकते रहते. साथ में ऊंट की पीठ पर दूसरे सामानों के साथ हमारा घर भी चलता जिसे बड़ी आसानी से तोड़ा और जोडा जा सकता है. बांस और लकड़ियों का एक छोटा-सा खांचा जिसपर घास-फुस, सूखे पत्ते और टीन या कपड़े के पैबंद लगाये जाते हैं. धूप और बारिश, हवा से ज़रा-सी आड़... बस यही होता है हमारे लिये घर का अर्थ!

इस छोटी झोपड़ी के फर्श में पड़ी-पड़ी मैं सियारों की हूक, उल्लू और अन्य रतजगे पंक्षियों की आवाज़, जंगली हाथियों की चिंघार सुनती रहती. मुझे कमर से लेकर टखने तक कस कर बांध दिया गया था ताकि जख़्म ठीक से भर सके. हिलना-डुलना तक संभव नहीं था. मां दलिया या कोई दूसरा नरम और गला हुआ खाना मेरे मुंह में डाल देतीं. टट्टी-पेशाब भी उसी अवस्था में. पहली बार जब अपने ताज़े घाव के साथ मैंने पेशाब किया था, लगा था किसी ने जख़्म में तेज़ाब डाल दिया है! तभी मुझे पहली बार पता चला था, मेरा गुप्तांग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. बस एक माचिश की तीली की नोंक बराबर छेद- पेशाब और माहवारी के रक्त श्राव के लिये. बड़ी दीदी ज़मीन पर एक छोटा गड्ढा बना देती जिसमें एक करवट लेटकर मुझे पेशाब करना पड़ता. एक-एक बूंद- 15-20 मिनट तक! अंत तक मैं इतनी निढाल हो जाती कि मेरी आंखों के आगे अंधेरा छाने लगता. इन दिनों मैं लगभग हर वक़्त रोती ही रहती थी.

अचानक से मेरी दुनिया कितनी बदल गई थी. बस दर्द, डर, उदासी और अकेलापन... क्या औरत होना इसी को कहते हैं? दर्द से पैदा होना और दर्द में मर जाना...! जिसदिन मेरे जनानंग को पूरी तरह से काटकर मुझे औरत बनाया गया था, उसी दिन दोपहर से मुझे बुखार चढ़ आया था. तेज़ बुखार में पड़ी-पड़ी मैं बड़बड़ाती रहती. मेरी आंखें बकौल दीदी के गुड़हल की तरह लाल हो गई थीं. मेरे घाव पक गये थे. जख़्म से मवाद बहता रहता, खून से कपड़े लिथरे रहते, चारों तरफ दुर्गंध के भभाके उड़ते रहते. भिनभिनाती हुई मक्खियों, मच्छरों के बीच असहाय पड़ी मैं या तो कराहते रहती या अचेत हो जाती. सन्निपात की अवस्था में मुझे कुछ भी साफ़-साफ़ समझ में नहीं आता. सबके चेहरे अजीब-से अजनबी-अजनबी लगते, आवाज़ें जैसे कहीं बहुत दूर से मक्खियों की भिनभिनाहट की तरह आतीं. किसी की चीख, किसी की पुकार, किसी की हंसी... सब मेरे भीतर गड्मड होते रहते. बेहोशी जैसी नींद में डरावने सपने आते, रात को छोटी-सी झोंपड़ी स्याह परछाइयों से भर जाती... मैं अपने सुलगते-धधकते शरीर की क़ैद में पड़ी रात दिन मृत्यु कामना करती रहती. अगर इस नरक को जीवन कहते हैं तो इससे मौत भली.

एक दिन जब मैं तेज़ बुखार में अचेत-सी पड़ी थी, अपनी बड़ी बहन की चीख सुनकर बड़ी मुश्क़िल से आंख खोल पाई थी और फिर गहरे आतंक में देखा था, मेरे शरीर के नीचले हिस्से में चिंटियां ही चींटियां बड़े-बड़े थक्कों में लगी हुई हैं- लाल, विषैली, गिजबिजाती हुईं... मेरे शरीर से खून बह रहा था, मगर मैं कुछ महसूस नहीं कर पा रही थी. मुझे अब दर्द नहीं होता था. सब कुछ जैसे शून्य हो गया था.

"ऐसे ऑपरेशन के बाद बहुत-सी लड़कियां इनफेक्शन, टेटनस, खून में ज़हर आदि फैल जाने से मर जाती है. पता नहीं ये कैसे जी गई! मैंने तो उम्मीद छोड़ दी थी..." एक महीने बाद जब मैं स्वस्थ होकर अपने घर लौट रही थी, आपा को मां से यह फुसफुसा कर कहते हुये सुना था. "हमारी ज़मीन की औरतों को ज़िंदगी शायद इसलिये मिलती है कि ये मौत से ज़्यादा मुश्क़िल होती है... हब्बा की जाइयों को अपने गुनाहों की सज़ा इसी दुनिया में भुगत कर जाना है. उनके लिये कोई अलग से दोज़ख नहीं है. जो है यही ज़िंदगी है...!" एक बार एक जादूगरनी ने कहा था. वह हमारे गांव कोई खेल दिखाने आई थी. हंसते-हंसते खेल दिखा रही थी मगर जाने क्यों फिर ये कह कर अन्त तक रोने लगी थी. मुझे याद है, उस समय उसके रोने पर भी हम बच्चों ने तालियां बजाई थी.

घर लौटकर भी मेरा जीवन सहज नहीं हो पाया था. धीरे-धीरे  समझ पाई थी, मैं सिरे से बदल दी गई हूं, शायद हमेशा के लिये ही. शरीर से भी और मन से भी. अपने विगत जीवन की निश्चिंतता, छोटी-छोटी खुशियां, निर्दोष सपने... सब मेरी देह के कोमल हिस्सों के साथ ही मुझसे अलग हो गये हैं. सब कहते हैं, अब मैं मुकम्मल औरत हो गई हूं, मेरा दर्ज़ा समाज और अपने लोगों में ऊपर उठ गया है. मगर मुझे ऐसा महसूस होता है कि जैसे मैं अधूरी हो गई हूं, अपंग हो गई हूं, कहीं से कम हो गई हूं! बहुत गहरे कहीं एक क्षोभ है, एक टीसता हुआ अपमानबोध. रह-रहकर ठगे जाने का अहसास होता है. लगता है, एक साजिश, एक छ्ल हुआ है मेरे साथ. विशेष कर मां के प्रति मन में शिकायत है. अब तक उनकी गोद, उनका आंचल ही दुनिया का सबसे निरापद, सबसे सुंदर आश्रय प्रतीत होता आया था. मगर इस घटना के बाद भीतर कुछ बहुत सुदृड़, बहुत पवित्र एकदम से टूट गया था. लगता था, मां ने इस अमानवीय कृत्य में दूसरों का साथ देकर अपमी ममता को, मुझे, मेरी अगाथ आस्था को नष्ट कर दिया है, छीन्न-भिन्न कर दिया है. अब शायद कभी मैं मां की गोद में निश्चिंत होकर पहले की तरह सो ना सकूंगी!

मां मेरी ख़ामोश आंखों में सवाल पढ़ती हैं. कभी उनसे नज़रें चुराती हैं तो कभी कुछ जवाब देने की भी क़ोशिश करती हैं - "एक नेक औरत का फर्ज़ बनता है कि वह दीन के बताये हुये रास्ते पर चले, अपनी औरत होने की जिम्मेदारी को समझे... ऊपर वाले ने हमें औरत बनाया है, इसलिये हमारे जिस्म में जो मर्दाना हिस्सा है, उससे हमें पूरी तरह से निज़ात पा लेना चाहिये, जैसे मर्द अपने जिस्म से ख़तना के ज़रिये औरत वाला नाज़ुक हिस्सा अलग करवा लेता है और मुकम्मल मर्द बन जाता है."
"मर्दोंवाला हिस्सा...! कौन-सा?" मुझे मां की बातें समझ नहीं आतीं. मुझे किसी तरह समझते ना देख आपा मां की मदद के लिये बातों का सिरा सम्हालतीं - "औरतों के जिस्म को नहीं समझती! अरे, गुप्तांग के जो बाहरी हिस्से हैं वे सब मर्दाना हिस्से हैं. जो अंदरुनी कोमल हिस्सा है वही जनाना हिस्सा है! वही ऊपरवाले ने औरत को मां बनने के लिये दिया है. हमें हमारे जिस्म का इस्तेमाल सिर्फ़ मां बनने के लिये करना चाहिये, ना कि यौन का विकृत आनन्द उठाने के लिये..."
"और नहीं तो क्या..." बीच में एक और प्राचीन महिला कूद पड़तीं - "छोरी! जाने किस गुनाह की वजह से क़ुदरत ने हमारे टांगों के बीच यह गंदी-सी चीज़ डाल दी है! जितनी भद्दी दिखती है उतनी खतरनाक भी है. औरत का शरीर ही उसका पाप. जाने कब आबरु में धब्बा लग जाय. ये दो अंगुल की चीज़ सारे ईमान पर भारी... जबतक देह से जुड़ी है, किसी को चैन नहीं. तो पाप को जड़ से ही ख़त्म कर दिया जाय! ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी!
उनकी बातें जाने क्यों मुझे बहुत अपमान जनक लगतीं. औरत के शरीर को इस तरह जलील किया जाना, उसे शक और हिकारत से देखा जाना. जिसे क़ुदरत ने इस खूबी से रचा है, उसे नष्ट कर देने वाले हम कौन होते हैं? मेरा सर सुनते हुये भारी हो उठता. मगर मेरे ख़्यालों से अंजान औरतें आपस में बतियाती रहतीं - "फिर छोटी उमर में इससे छुटकारा पा लेना अच्छा... वर्ना जानती भी है क्या होता है? ये गंदा, बदबूदार मांस का लोथड़ा बढ़ते-बढ़ते घुटनों तक लटक आता है! फिर ज़रा सोचो क्या हालत होती होगी औरत की! मेरी दादी कहती थी कि एक लड़की ने इससे मना किया तो उसका यही हाल हुआ. आगे चलकर दो टांगों के बीच इतना बड़ा डेढ़ मन का झुलता अवयव लेकर ना चलते बने, ना बैठते बने. ऊपर से जग हंसाई अलग से."


सुन कर मेरा जी घिनाने लगता. पता नहीं ये कहानियां सच भी थीं या नहीं! मुझे मुंह बनाते देख मां के चेहरे पर गुस्सा तैर आता - "लड़की! हम अपने पवित्र पिता समाल की संताने हैं! तुम्हें याद है ना समाल कौन थे? खुद मुहम्मद साहब के अपने गांव और कुरैश जाति के व्यक्ति! ऐसे महान इंसान की संतानें हैं हम! हमें अपने खून की पवित्रता और जाति की पहचान बनाये रखनी है और हमारा जातीय परिचय हमारे रीति-रिवाज़ों और मज़हबी कायदे-कानूनों में है. इनका हम किसी भी तरह बेइज्ज़ती नहीं कर सकते. हमारी इज्ज़त, कायदे-कानून, मज़हब हमारी जान से भी ज़्यादा कीमती हैं. इसपर हम किसी भी तरह आंच आने नहीं दे सकते. जिस्म के इस गंदे हिस्से से निज़ात पाकर हम औरतें पाक और खूबसूरत हो जाती हैं, एक नेक बीवी और मां बनने के काबिल हो जाती हैं. ये तकलीफें नहीं, नियामतें हैं जो हम औरतों को अता की गई है!" कहते हुये भावावेश में आकर मां झर-झर रोने लगतीं. दूसरी औरतें भी अपनी गीली आंखें पोंछने लगतीं. ऐसे मौकों पर सबके चेहरों पर अजीब-सी दीप्ति और गरिमा के भाव होते. सब देख-सुन कर मैं अजीब दुविधा में पड़ जाती. एक तरफ मेरी अकल्पनीय तकलीफें थीं, मन का आक्रोश था और दूसरी तरफ घर की बड़ी-बूढ़ियों की ये आस्था और भक्ति की बातें. तय नहीं कर पाती थी क्या सही है और क्या ग़लत. इन सबके बीच मेरी पीड़ा मेरा सबसे बड़ा सच थी जो रात दिन मेरे जिस्म में सुलग-सुलग कर मुझे याद दिलाती थी कि मेरा आप कही बहुत पीछे छूट गया है, मैं आधी-अधूरी हो गई हूं...

मैंने देखा था, मेरे शरीर के निचले हिस्से को बाहर से बिल्कुल सपाट कर दिया गया था. अब बहां एक बड़े घाव के चिन्ह के सिवा कुछ नहीं था जिस पर धागे के आड़े-तिरछे दाग़ थे. जैसे बोरे के मुंह को मोटे धागे से सी दिया जाता है. हमारी संस्कृति के सौन्दर्य बोध में स्त्री के शरीर के इस हिस्से के लिये कोई स्थान नहीं. यह बस सूखा, सपाट और साफ़ होना चाहिये. बाकि चीज़ें गंदी और त्याज्य. मेरे लिये अपने शरीर की तरफ देखना ही अब मुश्क़िल हो गया था. साथ में दूसरी परेशानियां. माहवारी के दौरान मैं दर्द से नील पड़ जाती. मुझ से उठा-बैठा तक नहीं जाता. महीने के ये पांच दिन मृत्यु-यंत्रणा में बीतते. हर बार जी चाहता ऐसी तकलीफ झेलने से अच्छा मर जाऊं. फिर रोज़ की असुविधायें तो थीं ही. हर बार पेशाब करने के लिये मुझे देर तक बैठी रहना पड़ता. एक-एक बूंद टपकती और मेरे भीतर आग़-सी लग जाती!...................

**********************************************


चित्र गूगल से साभार 

Wednesday, May 25, 2016



"शब्बे रात  का हलवा "लेखक सईद अय्यूब ....यह कहानी धर्म के आडम्बर की पोल  खोलते हुए युवा होते मन के  परस्पर दैहिक आकर्षण  की बेहतरीन कहानी है |वाट्स अप ग्रुप "साहित्य की बात "जिसके एडमिन श्री ब्रज श्रीवास्तव  जी है , उस पर   प्रस्तुत की गई |वहा पर इस कहानी के प्रत्येक पहलु पर विषद चर्चा हुई |

साहित्य की बात से साभार यह कहानी चर्चा के साथ इस ब्लॉग पर  प्रस्तुत है |











 शबेबरात का हलवा


सईद अय्यूब

हाफ़िज़ मुहम्मद अहमद खान उर्फ़ अहमद मियाँ जिस जगह क्रिकेट खेल रहे थे, वह उसी मदरसे का हाता था, जिसमें उन्होंने छह महीने पहले एडमिशन लिया था. मदरसा गाँव और शहर दोनों के ठीक बीच में था. एक तरफ़ निकल जाइए तो गाँव, दूसरी तरफ़ निकल जाइए तो शहर. उत्तर की तरफ़, सड़क से लगे हुए एक बड़े से गेट से मदरसे की शुरुआत होती थी. गेट से अंदर घुसते ही एक बड़ा सा खाली मैदान था जो हस्बे ज़रूरत कई तरह के कामों में इस्तेमाल होता था. अहमद मियाँ के लिए उसका मनपसंद इस्तेमाल था– शाम को क्रिकेट खेलना. मैदान के दूसरे किनारे पर, एक आलिशान बड़ी सी मस्जिद, मदीना के ‘मस्जिद-ए-नबुई’ के तर्ज़ पर बनी हुई. मस्जिद के दोनों किनारों पर शानदार ऊँची-ऊँची मीनारें. चूँकि अल्लाह ऊपर रहता है, इसलिए जितनी ऊँची मीनार, उतनी ही अल्लाह की कुर्बत. मस्जिद और उस मैदान को चारों तरफ़ से घेर कर बनाये गए क्लासेस के लिए कुछ बड़े-बड़े हॉल, उस्ताद और बच्चों के रहने और सोने के लिए कुछ कमरे और कुछ कमरे दफ़्तरी कामों के लिए. एक किनारे पर सीमेंट के चबूतरों से घिरे हुए दो हैंडपम्प जहाँ वज़ू बनाने के लिए कुछ बधने हमेशा रखे रहते थे. कुछ दूरी पर छोटी-बड़ी ज़रूरतों के लिये बने हुए चार टायलेट, जिन्हें मदरसे के लोग ‘बैतुलखला’ कहते थे. मदरसे के मेन गेट से लगी हुई, अज्जू खान की टूटी-फूटी हवेली.

दरअसल, मदरसे की सारी ज़मीन अज्जू खान की ही थी जिसे मदरसे वालों ने अज्जू खान के बेटे बिस्मिल्लाह खान से, मजहब के नाम पर, बहुत सस्ते में ले लिया था, एक तरह से मुफ़्त में. कहते हैं कि अज्जू खान बहुत रोब-दाब वाले आदमी थे और जब तक ज़िंदा रहे, पूरी दबंगई के साथ ज़िंदा रहे. दरवाजे पर, उस ज़माने में दो-दो ट्रक खड़े रहते रहे और एक हाथी झूलता रहता था. ख़ूब पैसा कमाया और ख़ूब उड़ाया. शराब और रंडीबाजी, उनके दो प्रिय मश्गले रहे. और जब बाप ऐसा, तो बेटे...वे तो दो हाथ और आगे. न अज्जू खान को बेटों को कुछ बनाने कि फ़िक्र, न बेटों को कुछ बनने की फ़िक्र. दौलत का नशा, जिसके सर चढ़ कर न बोले, वह इस दुनिया का आदमी नहीं. सो, अज्जू खान के मरने के बाद, सारी जायदाद-ज़मीन उनके दोनों बेटों- बिस्मिल्लाह खान और उस्मानुल्लाह खान के बीच बंटी. दोनों ट्रक बंटे, हाथी बेचकर उसका पैसा बंटा, सबसे बड़ी बात कि दिल भी बँट गया और उससे भी बड़ी बात कि माँ नहीं बंटी, क्योंकि दोनों बेटो ने उसे क़बूल करने से इंकार कर दिया. होती होगी माँ के पैरों के नीचे जन्नत, अभी तो बीवियों और रंडियों की जाँघो के बीच जन्नत बस रही थी. बेचारी माँ, जब तक जीती रही, दोनों बेटों को असीसती रही, अपनी बहुओं को गरियाती रही और गाँव वालों के रहमोकरम पर पलती रही. तो, कमाई ढेले की और शौक नवाबों के. आखिर कितने दिन चलता? पहले ट्रक बिके, फिर ज़मीन से लेकर बर्तन-भांडे तक. कुछ लोग तो कहते हैं कि बाद में बहुएँ तक बिकीं. खुदा जाने इसमें कितनी सच्चाई है? खैर...मदरसे की ज़मीन इसी बिस्मिल्लाह खान के हिस्से की थी. जवानी ढल जाने पर और पैसों की तंगी हो जाने पर, बिस्मिल्लाह खान, कुछ-कुछ अल्लाह वाले हो गए. नमाज़-रोज़ा तो कभी सीखा न था और करना भी थोड़ा मुशिकल था, इसलिए दाढ़ी बढ़ा ली और एक दो दाढ़ी वालों से सलाम-दुआ करने लगे और लोगों ने यह मान लिया कि बिस्मिल्लाह खान को अल्लाह ने नसीहत फरमा दी है और अब वे सुधर गए हैं. लेकिन गाँव का कल्लू, जिसके बारे में चर्चा थी कि बिस्मिल्लाह की जोरू का असल पति वही था, का कहना था कि बिस्मिल्लाह अपनी माँ का यार है, कुत्ते की पूँछ है, बारह साल नहीं, उसे क़यामत तक सीधा नहीं कर सकते. लोगों को कल्लू की बात में भी कुछ दम दिखाई देता था, क्योंकि दाढ़ी बढ़ा कर और सलाम-दुआ के बहाने बिस्मिल्लाह कुछ अल्लाह वालों से अल्लाह के नाम पर पैसे माँगने लगे थे और अल्लाह वालों को बिस्मिलाह की यही बात सबसे बुरी लगी. खैर, कुछ अल्लाह वालों के दिमाग में एक दीनी मदरसा खोलने की बात समायी और सड़क से लगी हुई बिस्मिल्लाह खान की यह ज़मीन उसके लिए सबसे मौजूँ जान पड़ी. फिर क्या था, बिस्मिल्लाह की थोड़ी मदद करके और कुछ दीन-दुनिया का डर दिखा कर लोगों ने यह ज़मीन एक तरह से बिल्कुल मुफ़्त लिखवा ली और मदरसा ज़ोर-शोर से शुरू हो गया और गाँव की इज्ज़त में चार चाँद लगाने लगा.

लेकिन बात तो हो रही थी हाफ़िज़ मुहम्मद अहमद खान उर्फ़ अहमद मियाँ की. पूरे गाँव में हाफी जी के नाम से मशहूर अहमद मियाँ इस मदरसे में दाखिला लेने वाले पहले छात्र थे. कुछ दूर के एक गाँव के अमीर प्रधान माजिद खान के सबसे बड़े सुपुत्र और बाप से भी बड़े बिगड़ैल. बाप का इरादा उन्हें किसी अंग्रेजी स्कूल में डालने का था लेकिन माँ कुछ धार्मिक प्रवृत्ति की थीं. उन्हें यकीन था कि बेटा अगर हाफ़िज़-ए-कुरान हो गया तो कयामत के दिन अल्लाह के सामने पूरे परिवार को माफ़ करवा देगा. पति ने अपनी प्रधानी के बल पर तो दुनिया बन ही दी थी, अब बेटा आखिरत भी बना दे तो चैन से मर सकें. इसलिए बेटे को दीनी तालीम हासिल करने और हाफ़िज़-ए-कुरान और अपना आखिरत बनाने के लिए उन्होंने गाँव के ही मदरसे में दाखिल करवा दिया. लेकिन जब पिछले चार साल में भी अहमद मियाँ कुरान याद नहीं कर पाए तो माँ को कुछ फिक्र हुई कि शायद गाँव के मदरसे में ठीक से पढ़ाई नहीं हो रही है. अत: उन्होंने अपने होनहार पुत्र को गाँव के मदरसे से निकाल कर शहर के किनारे इस नए और बड़े मदरसे में दाखिल करवा दिया. अहमद मियाँ जब इस मदरसे में आये तो कुरान तो याद नहीं कर पाए थे लेकिन रंग-ढंग सब हाफिजों वाल ही था. लगभग उन्नीस वर्ष की आयु, नई-नई आई दाढ़ी, गोरे-चिट्टे, लंबे-छरहरे, कुर्ते-पाजामे से लैस अहमद मियाँ को गाँव वालों ने हाफी जी कहना शुरू कर दिया और कुछ दिनों के बाद तो अहमद मियाँ ने बाकायदा गाँव की मस्जिद में इमामत शुरू कर दी. पढ़ना-लिखना तो खैर चलता ही रहता है, लेकिन अहमद मियाँ को जिस चीज़ से हद से बढ़कर लगाव था वह चीज़ थी क्रिकेट. पढ़ाई और इमामत से फुर्सत मिलते ही वे मदरसे के खाली मैदान में अपनी टीम को लेकर पहुँच जाते थे और बताने वाले बताते हैं कि वे क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी थे.

तो पिछले महीने की बात. जुमे का दिन था. जुमे की नमाज़ के बाद अहमद मियाँ और उनकी पूरी टीम मैदान में जमा हो गयी. छुट्टी का दिन, न कोई पढ़ाई का झंझट न कोई और काम. सो, पूरे जोश-खरोश से क्रिकेट शुरू हो गया. अहमद मियाँ बैटिंग कर रहे थे. अचानक उन्होंने गेंद को इतनी तेजी से हिट किया कि गेंद पलक झपकते ही मदरसे की बाउंड्री से बाहर और बिस्मिल्लाह खान के मकान जो कि मदरसे से सटा हुआ था, के पीछे वाले हिस्स्से में जा गिरी. असल में उस पुरानी हवेली के इस पिछवाड़े वाले हिस्से में बिस्मिल्लाह खान के बड़े बेटे सब्बू मियाँ, उनसे अलग होकर अपनी बीवी और दो बेटियों के साथ रहते थे. वे स्वभाव में बिस्मिल्लाह खान से थोड़ा अलग थे और खुद से कुछ पढ़-लिख कर, एक छोटी सी सरकारी नौकरी में लगकर किसी दूसरे शहर में रहते थे और घर पर उनकी बीवी और दो जवान होती बेटियाँ रहती थी. बड़ी लगभग सत्रह साल की और छोटी लगभग पन्द्रह साल की...तो गेंद अंदर गिरते ही दूसरे लड़को ने शोर मचाना शुरू कर दिया क्योंकि शर्त यह थी कि जो भी गेंद को मदरसे के बाहर मारेगा, वही उसे वापस लाएगा. अहमद मियाँ झल्लाते हुए, बैट पटक कर मदरसे से बाहर निकले और बिस्मिल्लाह खान के घर के उस हिस्से की तरफ बढ़े जिस हिस्से में बिस्मिल्लाह खान के बेटे का परिवार रहता था और जिसके पीछे वाले हिस्से में गेंद गिरी थी. लेकिन यह क्या, दरवाजे पर तो ताला लगा हुआ था. अब क्या करें? खेल और छुट्टी का सारा मज़ा ही किरकिरा हो गया. लेकिन अहमद मियाँ भी अहमद मियाँ ही थे. अपने गाँव में ना जाने इस तरह के कितने मैदान उन्होंने मारे थे. वे मदरसे में वापस आये और उस दीवार के पीछे पहुँचे जो उस घर को मदरसे से अलग करती थी. उन्होंने बाहर की तरफ उखड़ी हुई ईंटों का जायजा लिया और फिर कुछ ही देर में वे दीवार की मुंडेर पर थे. मुंडेर से उन्होंने नीचे झाँक कर देखा. ज़मीन पर फैली हुई लौकी की बेलों के बीच उन्हें अपनी गेंद कहीं दिखाई नहीं दे रही थी. वे कुछ देर सोचते रहे और फिर दीवार के ही सहारे दूसरी और उतरने लगे. सावधानी से उतरने के बाद, जैसे ही वे मुड़े, तो देखा कि सब्बू मियाँ की बड़ी बेटी फरीदा, सामने खड़ी उन्हें टुकुर-टुकुर देख रही थी. वह अभी-अभी अंदर से नहा कर निकली थी. गोरी, सुडौल नव-यौवना, बालों से पानी टपक-टपक कर उसके गालों को भिगो रहा था. एक हाथ में अंगिया पकड़े जो वह सुखाने के लिए बाहर डालने आई थी, अहमद मियाँ को अपने घर के पिछले हिस्से में दीवार के सहारे उतरते देख कर हैरानी से पलकें झपका रही थी. उसे देखकर अहमद मियाँ के तो होश उड़ गए. वह घबराते हुए बोले-

“वो...वो...इधर बाल...”

घबराहट में फरीदा अहमद मियाँ की बात ठीक से नहीं सुन पायी. वह गाँव के हाफी जी को इस हालत में अपने घर के पिछवाड़े देखकर चकित थी. उसने सोचा कि लगता है हाफी जी लौकी चुराने के लिए अंदर घुसे हैं. यह सोचते ही और अहमद मियाँ को इस तरह से हकलाते देखकर वह हँस पड़ी और बोली-

“हाफी जी, लौकी ही लेनी थी तो अम्मी को बोल देते. इस तरह से चोरी करने क्यों आये?”

अहमद मियाँ तब तक संभल चुके थे. उन्होंने फरीदा को तनिक गुस्से से देखा और बोले-

“मैं तुम्हें लौकी चोर दिख रहा हूँ. हमारी गेंद इधर आकर गिर गयी है. उसी को लेने आया था, लेकिन तुम कब आई? बाहर तो अभी ताला बंद था.”

“अच्छा, वो...मैं नहा रही थी और अम्मी और वहीदा को थोड़ी देर के लिए बाहर जाना था इसीलिए उन्होंने बाहर से ताला लगा दिया था ताकि कोई आ न जाये. लेकिन उन्हें क्या पता कि ताला लगा होने के बाद भी कोई अंदर घुस सकता है.” यह कहते हुए फरीदा ने एक तिरछी नज़र से हाफी जी को देखा और फिर बोली-

“जल्दी से अपनी गेंद ढूँढिए और बाहर जाइए. अम्मी और वहीदा आती ही होंगी.”

अहमद मियाँ ने घबरा कर इधर-उधर गेंद ढूँढनी शुरू कर दी और अपने हाथ की अंगिया को वहाँ लगी हुई रस्सी पर फैला कर फरीदा भी उनकी इस मुहिम में शामिल हो गयी. अहमद मियाँ ने उसे अंगिया फैलाते हुए एक नज़र देखा और फिर अंगिया पर एक नज़र डाली और ऐसा करते हुए उनकी नज़र फरीदा की नज़र से टकरा गयी. उन्हें एक शर्म सी आई और फिर वे सर झुका कर गेंद ढूँढने में लग गए. फरीदा भी कुछ झिझक सी गयी और चुपचाप सिर झुका कर गेंद खोजने में अहमद मियाँ का साथ देने लगी. लौकी की लतरें पूरी ज़मीन पर फैली हुई थीं और कहीं-कहीं उन लतरों के बीच थोड़ी सफेदी लिए हुए हरी-हरी, छोटी-छोटी, गोल-गोल लौकियाँ दिखायी दे रहीं थीं. बिना दुपट्टे के, झुक कर लौकी की लतरों के बीच गेंद खोजती हुई फरीदा की तरफ अहमद मियाँ ने एक बार चोर नज़रों से देखा और उसकी कुर्ती के नीचे से झाँकती सफेद अंगिया के नीचे भी उन्हें दो छोटी-छोटी लौकियाँ दिखाई पड़ी और उन्हें लगा कि आज पूरी दुनिया ही छोटी-छोटी लौकियों में बदल गयी है.


उस रात सारी दुआएँ पढ़ने के बावजूद अहमद मियाँ को नींद नहीं आई. कभी उन्हें सफेद अंगिये दिखाई देते थे, तो कभी सफ़ेद और हरी छोटी-छोटी लौकियाँ. कभी टुकुर-टुकुर ताकती फरीदा उनके सामने आ खड़ी होती और तुरंत नहा कर निकलने की वजह से उसके गालों पर ताज़ा पानी चू रहा होता, तो कभी उन्हें तिरछी नज़र से देखती हुई फरीदा दिखाई देती. उनके पूरे शरीर में एक अजीब तरह की ऐंठन थी और ऐसा पहली बार हुआ कि उस सुबह वे मस्जिद में सुबह की नमाज़ पढ़ाने नहीं जा पाए. तबियत कुछ भारी-भारी सी लग रही थी, इसलिए मदरसे के संचालक के पास एक अर्जी भेज कर छुट्टी ले ली और दिन चढ़े तक सोते रहे. सोकर उठने के बाद, ज़रुरियात से फ़ारिग होकर वे टहलने की गरज से मदरसे से बाहर निकल आये और बाहर निकलते ही सामने उन्हें फरीदा दिखाई पड़ गयी. कल वाली ही ड्रेस में लेकिन इस बार दुपट्टा सर पर था और एक हाथ में छड़ी थी जिससे वह कुछ बकरियों को हाँक कर चराने के लिए ले जा रही थी. अहमद मियाँ जहाँ थे, वहीँ जम से गए. उनकी नज़रों में एक बार फिर से फरीदा की अंगिया और गोल-गोल लौकियाँ घूमने लगीं. उन्होंने एक बार चोर नज़रों से फरीदा की ओर देखा. ठीक उसी वक़्त बकरियों को हाँक कर सड़क के किनारे करती हुई फरीदा की नज़र भी अहमद मियाँ पर पड़ी और वह शरमा कर पहले से ही ठीक से ओढ़े गये दुपट्टे को फिर से ठीक करने लगी और ऐसा करते हुए उसकी छड़ी दुपट्टे से उलझ गयी. अहमद मियाँ ने एक बार चारों ओर देखा और किसी को वहाँ न पाकर, आगे बढ़कर फरीदा के दुपट्टे से उलझी हुई छड़ी को अलग कर दिया और मुस्कुरा कर आगे बढ़ गए. फरीदा थोड़ी देर वहीँ शरमाई हुई, मुस्कुराती खड़ी रही और फिर अपनी बकरियों को घेर कर, उन्हें चराने ले जाने के बजाये, वापस लाकर घर में बाँध दिया.

अब तो लगभग यह उसूल ही बन गया था. इधर फरीदा अपनी बकरियाँ लेकर निकलती, उधर अहमद मियाँ किसी न किसी बहाने से मदरसे से बाहर. अहमद मियाँ को अब तक पता चल चुका था कि फरीदा बकरियों को चराने के लिए रोड के किनारे उगे मूँज और उसके आस-पास के घास वाले मैदान में ले जाती है. उन्हें यह भी पता था कि फरीदा बकरियों को लेकर कितने बजे निकलती है और कब वापस आती है. तो अहमद मियाँ कभी फरीदा और उसकी बकरियों से पहले तो कभी बाद में मदरसे से निकलते और सड़क पर टहलते हुए उसे एक-दो बार देखकर वापस आ जाते. फरीदा जब भी उन्हें देखती, शरमा कर कभी अपने दुपट्टे से खेलने लगती और कभी हाथ में पकड़ी छड़ी को ज़मीन पर टिका कर उसे निहारने लगती. इस तरह से एक दूसरे को देखते हुए कई दिन हो चुके थे. अहमद मियाँ को फरीदा से बात करने का कोई मौक़ा ही नहीं मिल पा रहा था क्योंकि सड़क पर हमेशा ही कोई न कोई मौजूद होता और चूँकि वे हाफी जी थे और गाँव की मस्जिद में इमामत भी करते थे, इलाके के लगभग सभी लोग उनको पहचानते भी थे. और अक्सर फरीदा की छोटी बहन वहीदा भी उसके साथ होती. अहमद मियाँ बहुत देर तक सड़क पर टहल भी नहीं सकते थे क्योंकि अक्सर कोई न कोई मिल ही जाता और सलाम-दुआ के बाद उनसे सड़क पर टहलने के बारे में पूछ लेता और अहमद मियाँ झुंझला कर रह जाते. फिर उन्होंने एक नई तरकीब खोज निकाली और सड़क के किनारे पर स्थित पान की दुकान वाले छोकरे से दोस्ती कर ली. पान की उस दुकान से मूँज वाला घास का मैदान साफ़ दिखाई देता था. अहमद मियाँ पान वाले से कुछ बात-चीत करने के बहाने दस-बीस मिनट तक वहाँ बैठे रहते और फरीदा को अपनी बकरियों के पीछे इधर से उधर भागते देखते रहते. फरीदा भी उन्हें देखती और फिर ज़्यादा बदहवास होकर अपनी बकरियों के पीछे भागने लगती.

लेकिन जहाँ चाह वहाँ राह...जल्द ही नसीब ने अहमद मियाँ का साथ दिया. उस दिन सुबह से ही बादलों ने अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ आसमान में डेरा डाल रखा था लेकिन अभी ज़मीन पर हमला करने की योजना ही बना रहे थे, हमला किया नहीं था. फरीदा अपने तय समय से बकरियाँ लेकर निकली. वहीदा को पिछली रात से बुखार था, इसलिए वह साथ में नहीं थी. अहमद मियाँ भी, मदरसे में कुरान की तिलावत छोड़ कर जल्दी से बाहर निकले और फरीदा से थोड़ी दूरी बना कर चलने लगे. फरीदा जब अपनी बकरियों के साथ मूँज वाले मैदान में चली गयी, अहमद मियाँ पान वाली दुकान के पास पहुँचे. लेकिन आज दुकान बंद थी और पान वाला छोकरा न जाने कहाँ गायब था. इसलिए अहमद मियाँ वहाँ न रुक कर टहलते हुए आगे बढ़ गए. लेकिन वापसी में जैसे ही वे पान की गुमटी के सामने पहुँचे, ठीक उसी वक़्त बादलों ने पूरे ज़ोर-शोर से धरती पर यलगार कर दिया. बारिश इतनी तेज़ी से और अचानक आई कि कुछ सोचने-समझने का वक़्त ही नहीं मिला. अहमद मियाँ हड़बड़ा कर पान की गुमटी के आगे निकले छज्जे तले भागे. वहाँ पहुँच कर अभी उन्होंने साँस लिया ही था कि फिर साँस जहाँ की तहाँ रुकने लगी. सामने से फरीदा और उसकी बकरियाँ छज्जे के नीचे घुसी चली आ रहीं थीं. बारिश काफी तेज थी और सड़क पर जो इक्के-दुक्के लोग थे, वे भी अब कहीं नज़र नहीं आ रहे थे. सामने सिर्फ़ बकरियाँ थीं, बारिश थी और फरीदा थी जो बारिश में कुछ-कुछ भीग गयी थी और उसके कपड़े कई जगह से उसके जिस्म से चिपक गए थे. फरीदा ने भी अहमद मियाँ को देखा और देखकर कुछ देर के लिए ठिठक गयी. फिर जैसा कि अक्सर ऐसे अवसरों पर वह करती थी, अपने दुपट्टे के एक सिरे को अपनी उँगलियों से लपेटना शुरू कर दिया. दुपट्टा भी बारिश में भीग चुका था और उससे रह रह कर पानी नीचे टपक रहा रहा था. फरीदा ने एक बार उलझी हुई निगाह से अहमद मियाँ की तरफ़ देखा और फिर अपना दुपट्टा उतारकर उसे निचोड़ना शुरू कर दिया. दुपट्टे को निचोड़ने के क्रम में जैसे ही फरीदा थोड़ी सी झुकी, उसकी अंगिया की सफेद पट्टियाँ और उनके बीच कसे हुए उरोजों की हल्की सी झलक ने अहमद मियाँ को फिर से लौकियों की दुनिया में पहुँचा दिया. अब उन्हें एक बार फिर से चारों ओर गोल-गोल छोटी-छोटी लौकियाँ ही दिखाई दे रही थीं. यहाँ तक कि बारिश की बूंदे भी उन्हीं गोल-गोल, छोटी-छोटी लौकियों में बदल गयीं और ऐसा लगता था जैसे आसमान से मुसलाधार लौकियाँ बरस रही हों.

यह तो पता नहीं कि उस दिन अहमद मियाँ ने फरीदा से कैसे बातचीत शुरू की, इसके लिए उनको कितनी हिम्मत जुटानी पड़ी, फरीदा ने उसका क्या जवाब दिया, जवाब देते हुए उसने दुपट्टा ओढ़ लिया था या नहीं, अगर ओढ़ लिया था तो उसके सिरे को अपनी उँगलियों में लपेट रही थी या नहीं, कितनी देर बातचीत हुई, कितनी देर बारिश हुई, जब अहमद मियाँ और फरीदा बात-चीत कर रहे थे तो फरीदा की बकरियाँ क्या कर रही थीं, उनकी बात-चीत के दौरान कोई राहगीर उधर से गुज़रा या नहीं, कोई गाड़ी उधर से गयी या नहीं, बादल कितनी बार और कितने तेज़ी से गरजे, बिजली कितनी बार चमकी, बिजली के चमकने से दोनों को या उनमें से किसी एक को कुछ डर लगा या नहीं, ये सब तो पता नहीं. पता है तो सिर्फ़ इतना कि उसके बाद अहमद मियाँ और फरीदा ने अपने मिलने के कई मौके बनाये, दो बार फरीदा के घर में जब कोई नहीं था, एक बार मूँज वाली घास के मैदान में लंबी-लंबी उगी हुई मूँजों के दरमियाँ गरचे इस बार जितना मज़ा आया, उससे ज़्यादा कष्ट हुआ क्योंकि मूँजें बहुत तीखी थीं और दोनों के शरीर पर जो चीरें आयीं, वह कई दिनों तक उन्हें सिसकाती रहीं. एक-दो बार, मदरसे के पीछे जो जंगल जैसा इलाका था, दोनों चोरी-छिपे रात में वहाँ मिले और इस तरह चोरी-चोरी मिलते-मिलाते शबेबारात का दिन आ पहुँचा.

शबेबारात...यानी मुसलमानों के पवित्र महीने रमजान से ठीक पन्द्रह दिन पहले आने वाली वह पवित्र रात, जिसमें मुसलमान रात भर जागकर इबादत करते हैं. इस रात अल्लाह सातवें आसमान से उतर कर पहले आसमान पर आ जाता है और देखता है कि उसके बंदे किस तरह इबादत में मश्गूल हैं. इस रात जो भी अल्लाह का बंदा अल्लाह से अपने गुनाहों की माफ़ी माँगता है, अल्लाह उसको माफ़ कर देता है. मुसलमान इस रात को बहुत अकीदत के साथ मनाते हैं. बहुत सारे घरों में तरह तरह के हलवे बनते हैं – सूजी के हलवे, चने के हलवे, गाजर के हलवे, तिल के हलवे, बादाम के हलवे, पिश्ते और दूसरे सूखे मेवों के हलवे आदि-आदि. नज़र व नियाज़ होता है, सौगात के रूप में लोग एक दूसरे के घर हलवे भेजते हैं, खुद भी खाते हैं दूसरों को भी खिलाते हैं, आतिशबाजी करते हैं, अपने घरों, मस्जिदों और कब्रिस्तानों को अपनी औकात भर सजाते-संवारते हैं, पूरी रात जागकर इबादत करते हैं और अपने और अपने पूर्वजों के गुनाहों की माफ़ी माँगते हैं. लेकिन कुछ मुसलमान और उनके धर्मगुरु इस रवायत को नहीं मानते. उनके अनुसार यह रात सिर्फ़ इबादत की रात है, खा-पीकर रतजगा करने की नहीं. उनका आरोप है कि बहुत से मुसलमान पेट भर कर हलवे वगैरह खा लेते हैं और फिर लंबी तान कर सो जाते है. इत्तेफ़ाक की बात थी कि अहमद मियाँ जिस मदरसे में पढ़ते थे, वह मदरसा इसी ख़याल का था और खुद अहमद मियाँ भी हलवे वगैरह बनाने और नज़र व नियाज़ कराने के सख्त खिलाफ थे. मदरसे के संचालक व सबसे बड़े मौलाना ने आज की रात, लोगों को शबेबारात की अहमियत और इस रात को क्या करना चाहिये और क्या नहीं, यह बताने के लिए एक जलसे का आयोजन कर रखा था. इस जलसे में औरतों के बैठने के लिए एक पर्दा लगाकर अलग से इंतजाम किया गया था.

फरीदा की माँ ने फरीदा और वहीदा की मदद से कुछ हलवे तैयार किये और अड़ोस-पड़ोस में उसे बंटवाने के बाद जलसे में जाने के लिए अपनी बेटियों सहित जल्दी-जल्दी तैयार हो गयीं. मौलाना की तकरीर और इस जलसे जैसे पवित्र कार्य में शामिल होकर पुण्य कमाने के अलावा, आस-पास और पूरे मोहल्ले से आने वाली औरतों के साथ गपियाने का महा आकर्षण उनको जल्दी से जल्दी जलसे में पहुँचने के लिए बेकरार कर रहा था. लेकिन अचानक उनको याद आया कि मुहल्ले में ही रहने वाली फरीदा की खाला के घर तो उन्होंने हलवा भिजवाया ही नहीं. उन्होंने तुरंत एक कटोरे में हलवे रखे और उसे फरीदा को देती हुई बोलीं –

“इसे जैनुन खाला को देकर जल्दी से जलसे में आ जाओ. अगर जैनुन तैयार हो तो उसे भी साथ में लेती आना.”

फरीदा का कहीं जाने का मन न था. दिन भर घर की साफ़-सफ़ाई, लिपाई-पुताई करने और फिर हलवे बनाने और उसे घर-घर पहुँचाने में वह हलकान हो चुकी थी. वह तो जलसे में भी जाने की इच्छुक नहीं थी लेकिन वहाँ अहमद मियाँ की एक झलक मिल जाने की उम्मीद थी, इसलिए जाना जरूरी था. लेकिन माँ की बात से इंकार भी नहीं कर सकती थी. थोड़ा झुंझला कर बोली,

“ठीक है वहाँ रख दीजिए और आप लोग जलसे में जाइए. मैं थोड़ी देर में उन्हें दे आऊँगी.”

फरीदा की माँ ने हलवे वाला कटोरा वहीं चूल्हे के पास रख दिया और वहीदा के साथ जलसे में शामिल होने चली गयी. अहमद मियाँ जो मदरसे के गेट पर खड़े होकर हर आने-जाने वाले को देख रहे थे और फरीदा का इंतज़ार कर रहे थे, फरीदा की माँ को वहीदा के साथ आते देखकर निराश हो गए. उन्हें लगा शायद फरीदा जलसे में नहीं आएगी. थोड़ी देर तक वे खड़े सोचते रहे और फिर एक फैसला करके मुस्कुरा उठे.

   फरीदा कुछ देर तक चुपचाप चूल्हे के पास रखे हलवे से भरे कटोरे को देखती रही जिसे उसको जैनुन खाला के घर पहुँचाना था. कुछ देर बाद उसने शीशे में अपने को देखा, मेकअप को एक बार निहारा, दुपट्टे को ठीक किया और हलवे वाले कटोरे को लेकर बाहर निकलने को हुई कि सामने अहमद मियाँ को देखकर गड़बड़ा गयी. न जाने कब, बहुत ही चुपके से अहमद मियाँ फरीदा के घर में घुस चुके थे और उसे एक हाथ में हलवे से भरा कटोरा थामे कहीं जाने को तैयार देख रहे थे. हलके से मेकअप में वह उन्हें आज बहुत ही खूबसूरत दिखाई दे रही थी. थोड़ी देर को दोनों चुपचाप एक दूसरे को देखते रहे फिर अहमद मियाँ ने आगे बढ़कर फरीदा के दोनों हाथों को पकड़ लिया और सरगोशी के अंदाज़ में पूछा-

“कहाँ बिजली गिराने जा रही हो?”

“खाला के घर, हलवा देने”

“जलसे में नहीं जाना?”

“अब आप आ गए तो वहाँ जाकर क्या होगा?” फरीदा के होंठों पर मुस्कुराहट थी.

“क्यों, मौलाना की तकरीर नहीं सुननी? तुम्हारी अम्मा और बहन तो वहाँ गयीं हैं?”

“मौलाना की तकरीर मुझे तो समझ में आती नहीं. न जाने कौन सी भाषा बोलते हैं. और अम्मा को तो वहाँ गप्प लड़ाना है, तकरीर थोड़े सुननी है.”

फरीदा भूल गयी थी कि अहमद मियाँ उसके घर के अंदर खड़े हैं, कि उन्होंने उसके दोनों हाथों को पकड़ रखा है, कि उसके एक हाथ में अभी भी हलवे का वह कटोरा है जिसे उसको जैनुन खाला के वहाँ पहुँचाना है, कि उसे खाला के घर हलवा पहुँचा कर जलसे में अपनी माँ के पास जाना है. उसे तो बस अहमद मियाँ नज़र आ रहे थे और उनके कुर्ते से निकल कर आने वाली इत्र की महक उसे किसी और दुनिया में पहुँचा रही थी. बाहर जलसा शुरू हो चुका था और मौलाना की तकरीर लाउडस्पीकर पर गूँज रही थी और अहमद मियाँ और फरीदा के कानों तक पहुँच रही थी –

“आज की नौजवान नस्ल कहाँ जा रही है, हमें इसकी कोई फिक्र नहीं है. लड़के-लड़कियाँ सरे आम एक दूसरे के साथ बदफेलियाँ कर रहे हैं और कोई उनको रोकने वाला नहीं है. हम नौजवान नस्ल को कुफ्र के कुँए में गिरता हुआ देख रहे हैं और बजाए उनको बचाने के, अपनी-अपनी आँखें बंद कर ले रहे हैं.”
 
अहमद मियाँ ने एक हाथ से फरीदा की आँखों को बंद कर दिया और दूसरे हाथ से हलवे के कटोरे को लेकर नीचे रख दिया. सूजी और चने के ताज़ा बने हुए हलवे और उन पर मेवों की कतरनें. फरीदा ने एक शर्माती हुई मुस्कुराहट के साथ अहमद मियाँ की ओर देखने की कोशिश की और धीरे से बोली-

“क्या कर रहे हैं?”

अहमद मियाँ भी मुस्कराए और धीरे से बोले-

“वही जो करना चाहिए”

“लेकिन आज शबेबरात है और सुन नहीं रहे हैं, मौलाना क्या कह रहे हैं?”

“मौलाना की मौलाना जाने. मैं तो अपनी जानता हूँ.”

“क्या अपनी जानते हैं?”

“शायद हम अब जल्दी न मिल पाएँ”

“क्यों?”

“रमज़ान शुरू होते ही छुट्टियाँ हो जाएँगी और मुझे घर जाना पड़ेगा, पूरे डेढ़ महीने.”

“अच्छा तो मैं अपनी बकरियाँ लेकर आपके गाँव के पास आ जाऊँगी.” फरीदा इतने भोलेपन से बोली कि अहमद मियाँ हँस पड़े.

“तुम अपनी बकरियाँ लेकर जब चाहे आना, लेकिन आज शबेबरात है और मुझे शबेबरात मनाना है. हलवा नहीं खिलाओगी?”

“अरे, अभी तक मैंने आपको हलवा भी नहीं खिलाया.” यह कहते हुए फरीदा हलवे के कटोरे की ओर झुकी कि अहमद मियाँ ने उसे बाँहों से पकड़ कर उठा दिया. फरीदा ने सवालिया नज़रों से उनकी और देखा और इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, अहमद मियाँ ने नीचे से पकड़ कर उसके कुर्ते को उलट दिया. कुर्ते के साथ-साथ झटके से अंगियाँ भी ऊपर को उठ गयी. एक पल के लिए लगा, जैसे सूजी और चने के मिश्रण से बने शबेबारत के हलवे से भरे दो कटोरे, फरीदा के जिस्म से बाहर निकल आये हो. अहमद मियाँ ने इबादत की नज़रों से उनकी ओर देखा. लाउडस्पीकर पर मौलाना की तकरीर गूँज रही थी-

“यह शबेबारत की मुकद्दस रात है. आज की रात, इबादत के लिए है, न कि हलवा खाने और मज़े लेने के लिए. असल में आज की रात हलवा खाना और खिलाना दोनों हराम है.”

अहमद मियाँ ने मौलाना की तकरीर सुनी, फरीदा की ओर देखकर शरारत से मुस्कुराए और फरीदा की नजरों में रजामंदी देखकर उन्हें लगा कि अल्लाह ने उनकी दुआएँ क़ुबूल कर ली हैं.

बाहर से मौलाना की तकरीर की आवाज़ अभी भी आ रही थी और अहमद मियाँ और फरीदा हलवा खाने और खिलाने में व्यस्त थे. अल्लाह पहले आसमान पर आ चुका था और शायद उन्हें देखकर मुस्कुरा रहा था.

*********************************************************************************

प्रतिक्रियायें

[25/05 08:55] Braj Ji: एक बेहतरीन कहानी पोस्ट करने के लिए धन्यवाद. ऐसे विषयों पर कहानी लिखना आसान काम नहीं है. दोस्तों आपके लिए ये पेश की गई है. समय निकाल कर पढ़ कर टिप्पणी करने की कोशिश करिए.

[25/05 13:12] Sudin Ji: बेहतरीन कहानी शुरू से आख़िर तक कसी हुयी और मस्तिष्क में दृश्य उकेरती हुयी जीवन के उस सच को सामने लाती हुयी जिसे सब जीना चाहते हैं सबसे छुपाकर । आपसी प्रेम और लगाव ही सब धर्मों का सार है इस प्रामाणिक सत्य की शानदार प्रस्तुति ।

[25/05 13:16] Aalknanda Sane Tai: क्षमा करें, मुझे इसमें प्रेम नहीं मात्र आकर्षण दिखाई दे रहा है.वैसे कहानी अच्छी है. ब्रज जी से सहमत . ऐसे विषय उठाना और उसका निर्वाह करना आसान नहीं होता.

[25/05 13:37] Aanand Krishn Ji: वाह । बहुत खूब । अय्यूब भाई को बधाई और प्रवेश जी को धन्यवाद।

[25/05 13:40] Aanand Krishn Ji: प्रेम की शुरुआत देह से होती है । कहानी के अंत में अल्लाह की मुस्कान इसकी तस्दीक करती है । अभी कुछ दिनों पहले मेरी एक मित्र से इसी बात पर बहस हो रही थी ।

[25/05 13:47] Suren: आनंद जी ,कल सईद भाई ने जो शमशेर जी की कविता लगायी थी , सलोना ज़िस्म , उसके बिम्ब विधान की  सुंदरता के परे भी आप देखे तो आपकी बात की पुष्टि हो रही है । आज सईद भाई की ही कहानी है तो वो उनकी रूचि के झलकाव को भी तो बताएगी ही न । कहानी शाम तक पढ़ कर कुछ कहने की कोशिश करूँगा ।

[25/05 13:48] ‪+91 98261 39286‬: सादर प्रणाम करता हूँ आपको । मेरा तात्पर्य यह है हमें कहना तो हमेशा जरूरी होता है , किंतु ध्यान में रख कर , अन्यथा यह लुगदी साहित्य सा प्रतीत होने लगता है ।
[25/05 13:48] Aanand Krishn Ji: पीयूष जी, जिन शब्दों की ओर आपका संकेत है वे चुभने वाले ज़रूर हैं पर उनकी इसी शक्ति के कारण वे परिस्थिति का समर्थ संवहन करने में कामयाब रहे हैं ।
[25/05 13:54] Aanand Krishn Ji: वे शब्द जहाँ इस्तेमाल हुए, वो स्थिति और हाफी जी व फरीदा के सम्बन्ध सरसरी दृष्टि से एक जैसे लगते हैं पर दोनों में ज़मीन आसमान का अंतर है । इसीलिए पहली स्थिति में वो शब्द रखे गए और हाफी जी-फरीद प्रकरण में प्रेम की पवित्र उष्णता है । यहां अय्यूब भाई शानदार तरीके से कामयाब रहे ।
[25/05 13:56] Aanand Krishn Ji: इस कहानी ने मेरी इस धारणा को बल दिया है की दैहिक प्रेम, दैविक प्रेम की पहली और अनिवार्य सीढ़ी है ।
[25/05 14:01] Aanand Krishn Ji: देखिये मधु जी, मीरा के बारे में मेरा मानना है की उनको कहीं अतृप्ति तो रही होगी । वे कृष्ण की मूर्ति को हमेशा अपने साथ रखती थीं । ये भी तो एक तरह का दैहिक प्रेम हुआ न !
[25/05 14:03] Aanand Krishn Ji: तो आपकी रचना में एक जैसी दिखने वाली दो परिस्थितियों के बीच स्पष्ट विभाजन रेखा बी बहुत कमज़ोर होती ।
[25/05 14:03] Sudin Ji: ऐक दैहिक आकर्षण तो है जो शुरू में बांधता है फिर शनैः शनैः आपसी समझ आपसी विश्वास, आपसी फ़िक्र,  ऐहसासात जैसी बातें प्रेम को हैहिकता से ऊपर ले जाती हैं
[25/05 14:07] Sudin Ji: मेरी समझ मे मीरा भक्त हैं । प्रेम के लिये दो लोगों का ऐक कालखंड़ मे होना और ऐक दूसरे के संपर्क में होना ज़ुरूरी है

[25/05 14:15] Aanand Krishn Ji: प्रेमी पति न ? दैहिक प्रेम आया न । हमें मीरा के व्यक्तिगत जीवन के बारे में ज़्यादा नहीं मालूम, लेकिन एक अतृप्ति तो रही ही होगी उनमें की मेरा पति कृष्ण के जैसा हो । उनके जीवन में ऐसा कोई ज़रूर आया होगा जिसका साम्य उन्होंने कृष्ण में तलाशा ।
[25/05 14:20] Sudin Ji: आज भी तमाम लोग छवियों की ओर आकर्षित होते हैं  किसी का चेहरा,किसी की आवाज़, किसी की ज़ुल्फ़ें और ऐसी तमाम चीजें ।तो संभव है मीरा ने कृष्ण की काल्पनिक छवि को ही आधार बनाया हो

[25/05 14:39] Aanand Krishn Ji: कोई न कोई पुरुष ज़रूर रहा होगा जिसने किशोरी मीरा को आकर्षित किया होगा । उससे न मिल पाने के कारण मीरा ने उसकी छवि कृष्ण में तलाशी । मेरा अंदाज़ा ये भी है की वो पुरुष मीरा के मायके का कोई सेवक आदि रहा होगा । मीरा से सम्बन्ध खुलने पर उसे मरवा दिया गया हो । ये मेरा अंदाज़ा है, गलत भी हो सकता है ।
[25/05 15:10] ‪+91 87179 10229‬: बहुत सी प्रेम कथायें, जिनमें देह भी है और आत्मा भी ! प्रेम तो है न ? तो क्या है जो हमेशा अपनी ओर खींचता है ? मीरा या श्याम ?   केवल प्रेम !सुन्दर है, ! अय्यूब भाई बधाई !
[25/05 15:12] Aalknanda Sane Tai: आनंद कृष्ण जी दैहिक प्रेम अलग चीज है और दैहिक आकर्षण अलग । इस कहानी में आकर्षण है जो कभी लौकी के रूप में तो कभी हलुए के रूप में सामने आता है । प्रेम में लुका छिपी हो सकती है, चोरी से  कुछ नहीं होता ।

[25/05 15:35] Aanand Krishn Ji: देह सबसे सुलभ उपकरण है जिसके माध्यम से समाधान तक की यात्रा की जा सकती है । इसे शुरू में ही समझ लिया गया था इसीलिए साहित्य में देह के माध्यम से दार्शनिक गुत्थियों को सुलझाने के सफल प्रयास होते रहे हैं ।
[25/05 15:36] Suren: सब कुछ इस देह से ही संचालित होता है , शरद जी की इतनी सारी कक्षाओं के बाद तो ये साथियों को स्पष्ट हो जाना चाहिए ।  क्योंकि जो मस्तिष्क सोचता है , महसूस करता है ,कल्पना करता है , इल्यूजन क्रिएट करता है ,अदिआदि वो भी उसी देह का हिस्सा है ।
इसको ऐसे भी कह सकते है की ज़रा सा हार्मोनिकल असंतुलन हो जाये ,मतलब दिमागी गड़बड़ हो जाये तो सारा ...प्रेम ,अध्यात्म ,भावना   आदि  गधे के सर से सींग की तरह गायब हो जाता है । मन और देह में द्वैत  खामाख्याली के लिए बढ़िया है , इन रियल सेन्स नही ।

[25/05 15:41] ‪+91 88020 80227‬: 'शबेबरात का हलवा' कहानी बहुत अच्छी कहानी है... सजीव चित्रण किया गया है.. और दीन का चोला पहनकर, लोग क्या - क्या करते हैं, यह भी कहानी में ब्यां किया है.. औरत के अंदर मर्दों को लौकियां ही नजर आती हैं, यह ट्रेनिंग टीनेजर ऐज में ही लड़के लेने लगते हैं... मुहब्बत की बुनियाद बस यह औरत की खूबसूरती, और उसका जिस्म ही तो है, विश्वास, जिम्मेदारी, संवेदना, कुछ भी नहीं.. शराब और शबाब ही दुनिया है, मर्दों की सारी जिंदगी इसी में गुजारती है, और बुढ़ापे में दीन का जामा ओढ़ लेते हैं, सब ऐब छुप गए.. हलवा तो एक गीज़ा है, उसे शबेबरात के दिन खाओ, या न खाओ, या आगे पिछे खाओ.. कोई फर्क नहीं पड़ता है.. महत्वपूर्ण बात है, तकरीर की.. क्या तकरीर करने वाले अपनी तकरीरों पर, अम्ल करते हैं... खुद सुधरते नहीं, दूसरों पर थोपते हैं.. जब मस्जिद के अनुयायी पर तकरीर का असर नहीं तो, आम लड़के क्या करेंगे.. फरीदा में बस लौकियां ही नजर आई, उसके अंदर एक मासूम भोली भाली लड़की नहीं नजर आई...

[25/05 15:45] ‪+91 88020 80227‬: आधुनिक काल में लिखी गई कहानी है.. किंतु कहानी के केन्द्र में मध्यकालीन जकड़ता है.. नारी को केवल उपभोग की दृष्टि से देखा गया है...

[25/05 15:49] ‪+91 88020 80227‬: औरत चाहे जितनी भी तरक्की कर ले कामयाब हो जाए लेकिन मर्दों की नजर उनकी जांघों और लौकियों तक ही सीमित रहती है और औरत में जिस दिन यह खूबसूरती खत्म हो जाती है, मर्द भी उनसे किनारा कर लेते हैं.. फिर दूसरे किसी खेत में लौकियों को तलाश करते हैं, जैसे कोठो पर जाते हैं, दूसरी शादी तक कर लेते हैं..
[25/05 15:52] ‪+91 88020 80227‬: आज क्या है औरत की इकनॉमिक्ल पावर? आजादी? कुछ नहीं बदला... आईपीएल मेच में नंगी औरतें नाचती हुई, रीति काल एक नए तरीके से औरत को बाजार में लाया है.. अभी हाल ही में दिल्ली में, यमुना किनारे एक कार्यक्रम के दौरान.. 1700 सजी धजी कन्याओं ने नृत्य किया, यह भी रीतिकाल की रिन्यू है...
[25/05 16:27] ‪+91 88020 80227‬: मैंने कुछ भी ग़लत नहीं कहा है.. खूबसूरत और जवां औरत के पिछे, दस - दस लड़के घूमते हैं.. अपने खानदान तक को छोड़ दें, करियर तक को दांव पर लगा दें, लेकिन जब यही खूबसूरत औरत, बूढ़ी होती है तो, अपनी औलाद तक नहीं पूछती.. कहानी में भी फरिदा की दादी का क्या हाल हुआ, दर्शाया गया है...
[25/05 17:42] ‪+91 96179 13287‬: सईद अयूब जी कहानी शानदार । दुनिया का सच ऐसा ही है । जिस उम्र की कहानी है, वहाँ तो नजरें जिस्म पर ही टिकती हैं प्राय: । मेहजबीन जी ने शानदार टिप्पणी की, किन्तु कहानी का मुख्य हिस्सा पुरुष ही नहीं स्त्री के भी देह के संसार में डूब जाने की कहानी कहता है । लेकिन यह समस्या भी है । जिन्दगी का भटकाव यहीं से परवान चढ़ता है और नस्लें वापस नहीं लौटतीं । यहाँ प्यार नहीं होता । देह का ही आकर्षण और उन्माद होता है । प्रेम कहीं होता भी हो तो शायद ही ।
बहुत धन्यवाद प्रवेश जी एक कसी हुई, सहज सोच वाली कहानी प्रस्तुत करने के लिए । बधाई आदरणीय सईद अयूब जी बेहतरीन कहानी के लिए ।
[25/05 20:33] Sudin Ji: महजबीं जी आप जिस समझ की आशा कर रही हैं वह परिपक्वता एक समय बाद ऐक दूसरे के प्रति आपसी समझ और विश्वास पनपने से आती हैं
और ये समझ , विश्वास और समर्पण से मनुष्य देह से ऊपर उठ जाता है।
हमारे यहाँ विवाह के लिये सुंदर सुघड़ की जो कामना होती है वह भी तो ऐक प्रकार से दैहिक ही है। जो प्रथम दृष्टि प्रभाव होता है वह तो चेहरे मोहरें का ही होता है न । आंखों को सुंदरता और बर्ताव को गुण प्रभावित करते है
[25/05 20:43] ‪+91 88020 80227‬: प्रेम का आधार.. संवेदना, विश्वास, जिम्मेदारी, हो तो प्रेम स्थाई रहता है... शब्द, और आकर्षण, तिजारत और संभोग, के स्तर पर बना संबंध स्थाई नहीं रहता.. मतलब पूरा होने के बाद, सब ढोते हैं रिश्ते को... रहते तो एक छत के नीचे हैं, पर एक नहीं बन पाते.. और विचारों का मिलना भी जरूरी है..
[25/05 21:01] Sudin Ji: प्रेम बराबर की समझ,ऐक दूसरे पर पूर्ण विश्वास और पूर्ण समर्पण से आता है किसी ऐक ओर से इसमें ज़रा सी भी कमी इसे तहस नहस कर देती है। किसी रिश्ते मे जितनी ज़्यादा क़रीबी आती जाती है वह उतनी ही ज़्यादा देखरेख की उम्मीद करता है
[25/05 21:08] ‪+91 88020 80227‬: प्यार, मुहब्बत बहुत अच्छी, और जरूरी  चीज है.. अहसास है.. लेकिन शादी से पहले ही, और एक-दूसरे को जानें बिना ही, समर्पण.. समझदारी की बात नहीं, बेवकूफी है, बहकना है.. फरीदा जैसी लाखों कमसिन लड़कियां, किसी को जानें बिना ही, आकर्षण के आधार पर, प्यार में अंधी होकर, समर्पण कर देती हैं.. और बर्बाद हो जाती हैं, समर्पण का एक सही वक्त, और दायरा होना जरूरी है...
[25/05 21:13] ‪+91 88020 80227‬: कहाँनी में उस लड़की और लड़के की उम्र देखिए.. आजकल 11/12 क्लास की लड़कियां , और लड़के इस उम्र में आकर्षण के कारण.. सब कुछ त्याग देते हैं... एक-दूसरे को जानें बिना, और शादी के पहले, समर्पण का तो ख्याल ही नहीं आना चाहिए.. इसमें मात पिता की तर्बियत का भी बहुत बड़ा योगदान होता है.. इस उम्र के बच्चों पर, विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है..
[25/05 21:14] Sudin Ji: जिसे आप फ़रीदा का समर्पण कह रही हैं वह वास्तव में समर्पण है ही नहीं वह भी एक प्रकार का पुरूष देह के प्रति आकर्षण है ।समर्पण सम्पूर्ण ता में निहित है उसमें तन मन जैसे शब्द नहीं होते
[25/05 21:21] ‪+91 88020 80227‬: आकर्षण तो उन दोनों को करीब लाने का माध्यम है ही, मैं कब मना कर रही हूँ.. लेकिन पुरुष पात्र में आकर्षण के साथ - साथ दैहिक आकर्षण भी है.. कहानी का अंत देखिये.. कहानी की शुरुआत देखिए.. जहाँ फरीदा के दादाओ का चरित्र चित्रण किया गया है..
[25/05 21:26] Sudin Ji: क्या हमारे परिवार या समाज ने हमे कभी प्रेम करने की इजाज़त दी । या हमने कभी ली क्या
[25/05 21:26] ‪+91 88020 80227‬: लेकिन बात सेक्स तक पँहुच जाना.. इतनी कम उम्र में, इस बात को ध्यान में रखकर.. बच्चों को शिक्षा देना, और सही परवरिश जरूरी है..
[25/05 21:27] ‪+91 98261 39286‬: समाज ही क्या नैतिकता व तमाम मूल्य ही बदल गये हैं आजकल । पिता पुत्री के संबंध और भी न जाने क्या क्या ?
[25/05 21:28] ‪+91 88020 80227‬: समाज की अपनी जकड़ताए हैं, वो तो अभी भी बहुत से मामले में मध्यकालीन ही है.. लेकिन हमें पूरी तरह से, पश्चिमीकरण में भी नहीं जाना चाहिए..
[25/05 21:29] ‪+91 98261 39286‬: आज और आने वाले समय में बच्चों को समझाना असंभव सा होगा कि नैतिकता भी कोई चीज होती है । अतः खतरा सर्वत्र है 🙏🙏🙏
[25/05 21:31] ‪+91 98267 82660‬: उम्र का तो में जिक्र नहीं कर रहा। बच्चे और युवा जानते है उम्र  का प्रभाव। खतरा कुछ नहीं है। सजगता तो सबको देना होगी
[25/05 21:33] ‪+91 98261 39286‬: मैं फिर से शुरू करता हूँ ,  आप सभी का ध्यान चाहूँगा,  कि क्या इस खूबसूरत कहानी में अंगिया , लौकी व जांघों के बीच जैसे शब्द उपयोग में नही लाये गये होते तो क्या कहानी का आनंद समाप्त हो जाता ?  आप सभी से करबद्ध निवेदन , जरूर बताईयेगा  🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏
[25/05 21:36] ‪+91 88020 80227‬: हर चीज की एक सीमा होती है.. नॉर्मल होना, संतुलन भी जरूरी है.. मेरी खुद दो स्टूडेंट्स ऐसे हैं, जिन्होंने 17 साल की उम्र में, आकर्षण के कारण, करियर खराब कर दिया, घर छोड़कर चली गई.. आज न मात पिता साथ हैं.. न उनके वो जीवन साथी, अकेले ही गोद में बच्चे लिए धक्के खा रही हैं.. पढ़ाई भी अधूरी.. यही काम कोई लड़का करे, घरवालों को कोई फर्क नहीं पड़ता, सौ ऐब लगे लड़कों की भी घर वापसी है, पर लड़की के एक बार कदम बहक जाए, सब किनारा कर लेते हैं..
[25/05 21:37] ‪+91 98267 82660‬: हमारा राधा कृष्ण का प्रेम पश्चिम से आगे है आज भी। पछिम को कुछ जनता ही नहीं हमारे आगे। आप पढ़िए तो वेदिक काल या कथित इतिहास की कुछ जानकारियां।
[25/05 21:38] Sudin Ji: पूरे समय नैतिकता की दुहाइयां देते देते हम एन वक्त पर फिसल जाते हैं शायद इसलिये कि ये नैतिकता वास्तविक नहीं है इसके लिये हम मानसिक रूप से तैयार नही हैं और सबकी तरह ही हमने भी इसे ओढ़ रखा था सो ज़रा से झोंके मे उड़ गया

[25/05 21:41] ‪+91 98267 82660‬: प्रेम होता है या नहीं होता। दगा या वेवफाई नहीं होती वहाँ।
[25/05 21:41] ‪+91 88020 80227‬: आजकल के प्रोफेशनल बच्चे, वैदिक काल, आदिकाल, भक्तिकाल नहीं पढ़ते.. mtv देखते हैं, मडर, जिस्म फिल्म देखते हैं.. फिल्मों के आइटम सांग पर,डांस करते हैं डिजे की भाषा समझते हैं..
[25/05 21:42] ‪+91 98267 82660‬: कहानी अच्छी थी या बुरी इससे काम नहीं चलाये। बताये क़ि क्या अच्छा था या बुरा।
[25/05 21:44] ‪+91 98267 82660‬: देखने दीजिये। ये भी उनका संसार है। और कोई भी चीज जो बच्चे देख या कर रहे है आज महजबीन उनको बच्चों ने तो नहीं बनाया था। बड़े ही बेनाये पहले।
[25/05 21:47] ‪+91 98267 82660‬: भारत का पूरा समाज चुकी मानसिकता का है। न खुद कुछ करता है न उनको जीने देता है। आईटम सांग देखते बच्चों को सजगता दीजियेगा।

[25/05 21:49] ‪+91 98267 82660‬: मेरे पिता ने 13 साल की उम्र में शहर छोड़ दिया था अकेला। शाम को बोले सब चीजे देखना। खूब फिल्म देखना और आखिर में सोचना की इससे क्या हासिल हुआ। और उस बात को  लिख के रखना। ये सजगता देना जरुरी है। नाकि निर्देश की फ़िल्म मत देखना।
[25/05 21:50] ‪+91 98267 82660‬: आज का साफ कपडे पहनने वाला समाज ये चीज बच्चों को नहीं दे रहा। वो अपराध बोध दे रहा है।
[25/05 21:58] ‪+91 88020 80227‬: कोई भी रचना में, सारी समीक्षा.. एकपक्षीय नहीं होनी चाहिए.. वो कोई भी विधा हो, कविता, कहानी कुछ भी.. समीक्षा करते समय.. सकारात्मक, नकारात्मक दोनों पहलुओं को देखना चाहिए... इस कहानी में भी कुछ पहलु सही हैं, स्वभाविक हाव भाव का वर्णन किया गया है.. धार्मिक आडम्बर भी दिखाए हैं.. वेश्यावृत्ति का भी वर्णन किया है.. टीनएजर ऐज में होने वाले आकर्षण का भी वर्णन किया गया है.. और मात - पिता की दुर्गति का भी वर्णन किया गया है.. कहानी बहुत ज्यादा खुला दैहिक आकर्षण का वर्णन भी कर रही है...
[25/05 22:02] ‪+91 88020 80227‬: रविन्द्र जी मेरी टिप्पणी, ध्यान से पढ़िये.. मैंने कई बार दोहराया कि, बच्चों के बनने बिगड़ने में, माता-पिता की परवरिश, तर्बियत का बहुत बड़ा योगदान होता है..
[25/05 22:07] ‪+91 88020 80227‬: आपका सवाल भी सही है अगर कहाँनी में से इन शब्दों को हटा दिया जाता तो, शायद कहानी की मौलिकता ही समाप्त हो जाती.. यथार्थ वर्णन ही नहीं रहता.. पुरुष प्रेम का आधार, और मानसिकता कैसे सामने आएगी..

[25/05 22:09] ‪+91 88020 80227‬: यह शब्द तो, हर स्त्री पुरुष की जाती जिंदगी का हिस्सा हैं.. बस इनकी उपयोगिता, और व्याख्या कौन कैसे करता है, यही तो व्यक्ति निर्माण का आधार हैं...
[25/05 22:12] ‪+91 88020 80227‬: बस इससे ज्यादा चर्चा मैं नहीं करूंगी.. नहीं तो रात को, संपने में.. तरबूज, आम, आइसक्रीम की जगह फरीदा, और उसका प्रेमी ही आएंगे.. 😀
[25/05 22:33] Aanand Krishn Ji: पर दैहिक प्रेम, दैवीय प्रेम की पहली और अनिवार्य सीढ़ी है और दैहिक आकर्षण, दैहिक प्रेम की पहली और अनिवार्य सीढ़ी है । दैहिक आकर्षण से बचा नहीं जा सकता, बचना भी नहीं चाहिए । हां, उस आकर्षण के रचनात्मक आयामों को ज़रूर स्वीकार कर लेना चाहिए ।
[25/05 22:49] A Asafal: इस पटल पर इतनी उम्दा कहानी पढ़ने को मिलेगी, मुझे इल्म न था। मैं इसे मुख्यत: विचार मंच ही समझ रहा था। पर प्रवेश जी ने "सबेबरात का हलवा" जैसी कलात्मक कहानी का चयन कर प्रमाणित कर दिया कि हरेक विधा के लिए यह एक समृद्ध मंच है।
सईद साब ने कहानी का विषय बड़ी सावधानी से चुना है। दरअसल, लौकिक प्रेम दैहिक आकर्षण से ही उत्पन्न होता है। रामचरित मानस पढने के बाद यह जाना कि लौकिक प्रेम वासना का ही दूसरा नाम है। तो ईश्वरीय प्रेम भक्ति का। प्रेम में होश नहीं, न भक्ति में न वासना में इसलिए मीरा मूरत रखती हैं। वह साकार सगुणोंपासना थी। वासना नहीं। दैहिक आकर्षण से उत्पन्न नहीं, इष्ट की सुन्दरता वहां दैवीय है, लौकिक नहीं। उसके सानिंध्य, दर्शन और स्पर्श से कामोत्तेजना नहीं उत्पन्न नहीं होती, ऐंद्रिक सुख प्राप्त नहीं होता, निर्वेद की प्राप्ति होती है। पात्र आनंद को उपलब्ध हो जाता है। स्खलित नहीं होता, अपने भीतर स्थिर और स्थित हो जाता है।
ज्ञान मार्ग होश का मार्ग है। तकरीर उसका एक हिस्सा। पर कामनाएं वहां टिकती नहीं।
कहानी कलात्मक है और सब कुछ कहती है। स्त्री विमर्श और नैसर्गिक आचरण भी जो फरीदा के दैहिक इस्तेमाल से उठाता है जो अहमद मियाँ की कारस्तानी से उठता है। सर्वश्री पीयूष, आनंद कृष्ण, सुरेन और महजबीं जी की टिप्पणियाँ पढ़कर भी अभिभूत हुआ। मेरी सभी को बधाई। एडमिन ब्रज जी का आभार।
[25/05 22:54] Mukta Shreewastav: 👌🏻 कहानी में लेखक का उद्देश्य समझ में नहीं आता।परन्तु कहानी अंत तक पाठक को जोड़े रखती है.हम जैसे नये पाठक तो ऐसी भाषा और गठन पर ताज्जुब ही करते रह जाते हैं.
प्रवेश जी आप का चयन अच्छा होता है.अभी से अगले बुधवार का इंतज़ार रहेगा.


 साहित्य सम्मेलन,"साहित्य की बात" 17-18 september 2022 साकिबा  साकीबा रचना धर्मिता का जन मंच है -लीलाधर मंडलोई। यह कहा श्री लीलाधर...

पिछले पन्ने